मुस्कान अभियान, कार्यक्रम, धर्म-कर्म, धार्मिक आयोजन, विरोध, अपराध, हादसा, बाघ
नैनपुर में अवैध कॉलोनाइजरों पर कार्रवाई, पिंडरई में जेसीबी से ध्वस्त हुआ लेआउट
- तुईयापानी और चिरईडोंगरी की कॉलोनियां अवैध घोषित
- तीन से सात साल की कैद का प्रावधान
मंडला महावीर न्यूज 29. पिंडरई में कृषि भूमि पर बनाए गए रास्ते और अवैध प्लाटिंग लेआउट को जेसीबी से हटवाया गया। तुईयापानी और चिरईडोंगरी में प्रकरण दर्ज कर अवैध कॉलोनी घोषित कर कानूनी कार्रवाई के निर्देश जारी किए गए। जिला कलेक्टर सोमेश मिश्रा के निर्देशन में नैनपुर अनुविभाग में अवैध कॉलोनाइजरों के विरुद्ध बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की गई। ग्राम पिंडरई में खसरा क्रमांक 311/1 कृषि भूमि पर अवैध प्लॉटिंग, बिना अनुमति लेआउट निर्माण और अनधिकृत रास्तों को जेसीबी से से ध्वस्त कराया गया।
जानकारी अनुसार मंडला जिले के नैनपुर अनुविभाग में प्रशासन ने अवैध प्लॉटिंग कॉलोनी करने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाते हुए एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। इस दौरान एक अवैध कॉलोनी के लेआउट को जेसीबी की सहायता से ध्वस्त कर दिया गया, जबकि दो अन्य कॉलोनियों को अवैध घोषित कर कानूनी कार्यवाही शुरू की गई है। एसडीएम नैनपुर आशुतोष ठाकुर के निर्देश पर ग्राम पिंडरई में एक कृषि भूमि पर की जा रही अवैध प्लॉटिंग पर कार्रवाई की गई। जांच में पाया गया कि कॉलोनाइजर रजिस्ट्रेशन, टीएनसीपी अनुमति और स्वीकृत नक्शे के बिना ही यहाँ सड़कें बना दी गई थीं और अस्थाई झोपडिय़ां खड़ी कर विज्ञापन के जरिए प्लॉट बेचने की तैयारी थी। प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर इस पूरे अवैध लेआउट को जेसीबी मशीन से ध्वस्त कर दिया।
दो अन्य कॉलोनियां अवैध घोषित
बताया गया कि तुईयापानी के खसरा क्रमांक 256, 267, 268 में अवैध कॉलोनी विकसित करने की शिकायत पर अनुविभागीय अधिकारी राजस्व के न्यायालय में मामला दर्ज किया गया। सुनवाई के दौरान कॉलोनाइजर आवश्यक वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका, जिसके आधार पर न्यायालय ने इस भूमि को अवैध कॉलोनी घोषित करते हुए तहसीलदार नैनपुर को कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए। इसी तरह चिरईडोंगरी खसरा क्रमांक 39/1/1 में भी अवैध प्लॉटिंग की पुष्टि हुई। भूमिस्वामी नोटिस के बावजूद वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर पाया, जिसके बाद न्यायालय ने इस कॉलोनी को भी अवैध घोषित कर तत्काल कार्रवाई का आदेश दिया।
अवैध कॉलोनाइजरों पर जारी रहेगी कार्रवाई
बताया गया कि अवैध प्लॉटिंग एवं अनाधिकृत कॉलोनी निर्माण लोगों को आर्थिक नुकसान पहुँचाते हैं और भविष्य में गंभीर अव्यवस्थाएँ पैदा करते हैं। प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि प्लॉट खरीदते समय कॉलोनी के टी एण्ड सीपी अनुमोदन, कॉलोनाइजर रजिस्ट्रेशन और स्वीकृत अप्रूव्ड लेआउट, डायवर्सन अवश्य देखें जिससे भविष्य में किसी प्रकार की परेशानी न हो। एसडीएम आशुतोष ठाकुर ने बताया कि अवैध कॉलोनी का निर्माण एक दंडनीय अपराध है। अवैध कॉलोनाइजरों को 3 से 7 वर्ष तक की कैद और अवैध प्लॉट खरीदने वाले को भी 6 माह तक की कैद का प्रावधान है।
एनएच-30 पर अनियंत्रित ट्रक का कोहराम
- पिकअप को टक्कर मारकर पलटा, तीन की मौत
- अहमदपुर चौराहा के पास देर रात भीषण हादसा
- मृतकों में ढाबा संचालक और एक बालक शामिल
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला रायपुर नेशनल हाईवे 30 पर चौकी अंजनिया क्षेत्र अंतर्गत अहमदपुर चौराहा के पास देर रात लगभग 01 बजे एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना हुई, जिसमें तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और एक व्यक्ति घायल हो गया। अनियंत्रित ट्रक रायपुर से सरिया लेकर जबलपुर की तरफ जा रहा था, इसी दौरान यह सड़क हादसा हो गया।
जानकारी अनुसार मंडला बिछिया मार्ग में अंजनिया अहमदपुर चौराहा एक्सीडेंटल जोन बन गया है। इस दुर्घटना संभावित क्षेत्र में आए दिन सड़क हादसे हो रहे है। शनिवार और रविवार की रात एक्सीडेंटल जोन के समीप मटर से लोडेड एक पिकअप वाहन सड़क किनारे खड़ी थी। इसी दौरान रायपुर की ओर से जबलपुर जा रहे सरिया से लदे एक अनियंत्रित ट्रक ने इस पिकअप वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ट्रक अनियंत्रित होकर अहमदपुर रोड संचालित महिष्मती ढाबा संचालक को भी टक्कर मारी और ट्रक पलट गया। बताया गया कि ढाबा संचालक पिकअप वाहन के पास ही खड़े थे।
हादसे में तीन लोगों की मौत
अहमदपुर चौराहे के पास इस भीषण हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में महिष्मती ढाबा संचालक शीतल गुप्ता निवासी अंजनिया पिकअप वाहन के समीप खड़े थे, जिनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में एक बालक की भी मौत हो गई, जो ट्रक में सवार था, जिसकी पहचान अभी नहीं हो पाई है। इसके साथ ही एक पिकअप हेल्पर भी इस हादसे का शिकार हो गए। जिसकी शिनाख्त नहीं हो सकी है।

घंटो चला रेस्क्यू
बताया गया कि इस दर्दनाक हादसे में मौके पर तीन लोगों की मौत हुई। पलटे हुए ट्रक के नीचे फंसे बालक और पिकअप हेल्पर के शवों को क्षत-विक्षत हालत में घंटों चले रेस्क्यू के बाद बाहर निकाला जा सका। जिसकी पहचान करना मुश्किल हो गया। वहीं हादसे में ट्रक क्लीनर भी गंभीर घायल हो गया। घायल क्लीनर को अंजनिया स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती कराया गया। जहां उसका उपचार चल रहा है।
ट्रक चालक फरार
दुर्घटना के तुरंत बाद ट्रक का ड्राइवर मौके से फरार हो गया। अंजनिया पुलिस ने बताया कि ट्रक राजगढ़ का और पिकअप वाहन जबलपुर की बताई जा रही है। अंजनिया चौकी पुलिस ने मामला दर्ज कर ट्रक को अपने कब्जे में ले कर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में गमगीन का माहौल बना हुआ है।
रिपोर्टर- गर्जेन्द्र पटेल, अंजनिया, मंडला ✍️
कान्हा टाइगर रिजर्व में दुर्लभ नजारा, पर्यटकों ने देखे 8 बाघ
- सरही जोन में दो बाघिनें अपने छह शावकों के साथ आईं सामने
- वन्यजीव विशेषज्ञ भी हैरान
मंडला महावीर न्यूज 29. कान्हा टाइगर रिजर्व में रविवार सुबह की सफारी पर्यटकों के लिए यादगार और विशेष बन गई। रिजर्व के सरही जोन में सफारी शुरू होने के मात्र 10 मिनट बाद ही अमाही क्षेत्र में पर्यटकों को एक अत्यंत दुर्लभ दृश्य देखने को मिला, जब दो मादा बाघिनें अपने छह शावकों के साथ एक ही जगह पर मौजूद थीं।
बताया गया कि पर्यटकों को सबसे पहले पहली बाघिन अमाही टाइग्रेसेस अपने चार शावकों के साथ सड़क किनारे दिखाई दी। इससे पर्यटक उत्साहित ही हो रहे थे कि कुछ ही देर बाद पास ही एक अन्य बाघिन भी अपने दो शावकों के साथ नजर आई। इस प्रकार पर्यटकों ने एक ही स्थान पर दो बाघिनों और उनके छह शावकों को देखा। अनुमान है कि इन सभी छह शावकों की उम्र 8 से 10 माह के बीच है।
अत्यंत दुर्लभ दृश्य देख रोमांचित हुए पर्यटक
वन्यजीव विशेषज्ञों ने एक साथ दो बाघिन के साथ छह शावकों को देखना अत्यंत दुर्लभ बताया है। विशेषज्ञों के अनुसार मादा बाघिनें अपने शावकों की सुरक्षा के प्रति अत्यधिक संवेदनशील होती हैं और सामान्यत: अन्य बाघों या बाघिनों से दूरी बनाए रखती हैं। ऐसे में दो बाघिनों का अपने-अपने शावकों के साथ इतने नजदीक आना, असामान्य और अद्भुत माना जा रहा है। बताया गया कि एक साथ इतने सारे बाघों को देखकर पर्यटक रोमांचित हो उठे। उन्होंने तुरंत अपने कैमरों में इस अविस्मरणीय पल को कैद कर लिया। इन दृश्यों के वीडियो और तस्वीरें अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं, जिससे कान्हा टाइगर रिजर्व की प्रसिद्धि और बढ़ गई है।
अज्ञात वाहन की टक्कर से आयुर्वेदिक दवा विक्रेता की मौत
- महाराजपुर के खुर्सीपार गांव के पास हुआ हादसा
- मृतक यूपी के बिजनौर निवासी
मंडला महावीर न्यूज 29. महाराजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत खुर्सीपार गांव के पास सड़क पर एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। बाइक सवार आयुर्वेदिक दवा बेचने का काम करता था और अलसुबह किसी काम से कहीं जा रहा था, तभी किसी अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। सूचना मिलने पर महाराजपुर पुलिस मौके पर पहुँची और शव की शिनाख्त की। पुलिस ने मर्ग कायम कर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी अनुसार महाराजपुर पुलिस द्वारा की गई जांच में मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के ग्राम हल्दौर निवासी 60 वर्षीय प्रतपाल सिंह टांक के रूप में की गई है। स्थानीय नागरिक जगविंदर सिंह गुजराल ने बताया कि प्रतपाल सिंह लगभग एक माह पहले अपने बेटे हरदीप सिंह, बहू और भतीजे के साथ मंडला आए थे। वे यहाँ एक धर्मशाला में रुककर जिले के विभिन्न गांवों में घूमकर आयुर्वेदिक दवाएं बेचने का काम कर रहे थे।
बताया गया कि रविवार सुबह प्रतपाल सिंह अपनी बाइक से दवाएं बेचने के लिए निकले थे। खुर्सीपार गांव के पास उनकी बाइक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 वाहन मौके पर पहुंचा और शव को जिला अस्पताल लाया गया। आवश्यक पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है।
बिछिया के जंगल में बाघ का हमला, 56 वर्षीय व्यक्ति की मौत
- कटंगा रैयत निवासी पंचम धुर्वे का क्षत-विक्षत शव मिला
- ग्रामीणों ने 1 करोड़ मुआवजे की मांग
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला जिले के बिछिया सामान्य वन मंडल क्षेत्र में बाघ के हमले से एक 56 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक अपनी मवेशियों को चराने जंगल गया था, जिसके दो दिन बाद उसका क्षत-विक्षत शव जंगल में मिला। कटंगा रैयत निवासी पंचम धुर्वे विगत 5 दिसंबर को अपनी मवेशियों को लेकर घर के पास लगे जंगल में गए थे। जब शाम को वे वापस नहीं लौटे, तो परिजनों ने बिछिया थाने में गुमशुदगी की सूचना दी।
जानकारी अनुसार रविवार को कुछ ग्रामीणों ने गांव में सूचना दी कि उन्होंने जंगल में एक व्यक्ति का क्षत-विक्षत शव देखा है। तत्काल इसकी जानकारी वन विभाग और पुलिस विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस विभाग की टीम मौके पर पहुंची और शव स्थल पर जाकर शिनाख्त की। परिजनों ने शव की पहचान पंचम धुर्वे के रूप में की। दोनों विभागों के द्वारा विधिवत कार्रवाई पूरी की गई, और स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा शव का पोस्टमार्टम किया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
ग्रामीणों ने की मांग
इस घटना के बाद घटनास्थल पर मौजूद ग्रामवासियों ने वन विभाग के ऊपर कई गंभीर आरोप लगाए और अपनी सुरक्षा को लेकर कुछ मांगें रखीं। ग्रामीणों ने मांग करते हुए कहां कि जंगल की ओर फेंसिंग की ऊँचाई बढ़ाई जाए। बारामासी की सफाई विधिवत तरीके से नियमित रूप से करवाई जाए। मृतक के परिजनों को एक करोड़ का मुआवजा दिया जाए। इसके साथ ही परिवार के किसी एक सदस्य को सरकारी नौकरी प्रदान की जाए। ग्रामीणों ने मांग की है कि वन विभाग वन्यजीवों के मूवमेंट पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करे और उनकी सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाए।
मंडला सांसद ने माध्यमिक शाला बबलिया को लिया गोद
- मेरा विद्यालय सुंदर विद्यालय कार्यक्रम को प्रोत्साहन
- क्षेत्र के मॉडल स्कूल के रूप में विकसित करने की योजना
मंडला महावीर न्यूज 29. गत दिवस बबलिया में संकुल स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता के समापन अवसर पर आए मंडला सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते ने विकास खंड शिक्षा अधिकारी डीके सिंगौर के आग्रह पर माध्यमिक शाला बबलिया को गोद लेने का आग्रह स्वीकार कर लिया है। सांसद के इस कदम से नारायणगंज विकासखंड में चल रहे नवाचारी कार्यक्रम मेरा विद्यालय सुंदर विद्यालय को बड़ा प्रोत्साहन मिला है।
बताया गया कि नारायणगंज विकासखंड में कक्षा 1 से 8 तक के विद्यालयों में मेरा विद्यालय सुंदर विद्यालय नवाचार पर कार्य किया जा रहा है। इस पहल के तहत विद्यालयों की लगातार रेटिंग की जा रही है, जिसका उद्देश्य विद्यालयों के सौंदर्यीकरण, विद्यार्थियों के शैक्षणिक उन्नयन और विद्यालय में उत्कृष्ट पठन-पाठन का माहौल तैयार करना है। शिक्षक अपने विद्यालयों को तीन महीने में ए ग्रेड में लाने का प्रयास कर रहे हैं। इस कार्यक्रम को बल देने और चुनौती वाले विद्यालयों को सुसज्जित करने के लिए जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को गोद लेने की मुहिम चलाई जा रही है।
बबलिया को मॉडल स्कूल बनाने की योजना
माध्यमिक शाला बबलिया को गोद लिए जाने के बाद इसे क्षेत्र के मॉडल विद्यालय के रूप में तैयार करने की योजना है। यह विद्यालय क्षेत्र का केंद्र बिंदु है, जहाँ शिक्षकों की बैठकें भी आयोजित होती हैं। इसे मॉडल बनाने का उद्देश्य है कि क्षेत्र के अन्य शिक्षक भी इस विद्यालय से प्रेरणा ले सकें।
अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी लिया शाला को गोद
शालाओं को गोद लेने की इस मुहिम में अन्य जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने भी सक्रिय भागीदारी दिखाई है। जिसमें जनपद अध्यक्ष आशाराम भारतीया ने माध्यमिक शाला फड़की माल, जनपद उपाध्यक्ष अविनाश शर्मा ने माध्यमिक शाला पटेहरा और माध्यमिक शाला चंदेहरा, जनपद सदस्य सुंदर लाल उर्वेती ने माध्यमिक शाला डोभी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी दीप्ति यादव ने माध्यमिक शाला शाहा, प्राचार्य, एकलव्य विद्यालय मनोज कुमार ने प्राथमिक शाला कोंडरावन को गोद लिया है। गोद लिए गए विद्यालयों के शिक्षक अब विद्यालय का विस्तृत प्रतिवेदन तैयार कर रहे हैं। इसके बाद गोद लेने वाले जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की विजिट होगी और विकास कार्य प्रारंभ किए जाएंगे।
विधायक नारायण सिंह पट्टा की कार को नशे में धुत कार चालक ने मारी टक्कर
- रायसेन जिले में भोपाल-जबलपुर हाईवे पर भीषण हादसा
- विधायक और स्टाफ सुरक्षित
मंडला महावीर न्यूज 29. बिछिया विधानसभा क्षेत्र के विधायक नारायण सिंह पट्टा एक गंभीर सड़क दुर्घटना में बाल-बाल बच गए। शनिवार शाम भोपाल से जबलपुर लौटते समय भोपाल-जबलपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर रायसेन जिले के खोड़ी जमुनिया गांव के पास गलत दिशा से आ रही एक कार ने विधायक की गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी।
बताया गया कि यह टक्कर इतनी भीषण थी कि विधायक का वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि ईश्वर की कृपा और जनता की दुआओं से विधायक नारायण सिंह पट्टा और उनके साथ मौजूद सभी स्टाफ सदस्य पूरी तरह से सुरक्षित बच गए। दुर्घटना के बाद जांच में यह सामने आया कि जिस कार ने विधायक के वाहन को टक्कर मारी, उसमें सवार युवक अत्यधिक शराब के नशे में धुत थे। इस घटना ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा नियमों की अनदेखी और नशे में वाहन चलाने की गंभीर प्रवृत्ति पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
सुरक्षा और प्रशासन के लिए चुनौती
इस हादसे ने स्पष्ट किया है कि जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा एक सामान्य मुद्दा नहीं है, बल्कि सड़कों पर बढ़ती लापरवाही और नशे की वजह से होने वाले हादसे प्रशासन के लिए एक बड़ी चुनौती बन चुके हैं। ऐसे में आवश्यक है कि सख्त नियम, कड़ी निगरानी और त्वरित कार्रवाई के माध्यम से ऐसी जीवन-घातक घटनाओं पर तुरंत लगाम लगाई जाए।
शराब पीकर वाहन ना चलाए
विधायक नारायण सिंह पट्टा ने इस घटना के बाद जनता से भावुक अपील की है। उन्होंने आग्रह किया है कि शराब पीकर वाहन न चलाएं, न ही किसी और को चलाने दें। उन्होंने कहा कि यह केवल कानून या नियम का पालन नहीं, बल्कि सीधे तौर पर जीवन की सुरक्षा से जुड़ा हुआ मुद्दा है।
जगमंडल परिक्षेत्र में 15 दिन से बाघ का डेरा, ग्रामीणों में दहशत
- आधा दर्जन पशुओं का किया शिकार
- ककैया बीट में मरार टोला के पास मूवमेंट
- वन विभाग ने जंगल की ओर जाने से किया मना
मंडला महावीर न्यूज 29. वन मंडल परिक्षेत्र अंजनिया के जगमंडल ककैया बीट में पिछले दो सप्ताह से अधिक समय से एक बाघ की लगातार मौजूदगी दर्ज की जा रही है, जिससे स्थानीय मरार टोला गांव और आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल बना हुआ है। बाघ की हलचल गांव के समीप एक तालाब के आसपास एक ही जगह पर बनी हुई है, और उसके हमले से अब तक आधा दर्जन से अधिक पशुओं की मौत हो चुकी है।
अंजनिया जगमंडल परिक्षेत्र की रेंजर लतिका तिवारी ने ककैया बीट के अजगर दादर एरिया में बाघ की मौजूदगी की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि यह क्षेत्र वन क्षेत्र है और कान्हा नेशनल पार्क से सटा हुआ होने के कारण वन्यजीवों की साइटिंग आम है। बताया गया कि वन विभाग की टीम क्षेत्र में लगातार मॉनिटरिंग कर रही है और ग्रामीणों को सावधानी बरतने के लिए सुरक्षात्मक उपाय बताए जा रहे हैं। विभाग ने ग्रामीणों से स्पष्ट अपील की है कि वे किसी भी स्थिति में जंगल की ओर न जाएं और बाघ को देखे जाने पर तुरंत विभाग को सूचित करें।
रात में सुनाई देती है दहाड़
मरार टोला गांव के तालाब के समीप बाघ की उपस्थिति लगभग पंद्रह दिनों से बनी हुई है। ग्रामीण मनोज भांवरे, सुरेश पटेल, हरिओम पटेल, अंशुमन पटेल और राजेंद्र भांवरे समेत अन्य ग्रामीणों का कहना है कि रात के समय बाघ के दहाडऩे की आवाज गांव तक सुनाई देती है, जिससे लोग रात में घर से बाहर नहीं निकल पाते और पूरा गांव सहमा हुआ है। ग्रामीणों ने बताया कि तीन दिसंबर की रात को बाघ ने छवि लाल भांवरे की एक भैंस को अपना शिकार बनाया। हमले के दौरान की एक तस्वीर बड़े दूरी से कैमरे में कैद की गई, जिसमें बाघ एक चट्टाननुमा पत्थर के नजदीक भैंस पर हमला करता दिख रहा है। यह तस्वीर अब सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रही है।
जानवरों पर जानलेवा हमला
बताया गया कि बाघ पिछले 15 से 20 दिनों में अब तक ग्रामीणों के आधा दर्जन से अधिक मूक जानवरों को जान से मार चुका है। तीन दिसंबर की रात को भैंस के शिकार के अलावा गत दिवस पहले विजय प्रकाश सैन की एक गाय और मंगल भांवरे की एक गाय की भी बाघ के हमले से मौत हो चुकी है। वन विभाग बाघ की मूवमेंट पर नजरें जमाए हुए है और ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कदम उठा रहा है।
रिपोर्टर- गर्जेन्द्र पटेल, अंजनिया, मंडला ✍️
बिछिया बांध में तैरता मिला लापता युवक का शव
- सरगम कॉलोनी निवासी 20 वर्षीय राज झरिया 2 दिसंबर से था लापता
- पुलिस जांच में जुटी
मंडला महावीर न्यूज 29. भुआ बिछिया के स्थानीय बांध में शनिवार शाम को एक युवक का शव तैरता हुआ दिखाई दिया, जिससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना बिछिया थाने में दी, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को बांध से बाहर निकलवाया। बताया गया कि शव की पहचान राज झरिया पिता राधे लाल झरिया उम्र 20 वर्ष, निवासी सरगम कॉलोनी, भुआ बिछिया के रूप में हुई। परिजनों ने बताया कि राज झरिया बीते 2 दिसंबर की दोपहर लगभग 1 बजे घर से ऑनलाइन में कुछ काम कराने की बात कहकर निकला था, जिसके बाद वह आज दिनांक तक घर वापस नहीं पहुंचा था।
बताया गया कि राज झरिया के लापता होने के बाद से ही परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। शनिवार शाम करीब 5 बजे बांध में उसका शव तैरता हुआ मिला। बिछिया पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आगे की आवश्यक कानूनी कार्यवाही शुरू कर दी है। युवक की मृत्यु किन परिस्थितियों में हुई, इस संबंध में पुलिस विवेचना में जुट गई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो पाएगा।
मनरेगा कार्य से लौट रही महिला की संदिग्ध मौत, हार्ट अटैक की आशंका
- फस्र्ट एंड बॉक्स न होने पर परिजनों का हंगामा
- पंचायत पर लापरवाही का आरोप
मंडला महावीर न्यूज 29. जनपद पंचायत नारायणगंज के अंतर्गत ग्राम पंचायत देवरी में मनरेगा कार्य से लौट रही एक महिला मजदूर की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु हो गई। इस घटना के बाद परिजनों ने ग्राम पंचायत पर लापरवाही का गंभीर आरोप लगाते हुए तत्काल सहायता के लिए आवश्यक संसाधनों, जैसे कि फस्र्ट एड बॉक्स की अनुपलब्धता पर भी रोष व्यक्त किया।
जानकारी अनुसार ग्राम पंचायत देवरी में 5 दिसंबर को कंटूर कार्य चल रहा था, जिसमें लगभग 55 जॉब कार्ड धारक मजदूर उपस्थित थे। मजदूरों ने नियमानुसार पूरे दिन कार्य किया। शाम करीब 5 बजे जब सभी मजदूर कार्य समाप्त करके अपने घर लौट रहे थे, इसी दौरान समूह में शामिल एक महिला मजदूर अचानक लडख़ड़ाकर जमीन पर गिर पड़ी और मौके पर ही उनकी मृत्यु हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंचे परिजनों ने आक्रोश व्यक्त करते हुए ग्राम पंचायत को जिम्मेदार ठहराया। सूत्रों के अनुसार परिजनों का आरोप था कि पंचायत के पास फस्र्ट एड बॉक्स जैसी प्राथमिक उपचार की सुविधा भी उपलब्ध नहीं थी, जिसकी वजह से समय पर कोई सहायता नहीं मिल पाई और महिला की जान चली गई।
पोस्टमार्टम में प्रथम दृष्टया हार्अ अटैक से मृत्यु
घटना की सूचना सरपंच पति द्वारा तत्काल टिकरिया पुलिस को दी गई। जानकारी मिलते ही टिकरिया थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुँचे। पुलिस ने घटना का मर्ग कायम कर महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद महिला का शव परिजनों को सौंप दिया गया। टिकरिया थाना प्रभारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में महिला की मृत्यु का कारण हार्ट अटैक आना पाया गया है। इस दुखद घटना ने मनरेगा कार्य स्थलों पर मजदूरों की सुरक्षा और प्राथमिक चिकित्सा सुविधाओं की उपलब्धता को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं, जिस पर जिला प्रशासन और संबंधित विभाग से तत्काल ध्यान देने की मांग की जा रही है।
निवास तिराहे पर युवक का मिला शव, ठंड से मौत की आशंका
- मजदूरी कार्य के लिए निकला था फड़की मॉल निवासी 22 वर्षीय युवक
- पीएम के बाद फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा
मंडला महावीर न्यूज 29. निवास पुलिस को शुक्रवार देर रात गश्त के दौरान राजा शंकर शाह कुंवर रघुनाथ शाह तिराहे पर एक युवक का शव मृत अवस्था में मिला। शनिवार सुबह शव की शिनाख्त नारायणगंज जनपद पंचायत क्षेत्र के ग्राम फड़की मॉल निवासी भागचंद मरावी उम्र 22 वर्ष के रूप में हुई। प्रथम दृष्टया पुलिस और स्वास्थ्य विभाग ने युवक की मौत का कारण अत्यधिक ठंड लगना बताया है।
जानकारी अनुसार शुक्रवार देर रात्रि एएसआई भुवन अतकरे अपनी टीम के साथ निवास तिराहे पर गश्त कर रहे थे, इसी दौरान उन्होंने तिराहे पर एक युवक का शव देखा। रात्रि होने के कारण तुरंत शिनाख्त नहीं हो पाई, जिसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मर्चुरी में रखवाया। शनिवार सुबह निवास पुलिस ने सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से जानकारी जुटाई, जिसके बाद मृतक की पहचान भागचंद मरावी के रूप में हुई।
परिजन को सूचना मिलते ही वे मौके पर पहुँचे। मृतक के पिता दुर्जन सिंह ने बताया कि भागचंद बाहर मजदूरी का काम करता था और लगभग एक सप्ताह पहले काम पर जाने का कहकर घर से निकला था। उन्होंने बताया कि रात में शव पूरी तरह से अकड़ गया था।
तीन घंटे तक चला पोस्टमार्टम
शनिवार को निवास बीएमओ डॉक्टर विजय पेगवार और डॉक्टर मधुसूदन मरावी की टीम ने मर्चुरी में लगभग तीन घंटे तक युवक का पोस्टमार्टम किया। बीएमओ डॉक्टर विजय पेगवार ने बताया कि प्रथम दृष्टया युवक की मृत्यु अत्यधिक ठंड लगने से हुई है। जांच के दौरान युवक के शरीर पर किसी भी प्रकार के चोट के निशान नहीं मिले हैं। हालांकि उन्होंने यह भी बताया कि युवक शराब पीने का आदी था। मौत के सही कारणों का पता लगाने के लिए पीएम रिपोर्ट फॉरेंसिक जांच के लिए भेजी गई है। पोस्ट मार्टम के बाद युवक का शव परिजनों को सौंप दिया गया। मृतक के पिता ने बताया कि भागचंद उनका बड़ा बेटा था और काम करने के लिए बाहर आता-जाता रहता था। उन्होंने बताया कि घर से निकलने के बाद उन्हें सीधे पुलिस से ही बेटे की मृत्यु की सूचना मिली।
