स्वतंत्र पत्रकार संगठन की अनूठी पहल
- स्वेटर पाकर खिले नन्हे-मुन्नों के चेहरे
- प्राथमिक शाला फूलबाड़ी के बच्चों को बांटी स्वेटर
- कड़ाके की ठंड में स्कूली बच्चों को मिला गर्मी का उपहार
- 35 बच्चों को मिला सुरक्षा कवच
मंडला महावीर न्यूज 29. कड़ाके की ठंड को देखते हुए सामाजिक सरोकारों की कड़ी में स्वतंत्र पत्रकार संगठन द्वारा एक सराहनीय पहल की गई। संगठन के तत्वाधान में स्वामी सीताराम वार्ड स्थित प्राथमिक शाला फूलबाड़ी में अध्ययनरत बच्चों को स्वेटर वितरित किए गए, जिससे ठंड के इस मौसम में बच्चों को बड़ी राहत मिली है।
प्राथमिक शाला फूलबाड़ी में आयोजित इस कार्यक्रम में कक्षा पहली से पांचवीं तक के लगभग 35 छात्र-छात्राओं को गर्म स्वेटर प्रदान किए गए। जैसे ही बच्चों को नए स्वेटर मिले, उनके चेहरों पर मासूम मुस्कान और उत्साह छा गया। विद्यालय परिसर में इस दौरान आत्मीयता और अपनेपन का वातावरण निर्मित रहा।

अतिथियों ने बढ़ाया बच्चों का उत्साह
कार्यक्रम में मुख्य रूप से वार्ड क्रमांक 11 की पार्षद कामिनी चौधरी, वरिष्ठ पत्रकार राकेश झा, एसपी तिवारी, अशोक मिश्रा, अखिलेश अग्रवाल एवं कपिल वर्मा उपस्थित रहे। उपस्थित अतिथियों ने बच्चों से बातचीत की और उन्हें शिक्षा का महत्व समझाया। पत्रकारों ने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि कठिन परिस्थितियों में भी नियमित अध्ययन ही सफलता की कुंजी है।
प्रबंधन और वार्ड पार्षद ने जताया आभार
विद्यालय की प्राचार्य अनामिका श्रीवास और पार्षद कामिनी चौधरी ने स्वतंत्र पत्रकार संगठन के इस कदम की प्रशंसा करते हुए कहा कि पत्रकारों द्वारा लेखनी के साथ-साथ इस प्रकार के सामाजिक कार्य करना अनुकरणीय है। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयासों से बच्चों का मनोबल बढ़ता है और समाज में शिक्षा के प्रति सकारात्मक संदेश जाता है। विद्यालय परिवार ने इस सहयोग के लिए संगठन के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम का मुख्य संदेश यही रहा कि सामाजिक सहभागिता और आपसी सहयोग से ही नई पीढ़ी के भविष्य को सशक्त और सुरक्षित बनाया जा सकता है।












