ट्रैफिक और सुरक्षा नियमों का उल्लंघन पड़ेगा महंगा
- मंडला पुलिस ने मैरिज गार्डन और डीजे संचालकों को दी कड़ी चेतावनी
- मैरिज गार्डनों में सीसीटीवी और प्रशिक्षित गार्ड अनिवार्य
- ध्वनि प्रदूषण पर नकेल कसने के निर्देश
मंडला महावीर न्यूज 29. शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने, सुरक्षा उपायों को मजबूत करने और ध्वनि प्रदूषण को नियंत्रित करने के उद्देश्य से मंडला पुलिस ने आज एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। पुलिस अधीक्षक मंडला के निर्देशानुसार पुलिस कंट्रोल रूम में तहसीलदार पुष्पेंद्र पंद्रो और थाना कोतवाली प्रभारी शफीक खान की उपस्थिति में शहर के सभी मैरिज गार्डन एवं डीजे संचालकों की बैठक आयोजित की गई।
अधिकारियों ने विवाह एवं अन्य सामाजिक कार्यक्रमों के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। संचालकों को निर्देश दिए गए हैं कि वे उचित पार्किंग प्रबंधन सुनिश्चित करें और कार्यक्रम स्थल पर वालंटियरों की नियुक्ति करें। इसके साथ ही बारात निकालते समय सड़क जाम न हो, इसके लिए प्रभावी उपाय सुनिश्चित करने को कहा गया है।
चोरी की घटनाओं के मद्देनजर सुरक्षा अनिवार्य
शहर में हाल ही में हुई चोरी की घटनाओं को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए सख्त निर्देश दिए गए हैं। मैरिज गार्डन एवं हॉल संचालकों के लिए सीसीटीवी कैमरों की स्थापना तथा प्रशिक्षित गार्ड की व्यवस्था अनिवार्य की गई है। साथ ही कीमती वस्तुओं को रखने के लिए सुरक्षित स्थान की व्यवस्था करना भी अनिवार्य होगा।
ध्वनि प्रदूषण और नियम तोडऩे पर होगी सख्त कार्रवाई
बैठक में ध्वनि प्रदूषण को लेकर भी कड़े निर्देश दिए गए। डीजे संचालकों को स्पष्ट रूप से कहा गया है कि ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग निर्धारित मापदंडों के भीतर ही किया जाए। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि इन नियमों का उल्लंघन पाया गया, खासकर सड़क जाम करने वाली बारात पर, तो संबंधित मैरिज गार्डन एवं डीजे संचालकों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। बैठक में मंडला शहर के सभी मैरिज गार्डन एवं डीजे संचालक उपस्थित रहे, जिन्होंने निर्देशों का पालन करने का आश्वासन दिया।









