मंडला पुलिस हॉस्पिटल में 100 से अधिक कर्मियों ने लिया नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का लाभ

मंडला पुलिस हॉस्पिटल में 100 से अधिक कर्मियों ने लिया नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का लाभ

  • अनियमित दिनचर्या से जूझते पुलिस बल के लिए जीवनदायिनी पहल
  • जबलपुर के शैल्बी हॉस्पिटल ने मंडला में लगाया विशेष स्वास्थ्य शिविर

मंडला महावीर न्यूज 29. पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा के निर्देशानुसार रक्षित केंद्र मंडला स्थित पुलिस हॉस्पिटल में पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उनके परिवारजनों के लिए एक विशेष स्वास्थ्य शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर जबलपुर के शैल्बी हॉस्पिटल की विशेषज्ञ मेडिकल टीम के सहयोग से आयोजित किया गया। इस पहल का मुख्य उद्देश्य पुलिस बल एवं उनके परिवारों को बेहतर उपचार, नियमित स्वास्थ्य जांच एवं समयपूर्व बीमारी की पहचान के प्रति जागरूक करना था।शिविर में जिले के विभिन्न थानों, चौकियों और पुलिस लाइन के 100 से अधिक पुलिस अधिकारी-कर्मचारी एवं उनके परिजनों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की और स्वास्थ्य परीक्षण का लाभ लिया। इस दौरान चिकित्सकों ने जनरल हेल्थ चेकअप, हड्डी रोग संबंधित जांच, स्त्री रोग संबंधी परामर्श, ब्लड प्रेशर और शुगर टेस्ट सहित कई आवश्यक स्वास्थ्य परीक्षण किए।

विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम रही मौजूद 

शैल्बी हॉस्पिटल की टीम में डॉ. अश्वनी नामदेव हड्डी रोग विशेषज्ञ एवं जनरल मेडिसिन और डॉ. रूपम स्त्री रोग विशेषज्ञ सहित अन्य मेडिकल स्टाफ शामिल रहे। कार्यक्रम के आरंभ में पुलिस अधीक्षक मंडला का मेडिकल टीम द्वारा स्वागत किया गया।

स्वास्थ्य अनदेखी पर एसपी ने जताई चिंता 

पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा ने शैल्बी टीम को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए इस पहल के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि पुलिसिंग की कार्यप्रणाली, लंबे समय तक ड्यूटी, अनियमित दिनचर्या, खानपान तथा पारिवारिक जिम्मेदारियों के बीच अक्सर पुलिसकर्मी अपने स्वास्थ्य की अनदेखी कर देते हैं। एसपी रजत सकलेचा ने बल दिया कि शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य पर विपरीत प्रभाव न पड़े, इसके लिए समय रहते स्वास्थ्य जांच एवं उपचार अत्यंत आवश्यक है, जिससे पुलिसकर्मी अपने पदीय कार्यों एवं पारिवारिक कर्तव्यों को अधिक दक्षता से निभा सकें। शिविर के कुशल संचालन में रक्षित निरीक्षक सुनील नागवंशी, सूबेदार गैलेंद्र, निखिल, विवेक, प्रधान आरक्षक लाभ सिंह, महासिंह एवं आरक्षक साकेश का सराहनीय योगदान रहा।



 

Leave a Comment