तीदनी, आमाटोला और कौर गांव में आबकारी विभाग ने दी दबिश

जनसुनवाई की शिकायतों पर आबकारी विभाग का कड़ा एक्शन

  • तीदनी, आमाटोला और कौर गांव में आबकारी विभाग ने दी दबिश
  • अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई
  • 21 हजार से अधिक का माल जब्त

मंडला महावीर न्यूज 29. जिले में अवैध शराब के निर्माण और विक्रय के विरुद्ध कलेक्टर सोमेश मिश्रा के निर्देशन एवं जिला आबकारी अधिकारी रामजी पांडेय के मार्गदर्शन में आबकारी विभाग द्वारा निरंतर कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में बुधवार को विभाग ने जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों पर त्वरित संज्ञान लेते हुए विभिन्न ग्रामों में दबिश दी।

शिकायतकर्ता महिलाओं की मौजूदगी में तलाशी 

आबकारी दल ने दोपहर में ग्राम तीदनी और शाम को ग्राम कौर गांव में दबिश देकर कार्रवाई की। विशेष बात यह रही कि यह कार्रवाई जनसुनवाई में शिकायत करने वाली महिलाओं की उपस्थिति में की गई। महिलाओं द्वारा बताए गए संदिग्ध स्थलों और घरों की विधिवत तलाशी ली गई। हालांकि इन दोनों ग्रामों के संदिग्ध घरों में मदिरा विक्रय से संबंधित अवैध सामग्री नहीं मिली, जिस पर नियमानुसार पंचनामा तैयार किया गया।

आमाटोला और पुरवा में जब्त हुई अवैध शराब 

ग्राम आमाटोला में विभाग को बड़ी सफलता मिली, जहां दो होटलों से 21 लीटर हाथ भट्टी कच्ची शराब और करीब 100 किलो महुआ लाहन 10 डिब्बा बरामद किया गया। बरामद लाहन को मौके पर ही नष्ट कर प्रकरण पंजीबद्ध किया गया। इसके साथ ही ग्राम पुरवा में की गई कार्रवाई के दौरान 5.25 लीटर विदेशी मदिरा जब्त कर मध्य प्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया।

21 हजार से अधिक की मदिरा जब्त 

आबकारी विभाग द्वारा की गई इस पूरी कार्रवाई के दौरान जब्त की गई मदिरा और सामग्री की अनुमानित कीमत 21,150 रुपये आंकी गई है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के कारोबार के विरुद्ध यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। उक्त कार्रवाई के दौरान आबकारी बल के कर्मचारी और अधिकारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।



 

Leave a Comment

Recent Post

Live Cricket Update

Advertisements

Read More Articles