नारायणगंज के गुजरसानी में पेयजल संकट
- ठंड में भी पानी के लिए भटक रहे ग्रामीण
- ठंड में ग्राम गुजरसानी में गहराया पेयजल संकट
- नल-जल योजना ठप, पानी के लिए भटकने को मजबूर ग्रामीण
- सिंचाई के बोर का पानी पीने की मजबूरी
मंडला महावीर न्यूज 29. विकासखंड नारायणगंज अंतर्गत ग्राम गुजरसानी में इन दिनों भीषण पेयजल संकट बना हुआ है। इस कड़ाके की ठंड के मौसम में भी ग्रामीणों को अपनी दैनिक जरूरतों के लिए सुबह से ही पानी की तलाश में दूर-दराज भटकना पड़ रहा है। ग्राम में नल-जल योजना स्थापित होने के बावजूद ग्रामीणों को नियमित रूप से पानी की आपूर्ति नहीं हो पा रही है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि नल-जल योजना होने के बावजूद कई-कई दिनों तक नलों में पानी नहीं आता।
जानकारी अनुसार ग्राम गुजरसानी में पानी की कमी से सबसे ज्यादा परेशानी महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को उठानी पड़ रही है, जिन्हें दूर जाकर पीने का पानी लाना पड़ता है। ग्रामीणों ने बताया कि सामाजिक कार्यक्रमों के दौरान यह समस्या और भी गंभीर हो जाती है, जब सीमित पानी में घरेलू जरूरतें पूरी करना लगभग असंभव हो जाता है। पेयजल की उचित व्यवस्था न होने के कारण ग्रामीण मजबूरी में निजी बोरवेल या खेतों की सिंचाई के लिए लगे बोर का सहारा ले रहे हैं। यह पानी पीने के लिए उपयुक्त नहीं माना जाता, जिससे ग्रामीणों में स्वास्थ्य संबंधी खतरा बढऩे की आशंका बनी हुई है।
विभाग से नियमित आपूर्ति की मांग
ग्रामीणों ने संबंधित विभाग और जनप्रतिनिधियों से अपील की है कि वे तत्काल हस्तक्षेप करें। ग्रामीणों ने मांग की है कि नल-जल योजना को सुचारु रूप से चालू किया जाए, पाइपलाइन और मोटर की जाँच की जाए, और नियमित जल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, जिससे इस ठंड के मौसम में लोगों को पानी की गंभीर समस्या से जल्द से जल्द राहत मिल सके।