रिपोर्टर- रोहित प्रशांत चौकसे
61 विद्यालयों के 392 खिलाडिय़ों ने दिखाया अपना हुनर
- संकुल केंद्र स्तरीय वृहद खेलकूद प्रतियोगिता संपन्न
- सांसद कुलस्ते ने विजेताओं को किया सम्मानित
- स्टेडियम निर्माण का मिला आश्वासन
मंडला महावीर न्यूज 29. विकासखंड नारायणगंज अंतर्गत तीन दिवसीय वृहद संकुल केंद्र स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का समापन उत्साह और गरिमा के साथ हुआ। इस आयोजन की मेजबानी शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बबलिया ने की। प्रतियोगिता में क्षेत्र के 61 विद्यालयों के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, जिसमें प्राथमिक स्तर के 31, माध्यमिक स्तर के 18, हाई स्कूल स्तर के 9 और हायर सेकेंडरी स्तर के 3 विद्यालय शामिल थे।
इस तीन दिवसीय आयोजन में विभिन्न स्तरों के 392 खिलाड़ी छात्र-छात्राओं को मेडल पहनाकर सम्मानित किया गया। व्यक्तिगत स्पर्धाओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाडिय़ों को, जबकि टीम गेम्स में विजेता और उपविजेता टीम के सभी सदस्यों को मेडल प्रदान किए गए। प्रतियोगिता के समापन समारोह में मंडला सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने विजेताओं और उपविजेताओं को मेडल पहना कर सम्मानित किया और इतने बड़े स्तर पर आयोजित खेल आयोजन की प्रशंसा की। सांसद ने कहा कि यह आयोजन दूर-दराज के ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों में छिपी प्रतिभाओं को निखारने का एक उत्कृष्ट मंच है। शिक्षकों की मांग पर, उन्होंने ग्राम बबलिया में स्टेडियम ग्राउंड बनाने और बिजली के पोल लगवाने का भी आश्वासन दिया।
छात्र, छात्राओं ने किया सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन
इस वृहद आयोजन में लगभग 3 हजार बच्चों और 70 शिक्षकों की उपस्थिति रही। प्रतियोगिता में शामिल खेल स्पर्धाओं में दौड़, कुर्सी दौड़, जलेबी दौड़, ऊंची कूद, लंबी कूद, भाला फेंक, तवा फेंक, गोला फेंक, कबड्डी, खो खो, पिट्टू, वॉलीबॉल, शतरंज और रस्साकस्सी जैसे खेल शामिल थे। विभिन्न स्तरों पर सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर विजय ट्रॉफी पर कब्जा जमाने वाले विद्यालयों में प्राथमिक स्तर में प्राथमिक शाला खापाटोला, माध्यमिक स्तर में जेएमआर इंग्लिश मीडियम स्कूल, हाई स्कूल स्तर में पीएम श्री हाई स्कूल छपरा और हायर सेकेंडरी स्तर में हायर सेकेंडरी स्कूल बबलिया और हायर सेकेंडरी स्कूल कापा रही।
अगले सत्र में लगेगा विज्ञान और आनंद मेला
समापन अवसर पर बबलिया संकुल प्राचार्य और नारायणगंज बीईओ ने इस आयोजन की सबसे बड़ी विशेषता दूरस्थ क्षेत्र के छोटे स्कूलों के बच्चों द्वारा प्रतिभा का प्रदर्शन करना बताया। उन्होंने घोषणा की कि अगले सत्र से खेलकूद के साथ अन्य बच्चों के लिए विज्ञान मेला और आनंद मेला भी आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने यह भी बताया कि अब संकुलों से गोल्ड मेडल प्राप्त करने वाले खिलाड़ी और विजेता टीमें विकास खंड स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेंगी, जिससे ग्रामीण प्रतिभाओं को और बड़ा मंच मिल सकेगा।
ट्रैफिक और सुरक्षा नियमों का उल्लंघन पड़ेगा महंगा
- मंडला पुलिस ने मैरिज गार्डन और डीजे संचालकों को दी कड़ी चेतावनी
- मैरिज गार्डनों में सीसीटीवी और प्रशिक्षित गार्ड अनिवार्य
- ध्वनि प्रदूषण पर नकेल कसने के निर्देश
मंडला महावीर न्यूज 29. शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने, सुरक्षा उपायों को मजबूत करने और ध्वनि प्रदूषण को नियंत्रित करने के उद्देश्य से मंडला पुलिस ने आज एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। पुलिस अधीक्षक मंडला के निर्देशानुसार पुलिस कंट्रोल रूम में तहसीलदार पुष्पेंद्र पंद्रो और थाना कोतवाली प्रभारी शफीक खान की उपस्थिति में शहर के सभी मैरिज गार्डन एवं डीजे संचालकों की बैठक आयोजित की गई।
अधिकारियों ने विवाह एवं अन्य सामाजिक कार्यक्रमों के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। संचालकों को निर्देश दिए गए हैं कि वे उचित पार्किंग प्रबंधन सुनिश्चित करें और कार्यक्रम स्थल पर वालंटियरों की नियुक्ति करें। इसके साथ ही बारात निकालते समय सड़क जाम न हो, इसके लिए प्रभावी उपाय सुनिश्चित करने को कहा गया है।
चोरी की घटनाओं के मद्देनजर सुरक्षा अनिवार्य
शहर में हाल ही में हुई चोरी की घटनाओं को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए सख्त निर्देश दिए गए हैं। मैरिज गार्डन एवं हॉल संचालकों के लिए सीसीटीवी कैमरों की स्थापना तथा प्रशिक्षित गार्ड की व्यवस्था अनिवार्य की गई है। साथ ही कीमती वस्तुओं को रखने के लिए सुरक्षित स्थान की व्यवस्था करना भी अनिवार्य होगा।
ध्वनि प्रदूषण और नियम तोडऩे पर होगी सख्त कार्रवाई
बैठक में ध्वनि प्रदूषण को लेकर भी कड़े निर्देश दिए गए। डीजे संचालकों को स्पष्ट रूप से कहा गया है कि ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग निर्धारित मापदंडों के भीतर ही किया जाए। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि इन नियमों का उल्लंघन पाया गया, खासकर सड़क जाम करने वाली बारात पर, तो संबंधित मैरिज गार्डन एवं डीजे संचालकों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। बैठक में मंडला शहर के सभी मैरिज गार्डन एवं डीजे संचालक उपस्थित रहे, जिन्होंने निर्देशों का पालन करने का आश्वासन दिया।
33 परिवारों में लौटी मुस्कान
- मंडला पुलिस ने ऑपरेशन मुस्कान में 33 नाबालिगों को खोज निकाला
- 9 राज्यों से दस्तयाबी, 49 हजार छात्र-छात्राएं जागरूकता कार्यक्रम से लाभान्वित
मंडला महावीर न्यूज 29. पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर विगत माह प्रदेश भर में चलाए गए विशेष अभियान ऑपरेशन मुस्कान के तहत मंडला पुलिस ने एक बड़ी मानवीय उपलब्धि हासिल की है। पुलिस अधीक्षक मंडला रजत सकलेचा के नेतृत्व और मार्गदर्शन में जिले से गुम हुए 33 नाबालिग बच्चों को सुरक्षित खोजकर उनके परिजनों को सौंप दिया गया है। इन बच्चों में 29 बालिकाएँ और 4 बालक शामिल थे, जिनकी सुरक्षित घर वापसी से 33 परिवारों में खुशियाँ लौट आई हैं।
बताया गया कि इस अभियान की शुरुआत पुलिस अधीक्षक मंडला द्वारा पीएम श्री कन्या विद्यालय महाराजपुर से की गई थी। इस सफल कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिव कुमार वर्मा, समस्त अनुविभागीय अधिकारी पुलिस, उप पुलिस अधीक्षक महिला सुरक्षा, और सभी थाना, चौकी प्रभारियों सहित गठित विशेष टीमों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस टीमों ने बच्चों को खोजने के लिए परिजनों से लगातार संपर्क बनाए रखा और दिल्ली, राजस्थान, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, आंध्र प्रदेश, केरल, तमिलनाडु, ओडिशा समेत मध्य प्रदेश के विभिन्न जिलों की पुलिस से सहयोग प्राप्त कर बच्चों को सुरक्षित दस्तयाब किया।
छात्र-छात्राओं से संवाद कर किया जागरूकता
ऑपरेशन मुस्कान के साथ मंडला पुलिस ने जिले में व्यापक जागरूकता अभियान भी चलाया। पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा स्वयं सीएम राइज स्कूल बिछिया, कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पडरिया, एकलव्य विद्यालय सिझौरा, पीएम श्री रानी अवंती विद्यालय मंडला और पीएम श्री कन्या विद्यालय महाराजपुर जैसे संस्थानों में पहुँचे। उन्होंने छात्र-छात्राओं के साथ सीधे संवाद स्थापित किया और उन्हें बाल विवाह, लैंगिक समानता, महिला सुरक्षा, साइबर अपराध जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर जागरूक किया। इस दौरान हेल्पलाइन 112, 1098 और 1930 के उपयोग के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही, नशा उन्मूलन और करियर मार्गदर्शन जैसे विषयों पर भी चर्चा की गई।
व्यापक जागरूकता का दिखा प्रभाव
अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों द्वारा जिले के कुल 252 विद्यालयों और महाविद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों से लगभग 49 हजार छात्र-छात्राएँ, शिक्षकगण, कर्मचारी और आमजन लाभान्वित हुए। जागरूकता का यह अभियान सार्वजनिक स्थलों जैसे बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, मड़ई और मेलों पर भी चलाया गया, जिससे समाज में सकारात्मक परिणाम देखने को मिले हैं।
संचालित योजनाओं की गहन समीक्षा
- नारायणगंज सीएचसी में साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित
मंडला महावीर न्यूज 29. सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणगंज के अंतर्गत संचालित स्वास्थ्य कार्यक्रमों के सफल क्रियान्वयन और साप्ताहिक समीक्षा के लिए सीबीएमओ डॉ. अमृत लाल कोल के मार्गदर्शन में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में नारायणगंज सेक्टर की सीएचओ, एएनएम, एमपीडब्ल्यू और सुपरवाइजर मौजूद रहे। बैठक में अनमोल एप पर एएनसी पंजीयन करने, मातृ व शिशु स्वास्थ्य कार्यक्रम, टीकाकरण, परिवार कल्याण एवं किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम सहित अन्य संचालित योजनाओं की गहन समीक्षा की गई।
आयोजित समीक्षा बैठक में बीईई विजय मरावी ने उपस्थित कर्मचारियों से स्वास्थ्य सेवाओं के क्रियान्वयन पर चर्चा करते हुए कहा कि एएनसी एंट्री के दौरान विशेष सावधानी बरते और अनमोल एप पर हितग्राही की सभी जानकारी सही दर्ज करें। 12 सप्ताह के अंदर ही एएनसी पंजीयन करें। इसके साथ ही समीक्षा बैठक में परिवार कल्याण कार्यक्रम के अंतर्गत एफपीएलआईएमएस के तहत प्रत्येक माह की 1 से 5 तारीख तक एप के माध्यम से जानकारी दर्ज करना है। निर्देशित किया है कि जो भी कर्मचारी समय अवधि में जानकारी की एण्ट्री नहीं करेंगे उन पर कार्रवाई की जाएगी।
साप्ताहिक समीक्षा बैठक में 70 प्लस आयुष्मान कार्ड की जानकारी ली। इसके साथ ही एएनसी और आयरन और शुक्रोज की जानकारी ली। वहीं आरबीएसके मोबाईल टीम को नियमित विद्यालयों में जांच परीक्षण करने के निर्देश दिए। बैठक के दौरान सिकलसेल कार्ड का भी वितरण किया गया। इसके साथ ही मलेरिया कार्यक्रम के अंतर्गत कोई भी बुखार से पीडि़त मरीज का आरडीटी किट से जांच करने के निर्देश भी दिए।
नैनपुर अस्पताल में महिला समूह बंद कर सकते है भोजन आपूर्ति
- 8 से 9 लाख रुपये का भुगतान लंबित, जेवर गिरवी रखने की आई नौबत
- प्रसूति माताओं और कुपोषित बच्चों की थाली संकट में, 16 माह से भुगतान अटका
मंडला महावीर न्यूज 29. राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत सिविल अस्पताल नैनपुर में प्रसूति हितग्राहियों और पोषण पुनर्वास केंद्र में भर्ती बच्चों एवं माताओं को भोजन उपलब्ध कराने वाली महिला स्वसहायता समूह की सेवाएं गंभीर संकट में आ गई हैं। पिछले 16 माह से भोजन आपूर्ति का भुगतान न होने के कारण समूह की आर्थिक स्थिति पूरी तरह चरमरा गई है, जिससे मरीजों की थाली पर सीधा खतरा मंडरा रहा है।
जानकारी अनुसार सहस्त्रबाहु आजीविका महिला स्वसहायता समूह जो गत तीन वर्षों से अस्पताल में सफलता पूर्वक भोजन आपूर्ति का कार्य कर रहा था, समूह ने बताया कि उन्हें अगस्त 2024 से लेकर अब तक का भुगतान प्राप्त नहीं हुआ है। समूह का लगभग 8 से 9 लाख रुपये का भुगतान स्वास्थ्य विभाग के पास लंबित है।
समूह की अध्यक्ष रमा जायसवाल ने बताया कि प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री द्वारा महिलाओं के सशक्तिकरण की परिकल्पना ही अब इन गरीब वर्ग की महिलाओं को भारी कर्ज और परेशानी में धकेल रही है। भुगतान न होने के कारण समूह की महिलाओं को भोजन बनाने के लिए आवश्यक कच्चा माल, ईंधन और रसोइया का वेतन चुकाने के लिए अपने निजी जेवर तक गिरवी रखने पड़े हैं। आज स्थिति यह है कि न रसोइयों को वेतन दिया जा सकता है, न ही भोजन के लिए कच्चा माल खरीदा जा सकता है।
व्यापारियों ने दिया उधारी देने से इनकार
लगातार भुगतान न होने के कारण समूह पर व्यापारियों की पुरानी उधारी का बोझ बढ़ता जा रहा है। समूह सदस्यों का कहना है कि अब स्थानीय व्यापारियों ने भी आगे उधारी पर राशन या सामग्री देने से साफ मना कर दिया है, जिससे भोजन तैयार करने के लिए जरूरी सामग्री भी उपलब्ध नहीं हो पा रही है। गिरवी रखे जेवर भी अब डूबने की कगार पर हैं।
8 दिसंबर से सेवा बंद करने का अल्टीमेटम
समूह ने बताया कि उन्होंने अधिकारियों को कई बार भुगतान के संबंध में निवेदन किया, लेकिन कोई ठोस समाधान नहीं मिला। समूह की बैठक में यह कड़ा निर्णय लिया गया है कि यदि लंबित भुगतान जल्द जारी नहीं होता है, तो वे मजबूरीवश आगामी 8 दिसंबर से सिविल अस्पताल में भोजन आपूर्ति का कार्य बंद कर देंगे। समूह इस संबंध में एक औपचारिक आवेदन अस्पताल प्रशासन और जिम्मेदार अधिकारियों को सौंपने की तैयारी कर रहा है।
बच्चों पर पड़ेगा असर
बताया गया कि यदि समूह अपनी सेवा बंद करता है, तो इसका सीधा और गंभीर असर प्रसूति वार्ड में भर्ती माताओं और पोषण पुनर्वास केंद्र में रह रहे कमजोर और कुपोषित बच्चों पर पड़ेगा, जिससे गंभीर अव्यवस्था पैदा हो सकती है। समूह की महिलाओं ने जिला प्रशासन और राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के वरिष्ठ अधिकारियों से जल्द से जल्द न्याय की गुहार लगाई है, जिससे वे सम्मानपूर्वक अपना कार्य जारी रख सकें और मरीजों की सेवा प्रभावित न हो।
मंडला शिक्षा विभाग की संवेदनहीनता
- धनगांव रैयत के 28 मासूम बच्चे जर्जर किचन शेड में पढऩे को मजबूर
- दो साल से अधूरा शेड बना स्कूल, तिरपाल के सहारे चल रही पढ़ाई
- रसोइया के घर बन रहा मध्याह्न भोजन, स्कूल की दयनीय स्थिति पर आक्रोश
मंडला महावीर न्यूज 29. जिले के आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र जनपद पंचायत मंडला के ग्राम पंचायत छपरी सिलपुरी के पोषक ग्राम धनगांव रैयत में संचालित शासकीय उन्नत प्राथमिक शाला की दयनीय स्थिति शिक्षा विभाग की संवेदनशीलता पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है। यहां पढऩे वाले कक्षा पहली से पांचवीं तक के 28 मासूम बच्चे आज भी एक जर्जर और मात्र 10 वाई 10 के अधूरे किचन शेड में एक साथ बैठकर पढ़ाई करने को मजबूर हैं।
जानकारी अनुसार विद्यालय का मूल भवन जो लगभग 1998 के आसपास बना था, पिछले कई वर्षों से जर्जर हो चुका है और लगभग दो सालों से यह उपयोग के लायक नहीं बचा है। गांव में कोई सामुदायिक भवन या अन्य सुरक्षित स्थान उपलब्ध न होने के कारण, विद्यालय प्रबंधन को मजबूरन अधूरे पड़े किचन शेड में शिक्षण कार्य शुरू करना पड़ा। बारिश के दौरान पानी को अंदर आने से रोकने के लिए शिक्षकों को अस्थायी रूप से तिरपाल का सहारा लेना पड़ रहा है।
मध्याह्न भोजन की भी गंभीर समस्या
बताया गया कि छोटे से कमरे में तिरपाल के नीचे पढ़ाई का यह माहौल सरकार के गुणवत्तायुक्त शिक्षा के दावों पर प्रश्नचिह्न लगाता है और बच्चों के भविष्य को गंभीर रूप से प्रभावित कर रहा है। विद्यालय में न केवल सुरक्षित भवन का अभाव है, बल्कि रसोई घर भी जर्जर है। इस कारण सबसे गंभीर समस्या मध्याह्न भोजन से जुड़ी है। प्रबंधन को मजबूरी में रसोइया के घर पर भोजन बनवाना पड़ रहा है और बच्चों को वहीं जाकर भोजन करना पड़ता है। खुले में भोजन कराने पर जंगली जानवरों से खतरे की आशंका बनी रहती है, जिसके कारण यह अव्यवस्था झेलनी पड़ रही है।
ग्रामीणों और अभिभावकों में आक्रोश
ग्रामीणों और अभिभावकों ने इस स्थिति पर गहरा आक्रोश व्यक्त किया है। उनका कहना है कि वे कई बार वरिष्ठ कार्यालय को इस समस्या से अवगत करा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस व्यवस्था नहीं की जा सकी है। छपरी गांव दूर होने के कारण बच्चों को वहां भेजना संभव नहीं है और मजबूरी में उन्हें इसी जर्जर व्यवस्था में अपने बच्चों को पढ़ाना पड़ रहा है। अभिभावकों ने जिला प्रशासन से तत्काल बच्चों के लिए सुरक्षित भवन की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।
इनका कहना है
स्कूल भवन को लेकर हमारे सामने बड़ी समस्या है हमें बच्चों को पढ़ाने में बड़ी समस्या होती है, हमारी जिला के अधिकारियों से अनुरोध है की जल्द यहां स्कूल भवन का निर्माण कार्य कराया जाये।
ददन यादव, शिक्षक
शासकीय उन्नत प्राथमिक शाला
धनगांव रैयत,छपरी, मंडला
बहुत जल्द ही स्थल निरीक्षण कर स्कूल भवनों के निर्माण की कार्यवाही शीघ्र प्रारंभ करवाई जाएगी। जिले के जर्जर विद्यालय भवनों की सूची भोपाल स्वीकृति हेतु प्रेषित कर दी गई है। ग्रामीण समुदाय को बेहतर शैक्षिक सुविधाएँ उपलब्ध कराना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
शैलेश मिश्रा
सभापति, निर्माण एवं संचार समिति
सदस्य, क्षेत्रीय जिला पंचायत
जिला पंचायत, मंडला
आरबीएसके टीम ने चौदस में किया स्वास्थ्य परीक्षण
- जन्मजात दिल में छेद के साथ कई बच्चे एनीमिया से ग्रसित, हायर सेंटर रेफर
- एनीमिया मुक्त भारत अभियान को मिली गति
- निवास की आरबीएसके टीम ने बच्चों को दी आयरन की खुराक, गंभीर रोग के लिए किया रेफर
- राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम द्वारा चौदस में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन
मंडला महावीर न्यूज 29. एनीमिया मुक्त भारत अभियान के तहत राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम टीम, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निवास के अंतर्गत ग्राम चौदस का भ्रमण किया। टीम ने गाँव की आंगनवाड़ी और शासकीय प्राथमिक स्कूल में बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया, जिसमें बच्चों के समग्र शारीरिक और मानसिक विकास का आकलन किया गया।
स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान टीम ने एक गंभीर मामला पाया। आंगनवाड़ी में पढऩे वाली लगभग 2 वर्ष 6 माह की बच्ची नताशा पिता कैलाश, माता जयंती में कॉग्निटल हार्ट डिजीज (जन्मजात दिल में छेद) होने की आशंका व्यक्त की गई। इस आशंका के बाद बच्ची को तत्काल डीईआईसी मंडला के लिए रेफर किया गया है, जहाँ से उसे इको हार्ट जांच और आगे के इलाज के लिए हायर सेंटर भेजा गया है।
अधिकांश बच्चे मिले माइल्ड टू मॉडरेट एनीमिया से पीडि़त
स्कूल में उपस्थित सभी छात्र-छात्राओं का हीमोग्लोबिन स्तर की भी जांच की गई। जांच में यह पाया गया कि अधिकांश बच्चे माइल्ड टू मॉडरेट एनीमिया (हल्के से मध्यम स्तर का रक्त अल्पता) से पीडि़त हैं। आरबीएसके टीम ने इन बच्चों के शिक्षकों और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को परामर्श दिया। बच्चों को 60 दिनों के लिए पिंक आयरन की गोली (आयरन फोलिक एसिड डोज) दिन में एक बार देने की सलाह दी गई। टीम ने समझाया कि यह खुराक न केवल रक्त आपूर्ति में सुधार करेगी, बल्कि बच्चों की शारीरिक एवं मानसिक स्थिति को भी बेहतर बनाने में मदद करेगी।
मौसमी बीमारियों का किया तत्काल उपचार
एनीमिया के साथ-साथ कई बच्चों को सामान्य मौसमी बीमारियों जैसे सर्दी, जुकाम और शरीर में खुजली की शिकायत भी थी। टीम ने ऐसे बच्चों को तुरंत उपचार दिया और स्वास्थ्य संबंधी उचित सलाह एवं मार्गदर्शन प्रदान किया। इस स्वास्थ्य भ्रमण कार्यक्रम में आरबीएसके टीम से डॉ. अजय कुमार खांडेल और डॉ. मनोरमा पांडे के साथ स्कूल के शिक्षक एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ता उपस्थित रहे, जिन्होंने इस पहल को सफल बनाने में सहयोग किया।
एड्स जागरूकता सप्ताह: महाविद्यालय में HIV/AIDS पर विशेष रैली और मानव श्रृंखला का आयोजन
????️ ‘एचआईवी अधिनियम 2017’ के बारे में 129 से अधिक विद्यार्थी हुए जागरूक, 1097 हेल्पलाइन की जानकारी दी गई
केवलारी महावीर न्यूज 29. महाविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) स्वयंसेवकों और शिक्षकों द्वारा एचआईवी/एड्स (HIV/AIDS) के प्रति समाज को जागरूक करने के लिए एक विशेष अभियान चलाया गया। इस जागरूकता कार्यक्रम में लगभग 129 विद्यार्थियों और 15 शिक्षकों ने सक्रिय रूप से भाग लिया।
जागरूकता गतिविधियां: जागरूकता गतिविधियों के तहत महाविद्यालय परिसर और आस-पास के क्षेत्रों में स्वास्थ्य जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने एड्स से संबंधित पोस्टर निर्माण किया, पम्फलेटों का वितरण किया, और एक संगठित मानव श्रृंखला बनाकर सामाजिक एकजुटता का संदेश दिया।
अधिकारों पर केंद्रित जानकारी: इस कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण एचआईवी-संक्रमित और प्रभावित व्यक्तियों के अधिकारों की रक्षा के लिए बने एचआईवी और एड्स (रोकथाम और नियंत्रण) अधिनियम, 2017 के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान करना था। सभी प्रतिभागियों को बताया गया कि यह अधिनियम भेदभाव और सामाजिक कलंक को खत्म करने पर केंद्रित है, और यह गोपनीयता, रोजगार, शिक्षा, और स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच के अधिकार को सुनिश्चित करता है।
इसके अतिरिक्त, राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण संगठन (NACO) द्वारा संचालित टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1097 के बारे में भी जानकारी दी गई, जो 12 भाषाओं में 24 घंटे सही परामर्श और मदद प्रदान करती है।
जघन्य हत्या के आरोपी को आजीवन कारावास और दो हजार का जुर्माना
- संपत्ति विवाद में हत्या, देवर ने की थी जीजा की हत्या
- विशेष न्यायालय ने चिन्हित मामले में हत्या के आरोपी को सुनाई आजीवन कारावास
मंडला महावीर न्यूज 29. विशेष न्यायाधीश एससी, एसटी एक्ट न्यायालय जिला मंडला ने एक चिन्हित और जघन्य हत्या के सनसनीखेज मामले में फैसला सुनाया है। न्यायालय ने आरोपी राजेन्द्र उर्फ पिल्ले यादव उम्र 23 वर्ष, निवासी आवासटोला देवगांव, थाना मोहगांव, मंडला को दोषी ठहराते हुए आजीवन कारावास और दो हजार रुपए के अर्थदंड से दंडित किया है। अभियोजन पक्ष की कहानी के अनुसार यह घटना 21 सितंबर 2024 की रात की है। फरियादी जो मृतक राजू भारतीया की पत्नी हैं ने बताया कि उन्होंने करीब 13-14 साल पहले राजू भारतीया से मनपसंद की शादी की थी। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मृतक राजू भारतीया के नाम पर स्वीकृत नए मकान में दंपत्ति रहने लगे थे। 19 सितंबर 2024 को आरोपी पिल्ले उर्फ राजेन्द्र यादव ने अपनी बहन और जीजा से मकान खाली करने को कहा था, जिसके बाद उन्होंने नया मकान संभाल लिया था।
लाठी से सिर में किया था जानलेवा वार
बताया गया कि घटना की रात 21 सितंबर 2024 को रात्रि 09:30 बजे जब मृतक राजू भारतीया आंगन में अंडे छील रहे थे, तब आरोपी पिल्ले यादव वहाँ आया। उसने मृतक से पूछा कि वह यहाँ क्या कर रहा है और तुरंत घर से निकलने को कहा। जब मृतक ने यह कहते हुए विरोध किया कि यह उसका घर है, तो आरोपी भड़क उठा। आरोपी पिल्ले यादव ने मृतक को गालियाँ दीं और आंगन में पड़ी एक लाठी से उसके सिर पर जोर से वार किया। वार से मृतक चित्त हालत में जमीन पर गिर गया। बीच-बचाव करने आईं फरियादी मृतक की पत्नी और पड़ोसी विरवा चीचाम को भी आरोपी ने लाठी से मारा। इस मारपीट में गंभीर चोट आने और अधिक खून बहने से राजू भारतीया की हत्या हो गई।
न्यायिक प्रक्रिया और साक्ष्य
घटना के बाद एफआईआर दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। विवेचना के दौरान पीडि़ता और अन्य साक्षीगण के बयान दर्ज किए गए, इसके साथ ही घटनास्थल का मौका नक्शा और वीडियोग्राफी सीडी तैयार की गई। मृतक का स्थायी जाति प्रमाण पत्र, आरएफएसएल परीक्षण रिपोर्ट और डीएनए मिलान हेतु जब्तशुदा माल एफएसएल सागर भेजा गया था। समस्त साक्ष्य और अनुसंधान पूर्ण होने के बाद आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धारा के तहत न्यायालय में अभियोग पत्र प्रस्तुत किया गया। विचारण के दौरान अभियोजन पक्ष द्वारा प्रस्तुत साक्ष्य और तर्क को न्यायालय ने स्वीकार किया। विचारणोपरांत विशेष न्यायाधीश ने आरोपी राजेन्द्र उर्फ पिल्ले यादव को दोषी पाते हुए उपरोक्त दण्ड से दण्डित किया। इस प्रकरण में शासन की ओर से अभियोजन संचालन सहायक निदेशक एसएस ठाकुर ने किया।
