22.87 लाख का गबन, पूर्व सरपंच, सचिव पर ईओडब्ल्यू ने दर्ज किया मामला
- ग्राम पंचायत बेलखेड़ी में कागजों पर हुए निर्माण कार्य
- सरपंच-सचिव ने 6 वर्षों में निकाली शासकीय योजनाओं की राशि
- ग्रामीणों की शिकायत पर हुई कार्रवाई
मंडला महावीर न्यूज 29. जिले के विकासखंड बीजाडांडी की ग्राम पंचायत बेलखेड़ी में विगत छह वर्षो में शासकीय योजनाओं के तहत लाखों रूपए की हेराफेरी की गई है। आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ जबलपुर ने मंडला जिले की ग्राम पंचायत बेलखेड़ी में एक बड़े आर्थिक घोटाले का पर्दाफाश किया है। पंचायत के तत्कालीन सरपंच बीरन सिंह काकोडिया और सचिव मिथलेश उददे के खिलाफ बिना निर्माण कार्य कराए 22 लाख 87 हजार 370 रुपये के गबन के आरोप में मामला दर्ज किया गया है।
बताया गया कि यह कार्रवाई ग्रामवासियों की शिकायत पर की गई है। इस मामले में विस्तृत जांच के बाद ही यह कार्रवाई की गई है। शिकायत में बताया गया था कि बेलखेड़ी एवं बीरमपुर में होने वाले विभिन्न विकास कार्यों की राशि का आहरण फर्जी कागजातों के आधार पर किया गया है।
ईओडब्ल्यू की जांच में यह सामने आया कि वर्ष 2014 से 2022 के बीच आवंटित 9 प्रकार के निर्माण कार्यों जिसमें सीसी रोड, चौपाल और पुलिया निर्माण शामिल थे को मौके पर नहीं कराया गया। दोनों आरोपियों ने संयुक्त हस्ताक्षरों से अनियमित रूप से शासकीय धनराशि का आहरण कर दुरुपयोग किया। पूर्व सरपंच, सचिव के खिलाफ धारा 409 आपराधिक न्यास भंग, 420 धोखाधड़ी, 120 बी आपराधिक षडयंत्र भादवि और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की गंभीर धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।










