खेलों से होता है जीवन कौशल का विकास
- संकुल स्तरीय खेल प्रतियोगिता में खिलाडिय़ों ने दिखाया दमखम
- हर्राटीकुर और मंगलगंज स्कूल रहे अव्वल
- मंगलगंज संकुल की दो दिवसीय खेल प्रतियोगिता का समापन
मंडला महावीर न्यूज 29. विकासखंड नारायणगंज के अंतर्गत संकुल केंद्र मंगलगंज के तत्वाधान में माध्यमिक शाला गढ़ार के मैदान में दो दिवसीय संकुल स्तरीय खेल प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। इस खेल महाकुंभ में प्राथमिक से लेकर हायर सेकेंडरी स्कूल तक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लेकर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ कोंडरा मॉल के पूर्व सरपंच कलीराम मर्रापा के मुख्य आतिथ्य में राष्ट्रगान के साथ हुआ। प्रथम दिवस को विकासखंड शिक्षा अधिकारी डीके सिंगौर विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि खेल न केवल शारीरिक फिटनेस के लिए जरूरी हैं, बल्कि इनसे जीवन कौशल और नेतृत्व क्षमता का भी विकास होता है।
प्रतियोगिता के समापन अवसर पर जनपद पंचायत उपाध्यक्ष अविनाश शर्मा, जनपद सदस्य गुलाब सिंह वरकड़े, सरपंच धरमी बाई मारपा, सरपंच कृपाल सिंह कुशराम, मंडल अध्यक्ष किशन टेकाम और समाजसेवी रतन वरकड़े सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे। अतिथियों ने खिलाडिय़ों का उत्साहवर्धन किया और ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं की सराहना की।

विजेता स्कूलों को मिली ट्रॉफी
प्रतियोगिता के समापन पर विकासखंड शिक्षा अधिकारी और जिला क्रीड़ा अधिकारी द्वारा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली संस्थाओं को ट्रॉफी और प्रमाण पत्र देकर पुरस्कृत किया गया। पुरस्कार पाने वाले स्कूलों में मुख्य रूप से प्राथमिक स्तर पर प्राथमिक शाला हर्राटीकुर और प्राथमिक शाला कोंडरा मॉल। माध्यमिक स्तर में माध्यमिक शाला गढ़ार और माध्यमिक शाला गूजरसानी और उच्चतर स्तर पर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मंगलगंज शामिल रहे।

आयोजन में रहा इनका योगदान
इस दो दिवसीय आयोजन को सफल बनाने में संकुल प्रभारी बलवंत सिंह पटेल, खेल प्रभारी राजेंद्र मरावी, जिला क्रीड़ा प्रभारी मंगल सिंह पंद्रो और विकास समन्वयक श्रीमती करुणा मर्सकोले का महत्वपूर्ण योगदान रहा। साथ ही पीटीआई कमल सिंह मरावी, कमलेश भंवरे, सूचित यादव, नंदनी उईके और संकुल के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं ने सहयोग कर कार्यक्रम को गरिमामयी बनाया।










