मंडला जिला अस्पताल में हंगामा

मंडला जिला अस्पताल में हंगामा

  • मरीज के परिजनों ने नर्सिंग ऑफिसर से की मारपीट
  • स्टाफ ने काम बंद कर जताया विरोध
  • महिला डॉक्टर से अभद्रता और मेल नर्स से हाथापाई के बाद कोतवाली थाने पहुंचा स्टाफ

मंडला महावीर न्यूज 29. जिला अस्पताल में आए दिन होने वाले विवाद थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। बुधवार सुबह अस्पताल के आपातकालीन कक्ष में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक मरीज के परिजनों ने महिला चिकित्सक से अभद्रता की और बीच-बचाव करने आए नर्सिंग ऑफिसर के साथ मारपीट कर दी। इस घटना से आक्रोशित होकर अस्पताल के समस्त स्टाफ ने काम बंद कर दिया और सुरक्षा की मांग को लेकर कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई है।जानकारी अनुसार बुधवार सुबह करीब 10 बजे विशाल ठाकुर नामक मरीज को आपातकालीन कक्ष में लाया गया था। मरीज के साथ आए गोलू ठाकुर, शेरा ठाकुर और अन्य परिजनों ने वहां मौजूद महिला डॉक्टर के साथ अभद्र व्यवहार शुरू कर दिया। जब ड्यूटी पर तैनात नर्सिंग ऑफिसर राकेश सिंह राजपूत ने इसका विरोध किया, तो परिजन भड़क गए। उन्होंने नर्सिंग ऑफिसर के साथ गाली-गलौज करते हुए धक्का-मुक्की और मारपीट की। बीच-बचाव करने आए अन्य स्वास्थ्य कर्मियों के साथ भी बुरा बर्ताव किया गया।

सीसीटीवी में कैद हुई घटना, काम बंद कर धरने पर बैठा स्टाफ 

हाथापाई की यह पूरी घटना अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसमें कुछ लोग स्टाफ के साथ धक्का-मुक्की करते साफ नजर आ रहे हैं। इस घटना के विरोध में चिकित्सीय स्टाफ ने तुरंत काम बंद कर दिया और सिविल सर्जन कार्यालय पहुंच गए। नर्सिंग ऑफिसर राकेश सिंह राजपूत ने पुलिस को लिखित शिकायत सौंपकर आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई और अस्पताल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने की मांग की है।

पुलिस कर रही जांच 

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। कोतवाली थाना प्रभारी शफीक खान ने बताया कि मेल नर्स और अस्पताल स्टाफ के साथ मरीज के परिजनों द्वारा हाथापाई की बात सामने आई है। स्टाफ की ओर से आवेदन प्राप्त हुआ है, सीसीटीवी फुटेज और शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर उचित वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। जिला अस्पताल में डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ के साथ वाद-विवाद की बढ़ती घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवालिया निशान लगा दिए हैं। स्टाफ का कहना है कि आए दिन होने वाले इन विवादों के कारण भयमुक्त होकर काम करना मुश्किल हो रहा है।



 

Leave a Comment

Recent Post

Live Cricket Update

Advertisements

Read More Articles