नैनपुर में रेल्वे लोको पायलट्स की 48 घंटे की भूख हड़ताल, 10 सूत्री मांगों पर अड़े
- माइलेज वृद्धि, एनपीएस समाप्ति और ड्यूटी के घंटे तय करने की मांग, भारी ठंड में प्रदर्शन जारी
मंडला महावीर न्यूज 29. ऑल इंडिया लोको रनिंग स्टाफ एसोसिएशन एसईसी रेल्वे केंद्रीय समिति के आह्वान पर बिलासपुर जोन के समस्त रनिंग स्टाफ लोको पायलट अपनी 10 सूत्री मांगों को लेकर नैनपुर जंक्शन रेलवे स्टेशन पर लॉबी के सामने 48 घंटे की भूख हड़ताल पर बैठ गए हैं।
बताया गया कि भारी ठंड के बावजूद दिन-रात जारी इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में लोको पायलट शामिल हैं, जिनमें एमडी जावेद, मनीष चन्देला, शैलेन्द्र यादव, कुलदीप दुबे, आकाश खुर्वे, आदर्श कुमार, प्रहलाद मेहता, राजेन्द्र अवधवाल, उमेश चन्देला, विवेक कुमार, पाण्डव कुमार, एमएन दुबे, शेष यादव, हरिश धुर्वे, वीरेन्द्र अमरोदिया, रविकांत पटेल, कृष्णकांत पटेल, आकाश रैकवार, योगेश झारिया, पंकज शर्मा, बबलू चौहान, विजय शिव, छुट्टू लाल और सद्दाम हुसैन प्रमुख हैं।
लोको पायलटों की प्रमुख 10 मांगे है। जिसमें माइलेज भत्ता में वृद्धि की जाए, आयकर में छूट दी जाए, पुरानी पेंशन योजना लागू की जाए, मेल, एक्सप्रेस पर 6 घंटे और मालगाड़ी पर 8 घंटे की ड्यूटी सुनिश्चित की जाए, एसईसी रेल्वे में लोको पायलट संवर्ग के 4541 खाली पदों को शीघ्र भरा जाए। सुरक्षा और विश्राम उपलब्ध कराने के साथ अन्य मांगों में लोको पायलट से हैंड ब्रेक लगाना बंद कराया जाए। साइको फेल एलपी, एएलपी की वेतन कटौती रद्द हो और एएलपी को भी रिस्क भत्ता दिया जाए। संगठन के अध्यक्ष ने बताया कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, उनका यह विरोध जारी रहेगा।
मंडला में हिंदू सम्मेलन की तैयारी शुरू, कार्यालय का हुआ शुभारंभ
- लव जिहाद, मतांतरण के समाधान के लिए समाज को एकजुट करना मुख्य उद्देश्य
मंडला महावीर न्यूज 29. सकल हिंदू समाज द्वारा आगामी 18 जनवरी को प्रस्तावित हिंदू सम्मेलन की तैयारियों को गति देने के लिए बस स्टैंड के पीछे स्थित कुंभ सभागार में हिंदू सम्मेलन कार्यालय का उद्घाटन किया गया। इस उद्घाटन कार्यक्रम में पूज्य संत स्वामी शारदात्मानंद रामकृष्ण आश्रम, मंडला, स्वामी वेदत्वानंद और नीलू महाराज सहित संगठन के पदाधिकारी, कार्यकारिणी सदस्य और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
आयोजन समिति के संयोजक सुुधीर कांसकार ने बताया कि सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य हिंदू समाज को एकजुट कर स्थानीय स्तर पर नेतृत्व क्षमता विकसित करना है, ताकि लव जिहाद और मतांतरण जैसी सामाजिक समस्याओं का समाधान स्थानीय स्तर पर हो सके। देश भर में एक लाख समितियों के गठन का लक्ष्य है।
सम्मेलन का मूल भाव सामाजिक समरसता बढ़ाना और राष्ट्रहित में जिम्मेदार समाज का निर्माण करना है। आयोजन में कुटुंब प्रबोधन, पर्यावरण संरक्षण और स्वदेशी आचरण को भी प्राथमिकता दी जाएगी। समिति ने मातृशक्ति की सक्रिय भागीदारी और उन्हें नेतृत्व की भूमिका देने पर विशेष जोर दिया है।
मंडला बस स्टैंड क्षेत्र में अतिक्रमण पर बड़ी कार्यवाही, फुटपाथ और सड़क किनारे की दुकानें हटाई गईं
???? यातायात सुधारने और शहर को व्यवस्थित बनाने कलेक्टर के निर्देश पर संयुक्त टीम ने चलाया अभियान
मंडला महावीर न्यूज 29. कलेक्टर सोमेश मिश्रा के निर्देशानुसार और एसडीएम मंडला सोनल सिडाम के मार्गदर्शन में, नगर पालिका मंडला की टीम ने आज बस स्टैंड क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने की एक महत्वपूर्ण संयुक्त कार्यवाही की।
इस अभियान में नगर पालिका दल, राजस्व अमला और पुलिस बल संयुक्त रूप से शामिल रहे। टीम ने बस स्टैंड के आस-पास फुटपाथों, सड़क किनारे और सार्वजनिक मार्गों पर किए गए सभी अस्थायी एवं अवैध अतिक्रमणों को हटा दिया।
प्रशासन का यह प्रयास क्षेत्र को सुगम बनाने, यातायात व्यवस्था में सुधार लाने और आम नागरिकों की सुविधा सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इस कार्यवाही से शहर को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाने के लक्ष्य को बल मिला है।
मंडला पुलिस हॉस्पिटल में 100 से अधिक कर्मियों ने लिया नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का लाभ
- अनियमित दिनचर्या से जूझते पुलिस बल के लिए जीवनदायिनी पहल
- जबलपुर के शैल्बी हॉस्पिटल ने मंडला में लगाया विशेष स्वास्थ्य शिविर
मंडला महावीर न्यूज 29. पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा के निर्देशानुसार रक्षित केंद्र मंडला स्थित पुलिस हॉस्पिटल में पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उनके परिवारजनों के लिए एक विशेष स्वास्थ्य शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर जबलपुर के शैल्बी हॉस्पिटल की विशेषज्ञ मेडिकल टीम के सहयोग से आयोजित किया गया। इस पहल का मुख्य उद्देश्य पुलिस बल एवं उनके परिवारों को बेहतर उपचार, नियमित स्वास्थ्य जांच एवं समयपूर्व बीमारी की पहचान के प्रति जागरूक करना था।
शिविर में जिले के विभिन्न थानों, चौकियों और पुलिस लाइन के 100 से अधिक पुलिस अधिकारी-कर्मचारी एवं उनके परिजनों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की और स्वास्थ्य परीक्षण का लाभ लिया। इस दौरान चिकित्सकों ने जनरल हेल्थ चेकअप, हड्डी रोग संबंधित जांच, स्त्री रोग संबंधी परामर्श, ब्लड प्रेशर और शुगर टेस्ट सहित कई आवश्यक स्वास्थ्य परीक्षण किए।
विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम रही मौजूद
शैल्बी हॉस्पिटल की टीम में डॉ. अश्वनी नामदेव हड्डी रोग विशेषज्ञ एवं जनरल मेडिसिन और डॉ. रूपम स्त्री रोग विशेषज्ञ सहित अन्य मेडिकल स्टाफ शामिल रहे। कार्यक्रम के आरंभ में पुलिस अधीक्षक मंडला का मेडिकल टीम द्वारा स्वागत किया गया।
स्वास्थ्य अनदेखी पर एसपी ने जताई चिंता
पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा ने शैल्बी टीम को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए इस पहल के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि पुलिसिंग की कार्यप्रणाली, लंबे समय तक ड्यूटी, अनियमित दिनचर्या, खानपान तथा पारिवारिक जिम्मेदारियों के बीच अक्सर पुलिसकर्मी अपने स्वास्थ्य की अनदेखी कर देते हैं। एसपी रजत सकलेचा ने बल दिया कि शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य पर विपरीत प्रभाव न पड़े, इसके लिए समय रहते स्वास्थ्य जांच एवं उपचार अत्यंत आवश्यक है, जिससे पुलिसकर्मी अपने पदीय कार्यों एवं पारिवारिक कर्तव्यों को अधिक दक्षता से निभा सकें। शिविर के कुशल संचालन में रक्षित निरीक्षक सुनील नागवंशी, सूबेदार गैलेंद्र, निखिल, विवेक, प्रधान आरक्षक लाभ सिंह, महासिंह एवं आरक्षक साकेश का सराहनीय योगदान रहा।
मधुरम बेकर्स में चोरी का प्रयास, ताला तोड़कर घुसा चोर
- सीसीटीवी फुटेज में दिखा चोर, पुलिस ने शुरू की जांच
मंडला महावीर न्यूज 29. जिला मुख्यालय के बिंझिया क्षेत्र में स्थित मधुरम बेकर्स में गुरुवार देर रात चोरी का प्रयास किया गया। अज्ञात चोरों ने दुकान का शटर और ताला तोड़कर घटना को अंजाम दिया। चोर दुकान के भीतर घुसे और एक छोटे कैश काउंटर को उठाकर बाहर ले गए, जिसे उन्होंने कुछ दूरी पर फेंक दिया। चोरी की सूचना कोतवाली पुलिस को दी गई। जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। वही फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट को बुलाया गया, जो सूक्ष्मता से जांच कर रही है।
जानकारी अनुसार बिंझिया से नेहरू स्मारक मार्ग पर स्थित मधुरम बेकर्स में अज्ञात चोर ने दुकान का ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। मधुरम बेकर्स के संचालक रितेश अग्रवाल को शुक्रवार सुबह ब्रेकर्स के स्टाफ ने दुकान खुली होने की सूचना दी, जिसके बाद उन्हें चोरी के प्रयास का पता चला। मौके पर पहुंचने पर दुकान के ताले टूटे मिले। बताया गया कि सीसीटीवी फुटेज की जांच में एक चोर दिखाई दिया, जिसने देर रात करीब तीन घंटे तक दुकान के अंदर रहने की पुष्टि हुई है। रितेश अग्रवाल ने तुरंत चोरी की सूचना कोतवाली पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और दुकान का बारीकी से निरीक्षण करते हुए जांच शुरू कर दी। इसके साथ ही फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट को भी बुलाया गया, जो दुकान की जांच कर रहे हैं। पुलिस ने बताया कि फिलहाल चोरी गए सामानों का सही विवरण अंदर के पूरे निरीक्षण के बाद ही सामने आएगा। पुलिस सीसीटीवी फुटेज को आधार बनाकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
युवक की संदिग्ध मौत
- पिता ने लगाया हत्या का आरोप, पुलिस ने कब्र से शव निकालकर जांच के लिए भेजा
- फांसी से मौत मामले में नया मोड़, पिता की गुहार पर दोबारा जांच शुरू
- पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल
मंडला महावीर न्यूज 29. नारायणगंज ब्लाक के गांव कापा में विगत 9 अगस्त को हुई 19 वर्षीय पुष्पेंद्र पन्द्राम की संदिग्ध मौत का मामला अब गंभीर मोड़ ले चुका है। शुरू में इसे फांसी लगाकर आत्महत्या का मामला मानते हुए पुलिस ने मर्ग कायम कर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया था, लेकिन मृतक के पिता पंसारी लाल ने इसे हत्या करार देते हुए बेटे के लिए न्याय की गुहार लगाई थी।
पंसारी लाल ने मंडला पुलिस अधीक्षक को लिखित आवेदन देकर आरोप लगाया था कि उनके बेटे की मौत फांसी से नहीं हुई, बल्कि पुराने रंजिश के कारण कुछ लोगों ने उसकी हत्या कर शव को फांसी पर लटका दिया। उन्होंने दावा किया था कि घटना वाले दिन उनके बेटे के साथ पड़ोसी और दोस्त संदीप, गोपाल, गुलाब सिंह और आदेश शराब पी रहे थे। पिता की आशंका है कि इन्हीं लोगों ने उनके पुत्र की हत्या की है। उन्होंने पुलिस पर लापरवाही और स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए थे।
कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल
शिकायतकर्ता पंसारी लाल ने आरोप लगाया है कि उन्हें आज तक एफआईआर या पोस्टमार्टम रिपोर्ट की कोई जानकारी नहीं मिली है। पिता ने यह भी आरोप लगाया कि घटना की रात एक संदीप नाम के व्यक्ति ने रात 11 बजे फोन पर बताया कि पुष्पेंद्र खेतों की तरफ भाग रहा था, जिसे उन्होंने घर में लाकर सुला दिया। इसके बाद अगली सुबह 6 बजे उन्हें फांसी पर लटके होने की सूचना दी गई।
कब्र खोदकर शव जांच के लिए भेजा
पिता की शिकायत और कुछ ऐसे साक्ष्यों के आधार पर जिससे उन्हें यकीन हो गया कि उनके बेटे की हत्या की गई है,। पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा के निर्देश पर निवास पुलिस ने मामले की विवेचना नए सिरे से शुरू कर दी है। न्याय के लिए पीडि़त पिता की गुहार पर पुलिस ने युवक की कब्र खुदवाई और शव को दोबारा जांच के लिए जबलपुर फोरेंसिक लैब भेजा है। फोरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद पुलिस इस मामले में नए सिरे से कार्रवाई और विवेचना करेगी। पंसारी लाल ने बताया कि उनके बेटे की पीएम रिपोर्ट निवास अस्पताल के डॉक्टर द्वारा बनाई गई है, उसी के आधार पर ही आगे भी कार्रवाई होगी, जिसके कारण मृतक के परिजन असमंज्स में है कि उन्हें न्याय मिल पाएगा की नहीं। पंसारी लाल ने इस मामले में उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। शव निकालने के दौरान निवास बीएमओ डॉ. विजय पैगवार, तहसीलदार अलोक सोनी, निवास पुलिस स्टाफ मौजूद रहा।
नारायणगंज-जबलपुर मार्ग पर बाइक अनियंत्रित, युवक गंभीर घायल
- एनएच 30 के बलई पुल के पास हुआ हादसा
- डायल 112 ने घायल को पहुंचाया अस्पताल
मंडला महावीर न्यूज 29. नारायणगंज-जबलपुर मार्ग पर बलई पुल से कुछ ही दूरी पर स्थित एक ढाबे के पास रात्रि करीब 9 बजे एक बाइक अनियंत्रित हो गई। इस सड़क हादसे में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। बाईक में सिर्फ एक युवक ही सवार था।
जानकारी अनुसार झांझनगर निवासी बाली प्रसाद परस्ते पिता श्याम लाल परस्ते उम्र 30 वर्ष किसी कार्य से नारायणगंज आया हुआ था और वहाँ से वापस अपने गांव झांझनगर लौट रहा था। इसी दौरान बलई पुल के पास उनकी मोटरसाइकिल अचानक अनियंत्रित हो गई। बाली प्रसाद अपनी बाइक से नियंत्रण खो बैठे, जिसके कारण वह बाइक समेत सड़क से नीचे गिर गए।
इस हादसे में युवक बाली प्रसाद को सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। दुर्घटना देखकर स्थानीय लोगों ने तत्काल टिकरिया थाना क्षेत्र के डायल 112 को सूचना दी। सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। डायल 112 के आरक्षक आशुतोष उपाध्याय और पायलट अशोक यादव ने घायल युवक को बिना विलंब किए डायल 112 वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणगंज पहुँचाया, जहाँ उनका उपचार शुरू किया गया। घायल युवक की हालत फिलहाल ठीक बताई जा रही है। चिकित्सक की निगरानी में युवक का उपचार चल रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।
एनएच-30 पर बीजाडांडी में बड़ा हादसा टला
- ट्राला की टक्कर से टूटा हाईवे का साइन बोर्ड, यातायात बाधित
- कुछ देर के लिए हाईवे पर लगी वाहनों की लंबी कतार
- प्रशासन की लापरवाही उजागर
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला-जबलपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर थाना बीजाडांडी क्षेत्र के अंतर्गत राधा-कृष्ण मंदिर के पास एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। यहां पहले से ही जर्जर अवस्था में लगा एक साइन बोर्ड भारी सामान से लदे एक ट्राला की टक्कर से पूरी तरह टूटकर सड़क पर गिर गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रक पर लदे भारी सामान के कारण उसकी ऊंचाई अधिक थी, जिससे यह टक्कर हुई। गनीमत यह रही कि घटना के दौरान कोई व्यक्ति या अन्य वाहन इसकी चपेट में नहीं आया और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
बताया गया कि साइन बोर्ड के अचानक गिरने से राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित हो गया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत यातायात को नियंत्रित कर मार्ग को सुचारु कराया।
स्थानीय निवासियों ने बताया कि यह साइन बोर्ड काफी समय से आधा-अधूरा और जर्जर हालत में था। उनका आरोप है कि यदि प्रशासन ने समय रहते इसकी मरम्मत या मजबूती की जांच करवा ली होती, तो यह घटना टल सकती थी। नागरिकों ने प्रशासन से सड़क किनारे लगे सभी सार्वजनिक साइन बोर्डों की स्थिति की तुरंत जांच और सुधार कार्य कराने की मांग की है।
रिपोर्टर-फिरदौस खान
एनएच-30 पर एसबीआई बैंक के सामने पार्किंग बनी जानलेवा
- ओवरटेक के दौरान हुआ हादसा, अवैध पार्किंग और अतिक्रमण पर प्रशासन मौन
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला-जबलपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित बीजाडांडी भारतीय स्टेट बैंक के सामने अवैध और पार्किंग अब जानलेवा साबित हो रही है। इस स्थान पर सड़क किनारे खड़े वाहनों के कारण आवागमन लगातार बाधित हो रहा है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। बताया गया कि ओवरटेक करने की कोशिश के दौरान एक कार सड़क किनारे खड़े एक भारी ट्रक से टकरा गई, जिसके परिणामस्वरूप तीन वाहन आपस में भिड़ गए। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन वाहनों को भारी नुकसान पहुँचा है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि बैंक के सामने खड़े वाहनों के कारण सड़क की चौड़ाई कम हो जाती है, और सड़क से सटी दुकानों का अतिक्रमण स्थिति को और भी गंभीर बना देता है। अचानक सामने खड़ी गाडिय़ों के आ जाने से चालक नियंत्रण खो बैठते हैं। स्थानीय लोगों ने यातायात विभाग और प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया है।
उनका कहना है कि समस्या की जानकारी होने के बावजूद अवैध पार्किंग हटाने या चेतावनी संकेत लगाने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई करते हुए अवैध पार्किंग और अतिक्रमण हटाने की मांग की है, जिससे भविष्य में किसी बड़े हादसे को टाला जा सके।
रिपोर्टर-फिरदौस खान
निवास-शहपुरा मार्ग पर भीषण सड़क हादसा
- दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर में जनशिक्षक की मौके पर मौत, एक गंभीर घायल
मंडला महावीर न्यूज 29. निवास-शहपुरा मार्ग पर निवास थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बिसौरा में बुधवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में अमगवा संकुल केंद्र के जनशिक्षक की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी अनुसार बिसौरा निवासी 55 वर्षीय जनशिक्षक राघवेंद्र तिवारी पिता स्व. जगन्नाथ तिवारी अपनी बाइक से घर के पास स्थित खेत की ओर जा रहे थे। बिसौरा के यात्री प्रतीक्षालय के सामने उनकी बाइक की सामने से आ रही एक अन्य बाइक से जोरदार टक्कर हो गई। दूसरी बाइक पर सवार 35 वर्षीय अजय धुर्वे पिता नवल धुर्वे, निवासी बरेला, डोभी अपने ससुराल से लौट रहे थे। बताया गया कि टक्कर इतनी भीषण थी कि जनशिक्षक राघवेंद्र तिवारी के सिर में गंभीर चोट लगी और उनकी घटना स्थल पर ही मौत हो गई। अजय धुर्वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 मौके पर पहुंची और घायल अजय धुर्वे को निवास सामुदायिक स्वास्थ्य केंद लाया गया। उनकी गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें तुरंत जबलपुर मेडिकल रेफर कर दिया गया। निवास पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जांच शुरू कर दी है। गुरुवार को मृतक का पोस्टमार्टम किया गया, जिसके बाद पैतृक गांव बिसौरा में हिंदू रीति-रिवाज से उनका अंतिम संस्कार किया गया। इस दुखद घटना से पूरे क्षेत्र में शोक व्याप्त है।
रिपोर्टर- रोहित प्रशांत चौकसे
एंबुलेंस न मिलने से महिला का घर में हुआ प्रसव
- मवई क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं की लापरवाही उजागर
- 7 किमी दूर होने पर भी घंटों नहीं पहुंची 108 सेवा
मंडला महावीर न्यूज 29. जिले के अंतिम छोर में बसे मवई क्षेत्र में एंबुलेंस सेवा की घोर लापरवाही का एक और गंभीर मामला सामने आया है, जहां समय पर सुविधा न मिलने के कारण एक महिला को घर पर ही प्रसव के लिए मजबूर होना पड़ा। ग्राम अमवार निवासी कौशल्या बाई पत्नी रवि परस्ते को गुरूवार सुबह अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हुई, जिसके बाद परिजनों ने तत्काल 108 एंबुलेंस सेवा को कई बार फोन किया।
परिजनों ने बताया कि बार-बार कॉल करने और घंटों इंतजार करने के बावजूद एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंची। इसके बाद मजबूरन उन्हें विषम और दर्दनाक परिस्थितियों में घर पर ही प्रसव कराना पड़ा, जिसमें महिला ने एक बच्ची को जन्म दिया। इस दौरान की दर्दनाक स्थिति का वीडियो भी सामने आया है।
बताया गया कि सबसे चिंताजनक बात यह है कि ग्राम अमवार की दूरी मवई स्वास्थ्य केंद्र से मात्र 7 किलोमीटर है। बावजूद इसके एंबुलेंस का समय पर न पहुंचना स्वास्थ्य तंत्र की गंभीर विफलता को दर्शाता है। गरीब परिवार होने के कारण परिजन प्राइवेट वाहन की व्यवस्था भी नहीं कर पाए। क्षेत्र के ग्रामीणों का कहना है कि यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी कई बार एंबुलेंस के अभाव में मरीजों की जान जा चुकी है। इस घटना ने एक बार फिर ग्रामीण क्षेत्रों में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं की लचर व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
घुटास की रागिनी, भरोसा, सेवा और उम्मीद का दूसरा नाम
- भरोसा, सेवा और उम्मीद का दूसरा नाम घुटास की रागिनी
- मंडला के घुटास में शाखा डाकपाल रागिनी राजपूत की कहानी
- दूरस्थ जनजातीय गांव में डाकपाल बनी आशा का एकमात्र द्वार
- घर-घर पहुँचा रही विश्वास और अधिकार
मंडला महावीर न्यूज 29. मध्यप्रदेश के हरे-भरे मंडला जिले के दूरस्थ जनजातीय गांव घुटास में शाखा डाकपाल रागिनी राजपूत सिर्फ डाक लेकर नहीं चलतीं, बल्कि वह अपने कंधे पर पूरे गांव की उम्मीदें और अधिकारों का भार लेकर निकलती हैं। उनके आने भर से गाँव के लोगों के चेहरे पर एक गहरा विश्वास और मुस्कान खिल उठती है।
जानकारी अनुसार घुटास जैसे दूरस्थ जनजातीय गांव में रागिनी का पद केवल सरकारी दायित्व नहीं है। गाँव के लोग उन्हें आशा का एकमात्र द्वार, सरकारी योजनाओं की पहली सीढ़ी और विश्वास की सबसे मजबूत कड़ी मानते हैं। रागिनी हर दिन सुबह पगडंडियों पर चलती हुई घर-घर दस्तक देती हैं, जिससे उन्हें लगता है कि जैसे पूरा गांव एक परिवार से जुड़ता चला जा रहा है।
सेवा का सर्वोच्च धर्म
रागिनी अपने थैले में पत्रों के साथ-साथ सरकारी योजनाओं की रोशनी भी लेकर चलती हैं। वह सुकन्या समृद्धि योजना के जरिए छोटी बच्चियों के भविष्य में उजाला भर देती हैं। वह पेंशन राशि घर तक पहुँचाकर यह सुनिश्चित करती हैं कि उम्र की ढलान में किसी भी बुजुर्ग को अपनी सुविधाओं के लिए भटकना न पड़े। रागिनी के लिए घुटास गांव सिर्फ कार्यस्थल नहीं, बल्कि एक परिवार है, और यह परिवार उन पर पूरा भरोसा करता है।
योजनाओं की जानकारी से सशक्तिकरण
रागिनी न केवल डाक सेवा, बीमा और बचत योजनाओं की जानकारी देती हैं, बल्कि वह जनजातीय परिवारों को यह भी समझाती हैं कि कैसे ये कल्याणकारी योजनाएँ उनके जीवन को बदल सकती हैं। उनकी वजह से घुटास के ग्रामीण अब समझते हैं कि सरकार की योजनाएँ उनके लिए ही बनी हैं और उन्हें पाने का रास्ता उन्हीं के गाँव में है। रागिनी राजपूत अपनी निस्वार्थ सेवा से जनजातीय परिवारों के अधिकारों को मजबूत करने का काम कर रही हैं।
10 साल से लटका स्कूल का अतिरिक्त कक्ष
- बच्चों की पढ़ाई पेड़ों और तंबू के नीचे, पोर्टल से गायब हुई स्वीकृत राशि
- कैबिनेट मंत्री का विधानसभा क्षेत्र, फिर भी बदहाल प्राथमिक शाला
- बुजबुजिया के मासूम असुरक्षित भवन और सरकारी उपेक्षा का शिकार
- गजब है जिले की शिक्षा व्यवस्था, दशकों बाद भी नहीं बना स्कूल का अतिरिक्त कक्ष
मंडला महावीर न्यूज 29. जिला मुख्यालय से महज 15 किलोमीटर दूर मंडला जनपद पंचायत की ग्राम पंचायत सिलपुरा के पोषक ग्राम बुजबुजिया स्थित प्राथमिक शाला की शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्कूल का भवन जर्जर और बदहाल होने के कारण यहां के ग्रामीण बच्चे आज भी तिरपाल और लकड़ी की बल्लियों से निर्मित एक अस्थायी झोपड़ीनुमा तंबू में या खुले आसमान के नीचे शिक्षा ग्रहण करने को मजबूर हैं।
जानकारी अनुसार यह स्थिति तब है जब स्कूल के लिए एक अतिरिक्त कक्ष के निर्माण हेतु वर्ष 2012-13 में ही शासन द्वारा लगभग 3 लाख रुपए की राश्यिा स्वीकृत की गई थी। वहीं विभागीय व्यवस्था के तहत निर्माण कार्य की जिम्मेदारी ग्राम पंचायत सिलपुरा को सौंपी गई थी और लगभग 1 लाख 43 हजार रुपए की राशि निर्माण एजेंसी के खाते में हस्तांतरित भी कर दी गई थी।
राशि आवंटित, फिर भी निर्माण ठप
जिले का दुर्भाग्य यह है कि पूरा एक दशक गुजर जाने के बाद भी आज तक इस अतिरिक्त कक्ष का निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं हो सका है। इस मामले में एक चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है कि उक्त निर्माण कार्य को विभागीय पोर्टल से विलोपत कर दिया गया है। यह एक बड़ा प्रश्न खड़ा करता है कि जब राशि आवंटित और निर्माण एजेंसी के खाते में जमा हो चुकी थी, तो बिना कार्य कराए इसे पोर्टल से कैसे हटा दिया गया? ग्रामीणों और स्थानीय लोगों ने इस पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है, जिससे वास्तविक स्थिति और दोषी अधिकारियों, एजेंसियों का पता चल सके।
बच्चों की मजबूरी, कभी आंगनवाड़ी तो कभी पेड़ के नीचे पढऩे मजबूर
