अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव में भगवान श्रीकृष्ण को बनाया मुख्य अतिथि

नारायणगंज में भव्यता से मना अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव, भगवान श्रीकृष्ण को बनाया मुख्य अतिथि

परीक्षा परिणाम की चिंता किए बिना सर्वस्व दें विद्यार्थी, बीईओ डी के सिंगौर का गीता उपदेश

मंडला महावीर न्यूज 29. मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार, गीता जयंती के अवसर पर 1 दिसंबर 2025 को विकासखण्ड नारायणगंज में अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया।महोत्सव का सबसे खास आकर्षण यह रहा कि कार्यक्रम का शुभारंभ और संचालन भगवान श्रीकृष्ण को ही मुख्य अतिथि एवं अध्यक्ष बनाकर किया गया। मुख्य मंच को श्रीकृष्ण की मूर्ति, बच्चों द्वारा बनाए गए रंग-बिरंगे चित्रों और गीता के श्लोकों से सजाया गया था। सभी आमंत्रित अतिथिगण, जिनमें जनपद अध्यक्ष आशा राम भारतीया, जिला सदस्य भूपेंद्र वरकड़े, एवं अन्य गणमान्य नागरिक शामिल थे, सामान्य दर्शक के रूप में बैठे।

योग अपनाएं, समभाव रखें

कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती का पूजन-अर्चन कर किया गया। बीईओ नारायणगंज डी के सिंगौर ने अपने प्रस्तावना भाषण में गीता के उपदेशों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों का धर्म पढ़ाई करना है और उन्हें बिना परीक्षा परिणाम की चिंता किए अपना सर्वस्व इसमें देना चाहिए। उन्होंने योग को नित्य जीवन में अपनाकर बेहतर परीक्षा परिणाम लाने पर जोर दिया। इसी प्रकार शिक्षकों को कक्षा में सभी बच्चों के प्रति समभाव (समान भाव) रखने की सीख दी। इसके पश्चात, मंच में सुसज्जित श्रीकृष्ण मूर्ति की विधि-विधान से शंखनाद के साथ पूजा अर्चना और आरती की गई।

छात्र-छात्राओं का उत्कृष्ट प्रदर्शन

सांदीपनि विद्यालय के विद्यार्थियों ने श्रीकृष्ण की वेशभूषा धारण कर कई नृत्य प्रस्तुत किए। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण विद्यार्थियों द्वारा तत्काल बनाए गए कृष्ण द्वारा अर्जुन को उपदेश देते हुए चित्र थे, जिनमें श्लोक और उपदेशों का उल्लेख किया गया था। राजुल ज्योतिषी (एडवोकेट) एवं श्री पांडेय (शिक्षक) ने छात्रों से गीता के 15वें अध्याय का पाठ कराया। कार्यक्रम का संचालन बी.ए.सी. राजीव वर्मा ने किया। अंत में, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को गीता की किताब देकर सम्मानित किया गया।


Leave a Comment

Recent Post

Live Cricket Update

Advertisements

Read More Articles