युवा पीढ़ी बर्बादी की कगार पर

युवा पीढ़ी बर्बादी की कगार पर

  • नारायणगंज बना अवैध धंधों का गढ़, प्रशासन मौन
  • नारायणगंज में अवैध जुआ, सट्टा और शराबखोरी से नगर का माहौल दूषित

मंडला महावीर न्यूज 29. नारायणगंज इन दिनों जुआ, सट्टा और अवैध शराबखोरी का खुला अड्डा बनता जा रहा है। लंबे समय तक बंद पड़े ये अवैध कारोबार एक बार फिर पूरे शबाब पर हैं, और सबसे बड़ी चिंता का विषय यह है कि यह सब कुछ प्रशासन की नाक के नीचे खुलेआम चल रहा है। बताया गया कि पिछले कुछ दिनों से अवैध कारोबारियों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि जुए के अड्डे बिना किसी डर के सज रहे हैं, सट्टा-पट्टी लिखने वाले गिरोह गली-मोहल्लों में सक्रिय हैं और शराबखोरी के अड्डों पर दिन-रात भीड़ जुट रही है। इस स्थिति से साफ जाहिर होता है कि कानून का खौफ अब अपराधियों में पूरी तरह खत्म होता नजर आ रहा है।

बताया गया कि इन अवैध गतिविधियों का सबसे घातक असर क्षेत्र की युवा पीढ़ी पर पड़ रहा है, जिसका भविष्य धीरे-धीरे अंधेरे में धकेला जा रहा है। सट्टा और जुए के कारोबारी नए-नए हथकंडे अपनाकर युवाओं को इस दलदल में फंसा रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी आंख मूंदे बैठे हैं।

प्रशासन की कार्यप्रणाली पर उठ रहे सवाल 

टिकरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत ओवरलोडिंग, यातायात अव्यवस्था और इन अवैध गतिविधियों पर कोई ठोस कार्रवाई न होना प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि शिकायतों और जानकारी के बावजूद कार्रवाई न होना कहीं न कहीं मिलीभगत की ओर इशारा करता है। सूत्रों के अनुसार अवैध धंधेबाज खुलेआम अपने कारोबार का संचालन कर रहे हैं। इस स्थिति को देखते हुए यह कहना गलत नहीं होगा कि या तो प्रशासन पूरी तरह निष्क्रिय है या फिर यह सब कुछ उसकी सहमति से चल रहा है। स्थानीय निवासियों ने उच्च अधिकारियों से इस गंभीर विषय पर तुरंत संज्ञान लेने और अवैध कारोबार पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।


 

Leave a Comment

Recent Post

Live Cricket Update

Advertisements

Read More Articles