जर्जर शाला भवन बुजबुजिया का मामला न्यायालय के संज्ञान में
- ग्रामीणों की बनाई झोपड़ी में पढ़ रहे 35 बच्चे
- दूषित पानी और टूटे शौचालय से बढ़ी समस्या
मंडला महावीर न्यूज 29. विकासखंड मंडला के अंतर्गत ग्राम पंचायत सिल्पुरा के पोषक ग्राम घोड़ाडीह प्राथमिक शाला बुजबुजिया के जर्जर भवन के नवनिर्माण का मामला न्यायालय के संज्ञान में लाया गया है। आवेदक पीडी खैरवार ने जनोपयोगी लोक अदालत में प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया है, जिसमें वर्षों से शासन-प्रशासन की अनदेखी का उल्लेख है। शाला भवन विगत कई वर्षों से पूरी तरह जर्जर और अनुपयोगी हो चुका है। इसके साथ ही शौचालय भी टूट-फूट गया है, जिसके कारण छात्र-छात्राएं खुले में शौच जाने को मजबूर हैं। किचन शेड भी जर्जर होने के कारण आंगनबाड़ी केंद्र की रसोई में मध्यान्ह भोजन पकाया जा रहा है।
बताया गया कि वर्तमान में कक्षा पहली से पाँचवी तक के औसतन 35 बच्चे ग्रामीणों द्वारा लकडिय़ों और पन्नी से बनाई गई एक झोपड़ी के भीतर बैठकर पढ़ाई कर रहे हैं। पेयजल की समस्या भी गंभीर है; पास के हैंडपंप का पानी फ्लोराइड युक्त है, जिसके उपयोग से बच्चों के दाँत खराब हो रहे हैं। श्री खैरवार ने बच्चों के उज्जवल भविष्य को ध्यान में रखते हुए संबंधित विभाग को शीघ्र सुविधायुक्त शाला भवन का निर्माण कराने के लिए निर्देशित करने के लिए न्यायालय से गुहार लगाई है।









