फांसी से मौत मामले में नया मोड़, कब्र से शव निकाल भेजा फोरेंसिक लैब

युवक की संदिग्ध मौत

  • पिता ने लगाया हत्या का आरोप, पुलिस ने कब्र से शव निकालकर जांच के लिए भेजा
  • फांसी से मौत मामले में नया मोड़, पिता की गुहार पर दोबारा जांच शुरू
  • पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल

मंडला महावीर न्यूज 29. नारायणगंज ब्लाक के गांव कापा में विगत 9 अगस्त को हुई 19 वर्षीय पुष्पेंद्र पन्द्राम की संदिग्ध मौत का मामला अब गंभीर मोड़ ले चुका है। शुरू में इसे फांसी लगाकर आत्महत्या का मामला मानते हुए पुलिस ने मर्ग कायम कर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया था, लेकिन मृतक के पिता पंसारी लाल ने इसे हत्या करार देते हुए बेटे के लिए न्याय की गुहार लगाई थी।पंसारी लाल ने मंडला पुलिस अधीक्षक को लिखित आवेदन देकर आरोप लगाया था कि उनके बेटे की मौत फांसी से नहीं हुई, बल्कि पुराने रंजिश के कारण कुछ लोगों ने उसकी हत्या कर शव को फांसी पर लटका दिया। उन्होंने दावा किया था कि घटना वाले दिन उनके बेटे के साथ पड़ोसी और दोस्त संदीप, गोपाल, गुलाब सिंह और आदेश शराब पी रहे थे। पिता की आशंका है कि इन्हीं लोगों ने उनके पुत्र की हत्या की है। उन्होंने पुलिस पर लापरवाही और स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए थे।

कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल 

शिकायतकर्ता पंसारी लाल ने आरोप लगाया है कि उन्हें आज तक एफआईआर या पोस्टमार्टम रिपोर्ट की कोई जानकारी नहीं मिली है। पिता ने यह भी आरोप लगाया कि घटना की रात एक संदीप नाम के व्यक्ति ने रात 11 बजे फोन पर बताया कि पुष्पेंद्र खेतों की तरफ भाग रहा था, जिसे उन्होंने घर में लाकर सुला दिया। इसके बाद अगली सुबह 6 बजे उन्हें फांसी पर लटके होने की सूचना दी गई।

कब्र खोदकर शव जांच के लिए भेजा 

पिता की शिकायत और कुछ ऐसे साक्ष्यों के आधार पर जिससे उन्हें यकीन हो गया कि उनके बेटे की हत्या की गई है,। पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा के निर्देश पर निवास पुलिस ने मामले की विवेचना नए सिरे से शुरू कर दी है। न्याय के लिए पीडि़त पिता की गुहार पर पुलिस ने युवक की कब्र खुदवाई और शव को दोबारा जांच के लिए जबलपुर फोरेंसिक लैब भेजा है। फोरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद पुलिस इस मामले में नए सिरे से कार्रवाई और विवेचना करेगी। पंसारी लाल ने बताया कि उनके बेटे की पीएम रिपोर्ट निवास अस्पताल के डॉक्टर द्वारा बनाई गई है, उसी के आधार पर ही आगे भी कार्रवाई होगी, जिसके कारण मृतक के परिजन असमंज्स में है कि उन्हें न्याय मिल पाएगा की नहीं। पंसारी लाल ने इस मामले में उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। शव निकालने के दौरान निवास बीएमओ डॉ. विजय पैगवार, तहसीलदार अलोक सोनी, निवास पुलिस स्टाफ मौजूद रहा।



 

Leave a Comment

Recent Post

Live Cricket Update

Advertisements

Read More Articles