इस गंभीर लापरवाही का सीधा परिणाम मासूम ग्रामीण बच्चों को भुगतना पड़ रहा है। जर्जर भवन में बैठना खतरे से खाली नहीं होने के कारण बच्चों को कभी आंगनवाड़ी केन्द्र में, कभी रंगमंच पर, कभी पेड़ के नीचे खुले आसमान तले और वर्तमान में पन्नी व तिरपाल से बने अस्थायी तंबू में शिक्षा ग्रहण करनी पड़ रही है। ग्रामवासियों ने बताया कि यह समस्या बीते पांच सालों से लगातार सुर्खियों में रही है, लेकिन विभाग, जिला प्रशासन और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने कोई ठोस समाधान नहीं निकाला। चुनाव के समय दिए गए आश्वासन भी आज तक केवल कोरे वादे ही साबित हुए हैं।
कैबिनेट मंत्री का क्षेत्र, फिर भी उपेक्षा
सबसे बड़ी विडंबना यह है कि यह क्षेत्र मंडला विधानसभा के अंतर्गत आता है, जिसकी विधायक वर्तमान में मध्यप्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री हैं। ग्रामीणों की मांग है कि निर्माण एजेंसी पर तत्काल कार्रवाई की जाए लेकिन इससे अधिक जिम्मेदारी जिला शिक्षा केन्द्र की बनती है, जिसने राशि उपलब्ध कराने के बाद भी न तो समय पर निरीक्षण किया और न ही कार्य प्रगति की समीक्षा की। ग्रामीणों ने मामले की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करने और स्कूल भवन का निर्माण तत्काल प्रारंभ कराने की मांग की है, जिससे बच्चों को सुरक्षित और सम्मानजनक वातावरण में शिक्षा मिल सके।
इनका कहना है
विभागीय अधिकारियों द्वारा जर्जर भवन में स्कूल संचालन पर रोक लगाए जाने के बाद ग्राम में वैकल्पिक भवन उपलब्ध न होने के कारण ग्रामीणजन स्वयं तिरपाल लगाकर बच्चों की पढ़ाई की व्यवस्था कर रहे हैं। अस्थायी व्यवस्था होने से शिक्षण-अधिगम प्रक्रिया प्रभावित हो रही है। शीघ्र ही सुरक्षित व उपयुक्त स्थान उपलब्ध कराए जाने की आवश्यकता है।
बचन सिंह मरावी, शिक्षक, प्रा.शा. बुजबुजिया, सिलपुरा
पंचायत स्तर से लेकर जनपद पंचायत, विधायक, सांसद, मंत्री और जिला प्रशासन तक बार-बार शिकायतें की गईं, लेकिन आज तक किसी भी स्तर पर सुनवाई नहीं हुई। अफसरों और जनप्रतिनिधियों की उदासीनता के कारण ही यह हालात बने हैं, जिससे ग्रामीणों में गहरा आक्रोश और निराशा है।
नरेश मार्को, सरपंच, ग्राम पंचायत सिलपुरा, मंडला
कलेक्टर ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिछिया का किया निरीक्षण
- मरीजों से की चर्चा, वार्डों की व्यवस्थाओं का लिया जायजा
मंडला महावीर न्यूज 29. कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बिछिया का मंगलवार को औचक निरीक्षण किया। उन्होंने दवा वितरण कक्ष, प्रसूति वार्ड, पोषण पुर्नवास केन्द्र एवं फिजियोथेरेपी यूनिट में मरीजों से चर्चा की एवं ड्यूटी स्टॉफ से आवश्यक जानकारी ली। कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने प्रसूति वार्ड में प्रसूतिका महिला से उपचार संबंधी जानकारी लेते हुए दवा वितरण कक्ष में ऑनलाईन इंडेट वितरण नहीं होने के कारण नाराजगी व्यक्त करते हुए खण्ड चिकित्सा अधिकारी एवं फार्मासिस्ट पर अनुशासनात्मक कार्यवाही एवं आवश्यक सुधार के निर्देश दिए। कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने अस्पताल में भर्ती मरीजों से उपचार, दवा उपलब्धता के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने मरीजों से सीधे संवाद किया और उन्हें मिलने वाले भोजन की गुणवत्ता और स्टाफ द्वारा व्यवहार की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने विभिन्न वार्डों की स्वच्छता व व्यवस्था देखी बिस्तरों, दवाओं और उपकरणों की उपलब्धता की समीक्षा की प्रसूति वार्ड व आपातकालीन कक्ष का निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को निर्देशित किया कि मरीजों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएँ बिना किसी बाधा के उपलब्ध कराई जाएँ। स्वच्छता, समय पर दवा वितरण तथा चिकित्सकों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम सोनाली देव, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. धरित्रि जे. मोहंती, शैलेन्द्र सिंह, जिला कार्यक्रम प्रबंधक, विकासखंड स्तर डॉ. अनूप सिंह भारतीया, खण्ड चिकित्सा अधिकारी मो. नईमखान, बीसीएम, फार्मासिस्ट, मेडिकल ऑफीसर व अन्य स्टॉफ मौजूद था।
संकुल केंद्र बबलिया में तीन दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता का आगाज
- ग्रामीण बच्चों की प्रतिभा के लिए वरदान हैं ये खेल-संजय कुशराम
मंडला महावीर न्यूज 29. विकासखंड नारायणगंज के संकुल केंद्र बबलिया में तीन दिवसीय संकुल स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ किया गया। जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम ने मुख्य अतिथि के रूप में ध्वजारोहण कर कार्यक्रम का आगाज किया। विशिष्ट अतिथि के रूप में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के डॉ. सुरेंद्र सिंह उपस्थित रहे।
आयोजित कार्यक्रम में तीन हजार विद्यार्थी और 70 शिक्षकों की उपस्थिति में यह आयोजन शुरू हुआ। संकुल प्राचार्य और बीईओ नारायणगंज ने अपने संबोधन में इसे बच्चों और शिक्षकों के लिए एक त्योहार बताया। संजय कुशराम ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों में प्रतिभा अधिक होती है, लेकिन उन्हें मंच नहीं मिलता, इसलिए यह प्रतियोगिता उनके लिए एक वरदान है।
प्रतियोगिता के पहले दिन कक्षा 1 से 12 तक के बालक, बालिकाओं ने एथलेटिक्स जैसे दौड़, ऊंची कूद, भाला फेंक और गोला फेंक में भाग लिया। प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाडिय़ों को मुख्य अतिथि ने मेडल पहनाकर सम्मानित किया। आयोजन में सभी छात्र-छात्राओं को स्वल्पाहार भी कराया गया। दूसरे दिन कबड्डी, खो-खो और वॉलीबॉल जैसे खेलों का आयोजन किया जाएगा।
जर्जर शाला भवन बुजबुजिया का मामला न्यायालय के संज्ञान में
- ग्रामीणों की बनाई झोपड़ी में पढ़ रहे 35 बच्चे
- दूषित पानी और टूटे शौचालय से बढ़ी समस्या
मंडला महावीर न्यूज 29. विकासखंड मंडला के अंतर्गत ग्राम पंचायत सिल्पुरा के पोषक ग्राम घोड़ाडीह प्राथमिक शाला बुजबुजिया के जर्जर भवन के नवनिर्माण का मामला न्यायालय के संज्ञान में लाया गया है। आवेदक पीडी खैरवार ने जनोपयोगी लोक अदालत में प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया है, जिसमें वर्षों से शासन-प्रशासन की अनदेखी का उल्लेख है। शाला भवन विगत कई वर्षों से पूरी तरह जर्जर और अनुपयोगी हो चुका है। इसके साथ ही शौचालय भी टूट-फूट गया है, जिसके कारण छात्र-छात्राएं खुले में शौच जाने को मजबूर हैं। किचन शेड भी जर्जर होने के कारण आंगनबाड़ी केंद्र की रसोई में मध्यान्ह भोजन पकाया जा रहा है।
बताया गया कि वर्तमान में कक्षा पहली से पाँचवी तक के औसतन 35 बच्चे ग्रामीणों द्वारा लकडिय़ों और पन्नी से बनाई गई एक झोपड़ी के भीतर बैठकर पढ़ाई कर रहे हैं। पेयजल की समस्या भी गंभीर है; पास के हैंडपंप का पानी फ्लोराइड युक्त है, जिसके उपयोग से बच्चों के दाँत खराब हो रहे हैं। श्री खैरवार ने बच्चों के उज्जवल भविष्य को ध्यान में रखते हुए संबंधित विभाग को शीघ्र सुविधायुक्त शाला भवन का निर्माण कराने के लिए निर्देशित करने के लिए न्यायालय से गुहार लगाई है।
उत्कृष्ट विद्यालय बीजाडांडी ने राइफल, पिस्टल शूटिंग में बनाई सशक्त पहचान
- मंडला जिले के 36 प्रतिभाशाली खिलाडिय़ों ने भोपाल में राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में लिया भाग
मंडला महावीर न्यूज 29. जनजाति कार्य विभाग मप्र शासन के अंतर्गत मंडला जिले के 36 प्रतिभाशाली खिलाडिय़ों की एक टीम भोपाल में आयोजित शालेय राज्य स्तरीय राइफल एवं पिस्टल शूटिंग प्रतियोगिता में सहभागिता कर रही है। जिले के खिलाडिय़ों का राज्य स्तर पर पहुँचना यहाँ की प्रतिभा और सतत प्रशिक्षण को दर्शाता है। इस राज्य स्तरीय आयोजन में उत्कृष्ट विद्यालय बीजाडांडी मंडला की भूमिका सराहनीय रही है। सीमित संसाधनों के बावजूद विद्यालय ने अनुशासन और गुणवत्ता प्रशिक्षण के बल पर प्रदेश स्तर पर अपनी एक विशिष्ट पहचान स्थापित की है।
विद्यालय की खेल प्रभारी श्रीमती नीलू जायसवाल को टीम का कोच एवं जनरल मैनेजर नियुक्त किया गया है, जो विद्यालय और जिले के लिए गर्व का विषय है। उनके मार्गदर्शन में खिलाडिय़ों ने तकनीक, मानसिक संतुलन और आत्मविश्वास में उल्लेखनीय सुधार किया है। प्रतियोगिता से जिला खेल प्रभारी मंगल सिंह पन्दो, सहायक आयुक्त जनजाति कार्यक्रम विभाग वंदना गुप्ता, और उत्कृष्ट विद्यालय के प्राचार्य श्री गुप्ता ने खिलाडिय़ों को शुभकामनाएँ दीं। अधिकारियों ने कहा कि ये प्रतियोगिताएं ग्रामीण व जनजातीय क्षेत्र के खिलाडिय़ों को राष्ट्रीय स्तर तक पहुँचने की प्रेरणा देती हैं।
मंडला पुलिस की पहल
- नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के युवाओं के लिए रोजगार शिविर
- एल एंड टी के सहयोग से बिछिया, मोतीनाला और मवई में 3 दिवसीय शिविर, 230 युवा हुए शामिल
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा के निर्देशानुसार नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के युवाओं को समाज की मुख्यधारा से जोडऩे और उन्हें सम्मानजनक आजीविका प्रदान करने के उद्देश्य से एक तीन दिवसीय रोजगार शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह पहल बहुराष्ट्रीय कंपनी एल एंड टी के सहयोग से बिछिया, मोतीनाला और मवई में संचालित की जा रही है। शिविर के दौरान एल एंड टी कंपनी के प्रतिनिधि कमल चंद्रवंशी युवाओं को निर्माण कार्य से संबंधित विभिन्न ट्रेडों, प्रशिक्षण अवसरों और भर्ती प्रक्रिया के बारे में जानकारी दे रहे हैं।
बताया गया कि 02 दिसंबर को बिछिया और 03 दिसंबर को मोतीनाला शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भीमडोंगरी में आयोजित शिविरों में लगभग 230 युवक-युवतियों की सहभागिता रही। एसडीओपी नैनपुर मनीष राज, उप पुलिस अधीक्षक अर्चना अहीर और संबंधित थाना प्रभारी उपस्थित रहे। शिविर का अंतिम चरण आज 04 दिसंबर को थाना मवई में आयोजित किया जाना है।
अवैध आधार पंजीयन पर कार्रवाई, नेहा कम्प्यूटर सील
- प्रस्तुत नहीं की कोई वैध अनुमति
मंडला महावीर न्यूज 29. बुधवार को सीएम हेल्पलाईन पोर्टल एवं कार्यालयीन ईमेल पर प्राप्त अवैध आधार पंजीयन संबंधी शिकायत को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने तत्काल जांच के निर्देश जारी किए। कलेक्टर के आदेशानुसार तथा एसडीएम मंडला श्रीमती सोनल सिडाम के निर्देशन में नगर के पड़ाव स्थित नेहा कम्प्यूटर केंद्र का औचक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान टीम को दुकान में अवैध रूप से आधार पंजीयन एवं अपडेट कार्य में उपयोग किए जाने वाले उपकरण मिले, जिनके लिए कोई वैध अनुमति प्रस्तुत नहीं की गई। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर के निर्देशानुसार राजस्व एवं पुलिस अधिकारियों की उपस्थिति में नेहा कम्प्यूटर को सील कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान नायब तहसीलदार रामसिंह उलाड़ी मौजूद रहे।
मेढ़ाताल के पास हाईवे किनारे संदिग्ध हालत में मिला युवक का शव, पुलिस जांच में जुटी
- तीन दिन से लापता था 32 वर्षीय युवक
- प्रारंभिक जांच में मानसिक विक्षिप्त और नशे का आदी होने के मिले संकेत
मंडला महावीर न्यूज 29. बिछिया थाना अंतर्गत बिछिया मेढ़ाताल के नजदीक नेशनल हाईवे किनारे मंगलवार की सुबह एक शव संदिग्ध हालत में मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। इसकी सूचना तत्काल बिछिया थाना पुलिस को दी गई, जिसने मौके पर पहुंचकर शव को बरामद कर प्रारंभिक जांच शुरू कर दी है।
जानकारी अनुसार मंगलवार सुबह करीब छह बजे नेशनल हाईवे किनारे प्लांटेशन की झाडिय़ों में नाले के पास पानी में शव पड़े होने की सूचना मिली। हाईवे पर घटना होने के कारण मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। मृतक की शिनाख्त ग्राम मेढ़ाताल निवासी आशीष मरकाम पिता कट्टू लाल मरकाम उम्र 32 वर्ष के रूप में हुई है।
तीन दिन से लापता था युवक
बिछिया थाना पुलिस को परिजनों ने बताया कि मृतक आशीष मरकाम मानसिक रूप से विक्षिप्त थे और अक्सर आसपास के क्षेत्र में घूमते रहते थे। परिजनों ने बताया कि वह पिछले तीन दिनों से घर नहीं आया था। परिजनों ने शव से लगभग पचास मीटर दूर झाडिय़ों में रखी स्वेटर के आधार पर उसकी पहचान की।
पुलिस कर रही जांच
बिछिया थाना पुलिस को प्रथम दृष्टया जांच में यह तथ्य सामने आया है कि युवक मानसिक रूप से विक्षिप्त होने के साथ-साथ शराब का आदि था। हालांकि मौत के सही कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस ने फिंगरप्रिंट टीम को भी इसकी जानकारी दी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए बिछिया अस्पताल भेज दिया है और मामले की जांच कर रही है।
रिपोर्टर- गर्जेन्द्र पटेल, अंजनिया, मंडला ✍️
निवास-कुंडम मार्ग पर दर्दनाक हादसा
- ऑटो की टक्कर से बाइक सवार की मौत
- भीखमपुर मड़ई घूमने आ रहे थे मामा-भांजे
- 35 वर्षीय युवक की गई जान, 6 वर्षीय भांजा घायल
मंडला महावीर न्यूज 29. निवास थाना क्षेत्र अंतर्गत निवास से कुंडम मार्ग के बीच ग्राम भीखमपुर के पास मंगलवार शाम को एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गई। ऑटो-रिक्शा की जबरदस्त टक्कर से बाइक सवार मामा की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि उनके भांजे को मामूली चोटें आई हैं। दोनों भीखमपुर में आयोजित मड़ई (मेला) घूमने आ रहे थे।
जानकारी अनुसार मृतक की पहचान ओमप्रकाश यादव पिता राम लाल यादव, 35 वर्ष, निवासी बंजर टोला, सतपहरी रैयत के रूप में हुई है। बताया गया कि ओमप्रकाश यादव अपनी बाइक से अपने 6 वर्षीय भांजे लकी यादव पिता संपत यादव, निवासी करनपुरा के साथ भीखमपुर मड़ई आ रहे थे। ग्राम भीखमपुर के पास उनकी बाइक की टक्कर सवारी लेने जा रहे एक ऑटो-रिक्शा से हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ओमप्रकाश यादव ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
भांजे का उपचार जारी, पुलिस जांच में जुटी
हादसे में घायल लकी यादव को मामूली चोटें आई हैं, जिसे तत्काल निवास सीएचसी में भर्ती कराया गया है, जहाँ उसका उपचार जारी है। निवास पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। शाम होने के कारण मृतक का पोस्टमार्टम आज बुधवार को किया जाएगा, जिसके बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। इस हृदय विदारक हादसे से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
रिपोर्टर- रोहित प्रशांत चौकसे
विकासखंड स्तर पर दिव्यांग छात्र-छात्राओं ने दिखाया अपना हुनर
- विकासखंड स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में 154 बच्चों ने लिया भाग
- नारायणगंज में दिव्यांग बच्चों का सामर्थ्य प्रदर्शन
- जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए हुआ चयन
- जनपद उपाध्यक्ष ने प्रतिभागियों को प्रोत्साहन वितरित किए स्वरूप ट्रैकसूट
मंडला महावीर न्यूज 29. विश्व दिव्यांग दिवस के अवसर पर जिला स्तरीय दिव्यांग सामर्थ्य प्रदर्शन एवं खेलकूद प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इस प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए जनपद शिक्षा केंद्र नारायणगंज द्वारा दिव्यांग बच्चों के लिए विकासखंड स्तरीय सामर्थ्य प्रदर्शन एवं खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। यह आयोजन कलेक्टर मंडला सोमेश मिश्रा, डीपीसी कुलदीप कटहल के निर्देशन और सहायक परियोजना समन्वयक समावेशी शिक्षा कृष्ण कुमार उपाध्याय के मार्गदर्शन में विकासखंड के 154 दिव्यांग छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत जनपद पंचायत अध्यक्ष आसाराम भारतीया द्वारा मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन से हुई। दिव्यांग छात्राओं निर्मला, सोनम और कल्पना ने सुमधुर सरस्वती वंदना प्रस्तुत की।
विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नारायणगंज के क्रीड़ा प्रांगण में किया गया। इसका मुख्य उद्देश्य जिला स्तरीय सामर्थ्य प्रदर्शन कार्यक्रम में सहभागिता के लिए दिव्यांग छात्र-छात्राओं का चयन करना था। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को जिला स्तरीय कार्यक्रम में शामिल होने का अवसर मिलेगा। आयोजित प्रतियोगिता और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजन में खेलकूद और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया।

प्रतियोगिता में 50 मीटर, 100 मीटर दौड़ प्रतियोगिता, पारंपरिक खेल में जलेबी दौड़, चम्मच दौड़, कुर्सी दौड़, अन्य खेल में सॉफ्ट बाल थ्रू, सांस्कृतिक एवं कला में रंगोली, चित्रकला, मेहंदी, गायन और नृत्य की प्रस्तुति दी गई। कार्यक्रम का समापन विशिष्ट अतिथि और जनपद उपाध्यक्ष अविनाश शर्मा द्वारा उत्साहवर्धन के साथ किया गया। उन्होंने प्रतियोगिता में सम्मिलित सभी छात्र-छात्राओं को प्रोत्साहन स्वरूप ट्रैकसूट और प्रमाण पत्र का वितरण किया। नृत्य प्रतियोगिता में कस्तूरबा छात्रावास सुखराम से आई छात्राओं ने शिवानी के नेतृत्व में प्रथम स्थान प्राप्त किया।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
कार्यक्रम के नोडल अधिकारी एमआरसी शेख इरफान एवं टीम ने आयोजन को सफलतापूर्वक संपन्न कराया। आभार प्रदर्शन विकासखंड स्त्रोत समन्वयक कमलेश भवेदी ने किया, जबकि मंच संचालन हाई स्कूल पाठा के प्राचार्य कमलेश मरावी द्वारा किया गया। खेलकूद प्रतियोगिता का संचालन करुणा मर्सकोले एवं सुजीता यादव ने किया। इस अवसर पर मंडल संयोजक राजेश गुप्ता, कन्या हाई स्कूल प्राचार्य मुकेश नायक, नायक शिक्षक शंकरिया उइके, दिव्या ठाकुर शालिनी यादव, सोनम परोहा, पवन कुमार, रविकांत, अंकित नामदेव, डीके चौधरी, अशोक चौधरी, कीर्ति महोबे, ओमप्रकाश सैयाम, दिनेश सैयम, अजय मरावी, लवीना मार्को, उमेश यादव, ओम प्रकश सिंगरौरे, सीताराम सिंगरौरे सहित बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं और स्टाफ उपस्थित रहा।
4.60 करोड़ के हराटोला, साडिया मार्ग निर्माण में भ्रष्टाचार
- घटिया काम और अवैध उत्खनन का आरोप
- पुलिया में घटिया निर्माण और खामियां छिपाने का प्रयास
- ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मवई ने की सड़क निर्माण की उच्चस्तरीय जांच और जिम्मेदारों पर तत्काल कार्रवाई की मांग
मंडला महावीर न्यूज 29. ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मवई ने हराटोला से साडिया मार्ग पर विगत एक वर्ष से चल रहे 4 करोड़ 60 लाख रुपये की लागत वाले निर्माण कार्य में गंभीर अनियमितताओं और व्यापक भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। कमेटी का कहना है कि आदिवासी बहुल इस विकासखंड की यह महत्वपूर्ण सड़क परियोजना जनहित के साथ धोखा है, क्योंकि निर्माण में भारी लापरवाही बरती जा रही है।
मवई कांग्रेस कमेटी ने निर्माण की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठाए हैं। निरीक्षण के दौरान यह सामने आया कि ठेकेदार द्वारा बनाई जा रही कई पुलियाएँ बेहद कमजोर हैं, जो हल्का दबाव पडऩे से टूट रही हैं और उनमें बौल्डर खुले दिखाई देते हैं। कमेटी का आरोप है कि ठेकेदार ने कमजोर पुलियाओं को तोड़कर दोबारा बनाने के बजाय ऊपर से मिट्टी भरकर और प्लास्टर करके खामियों को छिपाने का प्रयास किया है।
निर्माण कार्य में पारदर्शिता की कमी
कमेटी का आरोप है कि करोड़ों की लागत वाली इस परियोजना में अनिवार्य सूचना-पट्ट नहीं लगाया गया है, जिससे निर्माण एजेंसी, उपयोग सामग्री और गुणवत्ता मानकों की जानकारी आम जनता से छिपाई जा रही है। आरोप है कि विभागीय इंजीनियर बिना आवश्यक निरीक्षण किए ही भुगतान जारी कर रहे हैं, जो नियमों का खुला उल्लंघन है।
अवैध उत्खनन और रात्रिकालीन कार्य से नुकसान
मवई कांग्रेस कमेटी ने ठेकेदार पर सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचाने और पर्यावरण नियमों का उल्लंघन करने का भी आरोप लगाया है। ट्रांसपोर्टेशन लागत बचाने के उद्देश्य से ठेकेदार ने किसानों की भूमि और वन क्षेत्र से लगी जमीन से अवैध रूप से मिट्टी और मुर्रम निकाला है। कांग्रेस का आरोप है कि पटवारी और बीट गार्ड की उपस्थिति में अवैध उत्खनन होने के बावजूद विभागीय नियंत्रण पूरी तरह नदारद है। निर्माण कार्य का अधिकांश हिस्सा रात्रिकालीन समय में पोकलेन मशीन से कराया जा रहा है, जबकि वन क्षेत्र में मशीन संचालन के लिए समय सीमा निर्धारित है। इस अवैध खुदाई से कई किसानों के खेतों में बड़े गड्ढे बन गए हैं।
बार-बार शिकायतों के बावजूद कार्रवाई नहीं
कांग्रेस कमेटी ने बताया कि निर्माण गुणवत्ता को लेकर 6 अक्टूबर 2025 को ग्रामीण यात्री सेवा विभाग को और अवैध खुदाई को लेकर 15 नवंबर 2025 को नायब तहसीलदार मवई को लिखित शिकायत दी गई थी, परंतु अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। कमेटी ने अधिकारियों पर अनियमितताओं के प्रति संरक्षण देने का संदेह जताया है। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मवई ने प्रशासन से मांग की है कि इस पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए, घटिया निर्माण और अवैध गतिविधियों में संलिप्त सभी जिम्मेदारों पर कड़ी कार्रवाई हो, और सड़क तथा पुलियाओं का पुन: निर्माण गुणवत्तापूर्ण एवं पारदर्शी तरीके से कराया जाए।
नैनपुर के सर्रा पिपरिया स्कूल में 26 जनवरी तक चलेगा संविधान वाचन
- बच्चों को दी मूल कर्तव्य की जानकारी
- संविधान ही वंचितों के अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करता है
- प्रतिदिन हो रहा बाल सभा का आयोजन, दो वर्षों से चल रहा है यह अनूठा कार्यक्रम
मंडला महावीर न्यूज 29. विकासखण्ड नैनपुर की माध्यमिक शाला सर्रा पिपरिया में पिछले दो वर्षों से चलाए जा रहे संविधान वाचन कार्यक्रम का आयोजन इस वर्ष भी 26 नवंबर से 26 जनवरी 2026 तक प्रतिदिन किया जा रहा है। इस अनूठी पहल के सातवें दिवस पर बच्चों को संविधान के भाग चार में सन्निहित मूल कर्तव्यों की विस्तृत जानकारी दी गई।
प्रभारी शिक्षक संजीव सोनी के मार्गदर्शन में विषय शिक्षक गणेश ठाकुर द्वारा प्रतिदिन दोपहर 2.30 बजे से 2.45 बजे तक बाल सभा आयोजित कर संविधान का वाचन किया जाता है। इस कार्यक्रम का समापन 26 जनवरी गणतंत्र दिवस पर होता है, जहाँ सांस्कृतिक कार्यक्रम के मंच से संविधान से संबंधित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता रखी जाती है और सही उत्तर देने वालों को मौके पर ही पुरस्कृत किया जाता है।
वक्ताओं ने बताया संविधान का महत्व
इस अवसर पर ग्राम सरपंच मीरा सिंगराम, उपसरपंच बिरिया वरकड़े, एसएमसी अध्यक्ष रूकमणी उइके सहित शाला परिवार और अन्य स्कूलों के शिक्षक उपस्थित रहे। माध्यमिक शाला सगोनिया के प्रभारी अमरसिंह चंदेला ने अपने संबोधन में बताया कि देश की स्वतंत्रता में वकील वर्ग की महत्वपूर्ण भूमिका रही है, और आगे भी संविधान के आधार पर लोगों के अधिकारों की सुरक्षा की जिम्मेदारी वकीलों पर ही रहेगी। शाला प्रभारी संजीव सोनी ने कहा कि आर्थिक, सामाजिक रूप से पिछड़े, वंचित वर्ग, और महिलाओं के अधिकारों की रक्षा संविधान के आधार पर ही सुनिश्चित की जा सकती है। कार्यक्रम में उपस्थित सभी बच्चों और अतिथियों का आभार व्यक्त शिक्षक सुरेश श्रीवास्तव ने किया।
मंडला में गीता जयंती महोत्सव का उल्लास
- गुरुकुल के आचार्य एवं ब्रह्मचारियों ने किया स्वस्ति वाचन
- जिला जेल में कैदियों ने मनाया गीता जयंती
- आर्य वीरांगना दल ने किया लाठी-तलवार के साथ शौर्य प्रदर्शन
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला जिले में गीता जयंती का महोत्सव धार्मिक उल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मध्यप्रदेश शासन के निर्धारित कार्यक्रम के साथ जिला जेल में भी विशेष आयोजन किए गए। मुख्य कार्यक्रम में काशी विश्वनाथ वैदिक गुरुकुल के आचार्य भीमदेव एवं ब्रह्मचारी गणों ने भाग लिया। उन्होंने स्वस्तिवाचन, गीता पाठ और भजन की प्रस्तुति देकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया.
