सिंगारपुर मार्ग पर झुका बिजली का खंभा, बड़े हादसे का खतरा
- सिंगारपुर-चुभावल मार्ग पर मौत का खंभा
- जनसुरक्षा खतरे में, सामाजिक कार्यकर्ता ने की तुरंत सुधार की मांग
मंडला महावीर न्यूज 29. जिले के सिंगारपुर-चुभावल मार्ग के किनारे एक झुकता हुआ बिजली का खंभा कभी भी बड़े हादसे को निमंत्रण दे सकता है। यह जर्जर पोल जिस पर अभी भी विद्युत आपूर्ति जारी है, किसी भी समय गिर सकता है, जिससे न केवल विद्युत सप्लाई बाधित होगी बल्कि यह मार्ग से गुजरने वाले राहगीरों और स्थानीय निवासियों के लिए एक गंभीर खतरा बन गया है। क्षेत्रीय जनता इस लटकते खतरे को लेकर चिंतित है और जल्द से जल्द इसका समाधान किए जाने की मांग कर रही है।
सामाजिक कार्यकर्ता पीडी खैरवार ने क्षेत्रीय जनता की ओर से विद्युत विभाग के उच्चाधिकारियों से इस गंभीर समस्या पर तत्काल ध्यान देने की अपील की है। उन्होंने बताया कि खम्हरिया की ओर जाने वाले सड़क मार्ग के किनारे सिंगारपुर में ही राजेश झरिया और मत्था झरिया के मकान के पास लगा यह बिजली का खंभा अत्यधिक झुक चुका है और गिरने की कगार पर है।
पीडी खैरवार ने मांग की है कि विभाग जल्द से जल्द सक्रिय सड़क मार्ग के ऊपर झुक रहे इस पोल को सुधारे या इसे बदलकर नया पोल लगाए। इस त्वरित कार्रवाई से जनसुरक्षा को सुनिश्चित किया जा सकेगा और किसी भी प्रकार की अनहोनी या जान-माल के नुकसान को समय रहते रोका जा सकता है।









