4.60 करोड़ के हराटोला, साडिया मार्ग निर्माण में भ्रष्टाचार
- घटिया काम और अवैध उत्खनन का आरोप
- पुलिया में घटिया निर्माण और खामियां छिपाने का प्रयास
- ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मवई ने की सड़क निर्माण की उच्चस्तरीय जांच और जिम्मेदारों पर तत्काल कार्रवाई की मांग
मंडला महावीर न्यूज 29. ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मवई ने हराटोला से साडिया मार्ग पर विगत एक वर्ष से चल रहे 4 करोड़ 60 लाख रुपये की लागत वाले निर्माण कार्य में गंभीर अनियमितताओं और व्यापक भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। कमेटी का कहना है कि आदिवासी बहुल इस विकासखंड की यह महत्वपूर्ण सड़क परियोजना जनहित के साथ धोखा है, क्योंकि निर्माण में भारी लापरवाही बरती जा रही है।
मवई कांग्रेस कमेटी ने निर्माण की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठाए हैं। निरीक्षण के दौरान यह सामने आया कि ठेकेदार द्वारा बनाई जा रही कई पुलियाएँ बेहद कमजोर हैं, जो हल्का दबाव पडऩे से टूट रही हैं और उनमें बौल्डर खुले दिखाई देते हैं। कमेटी का आरोप है कि ठेकेदार ने कमजोर पुलियाओं को तोड़कर दोबारा बनाने के बजाय ऊपर से मिट्टी भरकर और प्लास्टर करके खामियों को छिपाने का प्रयास किया है।
निर्माण कार्य में पारदर्शिता की कमी
कमेटी का आरोप है कि करोड़ों की लागत वाली इस परियोजना में अनिवार्य सूचना-पट्ट नहीं लगाया गया है, जिससे निर्माण एजेंसी, उपयोग सामग्री और गुणवत्ता मानकों की जानकारी आम जनता से छिपाई जा रही है। आरोप है कि विभागीय इंजीनियर बिना आवश्यक निरीक्षण किए ही भुगतान जारी कर रहे हैं, जो नियमों का खुला उल्लंघन है।
अवैध उत्खनन और रात्रिकालीन कार्य से नुकसान
मवई कांग्रेस कमेटी ने ठेकेदार पर सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचाने और पर्यावरण नियमों का उल्लंघन करने का भी आरोप लगाया है। ट्रांसपोर्टेशन लागत बचाने के उद्देश्य से ठेकेदार ने किसानों की भूमि और वन क्षेत्र से लगी जमीन से अवैध रूप से मिट्टी और मुर्रम निकाला है। कांग्रेस का आरोप है कि पटवारी और बीट गार्ड की उपस्थिति में अवैध उत्खनन होने के बावजूद विभागीय नियंत्रण पूरी तरह नदारद है। निर्माण कार्य का अधिकांश हिस्सा रात्रिकालीन समय में पोकलेन मशीन से कराया जा रहा है, जबकि वन क्षेत्र में मशीन संचालन के लिए समय सीमा निर्धारित है। इस अवैध खुदाई से कई किसानों के खेतों में बड़े गड्ढे बन गए हैं।
बार-बार शिकायतों के बावजूद कार्रवाई नहीं
कांग्रेस कमेटी ने बताया कि निर्माण गुणवत्ता को लेकर 6 अक्टूबर 2025 को ग्रामीण यात्री सेवा विभाग को और अवैध खुदाई को लेकर 15 नवंबर 2025 को नायब तहसीलदार मवई को लिखित शिकायत दी गई थी, परंतु अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। कमेटी ने अधिकारियों पर अनियमितताओं के प्रति संरक्षण देने का संदेह जताया है। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मवई ने प्रशासन से मांग की है कि इस पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए, घटिया निर्माण और अवैध गतिविधियों में संलिप्त सभी जिम्मेदारों पर कड़ी कार्रवाई हो, और सड़क तथा पुलियाओं का पुन: निर्माण गुणवत्तापूर्ण एवं पारदर्शी तरीके से कराया जाए।