इसके साथ ही गुरुकुल के आर्य वीरांगना दल की संचालिका प्रीति मौर्य के मार्गदर्शन में आर्य वीरांगनाओं ने लाठी, तलवार और ढाल के कौशल का प्रदर्शन करते हुए शौर्य प्रदर्शन किया। गुरुकुल के इस उत्तम कार्यक्रम का समस्त उपस्थित जनों ने तालियों और हर्ष ध्वनि के साथ स्वागत किया। इस कार्यक्रम में कलेक्टर, जिला पंचायत अध्यक्ष, जनपद अध्यक्ष, नगर पालिका अध्यक्ष सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
जिला जेल में कैदियों ने किया गीता पाठ
मंडला जिला जेल में जेल अधीक्षक संजय सहलाम के नेतृत्व में गीता जयंती महोत्सव मनाया गया। इस आयोजन में सभी कैदियों ने भाग लिया। गीता जयंती महोत्सव पर काशी विश्वनाथ वैदिक गुरूकुल जिलहटी घाट मंडला के आचार्य भीमदेव एवं उनके 11 शिष्यों के द्वारा जिला जेल मंडला में श्रीमद भगवत गीता के 15वें अध्याय का सस्वर गायन किया गया। श्लोकों का अर्थ, गीता के महत्व को बताते हुये गीता का सार भी बंदियों को बताया गया एवं सभी बंदियों न सद्कर्म के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
घुघरी के तबलपानी में युवती का शव और भ्रूण संदिग्ध हालत में मिला
- हत्या और अवैध संबंध की आशंका, पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर शुरू की जांच
मंडला महावीर न्यूज 29. जिले के घुघरी थाना क्षेत्र की सलवाह चौकी अंतर्गत आने वाले तबलपानी गांव में सोमवार सुबह एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहाँ एक युवती का शव संदिग्ध अवस्था में मिला है। बताया गया कि स्थानीय लोगों ने सोमवार सुबह युवती के शव को देखा, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही सलवाह चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
जानकारी अनुसार तबलपानी ग्राम में मार्ग किनारे एक युवती का शव मिला, युवती के शव से कुछ ही दूरी पर चार से पांच माह का भू्रण भी बरामद हुआ है। इस दोहरी और संदिग्ध घटना ने क्षेत्र में हड़कंप मचा दिया है और प्राथमिक तौर पर हत्या और अवैध संबंध की आशंकाओं को जन्म दिया है। सूचना मिलते ही सलवाह चौकी प्रभारी निलेश पटेल सहित चौकी पुलिस का पूरा अमला तत्काल घटना स्थल तबलपानी पहुंचा। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है और घटना स्थल का बारीकी से निरीक्षण किया गया।
बताया गया कि मृत युवती की पहचान घटना स्थल से दो किलोमीटर दूर स्थित गांव की 27 वर्षीय युवती के रूप में की गई है। वहीं युवती गुजरात में काम करने गई हुई थी, जो हाल ही में विगत दिवस गांव वापस लौटी थी। युवती के परिजनों ने उसके गर्भवती के विषय में कोई जानकारी नहीं थी। वहीं युवती शनिवार को उपचार कराने मंडला भी गई हुई थी।
सलवाह पुलिस ने बताया कि दोनों शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया हे। डीएनए टेस्ट के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि भ्रूण किसका है। इसके साथ ही यह भी आशंका की जा रही है कि युवती ने गर्भपात के लिए कोई दवाई खाई होगी, जिसके कारण अधिक रक्त स्त्राव हो गया और युवती की मृत्यु हो गई। पुलिस अब युवती की मौत कैसे हुई और बरामद भू्रण उससे संबंधित है या नहीं। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई पूरी कर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और पूरे मामले की गहन जांच शुरू कर दी गई है।
नारायणगंज में भव्यता से मना अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव, भगवान श्रीकृष्ण को बनाया मुख्य अतिथि
परीक्षा परिणाम की चिंता किए बिना सर्वस्व दें विद्यार्थी, बीईओ डी के सिंगौर का गीता उपदेश
मंडला महावीर न्यूज 29. मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार, गीता जयंती के अवसर पर 1 दिसंबर 2025 को विकासखण्ड नारायणगंज में अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया।
महोत्सव का सबसे खास आकर्षण यह रहा कि कार्यक्रम का शुभारंभ और संचालन भगवान श्रीकृष्ण को ही मुख्य अतिथि एवं अध्यक्ष बनाकर किया गया। मुख्य मंच को श्रीकृष्ण की मूर्ति, बच्चों द्वारा बनाए गए रंग-बिरंगे चित्रों और गीता के श्लोकों से सजाया गया था। सभी आमंत्रित अतिथिगण, जिनमें जनपद अध्यक्ष आशा राम भारतीया, जिला सदस्य भूपेंद्र वरकड़े, एवं अन्य गणमान्य नागरिक शामिल थे, सामान्य दर्शक के रूप में बैठे।
योग अपनाएं, समभाव रखें
कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती का पूजन-अर्चन कर किया गया। बीईओ नारायणगंज डी के सिंगौर ने अपने प्रस्तावना भाषण में गीता के उपदेशों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों का धर्म पढ़ाई करना है और उन्हें बिना परीक्षा परिणाम की चिंता किए अपना सर्वस्व इसमें देना चाहिए। उन्होंने योग को नित्य जीवन में अपनाकर बेहतर परीक्षा परिणाम लाने पर जोर दिया। इसी प्रकार शिक्षकों को कक्षा में सभी बच्चों के प्रति समभाव (समान भाव) रखने की सीख दी। इसके पश्चात, मंच में सुसज्जित श्रीकृष्ण मूर्ति की विधि-विधान से शंखनाद के साथ पूजा अर्चना और आरती की गई।
छात्र-छात्राओं का उत्कृष्ट प्रदर्शन
सांदीपनि विद्यालय के विद्यार्थियों ने श्रीकृष्ण की वेशभूषा धारण कर कई नृत्य प्रस्तुत किए। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण विद्यार्थियों द्वारा तत्काल बनाए गए कृष्ण द्वारा अर्जुन को उपदेश देते हुए चित्र थे, जिनमें श्लोक और उपदेशों का उल्लेख किया गया था। राजुल ज्योतिषी (एडवोकेट) एवं श्री पांडेय (शिक्षक) ने छात्रों से गीता के 15वें अध्याय का पाठ कराया। कार्यक्रम का संचालन बी.ए.सी. राजीव वर्मा ने किया। अंत में, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को गीता की किताब देकर सम्मानित किया गया।
ढेको पंचायत पर नाली और रंगमंच निर्माण में अनियमितता के गंभीर आरोप
- मापदंडों की अनदेखी, ग्राम पंचायत ढेको के विकास कार्यों की निष्पक्ष जांच की मांग
मंडला महावीर न्यूज 29. जनपद पंचायत मंडला अंतर्गत ग्राम पंचायत ढेको में इन दिनों चल रहे निर्माण कार्यों को लेकर ग्रामीणों में गहरा आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों ने पंचायत पर नाली एवं रंगमंच निर्माण कार्य में गंभीर अनियमितताएँ बरतने का आरोप लगाया है, और शिकायत के बावजूद कार्रवाई न होने पर नाराजगी जताई है। ग्रामीणों का आरोप है कि पंचायत कुछ दबंग व्यक्तियों के इशारे पर मनमाने ढंग से कार्य कर रही है। नाली निर्माण कार्य बिना किसी लेआउट के किया जा रहा है, जिससे इसकी गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। साथ ही, नाली में इस्तेमाल किया जा रहा लोहा भी मापदंडों के अनुसार उपयुक्त नहीं है।
ग्रामीणों ने बताया कि नाली का निर्माण इस तरह किया गया है कि इसका लाभ केवल गांव के एक ही व्यक्ति को मिलेगा, जबकि इसे सड़क पार कर जोडऩे पर पूरे क्षेत्र को लाभ मिल सकता था। सबसे बड़ी समस्या यह है कि नाली का स्तर इतना ऊँचा रखा गया है कि आसपास के घर नाली से काफी नीचे हो गए हैं, जिससे घरों का पानी नाली में नहीं निकल पाएगा और आमजन को आवागमन में भी कठिनाई हो रही है।
रंगमंच निर्माण भी संदिग्ध
शिशु मंदिर स्कूल के पास बन रहे रंगमंच निर्माण को लेकर भी गुणवत्ता पर सवाल उठाए गए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण में प्लिंथ नहीं डाली गई है और स्कूल द्वारा पहले से डाली गई बीम का ही उपयोग किया जा रहा है। एक दिशा में दीवार का निर्माण भी अभी तक नहीं किया गया है, जिससे कार्य की गुणवत्ता संदिग्ध प्रतीत होती है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। उनकी मांग है कि ग्राम पंचायत ढेको में चल रहे सभी निर्माण कार्यों की सूक्ष्म एवं निष्पक्ष जांच कराई जाए ताकि अनियमितताओं का पर्दाफाश हो सके और जिम्मेदार अधिकारियों पर उचित कार्रवाई की जा सके।
इनका कहना है
ग्राम पंचायत ढ़ेको में सभी विकास कार्य पूर्ण स्वीकृति एवं ग्राम सभा के प्रस्ताव के आधार पर ही संचालित किए जा रहे हैं। कुछ माह पूर्व प्रभार ग्रहण करने के बाद से समस्त कार्यवाही निर्धारित नियमों एवं पारदर्शिता के साथ की जा रही है।
प्रकाश मार्को, सचिव
ग्राम पंचायत ढ़ेको
आप लोग उपाध्यक्ष के कहने पर आये है, अभी मेरे पास टाइम नहीं है, मैं कुछ नहीं बता सकती, ज्यादा है तो आप पांच बजे आए तब में जानकारी दूंगी।
श्रीमती प्रतिभा शुक्ला, सीईओ
जनपद पंचायत मंडला
पंचायतों द्वारा कराए जा रहे अधिकांश कार्य मनमाने ढंग से चहेते ठेकेदारों को दिए जा रहे हैं, जिनमें गुणवत्ता और पारदर्शिता का बिल्कुल ध्यान नहीं रखा जा रहा है। विकास कार्यों में इस तरह की अनियमितता जनहित के साथ धोखा है। इन गड़बडिय़ों और निम्न स्तरीय निर्माण कार्यों की शिकायत मैंने संबंधित विभागों के समक्ष दर्ज कराई है, जिससे जांच हो सके और दोषियों पर उचित कार्रवाई की जाए।
संदीप सिंगोंर, उपाध्यक्ष
जनपद पंचायत मंडला
एचआईवी, एड्स जागरूकता कार्यक्रम में एचआईवी के प्रभावी इलाज पर चर्चा
- एड्स दिवस पर रैली, जांच शिविर और गोष्ठी का आयोजन
- जागृति युवा मंच ने विश्व एड्स दिवस पर भेदभाव छोड़ो, सहयोग बढ़ाओ का दिया संदेश
मंडला महावीर न्यूज 29. विश्व एड्स दिवस के अवसर पर जागृति युवा मंच समिति एवं लिंक वर्कर स्कीम मंडला ने जिले में एचआईवी, एड्स के प्रति जन-जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए एक कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला क्षय अधिकारी डॉ. सुमित सिंगौर ने की। जागरूकता कार्यक्रम की शुरुआत स्वागत एवं परिचय सत्र से हुई, जिसमें संस्था के प्रतिनिधियों ने प्रतिभागियों, युवाओं, स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं और समुदाय के सदस्यों का अभिनंदन किया।
आयोजित कार्यक्रम में डॉ. सुमित सिंगौर ने एचआईवी के संक्रमण मार्गों, रोकथाम के उपायों, सुरक्षित व्यवहार की महत्ता और नियमित जांच की आवश्यकता पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि आज एचआईवी का प्रभावी इलाज उपलब्ध है, जिसके कारण संक्रमित व्यक्ति भी स्वस्थ और सामान्य जीवन व्यतीत कर सकता है। डॉ. सुमित सिंगौर ने समाज से अपील की है कि वे एड्स से जुड़े मिथकों और संक्रमित लोगों के प्रति किए जाने वाले भेदभाव को समाप्त करें।
जागरूकता रैली एवं नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित
कार्यक्रम के तहत युवाओं और लिंक वर्कर स्कीम के स्वयं सेवकों ने एक प्रभावशाली जागरूकता रैली निकाली। इस रैली के माध्यम से जांच कराओ, जागरूक बनो और भेदभाव छोड़ो, सहयोग बढ़ाओ जैसे महत्वपूर्ण संदेशों को जन-जन तक पहुंचाया गया। जागरूकता के संदेश को जमीनी स्तर पर पहुँचाने के लिए एक परामर्श एवं स्वास्थ्य शिविर भी आयोजित किया गया। शिविर में समुदाय के सदस्यों ने नि:शुल्क एचआईवी परीक्षण कराया। आयोजित स्वास्थ्य शिविर में 100 से अधिक लोगों ने स्वेच्छा से एचआईवी की जांच कराई और 300 से अधिक लोगों तक जनजागरूकता का संदेश पहुंचाया गया।
विशेषज्ञों ने दिया मार्गदर्शन
इसके साथ ही जागरूकता कार्यक्रम में विद्यालय में पोस्टर प्रतियोगिता एवं समूह चर्चा भी आयोजित की गईं, जिनमें युवाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और एड्स संबंधी सवालों पर विशेषज्ञों से मार्गदर्शन प्राप्त किया। कार्यक्रम के अंत में आयोजक संस्था ने सभी अतिथियों, सहयोगियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रमों को निरंतर संचालित करने का संकल्प लिया।
केवलारी के DIET में विश्व एड्स दिवस पर छात्राओं ने दिखाई जागरूकता,
किया गया पुरस्कार वितरण
???? एचआईवी/एड्स के संक्रमण और बचाव पर हुई विस्तृत चर्चा, हेल्प लाइन 1097 की जानकारी दी गई
केवलारी महावीर न्यूज 29. विश्व एड्स दिवस के अवसर पर जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (DIET) केवलारी में एक वृहद जन-जागरूकता कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न कराया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य एचआईवी/एड्स के प्रति समाज को जागरूक करना था, जिसमें बड़ी संख्या में छात्राoओं और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने हिस्सा लिया।
???? प्रतियोगिताओं के माध्यम से जागरूकता
कार्यक्रम के दौरान संस्थान की सभी छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और एचआईवी/एड्स से संबंधित जन-जागरूकता पर आधारित रंगोली और पोस्टर प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। छात्राओं ने अपनी रचनात्मकता का प्रदर्शन करते हुए बीमारी के बचाव और रोकथाम के संदेशों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। प्रतियोगिता के समापन पर विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार वितरण भी किया गया।

????️ स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने दी महत्वपूर्ण समझाइश
जागरूकता अभियान के तहत कार्यक्रम में उपस्थित स्वास्थ्य विशेषज्ञों द्वारा एचआईवी/एड्स एवं सिफलिस से संबंधित महत्वपूर्ण समझाइश दी गई। उन्होंने बीमारी के संक्रमण के तरीकों, उपचार, और बचाव पर विस्तार से चर्चा की। वक्ताओं ने बताया कि एचआईवी/एड्स की अधिक जानकारी और परामर्श हेतु राष्ट्रीय हेल्प लाइन नंबर 1097 उपलब्ध है। साथ ही, एचआईवी/एड्स (निवारण और नियंत्रण) अधिनियम, 2017 के प्रावधानों के बारे में भी बताया गया।
????⚕️ इनकी रही उपस्थिति
कार्यक्रम को सफल बनाने में सिविल अस्पताल केवलारी एवं खंड स्वास्थ्य विभाग की महत्वपूर्ण भागीदारी रही। इस अवसर पर श्रीमान खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. अमृत कुमार लकरा, डॉ० जी लकरा एम.ओ, डॉ. अंकुर उपाध्याय एम.ओ, डॉ. अक्षय अवधवाल एम.ओ, बीपीएम योगेश मंडाले, श्री आर.एल. ठाकुर प्रभारी बीईई, श्रीमती संजना राय आईसीटीसी काउंसलर, श्री टोपेश पटले आईसीटीसी एल.टी. एवं सिविल अस्पताल केवलारी के समस्त स्टाफ मौजूद रहे।
प्रयास करें प्रयास से ही सफलता मिलती है
- शिक्षा किसी से नहीं करती भेदभाव, समाज की प्रगति के लिए करें कार्य
- लोधी क्षत्रिय समाज का प्रतिभा सम्मान समारोह और युवक-युवती परिचय सम्मेलन आयोजित
मंडला महावीर न्यूज 29. लोधी क्षत्रिय समाज का प्रतिभा सम्मान समारोह और युवक-युवती परिचय सम्मेलन बम्हनीबंजर में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि लोकेश कुमार लिल्हारे कमिश्नर जीएसटी जबलपुर, आचार्य हरि गोविंद दास महाराज प्रमुख पुराणाचार्य मथुरा-वृंदावन, साध्वी राधिका पटेल, अपराजिता आईएसएस एकेडमी की डायरेक्टर चंद्रसिंह पटेल, राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष आलोक, प्रदेशाध्यक्ष आलोक मध्यप्रदेश एसके गिरिया, अखिल भारतीय लोधी महासभा के प्रदेशाध्यक्ष संजय पटेल, वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष सीताराम पटेल सहित अनेक अतिथि मौजूद रहे।
मुख्य अतिथि लोकेश लिल्हारे ने कहा कि प्रयास करें, प्रयास से ही सफलता मिलती है। आप में से ही आगे चलकर कलेक्टर और एसपी निकलेंगे। उन्होंने अभिभावकों से कहा कि जो बेटियां 75 प्रतिशत से अधिक अंक पाकर सफल हो रही हैं, उनके विवाह में जल्दबाजी न करें, उन्हें अपनी मंजिल हासिल करने दें, उसके बाद विवाह कराएं। युवाओं को सीखते रहने और नशे से दूर रहने की प्रेरणा देते हुए उन्होंने कहा कि समाज को नशामुक्त बनाने सभी को एकजुट होकर कार्य करना होगा। जो युवक जुआ, सट्टा और नशे का आदि हों, ऐसे युवकों को अभिभावक अपनी बेटियां न दें। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं और युवाओं ने आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
प्रतिभावानो का सम्मान
कक्षा 10वीं और 12वीं में आगामी परीक्षा वर्ष 2025 के लिए 75 प्रतिशत से अधिक अंक अर्जित करने वाले समाज के एक सैकड़ा से अधिक विद्यार्थियों को रानी अवंति बाई का मोमेंटो, प्रमाणपत्र, डाक्यूमेंट्री फाइल और मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही शासकीय सेवा प्राप्त करने वाले, शिक्षा व अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले, सेवानिवृत्त कर्मचारियों तथा समाज के उल्लेखनीय योगदानकर्ताओं को भी सम्मानित किया गया। लोधी धर्मशाला निर्माण में विशेष सहयोग करने वालों को भी सम्मान दिया गया। आचार्य हरि गोविंद दास महाराज ने अपने उद्बोधन में कहा कि न दहेज लें न दें, जो दहेज की मांग करे उस घर में बेटी का विवाह न करें, शिक्षित होना अत्यंत आवश्यक है। साध्वी राधिका पटेल ने कहा कि बेटों और बेटियों में भेदभाव न करें, बेटियों को भी उच्च शिक्षा प्रदान करें। युवक-युवती पंजीयन का कार्य हुलकर सिंह ठाकुर और उनकी टीम ने किया।
ये रहे उपस्थित
जिला मीडिया प्रभारी मंगल सिंह ठाकुर ने बताया कि समाज को सुगठित बनाकर आगे बढ़ाने का संकल्प सभी को लेना चाहिए। कार्यक्रम में आलोक संगठन के प्रदेश अध्यक्ष एसके गिरिया, लोधी महासभा के प्रदेश उपाध्यक्ष संजय पटेल, प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष सीताराम पटेल, जिलाध्यक्ष आलोक नरेश पटेल, प्रदेश संगठन सचिव गोविंद लोधी, प्रदेश मीडिया प्रभारी आलोक बालसिंह ठाकुर सहित बड़ी संख्या में समाजजन, मातृशक्ति, युवा और वरिष्ठजन उपस्थित रहे। स्वागत भाषण जिला समाज के संरक्षक रवि ठाकुर ने दिया। कार्यक्रम संचालन कन्हैया ठाकुर जिलाध्यक्ष लोधी क्षत्रिय समाज मंडला एवं के.के. ठाकुर पूर्व महासचिव आलोक मध्यप्रदेश ने किया। सहयोगी पदाधिकारियों में ओपी सिरसे, संजय कुमार ठाकुर, सतेंद्र लोधी, नारायण जंघेला, पी मुरगन ठाकुर, हरी ठाकुर, शिवेश ठाकुर, लखन ठाकुर, चित्रभूषण ठाकुर, रश्मि जंघेला, गुलाब सिंह सिंगरौरे, गणेश सिंगरौरे, टीकाराम जंघेला, रामकुमार सिंगरौरे, अशोक ठाकुर, अषादु लाल जंघेला, एड. विजय जंघेला, सुनील जंघेला, शैलेश सिंह लोधी, ओमप्रकाश लोधी सहित अनेक पदाधिकारी मौजूद रहे।
पेंचवेली ट्रेन मंडला फोर्ट से ही चले, रेलवे संघर्ष समिति की अहम बैठक
- मांगें पूरी न होने पर रेल रोको आंदोलन की चेतावनी, आज होगी प्रेस कॉन्फ्रेंस
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला रेल्वे संघर्ष समिति की एक अहम बैठक आयोजित की गई। जिसमें पेंचवेली एक्सप्रेस के रूट को लेकर बड़ा निर्णय लिया गया। समिति की मुख्य मांग है कि पेंचवेली ट्रेन न बालाघाट जाए और न ही गोंदिया, यह केवल मंडला फोर्ट से ही संचालित हो। बैठक में बिलासपुर-जबलपुर-पेंड्रा-घंसौर नवीन रेलमार्ग और मंडला फोर्ट में कोचिंग डिपो के निर्माण की मांग पर भी चर्चा हुई। समिति ने अपनी मांगों को लेकर मंडला लोकसभा सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते और विवेक तंखा से दूरभाष पर बात की है, जिन्होंने जल्द ही रेल विभाग से चर्चा कर अपडेट देने का आश्वासन दिया है।
आज 2 दिसंबर को प्रेस कॉन्फ्रेंस
समिति ने अपनी जनमांगों को व्यापक रूप से उठाने के लिए आज 2 दिसंबर को दोपहर 2 बजे चिलमन चौक स्थित होटल पैराडाइज के पीछे एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित करने की घोषणा की है। समिति ने सभी मीडियाकर्मियों से इस जनमांग को मंत्री और सांसदों तक पहुँचाने की अपील की है।
समिति ने दी चेतावनी
आयोजित बैठक में समिति ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि जनमांगें पूरी नहीं हुईं, तो आगामी आंदोलन बड़ा होगा, जिसमें रेल रोको आंदोलन, जिले के चारों दिशाओं के रोड का चक्का जाम और पुतला दहन शामिल होगा। बैठक में अनूप मिश्रा, अनूप बासल, अशोक मर्सकोले, अखिलेश सोनी, अभिजीत सोनवानी, राजेश साहू, अभिषेक जैन, संतोष कछवाहा, प्रियांशु ज्योतिषी, नफीश खान, गुंजनश्री अग्रवाल, राधा गुप्ता, राजेंद्र अग्रवाल, राजेंद्र नेमा, मुकेश कछवाहा, सैयद नजीर अली, सैयद जावेद अली, चंद्र मोहन सराफ, राजेश तिवारी, डीएस वरकड़े, चंद्रगुप्त नामदेव, जितेन्द्र, पुराण ठाकुर, श्रीकांत कछवाहा, प्रदीप खरबंदा, गणेश पटेल, पोहप सिंह भारत, राजा भैया, धीरेन्द्र चौधरी, अनीता कोरी, राजेश सुखवानी उपस्थित रहे।
01 दिसंबर एड्स दिवस
- 12 वर्ष में 76 हजार 231 जांचे, 762 मिले एड्स पाजीटिव
- एड्स के मरीजों में पुरूष वर्ग ज्यादा
