भपसा गांव में अवैध शराब और गांजा बिक्री पर कार्रवाई की मांग
- महिलाएं पहुंची जनसुनवाई
- नशे की लत से बिगड़ रहा गांव का माहौल
- पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप
मंडला महावीर न्यूज 29. जिले के भपसा गांव की महिलाएं मंगलवार को सामूहिक रूप से जनसुनवाई में पहुंचीं और गांव में चरम पर चल रही अवैध मादक पदार्थ तथा शराब की बिक्री पर कड़ी कार्रवाई की मांग की। महिलाओं ने कलेक्टर सोमेश मिश्रा को ज्ञापन सौंपकर गांव की बिगड़ती स्थिति से अवगत कराया।
जनसुनवाई में पहुंची महिलाओं का कहना था कि भपसा गांव में दर्जनों जगहों पर अवैध रूप से कच्ची शराब का निर्माण और बिक्री की जा रही है। इसके साथ ही गांव के कुछ हिस्सों में गांजा जैसे मादक पदार्थ भी बेचे जा रहे हैं। उनका आरोप है कि संबंधित थाना पुलिस द्वारा इस संबंध में कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है, जिसके चलते यह अवैध धंधा गांव में धड़ल्ले से चल रहा है।
सामाजिक माहौल हो रहा खराब
महिलाओं ने बताया कि नशाखोरी के कारण गांव का पूरा माहौल खराब हो रहा है। युवा पीढ़ी, शादीशुदा पुरुष और यहां तक कि बुजुर्ग भी धीरे-धीरे नशे की गिरफ्त में जकड़ते जा रहे हैं। नशाखोरी के चलते गलियों और मोहल्लों में आए दिन विवाद, मारपीट और गाली-गलौज जैसी घटनाएं बढ़ गई हैं, जिसका सीधा दुष्प्रभाव उनके जीवन और परिवारों पर पड़ रहा है। महिलाओं ने कलेक्टर से अवैध बिक्री करने वालों के खिलाफ तुरंत सख्त कदम उठाने की मांग की है। इसके साथ ही उन्होंने प्रशासन से भपसा गांव को नशामुक्त गांव घोषित करने की भी अपील की है।









