किसानों की बढ़ी मुश्किलें, खलोड़ी धान खरीदी केंद्र बंद होने से आक्रोश
- 12 किलोमीटर दूर धान बेचने की मजबूरी
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला जिले के मवई विकासखंड के अंतर्गत आने वाले किसानों को इस वर्ष धान खरीदी में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। विगत कई वर्षों से किसानों की धान खरीदी का मुख्य केंद्र रही सहकारी समिति मर्यादित केंद्र खलोड़ी को इस वर्ष बंद कर दिया गया है।
खलोड़ी केंद्र के बंद होने से किसानों में भारी आक्रोश है। किसानों का कहना है कि वे वर्षों से अपनी धान खलोड़ी केंद्र में ही बेचते आए हैं, लेकिन इस वर्ष उन्हें अपनी उपज बेचने के लिए भीमडोंगरी केंद्र ले जाना पड़ेगा। किसानों ने बताया कि भीमडोंगरी की दूरी लगभग 10 से 12 किलोमीटर है, जिससे उन्हें अपनी धान परिवहन करने में अत्यधिक मशक्कत और अतिरिक्त खर्च उठाना पड़ेगा। जब इस संबंध में कन्हैया दास महेश्वरी शाखा प्रबंधक से जानकारी ली गई, तो उन्होंने केंद्र बंद होने का कारण बताया कि गत वर्ष हमसे कुछ गलती हुई थी जो समय पर सुधार किया जा चुका।
बताया गया कि शाखा प्रबंधक के इस जवाब से किसानों को कोई राहत नहीं मिली है। किसान सवाल उठा रहे हैं कि अगर पिछली गलती में सुधार हो चुका है, तो इस वर्ष उन्हें अपनी सुविधा अनुसार केंद्र से क्यों वंचित किया जा रहा है और क्यों उन्हें 10-12 किलोमीटर दूर धान बेचने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि खलोड़ी धान खरीदी केंद्र को जल्द से जल्द पुन: चालू किया जाए।