- सबसे ज्यादा जांचे गर्भवती महिला की
- जागरूकता से बचाव संभव
मंडला महावीर न्यूज 29. एड्स एक लाइलाज बीमारी है, इस बीमारी में व्यक्ति के अंदर रोग से लडऩे की क्षमता कम हो जाती है एवं व्यक्ति बार-बार बीमार पड़ता है। जिले में पिछले 12 सालों में एड्स रोगियों की संख्या में इजाफा हुआ है। जिले में वर्ष 2013 से अक्टूबर 2025 तक इन 12 वर्षो में 76 हजार 231 पुरूष, महिला और गर्भवती महिलाओं की जांच की गई। जिसमें 762 एड्स रोगी सामने आए है। समय के साथ परिस्थितियां भी बदली है। एड्स के कारण और निवारण के प्रति लोग जागरूक हुए है। जिसके चलते साल दर साल एड्स की जांच के मामलों में वृद्धि हुई है। यही वजह है कि एड्स रोगी सामने आ रहे है। वर्ष 2013 में 5542 एड्स की जांच की गई। जिसमें 1923 पुरूषों और 771 महिलाओं ने एड्स की जांच कराई। जिसमें 34 पुरूष एवं 10 महिलाएं पॉजीटिव निकली।
इसी तरह वर्ष 2013 में गर्भवती स्त्रियों की जांच की गई, जिसमें 2848 गर्भवती महिलाओं में से 12 पॉजीटिव निकली। वर्ष 2013 का आंकड़ा वर्ष 2019 में बढ़ गया। वर्ष 2019 में 9415 जांच की गई। जिसमें 1343 पुरूष, 2737 महिलाएं और 5335 गर्भवती महिलाओं ने एड्स की जांच कराई। जिसमें 33 पुरूष, 34 महिलाएं और 09 गर्भवती महिलाएं पॉजीटिव आई। इसी तरह वर्ष 2021 में जांचों का आंकड़ा 6739 रहा। जिसमें 43 पुरूष, 25 महिला और 04 गर्भवती महिलाएं पॉजीटिव आई। एड्स के मरीजों को समय समय में चिकित्सी सलाह एवं उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। एड्स से बचने के उपाय भी लोगों को बताए जा रहे है।
बताया गया कि प्रति वर्ष 1 दिसंबर को विश्व एड्स दिवस मनाया जाता है। जिसका उद्देश्य लोगों को एड्स के प्रति जागरूक करना है। जागरूकता के तहत लोगों को एड्स के लक्षण, इससे बचाव, उपचार, कारण इत्यादि के बारे में जानकारी दी जाती है और इसके साथ ही जागरूक करने के लिए कई अभियान चलाए जाते हैं जिससे इस महामारी को जड़ से खत्म करने के प्रयास किए जा सकें। साथ ही एचआईवी एड्स से ग्रसित लोगों की मदद की जा सकें।
36 हजार 310 गर्भवती की जांच, 77 पॉजीटिव
वर्ष 2013 से अक्टूबर 2025 तक 36 हजार 310 गर्भवती महिलाओं की जांच की गर्ई। इन 12 वर्षो में जांच के दौरान 77 महिलाएं एचआईवी पॉजीटिव आई। एचआईवी जांच में पुरूष वर्ग व महिला वर्ग से ज्यादा गर्भवती महिलाओं की जांच की जाती है। शासकीय अस्पताल में आने वाली प्रत्येक गर्भवती महिला की एचआईवी जांच की जाती है। इन 11 वर्षो में वर्ष 2013 में 12 गर्भवती महिला पॉजीटिव थी, जिसके बाद आंकड़े कम होते गए। वर्ष 2018 में 5 गर्भवती महिला पॉजीटिव आई। जिसके बाद इन आंकड़ों की रफ्तार बढऩे लगी। वर्ष 2019 में 09 केस, वर्ष 2020 में 10 केस, वर्ष 2021 में 04 केस और वर्ष 2022 अक्टूबर तक 09 पॉजीटिव केस के बाद यह आंकड़ा वर्ष 2023 में एक बार फिर कम हो गया और यह आकंड़ा 4 में आकर रूक गया, लेकिन वर्ष 2024 में तीने पॉजीटिव केस बढ़ गए और आंकड़ा 07 पर पहुंच गया। वहीं इस वर्ष 2025 में पॉजीटिव केस कम हुए और पांच पॉजीटिव केस ही मिले।
वर्ष 2022 में 92 एचआईवी पॉजीटिव
12 वर्षो में वर्ष 2013 से 2022 तक 611 एचआईवी पॉजीटिव केस मिले है। वर्ष 2013 में 56 केस मिले, जिसके बाद यह आंकड़ा वर्ष 2014 से 2017 तक 30 से 50 के बीच रहा। लेकिन वर्ष 2018 से संक्रमितों की संख्या में एक दम से बढ़ोत्तरी हुई। जिसमें 2018 में 8793 जांच करने के बाद 74 एचआईवी संक्रमित केस मिले। इसी तरह 2019 में 9415 व्यक्तियों की जांच में 76 केस निकले। यह आंकड़ा कम होने के वजाए फिर बढ़ा और 2020 में 6093 जांच में 79 पॉजीटिव, वर्ष 2021 में 6739 जांच में 72 पॉजीटिव और वर्ष 2022 में 6003 जांचोंं में 92 पॉजीटिव केस, वर्ष 2023 में 4056 जांच में 72 केस और वर्ष 2024 में अक्टूबर 2024 में 3024 जांचों में 38 केस सामने आए। वर्ष 2025 में 5487 जांचों में 41 केस सामने आए। वहीं वर्ष 2022 में 92 पॉजीटिव केस का यह आंकड़ा पूरे 12 सालों में सबसे ज्यादा रहा।
एड्स पीडि़त बच्चों को मिल रहा शासन की योजना का लाभ
बाल कल्याण समिति अध्यक्ष गजेन्द्र गुप्ता ने बताया कि केंद्र प्रायोजित मिशन वात्सल्य योजना के तहत गैर-संस्थागत देखभाल कार्यक्रमों के लिए प्रति बच्चा 4 हजार रुपए मासिक वित्तीय सहायता दी जा रही है। जिसमें एड्स पीडि़त बच्चे भी शामिल है। माता-पिता या बच्चा किसी के भी एड्स प्रभावित होने उन्हें 18 वर्ष तक प्रतिमाह 4 हजार रुपए की राशि दी जाती है। ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि उन्हें संस्थागत देखभाल के बिना शिक्षा, पोषण और स्वास्थ्य के लिए सहायता प्राप्त हो। जिले में पीएम केयर फॉर चिल्ड्रन, मुख्यमंत्री कोविड-19 बाल सेवा, मुख्यमंत्री बाल आर्शीवाद योजना के तहत बरीक 500 बच्चे लाभांवित है। जिसमें 40-45 बच्चों को उनके या अभिभावकों के एड्स प्रभावित होने के कारण लाभ मिल रहा है। साथ ही एचआईवी पीडि़त व्यक्तियों का नाम गोपनीय रखा जाता है।
1 से 7 दिसंबर तक मनाया जाएगा एड्स जागरूकता सप्ताह
प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी थीम अधिकारों की राह अपनाए मेरा स्वास्थ्य मेरा अधिकार मनाया जाएगा। प्रत्येक व्यक्ति का अधिकार है कि प्रत्येक व्यक्ति के अधिकारों की रक्षा की जाए, तो एड्स को विश्व से समाप्त किया जा सकता है। मानव अधिकारों को केंद्र में रखकर समुदायों की भागीदारी एवं जागरूकता से 2030 तक सार्वजनिक खतरे के रूप में एड्स को विश्व से खत्म किया जा सकता है। इस अवसर पर 1 दिसंबर से 7 दिसंबर तक एड्स पखवाड़ा मनाया जाना है। जिसमें एचआईवी एड्स की रोकथाम के लिए विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।
अप्रैल 2013 से अक्टूबर 2025 तक कुल जांच एवं नतीजे
नोट- वर्ष 2025 के आंकड़े जनवरी से अक्टूबर 2025 तक के है।
नर्मदा नदी के रंगरेज घाट में उतराता मिला अज्ञात शव
- कोतवाली पुलिस कर रही पतासाजी
मंडला महावीर न्यूज 29. कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत नर्मदा नदी के रंगरेज घाट में एक अज्ञात व्यक्ति का शव उतराता हुआ मिला। स्थानीय लोगों ने नदी किनारे शव को देखकर तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक जांच प्रक्रिया शुरू की। शव की पहचान के प्रयास जारी हैं। पुलिस के अनुसार मृत्यु के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा।
पुलिस आसपास के क्षेत्र में पूछताछ कर रही है और मिले सुरागों के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है। यदि किसी व्यक्ति के लापता होने की जानकारी हो तो नागरिकों से कोतवाली थाना से संपर्क करने की अपील की गई है। बताया गया है कि व्यक्ति की उम्र करीब 45 वर्ष है। गले में लाल रंग का गमछा लपटा हुआ है। चैक टी शर्ट पहने हुए।
नारायणगंज के बीजेगांव में जल संचय अभियान
- नवांकुर संस्था ने 110 बोरियों से किया बोरी बांधन का कार्य
- पानी रोको अभियान सफल, बोरी बांधन से मवेशियों को मिलेगा पानी
- किसानों को मिलेगी सिंचाई की सुविधा
मंडला महावीर न्यूज 29. मप्र जन अभियान परिषद मंडला के मार्गदर्शन में विकासखंड नारायणगंज के बीजेगांव ग्राम में प्रगति जन कल्याण समिति मंडला नवांकुर संस्था द्वारा जल संचय अभियान के अंतर्गत बोरी बांधन कार्य का सफल आयोजन किया गया। यह कार्य जिला समन्वयक राजेंद्र चौधरी एवं विकासखंड समन्वयक के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। बोरी बांधन कार्य से पूर्व प्रगति जन कल्याण समिति ने नवांकुर संस्था के तत्वाधान में ग्राम में सरपंच, सचिव, ग्राम रोजगार सहायक और अन्य सदस्यों के साथ एक बैठक आयोजित की। इस बैठक में जल संचयन और पानी की समस्या के समाधान हेतु योजना बनाई गई थी।
110 बोरियों से रोका गया पानी
योजना के अनुसार ग्राम के लोगों ने एकजुट होकर पानी को रोकने के लिए बोरियों में मिट्टी एकत्र की। कुल 110 बोरियों की मदद से बोरी बांधन कर पानी को रोका गया, जिससे जल संरक्षण का लक्ष्य साधा जा सका।
किसानों और मवेशियों को मिलेगा लाभ
इस जल संचय कार्य का मुख्य उद्देश्य ग्राम और आसपास के क्षेत्रों को पानी की समस्या से निजात दिलाना है। रोके गए इस पानी का उपयोग ग्राम के आसपास के गांवों के मवेशियों को पीने के लिए पानी उपलब्ध होगा। किसानों को अपनी खेती के लिए सिंचाई की सुविधा प्राप्त होगी। इस प्रकार बोरी बांधन कार्य ने कई सुविधाओं को ध्यान में रखकर पानी रोकने का सफल प्रयास किया है।
इस अभियान में प्रगति जनकल्याण समिति मंडला नवांकुर संस्था अध्यक्ष कमलेश कुमार पावले, सचिव पुष्पा उइके, परामर्शदाताओं राकेश अग्रवाल, वीरेंद्र अग्रवाल, सुरेश सोनी, कृष्ण कुमार झरिया, इंद्रा उइके एवं ग्राम विकास प्रसपुटन समिति मझगांव का सहयोग रहा। बोरी बांधन के लिए सरपंच अर्जुन उइके, सीएमसीएलडीपी छात्रा गर्जन यादव और मिथलेश की उपस्थिति उल्लेखनीय रही।
लापरवाही का आलम
- घुघरी बस स्टैंड तिराहे की खराब सड़क बनी दुर्घटनाओं का सबब
- जीआरटीसी और पंचायत पर अनदेखी का आरोप
- जानलेवा तिराहा: सड़क पर फैली गिट्टियां और अधूरी नाली
- ग्रामवासियों ने तत्काल सुधार की मांग की
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला जिले के घुघरी बस स्टैंड स्थित जनपद रोड तिराहा इन दिनों अपनी बदहाल स्थिति के कारण दुर्घटनाओं का केंद्र बन गया है। रोड निर्माण कंपनी जीआरटीसी और स्थानीय ग्राम पंचायत की लापरवाही के चलते इस महत्वपूर्ण जंक्शन पर सुधार कार्य रुका हुआ है, जिससे स्थानीय निवासियों और यात्रियों की जान जोखिम में पड़ गई है।
स्थानीय ग्रामवासियों ने बताया कि तिराहे की खराब स्थिति के लिए दो प्रमुख कारण जिम्मेदार हैं। जिसमें रोड निर्माण कंपनी जीआरटीसी द्वारा सड़क के किनारे बड़ी-बड़ी गिट्टियों को यूँ ही छोड़ दिया गया है। ये गिट्टियां फैलकर रास्ते पर आ जाती हैं, जिससे दोपहिया वाहन चालकों को भारी खतरा हो रहा है। ग्रामीणों के अनुसार, इन गिट्टियों के कारण मोटरसाइकिल सवार फिसलकर गिर जाते हैं और आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। इसके साथ ही तिराहे पर नाली का निर्माण कार्य भी अधूरा पड़ा है, जिसके कारण जल निकासी की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है। जलजमाव के कारण सड़क की स्थिति और भी बदतर हो रही है।
प्रशासन की अनदेखी से आक्रोश
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस गंभीर और जानलेवा समस्या पर न तो ग्राम पंचायत ध्यान दे रही है और न ही जिम्मेदार जीआरटीसी रोड कंपनी। दोनों की अनदेखी के कारण लोगों को रोजमर्रा की आवाजाही में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है और दुर्घटना का खतरा लगातार बना हुआ है। ग्रामवासियों ने प्रशासन से तत्काल इस अधूरे नाली और सड़क के सुधार की मांग की है जिससे जनहित में दुर्घटनाओं को रोका जा सके और स्थानीय लोगों को सुरक्षित आवागमन मिल सके।
इनका कहना है
जीआरटीसी रोड कंपनी ने यहां पर गिट्टी फैला दिया है, जिससे आए दिन हादसा हो रहा है, हम भी एक दो बार गिर चुके हैं।
प्रदीप पाठक, ग्रामवासी घुघरी
यहां पर लोग कई बार गिर चुके हैं, नाली भी अधूरा पड़ी है एवं रोड में गिट्टी डाल दी गई है जिससे हमारे पान ठेला के सामने रोज कोई न कोई गिरता रहता है।
वासु वरकड़े, ग्रामवासी घुघरी
मंडला ज्वेलर्स लूटकांड का मास्टर माइंड बिहार से गिरफ्तार
- 2 करोड़ से अधिक के लूट मामले में तीन आरोपी धर दबोचे
- एमपी और बिहार पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
- टोल प्लाजा फुटेज से हुआ खुलासा
- आरोपी कृष्णा ने गोली मारने की बात कबूली
मंडला महावीर न्यूज 29. कोतवाली थाना के कटरा क्षेत्र स्थित आयुषी ज्वेलर्स से हुई दो करोड़ से अधिक की सनसनीखेज लूट के मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। मध्यप्रदेश पुलिस ने बिहार पुलिस के साथ एक संयुक्त कार्रवाई को अंजाम देते हुए वारदात के मास्टरमाइंड मो. खालिद सहित तीन मुख्य आरोपियों को मुजफ्फरपुर जिले के विभिन्न क्षेत्रों से गिरफ्तार किया है।
जानकारी अनुसार इस कार्रवाई में खालिद के साथ शशि कुमार और कृष्णा कुमार सिंह को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों की 48 घंटे की ट्रांजिट रिमांड के लिए कोर्ट में आवेदन दिया है। पुलिस टीम तकनीकी जांच, मोबाइल टावर डंप और टोल प्लाजा के फुटेज के आधार पर सीधे मास्टरमाइंड तक पहुंची। घटना में प्रयुक्त कार और सभी आरोपियों के मोबाइल फोन भी जब्त कर लिए गए हैं।
गोली मारने की बात कबूली
पुलिस पूछताछ में आरोपी कृष्णा कुमार सिंह ने लूट के दौरान आयुषी ज्वेलर्स के कर्मचारी आयुष को गोली मारने की बात कबूल की है। गौरतलब है कि 20 नवंबर की शाम को हथियारबंद बदमाशों ने कर्मचारी पर हमला कर जेवर से भरे बैग लूट लिए थे और फरार हो गए थे।
माल बरामदगी और अन्य साथियों की तलाश जारी
पूछताछ में यह भी सामने आया है कि इस बड़ी वारदात में बिहार के साथ-साथ मध्यप्रदेश के बदमाश भी शामिल थे। मास्टरमाइंड खालिद ने अपने कई अन्य साथियों के नाम बताए हैं, जिनकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है। पुलिस टीम की प्राथमिकता अब लूटे गए सोना-चांदी की बरामदगी सुनिश्चित करना है।
शहीदों पर अभद्र टिप्पणी का मामला
- एबीवीपी ने निवास में फूंका सहायक संचालक मंडला का पुतला
- 24 घंटे में कार्रवाई न होने से संगठन नाराज
- तत्काल बर्खास्तगी और संपत्ति जांच की मांग को लेकर कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
मंडला महावीर न्यूज 29. स्वतंत्रता सेनानी शहीद भगत सिंह, चंद्रशेखर आजाद और सुभाष चंद्र बोस पर शिक्षा विभाग के सहायक संचालक माखन सिंह सेंद्राम द्वारा कथित रूप से अभद्र टिप्पणी किए जाने के मामले में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) का विरोध तेज हो गया है। उच्च अधिकारियों द्वारा 24 घंटे में कार्रवाई न किए जाने से नाराज कार्यकर्ताओं ने आज निवास तहसील परिसर के सामने जोरदार नारेबाजी करते हुए सहायक संचालक का पुतला जलाया।
बताया गया कि पूरा मामला पिछले दिनों 25 नवम्बर को सामने आया था, जब सहायक संचालक माखन सिंह सेंद्राम निवास के संदीपनी मॉडल विद्यालय पहुंचे थे और उन्होंने कथित तौर पर इन महान स्वतंत्रता सेनानियों पर अभद्र टिप्पणी की थी। इसके विरोध में एबीवीपी ने पहले भी धरना-प्रदर्शन किया था, जिसके बाद कार्रवाई के आश्वासन पर कार्यकर्ता उठे थे।
कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
कार्रवाई न होने से नाराज संगठन के कार्यकर्ताओं ने कार्यपालिक मजिस्ट्रेट सुष्मिता यूईके को कलेक्टर के नाम एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में तीन प्रमुख मांगें की गई हैं। जिसमें सख्त और कठोर कार्यवाही की जाए। सहायक संचालक को तत्काल प्रभाव से उनके पदभार से मुक्त कराया जाए। उनकी संपूर्ण संपत्ति की जांच कराई जाए। इस विरोध प्रदर्शन में अखिल भारतीय परिषद इकाई निवास के भाग संयोजक मयंक बघेल, पूर्व प्रदेश जन जाति सह कार्य प्रमुख आनंद मरावी, नगर मंत्री आनंद भवेदी सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता मौजूद रहे। वहीं, शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए निवास थाना प्रभारी वर्षा पटेल सहित उनका पुलिस बल मौजूद था।
रिपोर्टर- रोहित प्रशांत चौकसे
सीआरपीएफ जवान ने पेश की मानवता की मिसाल
- प्रसव के बाद जरूरतमंद महिला को किया रक्तदान
- ब्लड बैंक में ए पॉजिटिव रक्त नहीं था उपलब्ध
- 148वीं वाहिनी के सिपाही अशोक कुमार ने दी जीवनदान
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला जिले में 148वीं वाहिनी केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल के एक जवान ने मानवता की मिसाल पेश करते हुए एक जरूरतमंद महिला को तत्काल रक्त उपलब्ध कराया है। वाहिनी में तैनात सिपाही अशोक कुमार ने जिला चिकित्सालय पहुंचकर एक यूनिट ए पॉजिटिव रक्त का दान किया, जिससे प्रसव के बाद उस महिला का जीवन बचाने में मदद मिली।
बताया गया कि ग्राम उमरिया, नैनपुर निवासी 28 वर्षीय श्रुति सरोते पति सुबोध सरोते को प्रसव के उपरांत ए पॉजिटिव रक्त की आवश्यकता थी। जिला चिकित्सालय के डॉक्टरों ने रक्त चढ़ाने की सलाह दी, लेकिन ब्लड बैंक में यह रक्त समूह उपलब्ध नहीं था। रक्त की कमी को देखते हुए परिजनों ने 148वीं वाहिनी केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल से संपर्क किया।
कमांडेंट के निर्देशन में तत्काल सहायता
वाहिनी के कमांडेन्ट विक्रांत सारंगपाणि के निर्देशन में कार्यरत सिपाही अशोक कुमार तत्काल जिला चिकित्सालय पहुँचे। उन्होंने शुक्रवार को एक यूनिट ए पॉजिटिव रक्त रक्तदान किया। वाहिनी कमांडेंट ने बताया कि जिले के जरूरतमंदों की नियमित रूप से सहायता कर रही है।
रक्तदान के लिए किया प्रोत्साहित
इस नेक पहल के बाद सिपाही अशोक कुमार ने आम जन-मानस को रक्तदान करने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने संदेश दिया कि रक्तदान करने से स्वास्थ्य पर कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ता है, बल्कि यह सबसे बड़ा जीवन दान है।
बिलगांव के किसान की जैविक क्रांति
- उद्योगिनी संस्था की पहल से मिली सफलता
- लागत में आई कमी, उत्पादन की गुणवत्ता और मुनाफा बढ़ा
- सब्जियों की बाजार में विशेष मांग
मंडला महावीर न्यूज 29. वनांचल विकासखंड मवई के ग्राम बिलगांव के एक प्रगतिशील किसान ने जैविक खेती को सफलता पूर्वक अपनाकर अन्य किसानों के लिए एक मिसाल पेश की है। उद्योगिनी संस्था द्वारा प्रदान किए गए वर्मी बेड की सहायता से किसान अब स्वयं उच्च गुणवत्ता वाला वर्मी कम्पोस्ट तैयार कर रहे हैं और पूरी तरह जैविक पद्धति से कृषि कार्य कर रहे हैं।
किसान ने बताया कि संस्था के मार्गदर्शन और सहयोग के बाद उन्होंने गोबर आधारित जैविक खाद का अधिक उपयोग शुरू कर दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि जैविक खेती की ओर पूरी तरह से लौटने के कारण उनकी लागत में उल्लेखनीय कमी आई है और फसलों के उत्पादन की गुणवत्ता भी बेहतर हुई है।
बाजार में विशेष मांग
किसान द्वारा उगाई जा रही सब्जियों में टमाटर, गोभी, बैंगन, आलू, पालक, मेथी, धनिया पत्ती, भाजी और लौकी में वर्मी कम्पोस्ट और गोबर खाद का भरपूर उपयोग किया जा रहा है। किसान का कहना है कि जैविक खाद के उपयोग से फसलों का स्वाद और ताजगी बढ़ गई है, जिसके चलते उनकी सब्जियों की बाजार में विशेष मांग रहती है।
बाजार में अच्छे दाम पर बिकने के कारण उन्हें पूर्व की तुलना में अधिक मुनाफा प्राप्त हो रहा है। लागत में बचत और बढ़ी हुई आमदनी से उनका परिवार आर्थिक रूप से मजबूत हुआ है। किसान ने उद्योगिनी संस्था का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संस्था के मार्गदर्शन से उन्हें जैविक खेती की सही दिशा मिली, जो अब उनके लिए अत्यंत लाभदायक साबित हो रही है।
32 महिलाओं का रजिस्ट्रेशन, 21 महिलाओं का हुआ ऑपरेशन
- फिक्स डे शिविर अंतर्गत महिला नसबंदी शिविर आयोजित
- महिलाओं का दूरबीन पद्धति से हुआ नसबंदी ऑपरेशन
मंडला महावीर न्यूज 29. महिला नसबंदी शिविर फिक्स डे के अंतर्गत सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र नारायणगंज में आयोजित किया जा रहा है। आयोजित नसबंदी शिविर में चयनित महिलाओं को नि:शुल्क सेवा प्रदान की गई। सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र नारायणगंज में आयोजित नसबंदी शिविर में 32 महिलाओं ने नसबंदी कराने रजिस्ट्रेशन कराया। जिसमें सभी महिलाओं का जांच परीक्षण किया गया। जांच के बाद 11 महिलाएं ऑपरेशन के लिए अपात्र हुई। जिसके बाद सभी चयनित 21 महिलाओं का नसबंदी ऑपरेशन के लिये चयन किया गया। शिविर में आई महिलाओं की नसबंदी ऑपरेशन के बाद नि:शुल्क दवाएं देकर डिस्चार्ज किया गया।
