ढेको पंचायत पर नाली और रंगमंच निर्माण में अनियमितता के गंभीर आरोप

ढेको पंचायत पर नाली और रंगमंच निर्माण में अनियमितता के गंभीर आरोप

  • मापदंडों की अनदेखी, ग्राम पंचायत ढेको के विकास कार्यों की निष्पक्ष जांच की मांग

मंडला महावीर न्यूज 29. जनपद पंचायत मंडला अंतर्गत ग्राम पंचायत ढेको में इन दिनों चल रहे निर्माण कार्यों को लेकर ग्रामीणों में गहरा आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों ने पंचायत पर नाली एवं रंगमंच निर्माण कार्य में गंभीर अनियमितताएँ बरतने का आरोप लगाया है, और शिकायत के बावजूद कार्रवाई न होने पर नाराजगी जताई है। ग्रामीणों का आरोप है कि पंचायत कुछ दबंग व्यक्तियों के इशारे पर मनमाने ढंग से कार्य कर रही है। नाली निर्माण कार्य बिना किसी लेआउट के किया जा रहा है, जिससे इसकी गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। साथ ही, नाली में इस्तेमाल किया जा रहा लोहा भी मापदंडों के अनुसार उपयुक्त नहीं है।ग्रामीणों ने बताया कि नाली का निर्माण इस तरह किया गया है कि इसका लाभ केवल गांव के एक ही व्यक्ति को मिलेगा, जबकि इसे सड़क पार कर जोडऩे पर पूरे क्षेत्र को लाभ मिल सकता था। सबसे बड़ी समस्या यह है कि नाली का स्तर इतना ऊँचा रखा गया है कि आसपास के घर नाली से काफी नीचे हो गए हैं, जिससे घरों का पानी नाली में नहीं निकल पाएगा और आमजन को आवागमन में भी कठिनाई हो रही है।

रंगमंच निर्माण भी संदिग्ध 

शिशु मंदिर स्कूल के पास बन रहे रंगमंच निर्माण को लेकर भी गुणवत्ता पर सवाल उठाए गए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण में प्लिंथ नहीं डाली गई है और स्कूल द्वारा पहले से डाली गई बीम का ही उपयोग किया जा रहा है। एक दिशा में दीवार का निर्माण भी अभी तक नहीं किया गया है, जिससे कार्य की गुणवत्ता संदिग्ध प्रतीत होती है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। उनकी मांग है कि ग्राम पंचायत ढेको में चल रहे सभी निर्माण कार्यों की सूक्ष्म एवं निष्पक्ष जांच कराई जाए ताकि अनियमितताओं का पर्दाफाश हो सके और जिम्मेदार अधिकारियों पर उचित कार्रवाई की जा सके।

इनका कहना है

ग्राम पंचायत ढ़ेको में सभी विकास कार्य पूर्ण स्वीकृति एवं ग्राम सभा के प्रस्ताव के आधार पर ही संचालित किए जा रहे हैं। कुछ माह पूर्व प्रभार ग्रहण करने के बाद से समस्त कार्यवाही निर्धारित नियमों एवं पारदर्शिता के साथ की जा रही है।
प्रकाश मार्को, सचिव
ग्राम पंचायत ढ़ेको

आप लोग उपाध्यक्ष के कहने पर आये है, अभी मेरे पास टाइम नहीं है, मैं कुछ नहीं बता सकती, ज्यादा है तो आप पांच बजे आए तब में जानकारी दूंगी।
श्रीमती प्रतिभा शुक्ला, सीईओ
जनपद पंचायत मंडला

पंचायतों द्वारा कराए जा रहे अधिकांश कार्य मनमाने ढंग से चहेते ठेकेदारों को दिए जा रहे हैं, जिनमें गुणवत्ता और पारदर्शिता का बिल्कुल ध्यान नहीं रखा जा रहा है। विकास कार्यों में इस तरह की अनियमितता जनहित के साथ धोखा है। इन गड़बडिय़ों और निम्न स्तरीय निर्माण कार्यों की शिकायत मैंने संबंधित विभागों के समक्ष दर्ज कराई है, जिससे जांच हो सके और दोषियों पर उचित कार्रवाई की जाए।
संदीप सिंगोंर, उपाध्यक्ष
जनपद पंचायत मंडला


 

Leave a Comment