एनएच-30 में तीन सड़क हादसे, तीन की मौत, पांच घायल
- सड़क हादसों पर नहीं लग रही लगाम, रोजाना हो रही सड़क दुर्घटनाएं
- बीजाडांडी, भुआबिछिया और कालपी में हुआ दर्दनाक सड़क हादसा
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला जिले में सड़क हादसों पर ब्रेक नहीं लग पा रही है। रोजाना नेशनल हाईवे 30 मार्ग समेत अन्य मुख्य मार्गो में सड़क दुर्घटनाएं हो रही है। जिसमें लोग असमय ही काल के गाल में समा रहे है। रविवार को भी जिले में तीन क्षेत्रों में सड़क दुर्घटनाएं घटित हुई। इन सड़क हादसो में तीन लोगों ने अपनी जान गवाई और पांच लोग घायल हुए। जिसमें दो गंभीर घायलों को जबलपुर रैफर किया गया है। जिले में हो रहे इन हादसों को रोकने के लिए कोई पुख्ता इंतजाम नहीं किये जा रहे है। जिससे हादसों का ग्राफ बढ़ता जा रहा है।
कालपी के पास भीषण हादसे में एक की मौत, दो गंभीर घायल
- अंतिम संस्कार से लौट रहे थे युवक
- अज्ञात वाहन ने बाइक को मारी टक्कर, घायलों को किया जबलपुर रेफर
- बीजाडांडी थाना क्षेत्र में दर्दनाक सड़क दुर्घटना
मंडला महावीर न्यूज 29. जबलपुर-रायपुर राष्ट्रीय राजमार्ग 30 पर ग्राम कालपी स्कूल के पास एक भीषण सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में मृत और घायल उदयपुर के पास तरवानी गांव के निवासी बताए जा रहे हैं, जो किसी के अंतिम संस्कार से वापस लौट रहे थे।
जानकारी के अनुसार बीजाडांडी थाना क्षेत्र के ग्राम तरवानी निवासी तीन लोग संजय पंद्रो पिता मानिक पंद्रो, मानिक पंद्रो और सुरेन्द्र मरकाम नारायणगंज क्षेत्र में किसी युवक के अंतिम संस्कार में शामिल होने गए थे। वहाँ से वापस लौटते समय ग्राम कालपी स्कूल के पास राष्ट्रीय राजमार्ग 30 पर किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इस टक्कर से एक युवक सुरेन्द्र मरकाम की घटना स्थल पर ही मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी प्रदीप पांडे अपने स्टाफ के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों की सहायता से मृतक और घायलों को पुलिस की गाड़ी और एम्बुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बीजाडांडी पहुँचाया। अस्पताल में चिकित्सक ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया, वहीं दोनों गंभीर रूप से घायल युवकों को बेहतर इलाज के लिए जबलपुर रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश में जुटी हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बिछिया में ट्रक ने बाइक को रौंदा, दो युवकों की दर्दनाक मौत
- भीषण सड़क हादसा
- तेरहवीं का न्योता देकर लौट रहे थे युवक
- नेशनल हाईवे 30 पर हुई दुर्घटना, ड्राइवर ट्रक छोड़ फरार
- बिछिया थाना क्षेत्र के गुनेरा गांव के पास दो बाइक सवारों की गई जान
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला जिले के बिछिया थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे 30 पर रविवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो बाइक सवार युवकों की मौत हो गई। यह दुर्घटना तब हुई जब रायपुर से जबलपुर की ओर जा रहे एक ट्रक क्रमांक एमपी 20 जेड 0925 ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। बताया गया कि यह हादसा बिछिया और सिझोरा के बीच स्थित ग्राम गुनेरा में क्रेशर के सामने हुआ।
जानकारी अनुसार मृतक युवक सिझोरा से बिछिया की ओर लौट रहे थे। बताया गया कि दोनों युवक किसी तेरहवीं का न्योता देने गए थे। पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों युवक ट्रक के पहियों के बीच बुरी तरह फंस गए और उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों की पहचान सोनू ग्राम डुगरा निवासी और सियाराम घुघरा टोला, छीरपानी निवासी के रूप में हुई है।
बताया गया कि इस हादसे की जानकारी स्थानीय लोगों ने बिछिया पुलिस को दी, सूचना मिलने पर बिछिया पुलिस तत्काल घटना स्थल पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद शवों को ट्रक के नीचे से बाहर निकाला। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए बिछिया भेज दिया गया है। हादसे के तुरंत बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। बिछिया पुलिस ट्रक को जब्त कर लिया है और ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच कर रही है।
एनएच 30 पर खड़ी कार को डंपर ने रौंदा, तीन लोग घायल
- मुइयानाला के पास दो तरफा टक्कर से कार के उड़े परखच्चे
- दो गंभीर घायलों को जबलपुर किया रेफर
- बीजाडांडी पुलिस ने डंपर और ड्राइवर को लिया हिरासत में
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला जिले के बीजाडांडी थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-30 पर रविवार को ग्राम मुइयानाला के पास भीषण सड़क हादसा हो गया। खड़ी कार को पीछे से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने टक्कर मार दी, जिससे कार में सवार तीन लोग घायल हो गए। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार जबलपुर की ओर जा रही एक कार सड़क निर्माण कार्य के कारण सामने से आ रहे ट्रैफिक को रास्ता देने के लिए एक ट्रक के पीछे खड़ी थी। इसी दौरान पीछे से आ रहे डंपर ने खड़ी कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार सामने खड़े ट्रक से जा टकराई, जिससे कार के परखच्चे उड़ गए।
बताया गया कि हादसे की सूचना मिलते ही बीजाडांडी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। थाना प्रभारी प्रदीप पांडे ने बताया कि गंभीर घायलों में दौलतराम यादव और गोवर्धन यादव शामिल हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। वहीं कार चालक बलराम पटेल मामूली रूप से घायल हुआ है। बीजाडांडी पुलिस ने बताया कि डंपर और उसके चालक को पुलिस हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।