जानकारी अनुसार सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र नारायणगंज में दूरबीन पद्धति से महिला नसबंदी शिविर के लिये अधिकारियों, कर्मचारियों को तैनात किया गया था। जिससे शिविर सफलता पूर्वक संपन्न हो सके। शिविर के सफल संचालन के लिए स्वास्थ्य केन्द्र के स्टाफ को जिम्मेदारी सौंपी गई। शिविर में प्रशासनिक व्यवस्था के लिए शिविर प्रभारी सीबीएमओ डॉ. अमृत लाल कोल, महिलाओं के पंजीयन के लिए बीईई विजय मरावी, मदन लाल परते, नरेन्द्र सुपरवाईजर, काउंसिलिंग संध्या मरावी, महिला जांच एवं परीक्षण के लिए नर्सिंग ऑफीसर राजकुमारी सैयाम, बीपी जांच डॉ. राजेश अहिरवार, डॉ. राकेश विश्रोई, पैथालॉजी जांच के लिए मोनिका सिंगरौरे, प्रदीप कछवाहा और वीर सिंह, ओटी में सोनिका उइके, प्रर्मिला पुष्पकर, प्रतिमा हरदहा, सपना पटेल, सूरज यादव, नसबंदी ऑपरेशन के पूर्व इंजेक्शन एवं ड्यूटी में नर्सिंग स्टाफ निश्तेतक इंजेक्शन लगान के लिए डॉ. देशबंधु उइके, कैम्प की व्यवस्था के लिए फार्मासिस्ट कमलेश सिंह समेत अन्य व्यवस्थाओं में स्टाप के अन्य कर्मचारियों ने सहयोग किया।
सीबीएमओ डॉ. अमृत लाल कोल ने बताया कि शिविर में एलटीटी सर्जन डॉ. गौरव जेटली ने नसबंदी ऑपरेशन किया। ऑपरेशन के पूर्व मेडिकल ऑफीसर द्वारा जांच की गई। महिलाओं का ऑपरेशन से पूर्व यूरिन, रक्त समेत अन्य जांचे पैथोलॉजी में कराई गई। अस्पताल परिसर में नसबंदी ऑपरेशन कराने पहुंची महिलाओं ने परिजनों व छोटे बच्चों के साथ डेरा डाल दिया था। सभी जांचों के बाद महिलाओं का नसबंदी ऑपरेशन किया गया।
पुरूषों की भागीदारी आवश्यक
बीईई विजय मरावी ने बताया कि परिवार कल्याण कार्यक्रम द्वारा जानकारी दी गई है कि पुरूष नसबंदी का मुख्य उद्देश्य है कि महिलाओं के साथ पुरूष की भागीदारी आवश्यक है। जिससे पुरूष परिवार नियोजन अपनाकर अपनी भागीदारी तय कर सके। पुरूष नसबंदी एक सरल पद्वति से की जाती है। जिसे बिना चीरा, बिना टांका पुरूष नसबंदी ऑपरेशन कहते हैं। ऑपरेशन कराने वाले पुरूषों को सरकार के द्वारा एक क्षतिपूर्ति प्रोत्साहन के रूप में तीन हजार रूपये दिये जाते हैं।
ग्रामीणों के सहयोग से थमेगा अपराध
- मोतीनाला थाना में ग्राम रक्षा समिति की बैठक
- सुरक्षा व्यवस्था को लेकर हुई विस्तृत चर्चा
- नशा मुक्ति और गश्त व्यवस्था पर बनी सहमति
मंडला महावीर न्यूज 29. थाना मोतीनाला परिसर में हाल ही में ग्राम रक्षा समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में स्थानीय ग्रामीण, समिति के सदस्य और पुलिस विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना, आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाना और गांवों में गश्त व्यवस्था को और अधिक सशक्त बनाना था।
पुलिस अधिकारियों ने जोर देकर कहा कि अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण केवल ग्रामीणों की सक्रिय सहभागिता से ही संभव है। अधिकारियों ने समिति सदस्यों से विशेष आग्रह किया कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी या सूचना तुरंत थाना मोतीनाला को दें, ताकि पुलिस समय रहते आवश्यक कार्रवाई कर सके।
जागरूकता अभियान चलाने पर सहमति
बैठक में कई सामाजिक और सुरक्षा संबंधी मुद्दों पर सहमति बनी। मुख्य रूप से नशा मुक्ति अभियान चलाने, अवैध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने और किशोरों में बढ़ती गलत प्रवृत्तियों को रोकने के लिए गांव-गांव में जागरूकता अभियान चलाने पर बल दिया गया। अधिकारियों ने ग्राम रक्षा समिति को गांवों की सुरक्षा का एक महत्वपूर्ण हिस्सा बताते हुए कहा कि पुलिस प्रशासन ग्रामीणों के सहयोग से क्षेत्र में सुरक्षित और शांतिपूर्ण वातावरण सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
ये रहे उपस्थित
उपस्थित ग्रामीणों ने भी क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पुलिस को हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। बैठक में थाना प्रभारी हेमंत बाबरिया, उपनिरीक्षक श्रीचंद मरावी, एएसआई ज्ञानेश्वर इडपचे समेत सालगुरम घावड़े, पलाश पटेल, राहुल पटले, मयंक मरावी, सागर परते, विकाश बिसेन, राहुल धुर्वे, मनोज, अनिल एवं समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।
रिपोर्ट- सुशील बंजारा, मोतीनाला, मवई
पांडीवारा चौकी में वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन
- सामुदायिक पुलिसिंग को मिला युवाओं का उत्साहपूर्ण समर्थन
- महाराजपुर टीम रही विजेता
- युवाओं में खेल भावना बढ़ाने और पुलिस के प्रति विश्वास सुदृढ़ करने का रहा उद्देश्य
मंडला महावीर न्यूज 29. पुलिस अधीक्षक मंडला रजत सकलेचा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मंडला शिवकुमार वर्मा के मार्गदर्शन में पुलिस चौकी पांडीवारा, थाना बम्हनी द्वारा सामुदायिक पुलिसिंग के तहत वॉलीबॉल खेल प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में आसपास के ग्रामों से कुल 10 टीमों ने सहभागिता कर युवाओं ने उच्च स्तरीय उत्साह और खेल भावना का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में ग्राम महाराजपुर की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, बारिया टीम द्वितीय स्थान पर रही, जबकि खालौड़ी टीम ने तृतीय स्थान हासिल किया। विजेता टीमों को मैच समिति द्वारा आकर्षक पुरस्कार ट्रैक सूट, टी-शर्ट एवं फस्र्ट एड बॉक्स प्रदान किए गए। इस अवसर पर थाना प्रभारी बम्हनी अरुण भदौरिया, चौकी प्रभारी पांडीवारा उनि राजेन्द्र सिलेवार, थाना-चौकी के अधिकारी-कर्मचारी, खिलाड़ी एवं बड़ी संख्या में ग्रामजन उपस्थित रहे, जिससे कार्यक्रम को व्यापक सफलता मिली।
खेल के माध्यम से विश्वास सुदृढ़ करना लक्ष्य
इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं में खेल भावना को बढ़ाना, समाज में पुलिस के प्रति विश्वास सुदृढ़ करना तथा युवाओं की सक्रिय भूमिका निर्धारित करना था। सामुदायिक पुलिसिंग की यह पहल ग्रामीण और पुलिस प्रशासन के बीच बेहतर संबंध स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुई।
मंडला में रचा नया इतिहास, पर्यटन को मिली नई रफ्तार
- कान्हा नेशनल पार्क की ग्वारा हवाई पट्टी से पीएम श्री हेली पर्यटन सेवा की पहली उड़ान
- हवाई यात्रा से बांधवगढ़ रवाना हुए पहले यात्री
- मंडला की अर्थव्यवस्था होगी मजबूत
मंडला महावीर न्यूज 29. पर्यटन को नई गति देने और आम नागरिकों को हवाई सुविधा से जोडऩे के उद्देश्य से शुरू की गई प्रधानमंत्री श्री हेली पर्यटन सेवा का शुभारंभ मंडला जिले में शानदार अंदाज में हो चुका है। इस विशेष सेवा के तहत शुक्रवार को कान्हा नेशनल पार्क स्थित ग्वारा हवाई पट्टी से पहली उड़ान भरकर जिले के यात्रियों ने एक नया इतिहास रच दिया है।
जानकारी अनुसार कान्हा से बाधवगढ़ के लिए उड़ान भरने वाले पहले यात्री मंडला निवासी अमित गुरुवानी और उनके मित्र रहे, जिन्होंने हेलीकॉप्टर में सवार होकर रोमांचक यात्रा का आनंद उठाया। उड़ान के दौरान पर्यटक बेहद उत्साहित नजर आए और उन्होंने इस अनुभव को अविस्मरणीय बताया।
बताया गया कि यात्रियों ने इस सुविधा की सराहना करते हुए कहा कि कान्हा जैसे विश्व प्रसिद्ध टाइगर रिजर्व से आकाश के रास्ते पर्यटन का रोमांच बिल्कुल अलग है और यह सुविधा मंडला के पर्यटन परिदृश्य को एक नई ऊँचाई देगी। यात्रियों ने जिले और आसपास के पर्यटकों से अपील की है कि वे परिवार और मित्रों संग इस सेवा का लाभ लें और बांधवगढ़, मैहर, पचमढ़ी, अमरकंटक जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों का खूबसूरत नजारा हवा से देखने का आनंद उठाएं।
स्थानीय अर्थव्यवस्था को मिलेगा बल
बताया गया कि मंडला में 20 नवंबर से पीएम श्री हेली पर्यटन सेवा की शुरुआत हो चुकी है। इसका मुख्य उद्देश्य मध्यप्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों के बीच तेज, सुरक्षित, आधुनिक और रोमांचक आवागमन उपलब्ध कराना है, जिससे यहाँ आने वाले देश-विदेश के पर्यटकों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हो सके। पर्यटन विकास के साथ यह कदम स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूत करने में अहम भूमिका निभाएगा। लोगों में इस सेवा को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है और आने वाले दिनों में उड़ानों की संख्या और यात्री सुविधा बढऩे की उम्मीद है।
पुरुष नसबंदी के सफल क्रियान्वयन के लिए बैठक आयोजित, 2 दिसंबर को शिविर
- दो बच्चों वाले दंपतियों की सूची 1 दिसंबर तक करें जमा
- लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई, बीईई ने दिए निर्देश
मंडला महावीर न्यूज 29. जिले में पुरुष नसबंदी पखवाड़ा के सफल क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणगंज में एक बैठक का आयोजन किया गया। बताया गया कि यह पखवाड़ा 21 नवंबर से 4 दिसंबर तक जिले के सभी सीएचसी में आयोजित किया जा रहा है, जिसका मुख्य उद्देश्य परिवार नियोजन कार्यक्रमों में पुरुषों की भागीदारी को बढ़ाना है।
जानकारी अनुसार पुरुष नसबंदी पखवाड़ा अंतर्गत नारायणगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में 2 दिसंबर को पुरुष नसबंदी शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर की तैयारियों की समीक्षा और स्वास्थ्य कर्मचारियों को दिशा-निर्देश देने के लिए सीबीएमओ डॉ. अमृत लाल कोल के मार्गदर्शन में बीईई विजय मरावी की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में बीईई विजय मरावी के साथ सुपरवाइजर राजेश साहू, जेपी उइके, एमएल परते, एलएस परस्ते, एमपीडब्ल्यू एमएल कुशराम, पीएस तेकाम, केएल साहू, सुखलाल मरावी समेत अन्य स्वास्थ्य कर्मचारी मौजूद रहे।
लक्ष्यों पर दे विशेष ध्यान
बीईई विजय मरावी ने बैठक में उपस्थित स्वास्थ्य कर्मचारियों को शिविर से संबंधित जानकारी विस्तार से दी और सफलता के लिए आवश्यक बिन्दुओं पर विशेष ध्यान केंद्रित करने को कहा। उन्होंने कर्मचारियों को फेलुअर एलटीटी केस, पुरुष सहभागिता, कमजोर एवं अनफिट दंपति जिनके लिए महिला नसबंदी ऑपरेशन उचित नहीं है, लाड़ली लक्ष्मी योजना के हितग्राही और लक्ष्य दंपतियों पर फोकस करने के निर्देश दिए।
लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई
विजय मरावी ने सख्त लहजे में कहा कि शिविर के सफल क्रियान्वयन के लिए सभी कर्मचारी अपने-अपने क्षेत्रों में दो या दो से अधिक बच्चे वाले दंपतियों से आवश्यक रूप से संपर्क करें। ऐसे दंपतियों की एक सूची तैयार करके शिविर के एक दिन पहले 1 दिसंबर को अनिवार्य रूप से जमा करें। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बरतने पर संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
एलटीटी के लिए प्रेरित करने दिए निर्देश
बीईई विजय मरावी ने कर्मचारियों को अपने क्षेत्रों के एलटीटी फेलुअर केश की सूची बनाकर उनसे संपर्क करने और उन्हें पुरुष नसबंदी के लिए प्रेरित करने का निर्देश दिया। उन्होंने सलाह दी कि ऐसे हितग्राहियों से भी संपर्क करें जिन्होंने पहले नसबंदी करा ली है, जिससे वे चयनित होने वाले नए हितग्राहियों से संपर्क कर उन्हें प्रेरित कर सके। उन्होंने विशेष रूप से उन दंपतियों को लक्षित करने पर जोर दिया, जहां महिलाएं एलटीटी के लिए कमजोर या अनफिट हैं। ऐसे मामलों में उनके पतियों को पुरुष नसबंदी के लिए तैयार करने और उन्हें पुरुष नसबंदी की गुणवत्ता एवं सफलता के बारे में हितग्राही के साथ साझा कर प्रेरित करने को कहा। उन्होंने लाड़ली लक्ष्मी योजना के पात्र हितग्राहियों से संपर्क स्थापित करने के लिए आंगनवाड़ी से सूची प्राप्त कर उन्हें एलटीटी के लिए प्रेरित करने का भी निर्देश दिया।
अनियंत्रित होकर पुलिया से नीचे पलटा ट्रक, बाल-बाल बचे लोग
- जबलपुर से रायपुर जा रहा था ट्रक, हादसे के बाद चालक मौके से फरार
- मंडला, पदमी चौराहे स्थित नेशनल हाइवे-30 की घटना
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला जिले में नेशनल हाईवे 30 में शुक्रवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। हिरदेनगर थाना क्षेत्र में बब्बू ढाबा के पास एक ट्रक अनियंत्रित होकर पुलिया से नीचे गिर गया और पलट गया। हालांकि ट्रक को भारी नुकसान पहुंचा है, लेकिन इस दुर्घटना में ड्राइवर सहित ट्रक में सवार सभी लोग सुरक्षित बताए जा रहे हैं। हादसे की सूचना मिलते ही हिरदेनगर पुलिस तत्काल मौके पर पहुँची और कार्यवाही शुरू की।
बताया गया कि दुर्घटनाग्रस्त ट्रक जबलपुर से रायपुर की ओर जा रहा था, इसी दौरान चालक वाहन से नियंत्रण खो दिया और तेज रफ्तार ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर चाय-नाश्ते और पान की दुकान को जोरदार टक्कर मारते हुए नाले में जा गिरा। दुकान बंद होने से कोई घायल नहीं हुआ है। हादसे में दुकान में रखी सामग्री को नुकसान पहुंचा है। पीडि़त दुकानदार के अनुसार करीब एक लाख का नुकसान हुआ है।
दुर्घटना के तुरंत बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक के नंबर के आधार पर आवश्यक जानकारी जुटाकर ट्रक मालिक को सूचित कर दिया है। फिलहाल पुलिस दुर्घटना के सही कारणों की जांच कर रही है और साथ ही फरार चालक की तलाश भी जारी है। पुलिस द्वारा जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि दुर्घटना तेज रफ्तार या अन्य किसी कारण से हुई है।
शादी का प्रलोभन देकर किया नाबालिग आदिवासी युवती से दुष्कर्म
- आरोपी संतोष यादव को आजीवन कारावास और अर्थदंड
- पॉक्सो एक्ट में कठोर फैसला
- विशेष न्यायालय ने एससी, एसटी एक्ट के तहत दोषी करार देते हुए 23 वर्षीय आरोपी को भेजा जेल
मंडला महावीर न्यूज 29. जिले में चिह्नित एवं जघन्य सनसनीखेज मामलों में त्वरित न्याय सुनिश्चित करते हुए विशेष न्यायाधीश (पॉक्सो एक्ट) न्यायालय जिला मंडला ने फैसला सुनाया है। न्यायालय ने नाबालिग आदिवासी युवती से बलात्कार के आरोपी संतोष कुमार यादव 23 वर्ष, निवासी बनियातारा, थाना मोहगांव को दोषी पाते हुए आजीवन कारावास और दो हजार रूपए के अर्थदण्ड से दंडित किया है।
बताया गया कि अभियोक्त्री की मुलाकात आरोपी संतोष कुमार यादव से वर्ष 2022 में उसकी बड़ी मां की लड़की की शादी में हुई थी। इसके बाद दोनों की जान पहचान बढ़ी। आरोपी ने युवती से प्रेम संबंध बनाकर शादी का प्रलोभन दिया। जब अभियोक्त्री ने खुद को गोड़ जाति आदिवासी समाज की लड़की बताकर शादी से मना किया, तो आरोपी ने उसे पत्नी बनाकर अच्छे से रखने का झूठा वादा किया। इसी प्रलोभन का फायदा उठाकर अभियुक्त ने सबसे पहले 30 मई 2022 को दोपहर के समय खेत के बाजू में नाला के पास ले जाकर उससे शारीरिक संबंध बनाकर गलत काम किया।
दूसरी घटना के बाद इनकार
पीडि़ता ने बताया कि इसके बाद भी आरोपी लगातार उससे बातचीत करता रहा और 07 अप्रैल 2023 को उसे घूमने चलने के लिए बुलाया। आरोपी उसे स्कूटी में बिठाकर उमरडीह और उसके गांव के बीच जंगल में ले गया और दोबारा शारीरिक संबंध बनाकर दुष्कर्म किया। इसके बाद आरोपी ने युवती को गांव के बाहर छोड़ा और शादी से साफ इनकार करते हुए कहा मैं तेरे से शादी नहीं करता, तुझे जो लगे सो कर लेना और वहाँ से चला गया। युवती की लिखित रिपोर्ट पर थाना मोहगांव में आरोपी के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।
प्रकरण में आरोपी को दण्ड से किया दण्डित
विवेचना के दौरान अभियोक्त्री के चिकित्सीय परीक्षण, 164 दण्ड प्रक्रिया संहिता (दप्रस) के बयान दर्ज किए गए और आवश्यक नमूना प्रदर्श आरएफएसएल जबलपुर भेजे गए। विवेचना पूर्ण कर पॉक्सो एक्ट और एससी, एसटी एक्ट की धाराओं के तहत न्यायालय में अभियोग पत्र प्रस्तुत किया गया। विचारण के दौरान अभियोजन द्वारा प्रस्तुत साक्ष्य और तर्कों से सहमत होते हुए विशेष न्यायाधीश ने आरोपी को उक्त दण्ड से दण्डित किया। इस प्रकरण में शासन की ओर से अभियोजन का संचालन वरिष्ठ सहायक जिला लोक अभियोजन अधिकारी प्रतिभा तारन द्वारा सफलतापूर्वक किया गया।
जल संरक्षण, जैविक कृषि और महिला सशक्तिकरण से सशक्त होगा ग्रामीण विकास
- मंडला के बम्हनी गांव में समग्र ग्रामीण विकास कार्यक्रम का उद्घाटन, 1000 से अधिक ग्रामीण हुए शामिल
- एचडीएफसी बैंक और अर्पण सेवा संस्थान की पहल
मंडला महावीर न्यूज 29. ग्रामीण विकास को समग्र रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से एचडीएफसी बैंक परिवर्तन और अर्पण सेवा संस्थान के सहयोग से शुरू किए गए समग्र ग्रामीण विकास कार्यक्रम का उद्घाटन समारोह मंडला जिला के नारायणगंज ब्लॉक के बम्हनी गांव में अत्यंत उत्साह के साथ आयोजित किया गया। इस ऐतिहासिक पहल में 20 परियोजना गांवों के ग्राम सरपंचों सहित एक हजार से अधिक किसानों, महिलाओं और ग्रामीणों ने भाग लिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि निवास विधायक चैनसिंह वरकड़े, विशेष अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। इस अवसर पर आशाराम भारतीय जनपद पंचायत अध्यक्ष, भूपेंद्र वरकड़े जिला पंचायत सदस्य, अविनाश शर्मा जनपद पंचायत उपाध्यक्ष, एचडीएफसी बैंक सीएसआर से विकास गुप्ता और अर्पण सेवा संस्थान के महा सचिव याशंकर शिवहरे सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने शिरकत की।
छह मुख्य क्षेत्रों पर ध्यान किया केंद्रित
उद्घाटन सत्र में समग्र ग्रामीण विकास कार्यक्रम के तहत भविष्य में की जाने वाली पहलों पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम का उद्देश्य छह मुख्य क्षेत्रों में परिवर्तन लाना है। जिसमें जल संरक्षण एवं प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन, शिक्षा और कौशल विकास, जैविक कृषि को प्रोत्साहन, महिला सशक्तिकरण शामिल है।
संवाद सत्र किया आयोजित
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों और हितग्राहियों के साथ संवाद सत्र भी आयोजित किए गए, जिसमें कृषि उत्पादकता बढ़ाने और स्थानीय समुदायों को आत्मनिर्भरता की ओर ले जाने के उपायों पर गहन विचार-विमर्श हुआ। ग्रामीणों ने अर्पण सेवा संस्थान की पूर्व परियोजनाओं की सफलता से प्रेरणा ली और इस नई पहल को लेकर अपना उत्साह स्पष्ट रूप से व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन घनश्याम जाट ने किया और यह आयोजन एचडीएफसी बैंक, अर्पण सेवा संस्थान और स्थानीय समुदाय के बीच सहयोग को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ है।
नैनपुर पुलिस की देर रात बड़ी कार्रवाई
- जुआ फड़ पर छापा, 7 आरोपी रंगेहाथ गिरफ्तार
- 8 लाख से अधिक का मशरूका जब्त
- एसपी के निर्देश पर एक्शन, बीजेगांव में चल रहे जुआ फड़ का भंडाफोड़
- जुआ खिलाने वालों की तलाश जारी
मंडला महावीर न्यूज 29. पुलिस अधीक्षक मंडला रजत सकलेचा ने जिले में अवैध गतिविधियों पर त्वरित और प्रभावी कार्रवाई के स्पष्ट निर्देश दिए है। जिसके पालन में नैनपुर पुलिस ने देर रात बड़ी सफलता हासिल की है। गुरूवार रात ग्राम बीजेगांव में एक जुआ फड़ पर छापा मारकर सात आरोपियों को रंगेहाथ गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नगदी, मोबाइल और वाहन सहित 8 लाख 19 हजार 170 रूपए का कुल मशरूका जब्त किया है।
जानकारी अनुसार थाना नैनपुर प्रभारी को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम बीजेगांव में तेजलाल उइके के घर के पास जुआ फड़ संचालित हो रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मंडला शिवकुमार वर्मा एवं एसडीओपी नैनपुर मनीष राज के मार्गदर्शन पर त्वरित कार्यवाही की रूपरेखा तैयार की गई। थाना नैनपुर एवं चौकी पिंडरई की दो विशेष टीमों का गठन किया गया, जिन्होंने देर रात संयुक्त रूप से छापे की कार्रवाई को अंजाम दिया।
बताया गया कि छापेमारी के दौरान तेजलाल उइके के घर के हॉल में सात आरोपियों को हार-जीत की बाजी लगाकर जुआ खेलते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया। गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध बीएनएस के तहत प्रासंगिक धाराओं में प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है। गठित पुलिस टीम द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपियों में संतोष गोमास्ता, बलराम गोमास्ता, तेजलाल उइके, धर्मेन्द्र सिंह राजपूत, नितेश अवधवाल सभी मंडला जिले के निवासी और झामसिंह चौधरी, राकेश चौबे दोनों सिवनी जिले के निवासी शामिल हैं।
