दिनदहाड़े स्कूटी चोरी, CCTV में कैद हुआ शातिर चोर
🙏 मंदिर के बाहर से उड़ाई गाड़ी, मंडला पुलिस कर रही CCTV फुटेज की जांच
मंडला सिटी कोतवाली: आजाद वार्ड से स्कूटी चोरी का सनसनीखेज मामला
मंडला महावीर न्यूज 29. सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के आजाद वार्ड में दिनदहाड़े स्कूटी चोरी का एक मामला सामने आया है, जिसने स्थानीय लोगों के बीच हड़कंप मचा दिया है। यह घटना शनिवार दोपहर करीब 12 बजे बाबा घाट पर हुई, जहां एक दर्शनार्थी की स्कूटी मंदिर के बाहर से चोरी हो गई।
लालीपुर निवासी देवेंद्र दुबे शनिवार को नर्मदा तट पर स्थित हनुमान मंदिर में दर्शन के लिए आए थे। उन्होंने अपनी स्कूटी मंदिर के बाहर खड़ी की और अंदर पूजा-अर्चना के लिए चले गए। थोड़ी देर बाद जब वे बाहर आए, तो उनकी स्कूटी मौके से गायब थी।
CCTV में दिखा संदिग्ध
आसपास तलाश करने के बाद जब स्कूटी नहीं मिली, तो देवेंद्र दुबे ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। इसी बीच, घटना स्थल के नजदीक लगे एक सीसीटीवी कैमरे का फुटेज सामने आया है। इस फुटेज में एक संदिग्ध युवक पहले घाट की ओर पैदल जाता हुआ दिखाई दे रहा है और कुछ ही देर बाद वह चोरी हुई स्कूटी पर सवार होकर जाता हुआ नज़र आ रहा है।
असामाजिक तत्वों के जमावड़े की शिकायत
स्थानीय लोगों का कहना है कि बाबा घाट पर अक्सर असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है। इस संबंध में कई बार पुलिस से शिकायत भी की गई है, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है।
पुलिस कर रही जांच
पीड़ित देवेंद्र दुबे ने बताया कि उन्होंने थाने में शिकायत दर्ज करा दी है। उन्होंने सीसीटीवी वीडियो के आधार पर अपने स्तर पर जानकारी जुटाई, तो कुछ लोगों ने वीडियो में दिख रहे युवक को पहचानने की बात कही है। वहीं, कोतवाली पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को आधार बनाकर मामले की जांच शुरू कर दी है और संदिग्ध की पहचान करने का प्रयास कर रही है।










