61 विद्यालयों के 392 खिलाडिय़ों ने दिखाया अपना हुनर

61 विद्यालयों के 392 खिलाडिय़ों ने दिखाया अपना हुनर

  • संकुल केंद्र स्तरीय वृहद खेलकूद प्रतियोगिता संपन्न
  • सांसद कुलस्ते ने विजेताओं को किया सम्मानित
  • स्टेडियम निर्माण का मिला आश्वासन

मंडला महावीर न्यूज 29. विकासखंड नारायणगंज अंतर्गत तीन दिवसीय वृहद संकुल केंद्र स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का समापन उत्साह और गरिमा के साथ हुआ। इस आयोजन की मेजबानी शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बबलिया ने की। प्रतियोगिता में क्षेत्र के 61 विद्यालयों के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, जिसमें प्राथमिक स्तर के 31, माध्यमिक स्तर के 18, हाई स्कूल स्तर के 9 और हायर सेकेंडरी स्तर के 3 विद्यालय शामिल थे।इस तीन दिवसीय आयोजन में विभिन्न स्तरों के 392 खिलाड़ी छात्र-छात्राओं को मेडल पहनाकर सम्मानित किया गया। व्यक्तिगत स्पर्धाओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाडिय़ों को, जबकि टीम गेम्स में विजेता और उपविजेता टीम के सभी सदस्यों को मेडल प्रदान किए गए। प्रतियोगिता के समापन समारोह में मंडला सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने विजेताओं और उपविजेताओं को मेडल पहना कर सम्मानित किया और इतने बड़े स्तर पर आयोजित खेल आयोजन की प्रशंसा की। सांसद ने कहा कि यह आयोजन दूर-दराज के ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों में छिपी प्रतिभाओं को निखारने का एक उत्कृष्ट मंच है। शिक्षकों की मांग पर, उन्होंने ग्राम बबलिया में स्टेडियम ग्राउंड बनाने और बिजली के पोल लगवाने का भी आश्वासन दिया।

छात्र, छात्राओं ने किया सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 

इस वृहद आयोजन में लगभग 3 हजार बच्चों और 70 शिक्षकों की उपस्थिति रही। प्रतियोगिता में शामिल खेल स्पर्धाओं में दौड़, कुर्सी दौड़, जलेबी दौड़, ऊंची कूद, लंबी कूद, भाला फेंक, तवा फेंक, गोला फेंक, कबड्डी, खो खो, पिट्टू, वॉलीबॉल, शतरंज और रस्साकस्सी जैसे खेल शामिल थे। विभिन्न स्तरों पर सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर विजय ट्रॉफी पर कब्जा जमाने वाले विद्यालयों में प्राथमिक स्तर में प्राथमिक शाला खापाटोला, माध्यमिक स्तर में जेएमआर इंग्लिश मीडियम स्कूल, हाई स्कूल स्तर में पीएम श्री हाई स्कूल छपरा और हायर सेकेंडरी स्तर में हायर सेकेंडरी स्कूल बबलिया और हायर सेकेंडरी स्कूल कापा रही।

अगले सत्र में लगेगा विज्ञान और आनंद मेला 

समापन अवसर पर बबलिया संकुल प्राचार्य और नारायणगंज बीईओ ने इस आयोजन की सबसे बड़ी विशेषता दूरस्थ क्षेत्र के छोटे स्कूलों के बच्चों द्वारा प्रतिभा का प्रदर्शन करना बताया। उन्होंने घोषणा की कि अगले सत्र से खेलकूद के साथ अन्य बच्चों के लिए विज्ञान मेला और आनंद मेला भी आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने यह भी बताया कि अब संकुलों से गोल्ड मेडल प्राप्त करने वाले खिलाड़ी और विजेता टीमें विकास खंड स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेंगी, जिससे ग्रामीण प्रतिभाओं को और बड़ा मंच मिल सकेगा।



 

Leave a Comment

Recent Post

Live Cricket Update

Advertisements

Read More Articles