थोक में 12 रूपए, पर मंडला में 35 रूपए तक बिक रहा नारियल
- भाव टूटे, पर दुकानदारों की मनमानी जारी, प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग
मंडला महावीर न्यूज 29. नारियल के थोक बाजार में हाल के दिनों में एक बड़ी और अप्रत्याशित गिरावट दर्ज की गई है, लेकिन इसका फायदा मंडला के खुदरा उपभोक्ताओं को नहीं मिल पा रहा है। थोक मूल्य में भारी कमी के बावजूद शहर के कई फुटकर दुकानदार मनमाने तरीके से पुराने और ऊँचे दाम वसूल रहे हैं, जिससे आम जनता ठगी महसूस कर रही है।
बताया गया कि कुछ समय पहले तक नारियल का थोक भाव जहां 25 से 35 रूपए प्रति पीस था, वहीं अब यह कीमत गिरकर मात्र 12 से 15 रूपए हो गई है। यहाँ तक कि फुटकर बाजार में भी नारियल का सामान्य भाव अब 15 के आसपास पहुंच चुका है। बाजार की इस बदलती हकीकत से अनभिज्ञ मंडला शहर के कई खुदरा दुकानदार अब भी उपभोक्ताओं से 30 से 35 रूपए प्रति नारियल वसूल रहे हैं। यह स्पष्ट रूप से दर्शाता है कि थोक भाव आधे से भी कम होने के बावजूद खुदरा बाजार में कीमतों को कम नहीं किया गया है।
उपभोक्ताओं ने इस स्थिति पर कड़ी आपत्ति व्यक्त की है। उनका कहना है कि जब दुकानदारों की खरीद कम भाव में हो रही है, तो वे बिक्री पुराने और अत्यधिक ऊँचे दामों पर क्यों कर रहे हैं। जानकारों और आम जनता ने जिला प्रशासन और मंडी विभाग से इस मनमानी पर तत्काल ध्यान देने की अपील की है। उपभोक्ताओं को राहत देने और मूल्य स्थिरीकरण सुनिश्चित करने के लिए खुदरा बाजार में अचानक बढ़ी कीमतों और अनुचित लाभखोरी पर सख्त नजर रखना आवश्यक हो गया है।
Post Views: 310










