राष्ट्रीय गुणवत्ता प्रमाणन में मंडला जिले का जलवा
- टिकरिया समेत तीन आयुष्मान आरोग्य मंदिर एनक्यूएएस सर्टिफाइड
- जिले में कुल 36 संस्थाएं हुईं प्रमाणित
मंडला महावीर न्यूज 29. स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता के आकलन में मंडला जिले ने एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। नेशनल क्वालिटी असेसमेंट स्टैंडर्ड के तहत जिले के तीन और आयुष्मान आरोग्य मंदिर सफलतापूर्वक सर्टिफाई हुए हैं। इनमें से बीजाडांडी ब्लॉक का आयुष्मान आरोग्य मंदिर टिकरिया 89 प्रतिशत अंकों के साथ उच्च स्थान पर रहा। इसके साथ ही सर्टिफाई होने वाली अन्य संस्थाओं में निवास से भलवारा और बम्हनी बंजर से खुर्सीपार हैं। बताया गया कि बीजाडांडी के आयुष्मान आरोग्य मंदिरों की यह उपलब्धि मिशन डायरेक्टर एनएचएम के मार्गदर्शन और कलेक्टर मंडला के कुशल नेतृत्व में जिले की स्वास्थ्य संस्थाओं के उन्नयन और जन-जन तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों का परिणाम है।
जानकारी अनुसार जिले के स्वास्थ्य संस्थानों की गुणवत्ता जांचने के लिए नेशनल क्वालिटी टीम द्वारा असेसमेंट किया गया था। इन तीन नए सर्टिफिकेशन के साथ मंडला जिले में अब तक 36 स्वास्थ्य संस्थाएं एनक्यूएएस के तहत पूर्ण रूप से सर्टिफाई हो चुकी हैं। जिले की प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएँ राष्ट्रीय मानकों पर खरी उतर रही हैं।
सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. महेंद्र बुंदेला ने बताया कि नेशनल सर्टिफिकेशन में सीएमएचओ डॉ. डीजे मोहंती, जिला क्वालिटी अधिकारी शरद मेश्राम, एम एंड ई प्रणय, सीपीएचसी कंसलटेंट सूरज, बीजाडांडी बीएमओ डॉ. अभय और मेडिकल ऑफिसर डॉ. राहुल ठाकुर का विशेष मार्गदर्शन और योगदान रहा। इसके साथ ही सरपंच अंजुला परते का भी इन संस्थाओं को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण सहयोग मिला है। बीजाडांडी बीएमओ अभय गजभिये ने बताया कि राष्ट्रीय प्रमाणन आयुष्मान आरोग्य मंदिर में आने वाले मरीजों को गुणवत्तापूर्ण, सुरक्षित और रोगी-केंद्रित स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कर रहे हैं, जो जिले की स्वास्थ्य सेवाओं के लिए एक बड़ी उपलब्धि है।










