गौवंश की लगातार मौत से आक्रोश, ग्रामीणों ने अनशन के बाद चक्का जाम की चेतावनी
- निवास एसडीएम के नाम सौंपा ज्ञापन सौंपा
- प्रशासन पर लापरवाही का आरोप, 12 दिसम्बर को चक्का जाम की तैयारी
मंडला महावीर न्यूज 29. निवास जनपद पंचायत क्षेत्र के ग्राम बिझौली स्थित गौशाला में अव्यवस्थाओं को लेकर संत अनिल बाबा की अगुवाई में ग्रामीणों का धरना गुरुवार को तीसरे दिन भी जारी रहा। दिन भर धरना देने के बाद आंदोलनकारियों ने प्रशासन पर ठोस कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाते हुए शुक्रवार को निवास मंडला मार्ग में चक्काजाम करने की घोषणा की है। उन्होंने गुरुवार को निवास मुख्यालय पहुंचकर निवास एसडीएम सीएल वर्मा के नाम नायब तहसीलदार आलोक सोनी और थाना प्रभारी को पत्र के माध्यम से सूचित किया है।
बताया गया कि ग्राम पंचायत आमगांव के पोषक ग्राम बिझोली स्थित गौशाला में गायों की उचित देखभाल के अभाव में लगातार मौतों का आरोप लगाते हुए मंगलवार को स्थानीय संत अनिल बाबा की अगुवाई में ग्रामीणों ने धरना दे दिया। जिसके बाद लगातार प्रशासनिक अधिकारी उनसे मेल मुलाकात कर व्यवस्थाओं को दुरुस्त किये जाने का आश्वासन दिया। धरने के दूसरे दिन बुधवार को निवास एसडीएम सीएल वर्मा, जनपद पंचायत सीईओ श्रद्धा चौबे सोनी, जिला पशु चिकित्सा उप संचालक यूएस तिवारी और निवास एसडीओपी पीएस वालरे सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने गौशाला का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को जल्द ही व्यवस्थाएं सुधारने के निर्देश दिए।
अधिकारियों ने धरने पर बैठे संत अनिल बाबा से चर्चा कर उन्हें धरना समाप्त करने की समझाइश दी, लेकिन संत नहीं माने। उनका कहना है कि बुधवार को भी तीन गायों की मौत हुई है। संत ने प्रशासन के आश्वासनों पर असंतोष व्यक्त करते हुए कहा कि जब तक व्यवस्थाएं पूरी तरह दुरुस्त नहीं हो जातीं, वे धरना समाप्त नहीं करेंगे। अब उन्होंने शुक्रवार को चक्काजाम करने की घोषणा की है, जिसकी जानकारी उन्होंने निवास मुख्यालय पहुंचकर निवास अनुविभागीय के नाम नायब तहसीलदार आलोक सोनी को व निवास थाना प्रभारी वर्षा पटेल को लिखित में दी हैं इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणजन और समाजसेवी भी मौजूद रहे।











