पन्नी से बनाई झोपड़ी में बुजबुजिया प्राइमरी स्कूल में पढ़ाई की जद्दोजहद

बुजबुजिया प्राइमरी स्कूल, शिक्षा का संकट

  • मंडला के वन ग्राम में 5 वर्षों से पन्नी की झोपड़ी में पढ़ रहे सैकड़ों आदिवासी बच्चे
  • जर्जर भवन से लेकर फ्लोराइड युक्त पानी तक, जिम्मेदारों की उदासीनता
  • पन्नी से बनाई झोपड़ी में बुजबुजिया प्राइमरी स्कूल में पढ़ाई की जद्दोजहद

मंडला महावीर न्यूज 29. विकासखंड मंडला के अंतर्गत वनग्राम घोड़ाडीह बुजबुजिया में प्राइमरी स्कूल के सैकड़ों आदिवासी बच्चों का भविष्य पांच वर्षों से बर्बादी की ओर है। लगभग बीस साल पहले बना प्राइमरी शाला भवन जर्जर होकर गिर रहा है, जिसके कारण ये बच्चे प्लास्टिक की पन्नी और हरे नेट से बनाई गई एक असुरक्षित झोपड़ी में बैठकर पढऩे को मजबूर हैं।विभाग के अधिकारियों ने जर्जर हालत को देखते हुए यहां कक्षाएं लगाने पर रोक तो लगा दी थी, लेकिन कक्षाओं के लिए कोई वैकल्पिक सुरक्षित स्थान नहीं बताया। इसके बाद ग्रामीणों, पालकों और शिक्षकों ने आपस में चंदा करके यह अस्थायी झोपड़ी तैयार कराई। यहां न बैठने के लिए समतल जगह है और न ही कहानी आदि की किताबें रखने के लिए कोई सुरक्षित पुस्तकालय।

स्वास्थ्य पर खतरा और सुविधाओं का अभाव 

बच्चों की शिक्षा के अलावा उनका स्वास्थ्य भी गंभीर खतरे में है। स्कूल परिसर में खुदे हैंडपंप से फ्लोराइड युक्त पानी आता है, जिसके उपयोग से बच्चों के दांत खराब हो रहे हैं और उनका स्वास्थ्य बिगड़ रहा है। इसके साथ ही स्कूल में शौचालय टूट चुका है और अनुपयोगी हो गया है, बच्चे-बच्चियां खुले में शौच करने को मजबूर हैं। रसोई शेड खराब होने के कारण मध्यान्ह भोजन आंगनबाड़ी के छोटे कमरे में पकाया जाता है।

पांच वर्षों से थके हुए पालक 

पालकों और ग्रामीणों का कहना है कि वे इस समस्या के समाधान के लिए पिछले पांच वर्षों से लगातार कलेक्टर सहित अन्य जिम्मेदारों को आवेदन दे रहे हैं। एक-दो बार अधिकारी दौरे पर आए ज़रूर, पर समस्या का समाधान अब तक नहीं हुआ है, जिससे वे थका हुआ और ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं। इस गंभीर समस्या की ओर ध्यानाकर्षण कराते हुए आम आदमी पार्टी मंडला ने क्षेत्र भ्रमण के बाद तत्काल कलेक्टर मंडला, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत और जिला शिक्षा केन्द्र समन्वयक को पत्र लिखा है। पार्टी ने शिक्षा अधिकार अधिनियम के तहत इन अबोध आदिवासी बच्चों के हित में शीघ्र ही उचित और सुरक्षित व्यवस्था बनाए जाने का आग्रह किया है।


 

Leave a Comment