संस्कृति ज्ञान परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन, प्रथम विजेता को 3100 का पुरस्कार
- महर्षि दयानंद जयंती पर काशी विश्वनाथ गुरुकुल में प्रतिभा सम्मान और 450 से अधिक जरूरतमंदों को ऊनी वस्त्र वितरण
- संस्कृति ज्ञान परीक्षा सम्पन्न, जरूरतमंदों को दिये वस्त्र और नकद पुरस्कार
मंडला महावीर न्यूज 29. काशी विश्वनाथ वैदिक गुरूकुल जिलेहरी घाट गाजीपुर मंडला में महर्षि दयानंद सरस्वती की 201वीं जयंती एवं आर्य समाज की स्थापना के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में एक प्रतिभा सम्मान समारोह एवं ऊनी वस्त्र वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।आचार्य भीमदेव नैष्ठिक ने बताया कि सनातन वैदिक गुरुकुल एवं गौशाला समिति द्वारा विद्यालय में आयोजित सनातन वैदिक संस्कृत ज्ञान परीक्षा में उत्कृष्ट स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।
बताया गया कि इस सनातन वैदिक संस्कृत ज्ञान परीक्षा में ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के लगभग 450 विद्यार्थियों ने भाग लिया था। प्रतिभा सम्मान समारोह के दौरान मेधावी छात्रों को प्रमाण पत्र के साथ ऊनी वस्त्र भी वितरित किए गए। जिन विद्यार्थियों ने परीक्षा में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त किया, उन्हें नकद राशि से पुरस्कृत किया गया। जिसमें प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थी को 3100, द्वितीय स्थान 2100 और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थी को 1100 रूपए की नगद राशि प्रदान की गई।
जरूरतमंदों को किये वस्त्र वितरण
प्रत्येक वर्ष की परंपरा को निभाते हुए इस वर्ष भी गुरुकुल द्वारा ग्रामीण जनों और जरूरतमंदों को ऊनी वस्त्रों का वितरण किया गया। विद्यार्थियों के माता-पिता जो गुरुकुल में पहुंचे थे, उन्हें भी सम्मान स्वरूप ऊनी वस्त्र प्रदान किए गए। इस पहल का उद्देश्य समाज के जरूरतमंद वर्ग को सर्दियों से बचाव के लिए सहयोग प्रदान करना था।
कार्यक्रम में इनकी रही उपस्थिति
इस प्रतिभा सम्मान और ऊनी वस्त्र वितरण कार्यक्रम में कई गणमान्य व्यक्तियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। मुख्य अतिथियों में समाजसेवी प्रिया धुर्वे, पूर्व प्राचार्य आरडी कॉलेज डॉ. राजेश चौरसिया, समाजसेवी संजय तिवारी, दिनेश दुबे, वेद प्रकाश गुप्ता, मुकेश सोनी, समाजसेवी नीरज अग्रवाल, आनंद सोनी, सुधीर कांसकार, उमा यादव, प्रीति मौर्या और विनीता दुबे मौजूद रही। इसके साथ ही पतंजलि योग समिति से सुनील बाली, उपाध्यक्ष प्रेमलाल गुप्ता, सचिव डॉ मुकेश मौर्या एवं अन्य लखन बघेल, कौशल अर्सिया, डॉ. नीलसिंह, रामचंद्र आर्य, महेंद्र आर्य, संजय ठाकुर, दुर्गेश यादव सहित विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं और जिला के अनेक संगठनों के सदस्यगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में काशी विश्वनाथ वैदिक गुरुकुल परिवार ने सभी अतिथि महानुभावों, संगठनों के सदस्यों, शिक्षकों और प्रतिभागी विद्यार्थियों का धन्यवाद ज्ञापित किया।