बताया गया कि पुलिस टीम ने जुआरियों के कब्जे से नगद 43 हजार 170 रूपए, ताश के 52 पत्ते, 06 एंड्रॉयड मोबाइल, 03 मोटर साइकिल और 01 टवेरा वाहन सहित 8 लाख 19 हजार 170 रूपए मूल्य का सामान जब्त किया है। इसके साथ ही जुआ खिलाने वाले मुख्य आरोपी सोनू ढीमर पिंडरई, राजकुमार तिवारी जल्तारा एवं गोलू खान नैनपुर सहित कुछ अन्य आरोपियों द्वारा लगातार स्थान बदलकर जुआ खिलवाया जाना पाया गया है, जिनकी तलाश में पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। यह पूरी कार्रवाई निरीक्षक बलदेव सिंह मुजाल्दा के नेतृत्व में एक सशक्त टीम द्वारा की गई।
थानमगांव में पुनर्जीवित कृषि को मिली नई दिशा
- पीजीएस इंडिया प्रमाण पत्र वितरण कर किसानों को किया सम्मानित
- मिट्टी की उर्वरता और पर्यावरण संरक्षण के लिए जैविक खेती आवश्यक-विधायक चैन सिंह बरकड़े
मंडला महावीर न्यूज 29. निवास विकासखण्ड के थानमगांव ग्राम पंचायत में नाबार्ड एवं प्रदान संस्था के सहयोग से गठित वाटरशेड विकास समिति ने जैविक एवं पुनर्जीवित कृषि को बढ़ावा देने के लिए एक विशेष जागरूकता और सम्मान कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लिया, जहाँ महिलाओं की भूमिका, टिकाऊ खेती की आवश्यकता और बदलते कृषि परिवेश में जैविक खेती के महत्व पर गहन चर्चा हुई। कार्यक्रम में वरिष्ठ कृषि अधिकारी अनीता उपाध्याय, पंकज धुर्वे, वरिष्ठ उद्यानिकी अधिकारी बसंत उइके, आजीविका मिशन से ब्लॉक प्रबंधक पूजा शर्मा, नाबार्ड एवं प्रदान संस्था से सौरभ सिंह, अनुरुद्ध शास्त्री सहित अन्य अधिकारी और टीम प्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों ने विश्वास व्यक्त किया कि थानमगांव क्षेत्र निकट भविष्य में पुनर्जीवित कृषि का एक सफल मॉडल बनेगा।
बताया गया कि आज के दौर में जब अधिकांश किसान रासायनिक खाद और कीटनाशकों के अत्यधिक उपयोग पर निर्भर हैं, तब मिट्टी की उर्वरता घट रही है, जलस्रोत प्रदूषित हो रहे हैं और खाद्य उत्पादन की गुणवत्ता भी प्रभावित हो रही है। इसके विपरीत कार्यक्रम में जैविक एवं पुनर्जीवित कृषि को मिट्टी की सेहत पुनर्जीवित करने, पर्यावरण को सुरक्षित रखने तथा उपभोक्ताओं को सुरक्षित, पोषक एवं स्वास्थ्यवर्धक खाद्य प्रदान करने की दिशा में एक सशक्त समाधान के रूप में प्रस्तुत किया गया।
पीजीएस इंडिया प्रमाण पत्र का वितरण
आयोजित कार्यक्रम में पीजीएस इंडिया ऑर्गेनिक सर्टिफिकेशन की महत्ता पर जोर देते हुए कहां कि यह प्रमाणपत्र किसानों के उत्पाद को जैविक मानकों के अनुरूप प्रमाणित करता है, जिससे उन्हें बाजार में एक विशिष्ट पहचान, बेहतर मूल्य और नए अवसर प्राप्त होते हैं। वक्ताओं ने बताया कि यह सामुदायिक, कम लागत वाली और पारदर्शी प्रणाली छोटे एवं सीमांत किसानों के लिए अत्यंत लाभकारी है। कार्यक्रम में विधायक चैन सिंह बरकड़े, जनपद अध्यक्ष श्रीमती मंजू एवं अन्य अतिथियों ने पीजीएस इंडिया प्रमाणपत्रों का वितरण पीजीएस लीडर्स और महिला किसानों को किया, जो रसायनमुक्त खेती को बढ़ावा देने में उनके निरंतर प्रयासों का सम्मान था।
जनप्रतिनिधियों ने किया किसानों को प्रेरित
विधायक चैन सिंह बरकड़े ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने, जल संरक्षण करने, कृषि लागत घटाने और स्वस्थ फसलों के उत्पादन के लिए जैविक एवं पुनर्जीवित कृषि अत्यंत आवश्यक है। यह न केवल किसानों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाएगी, बल्कि पर्यावरण की रक्षा भी करेगी। जनपद अध्यक्ष श्रीमति मंजू ने किसानों को जंगल और भूमि प्रबंधन की बेहतर योजना के साथ खेती करने के लिए प्रेरित किया।
वाटरशेड समिति के प्रयासों की सराहना
कार्यक्रम में सभी अतिथियों ने नाबार्ड एवं प्रदान समर्थित वाटरशेड विकास परियोजना के अंतर्गत प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन, मुर्गी पालन, महिला किसानों की समूह आधारित भागीदारी और जैविक खेती को बाजार से जोडऩे जैसे कार्यों की सराहना की। थानमगांव की वाटरशेड विकास समिति द्वारा संचालित संरचनात्मक कार्य और सामुदायिक नेतृत्व को एक प्रेरणादायक मॉडल के रूप में प्रस्तुत किया गया।
मैदान में बच्चों के साथ वॉलीबॉल खेलते दिखे डिप्टी कलेक्टर सचिन
- भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता सुनिश्चित करने दिए निर्देश
- पीएमश्री हाईस्कूल सेमरखापा में डिप्टी कलेक्टर का ताबड़तोड़ निरीक्षण
मंडला महावीर न्यूज 29. डिप्टी कलेक्टर सचिन जैन ने गुरूवार को अचानक पीएम श्री शासकीय हाईस्कूल सेमरखापा का आकस्मिक निरीक्षण किया। एकीकृत व्यवस्था के तहत उन्होंने शासकीय बैगा आश्रम के प्राथमिक एवं माध्यमिक विभागों की शैक्षणिक गतिविधियों का भी ताबड़तोड़ जायजा लिया। इस दौरान प्राचार्य कृष्ण कुमार हरदहा लगातार उनके साथ उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान डिप्टी कलेक्टर ने कक्षाओं की शैक्षणिक गतिविधियों, विद्यार्थियों की उपस्थिति, परिसर में स्वच्छता और अभिलेख संधारण की गहन जांच की। उन्होंने विशेष रूप से रसोई व्यवस्था पर पैनी नजर रखी। बच्चों को भोजन करते हुए देखा और भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
निरीक्षण का सबसे उत्साहजनक क्षण तब आया जब श्री जैन स्वयं मैदान में पहुंचे और हाईस्कूल के विद्यार्थियों के साथ वॉलीबॉल खेला। अधिकारी को अचानक अपने बीच पाकर छात्रों में अतिरिक्त ऊर्जा और उत्साह भर गया और पूरा विद्यालय प्रांगण उल्लास से गूंज उठा। निरीक्षण के अंत में डिप्टी कलेक्टर सचिन जैन ने विद्यालय स्टाफ को शैक्षणिक गुणवत्ता और अनुशासन को और मजबूत करने के लिए आवश्यक सुधारात्मक निर्देश दिए।
आईएएस अधिकारी के बयान पर बवाल
- माहिष्मती सर्व ब्राह्मण सभा ने पुतला दहन कर जताया विरोध
- महिलाओं पर टिप्पणी का आरोप
- आरोपी अधिकारी पर एफआईआर दर्ज करने की मांग
मंडला महावीर न्यूज 29. आईएएस अधिकारी संतोष वर्मा के कथित आपत्तिजनक बयान के विरोध में गुरुवार को माहिष्मती सर्व ब्राह्मण सभा ने मंडला कलेक्ट्रेट मार्ग पर धरना प्रदर्शन किया। समाज ने अधिकारी का पुतला दहन कर अपना तीव्र विरोध दर्ज कराया। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि आईएएस अधिकारी ने अजाक्स के एक कार्यक्रम के दौरान ब्राह्मण समाज और महिलाओं के संबंध में अनुचित टिप्पणी की, जो सामाजिक सौहार्द और गरिमा को प्रभावित करती है।
विरोध प्रदर्शन के बाद ब्राह्मण समाज ने कलेक्ट्रेट तक रैली निकाली और एडीएम को मध्यप्रदेश के राज्यपाल और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से आईएएस अधिकारी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर दंडात्मक कार्रवाई करने की मांग की गई है। जिला पंचायत सदस्य और भाजपा के उपाध्यक्ष शैलेश मिश्रा ने टिप्पणी को महिलाओं का गंभीर अपमान बताते हुए आईएएस अधिकारी पर कार्रवाई की मांग की। उन्होंने विवादित बयान देने वाले संतोष वर्मा को पकड़कर लाने वाले व्यक्ति के लिए 1 लाख रुपये के पुरस्कार की घोषणा भी की।
स्कूल नहीं, पन्नी की कक्षा
- पांच साल से फर्श पर पढ़ रहे बच्चों के मामले में मानव अधिकार आयोग ने मांगा जवाब
- मप्र मानव अधिकार आयोग सदस्य ने लिया संज्ञान
- कलेक्टर और डीईओ मंडला को दो सप्ताह में कार्रवाई रिपोर्ट सौंपने का निर्देश
मंडला महावीर न्यूज 29. मध्यप्रदेश मानव अधिकार आयोग के सदस्य डॉ. अवधेश प्रताप सिंह ने विगत दिवसों के समाचार पत्रों में प्रकाशित प्रथम दृष्टया मानव अधिकार उल्लंघन के पांच मामलों में संज्ञान लिया है, जिनमें एक मामला मंडला जिले से संबंधित है। बताया गया कि यह मामला मंडला जिले के वन ग्राम घोड़ाडीह बुजबुजिया में स्थित प्राइमरी स्कूल से जुड़ा है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार इस स्कूल के आदिवासी बच्चे जर्जर भवन के कारण पिछले पांच वर्षों से पन्नी और लकड़ी से बनी अस्थायी झोपड़ी में फर्श पर बैठकर पढ़ाई करने को मजबूर हैं। बुनियादी सुविधाओं के अभाव में बच्चों की शिक्षा प्रभावित हो रही है।
आयोग ने इस गंभीर मामले को संज्ञान लेते हुए कलेक्टर एवं जिला शिक्षा अधिकारी मंडला से मामले की जांच कर, की गई कार्यवाही का प्रतिवेदन दो सप्ताह में मांगा है। इस बात की जानकारी मप्र मानव अधिकार आयोग मित्र सावन सिंह ठाकुर ने दी।
नियमों के उल्लंघन और 20 बिना नंबर प्लेट वाहनों पर कार्रवाई
- बस स्टैंड क्षेत्र में बढ़ती भीड़ के चलते अस्थाई पुलिस व्यवस्था और रात्रिकालीन पेट्रोलिंग शुरू
- शहर में यातायात व्यवस्था सुदृढ़ करने विशेष अभियान
मंडला महावीर न्यूज 29. पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशन में और पुलिस अधीक्षक मंडला रजत सकलेचा के नेतृत्व में बुधवार को शहर की कानून एवं यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए एक व्यापक विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। एसडीओपी मंडला पीयूष मिश्रा और यातायात प्रभारी ललित धुर्वे के नेतृत्व में थाना कोतवाली पुलिस बल ने रेडक्रॉस चौराहा, बस स्टैंड परिसर, चौपाटी क्षेत्र और चिलमन चौक जैसे अधिक यातायात दबाव वाले क्षेत्रों को लक्षित किया।
अभियान के दौरान पुलिस टीम ने बिना नंबर प्लेट, मॉडिफाई साइलेंसर, रॉन्ग साइड ड्राइविंग और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन के उपयोग जैसे यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की। समझाइश देने के साथ ही 20 वाहनों पर चालानी कार्रवाई की गई और मौके पर ही नियमानुसार नंबर प्लेटें लगाई गईं। अनियमित पार्किंग कर मार्ग अवरुद्ध करने वाले चालकों को भी सख्त हिदायत दी गई।
इसके साथ ही पुलिस टीम ने शहर के संवेदनशील स्थानों पर शराब बिक्री और सट्टा-जुआ जैसी अवैध गतिविधियों की आशंका वाले क्षेत्रों का निरीक्षण किया। बस स्टैंड क्षेत्र में बढ़ती भीड़ और यातायात की समस्याओं को देखते हुए वहां अस्थाई पुलिस व्यवस्था स्थापित करते हुए दो पुलिसकर्मियों की विशेष तैनाती की गई है। इसके साथ ही रात्रिकालीन पेट्रोलिंग भी बढ़ाने का निर्णय लिया गया है।
विश्वस्तरीय दर्जे का सपना, हकीकत में सुविधाओं का टोटा
- मंडला फोर्ट स्टेशन पर टिकट के लिए लग रही लंबी कतारें
- मूलभूत सुविधाओं का अभाव
- मंडला फोर्ट स्टेशन पर यात्री हलकान
- अमृत योजना के तहत विकास की कछुआ चाल
मंडला महावीर न्यूज 29. ऐतिहासिक महत्व रखने वाला मंडला फोर्ट रेलवे स्टेशन इन दिनों अपने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत हो रहे कायाकल्प के लिए नहीं, बल्कि यात्रियों को हो रही भारी असुविधाओं के लिए चर्चा में है। एक तरफ जहां इसे विश्वस्तरीय स्टेशन बनाने के दावे किए जा रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ जमीनी हकीकत यह है कि यात्रियों को पीने के पानी और टिकट जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए भी संघर्ष करना पड़ रहा है।
जानकारी अनुसार विकास की धीमी रफ्तार और यात्रियों की बढ़ती मुसीबतें रेलवे स्टेशन पर निर्माण कार्य की गति इतनी धीमी है कि इसका सीधा असर यात्रियों और नई ट्रेनों के संचालन पर पड़ रहा है। मंडला-इंदौर जैसी महत्वपूर्ण ट्रेन सेवा की शुरुआत अटकी हुई है। सबसे विकट स्थिति टिकट काउंटर पर देखने को मिल रही है। यात्रियों की बढ़ती संख्या के मुकाबले टिकट काउंटर बेहद छोटा है, जिसके चलते सुबह से ही लंबी कतारें लग जाती हैं। कई बार घंटों इंतजार के बाद भी यात्रियों को टिकट नहीं मिल पाता। इसके साथ ही स्टेशन परिसर में कैंटीन, शौचालय और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाएं नदारद हैं, जिससे विशेषकर महिलाओं और बुजुर्गों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
यात्रियों की सुविधाओं के लिए उठी आवाज
रेलवे संघर्ष समिति और स्थानीय नागरिकों ने एक स्वर में प्रशासन से अपील की है कि ठेकेदारों की जवाबदेही तय की जाए। स्थानीयजनों ने मांग की है कि मंडला फोर्ट स्टेशन में तत्काल बड़ा टिकट काउंटर शुरू किया जाए, पेंचवेली एक्सप्रेस का विस्तार और स्टेशन पर मूलभूत सुविधाएं जिसमें पानी, टॉयलेट, कैंटीन सुविधाएं दी जाने की मांग की है।
इनका कहना है
प्रशासन की अनदेखी और धीमी गति जिम्मेदार
मंडला फोर्ट का ऐतिहासिक महत्व है, लेकिन विभाग इसे नजर अंदाज कर रहा है। पेंचवेली एक्सप्रेस को मंडला से शुरू करने की मांग लंबे समय से लंबित है। साथ ही, नए रेलमार्ग के निर्माण को लेकर भी कोई ठोस पहल नहीं दिख रही है। निर्माण कार्यों की कछुआ चाल और आमजन की जरूरतों के प्रति उदासीनता यह दर्शाती है कि ठेकेदार और अधिकारियों की जवाबदेही तय नहीं है। हमें विकास चाहिए, लेकिन यात्रियों की वर्तमान पीड़ा की कीमत पर नहीं।

अखिलेश सोनी, सदस्य, रेलवे संघर्ष समिति
घंटों लाइन में लगना हमारी मजबूरी बन गई है
हम अमृत योजना के नाम पर केवल धूल और मिट्टी देख रहे हैं। टिकट काउंटर इतना छोटा है कि वहां पैर रखने की जगह नहीं होती। अगर आप ट्रेन पकडऩे आ रहे हैं, तो आपको दो घंटे पहले आकर लाइन में लगना होगा। पीने का पानी तक उपलब्ध नहीं है। क्या यही विश्वस्तरीय सुविधा है। हमारी मांग बस इतनी है कि तत्काल प्रभाव से एक बड़ा टिकट काउंटर खोला जाए जिससे आम आदमी का समय और सम्मान दोनों बच सके।
अनियंत्रित होकर गिरा बाईक सवार, घायल
- खेती कार्य के लिए जाते समय हुआ हादसा
मंडला महावीर न्यूज 29. नारायणगंज विकासखंड के बबलिया क्षेत्र के ग्राम गढ़ादेवरी में एक 40 वर्षीय व्यक्ति अपनी बाईक से अनियंत्रित होकर गिर गया। बाईक से गिरने के कारण उसके सीधे पैर के पंजे में गंभीर चोट आई। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद घायल व्यक्ति को नारायणगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र उपचार के लिए लाया गया। जहां उपचार चल रहा है।
जानकारी अनुसार नारायणगंज के बबलिया क्षेत्र के ग्राम गढ़ादेवरी निवाासी रामविशाल कुसरे पिता गन्नी कुसरे 40 वर्ष खेती कार्य के लिए अपने खेत जा रहे थे। खेत जाते समय एक गाय रामविशाल की बाईक के सामने आ गई। अचानक गाय के सामने आ जाने के कारण बाईक सवार रामविशाल उससे बचने का प्रयास किया लेकिन उसकी बाईक अनियंत्रित हो गई और वह बाईक समेत नीचे गिर गया। बाईक से गिरने के कारण रामविशाल घायल हो गया।
बताया गया कि बाईक के गिरने के कारण रामविशाल के सीधे पैर में गंभीर चोट आई और शरीर के अन्य हिस्से भी चोटिल हो गए। हादसे के बाद परिजन घायल रामविशाल को निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र नारायणगंज लेकर आए। जहां घायल रामविशाल का उपचार शुरू किया गया। जहां उसका उपचार चल रहा है।
भीषण हादसा-खड़े ट्रक से टकराई 108 एम्बुलेंस, चालक सहित तीन गंभीर घायल
- मोइया नाला के पास हुई घटना
- घायलों को जबलपुर मेडिकल कॉलेज किया रेफर
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला जिले के बीजाडांडी थाना क्षेत्र में मंगलवार रात एक एम्बुलेंस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। मोइयानाला के पास एक खड़े ट्रक से टकराने के बाद एम्बुलेंस में सवार चालक सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। घायलों की पहचान प्रियंका तेकाम (22), देवेंद्र सिंह (35) और संदीप डेहरिया (26) के रूप में की गई है।
जानकारी अनुसार 108 एम्बुलेंस एक मरीज को लेने के लिए बीजाडांडी सीएचसी से मोइयानाला जा रही थी। सड़क किनारे खड़े ट्रक से एम्बुलेंस पीछे से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एम्बुलेंस का सामने का पूरा हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि टक्कर की भीषणता को देखकर यह कहना मुश्किल था कि एम्बुलेंस सवार बच पाएंगे, लेकिन वे बाल-बाल बच गए, हालांकि गंभीर रूप से घायल हुए। हादसे के बाद एम्बुलेंस का चालक बुरी तरह से वाहन में फंस गया था। स्थानीय लोगों और बचाव दल की काफी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला जा सका और घायलों को अस्पताल भेजा गया।
पुलिस कर रही है जांच
इस हादसे की जानकारी बीजाडांडी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। बीजाडांडी थाना पुलिस ने घटना स्थल पर पहुंचकर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जब्त कर लिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है कि ट्रक सड़क किनारे क्यों खड़ा था और एम्बुलेंस चालक की लापरवाही थी या नहीं।
ठंड का कहर-अलाव की आस में ठिठुर रहे ग्रामीण, प्रशासन बेसुध
- पंडरिया और खैरी में ठंड की मार
- अलाव न मिलने पर टायर और प्लास्टिक जलाने को मजबूर लोग
- पर्यावरण पर मंडराया खतरा
मंडला महावीर न्यूज 29. ग्रामीण क्षेत्रों में ठंड का प्रकोप अब जानलेवा होता जा रहा है। तापमान में गिरावट और गलन बढऩे के बावजूद ग्राम पंचायत पंडरिया एवं खैरी में प्रशासन द्वारा अलाव की कोई व्यवस्था नहीं की गई है। हाड़कंपाऊ ठंड और कोहरे की दोहरी मार झेल रहे लोग सुबह-शाम घरों में कैद होने को मजबूर हैं, वहीं गरीब तबका फटे-पुराने कपड़ों में ठिठुरते हुए रातें गुजार रहा है।
बताया गया कि बुधवार को क्षेत्र में गलन इतनी तेज रही कि लोग दिनभर कांपते नजर आए। तड़के घने कोहरे के कारण विजिबिलिटी इतनी कम थी कि वाहन चालकों को दिन में भी लाइट जलाकर चलना पड़ा। जहां साधन संपन्न लोग घरों में हीटर और ब्लोअर के सहारे राहत पा रहे हैं, वहीं गरीब और मजदूरों के बच्चों के लिए यह मौसम मुसीबत बन गया है। सूर्यास्त होते ही गलन और बर्फीली हवाओं के चलते लोगों का घर से निकलना दूभर हो गया है।
जानलेवा धुएं का ले रहे सहारा
अलाव की सरकारी व्यवस्था न होने के कारण लोग खुद को गर्म रखने के लिए खतरनाक कदम उठा रहे हैं। लकड़ी के अभाव में लोग कूड़ा-करकट, प्लास्टिक और पुराने टायर जलाकर ठंड से बचने का जतन कर रहे हैं। इससे निकलने वाला जहरीला धुआं न केवल पर्यावरण को दूषित कर रहा है, बल्कि लोगों के स्वास्थ्य के लिए भी गंभीर खतरा पैदा कर रहा है।
टूट गई पुरानी परंपरा
स्थानीय नागरिकों ने बताया कि प्रतिवर्ष ठंड का जोर पकड़ते ही पंचायत द्वारा मुख्य चौराहों, बस स्टैंड, अस्पताल और गरीब बस्तियों में सरकारी अलाव जलाए जाते थे। लेकिन इस बार कड़ाके की ठंड पडऩे के बावजूद अब तक प्रशासन की नींद नहीं खुली है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द सार्वजनिक स्थानों पर अलाव की व्यवस्था की जाए ताकि आमजन को राहत मिल सके।
22.87 लाख का गबन, पूर्व सरपंच, सचिव पर ईओडब्ल्यू ने दर्ज किया मामला
- ग्राम पंचायत बेलखेड़ी में कागजों पर हुए निर्माण कार्य
- सरपंच-सचिव ने 6 वर्षों में निकाली शासकीय योजनाओं की राशि
- ग्रामीणों की शिकायत पर हुई कार्रवाई
मंडला महावीर न्यूज 29. जिले के विकासखंड बीजाडांडी की ग्राम पंचायत बेलखेड़ी में विगत छह वर्षो में शासकीय योजनाओं के तहत लाखों रूपए की हेराफेरी की गई है। आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ जबलपुर ने मंडला जिले की ग्राम पंचायत बेलखेड़ी में एक बड़े आर्थिक घोटाले का पर्दाफाश किया है। पंचायत के तत्कालीन सरपंच बीरन सिंह काकोडिया और सचिव मिथलेश उददे के खिलाफ बिना निर्माण कार्य कराए 22 लाख 87 हजार 370 रुपये के गबन के आरोप में मामला दर्ज किया गया है।
बताया गया कि यह कार्रवाई ग्रामवासियों की शिकायत पर की गई है। इस मामले में विस्तृत जांच के बाद ही यह कार्रवाई की गई है। शिकायत में बताया गया था कि बेलखेड़ी एवं बीरमपुर में होने वाले विभिन्न विकास कार्यों की राशि का आहरण फर्जी कागजातों के आधार पर किया गया है।
ईओडब्ल्यू की जांच में यह सामने आया कि वर्ष 2014 से 2022 के बीच आवंटित 9 प्रकार के निर्माण कार्यों जिसमें सीसी रोड, चौपाल और पुलिया निर्माण शामिल थे को मौके पर नहीं कराया गया। दोनों आरोपियों ने संयुक्त हस्ताक्षरों से अनियमित रूप से शासकीय धनराशि का आहरण कर दुरुपयोग किया। पूर्व सरपंच, सचिव के खिलाफ धारा 409 आपराधिक न्यास भंग, 420 धोखाधड़ी, 120 बी आपराधिक षडयंत्र भादवि और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की गंभीर धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।
6वीं वर्षगांठ पर राम सेना समाज सेवी का सामाजिक संकल्प
- वृक्षारोपण कर मनाया संस्था का स्थापना दिवस
- नैनपुर रेलवे स्टेशन और स्कूल परिसर में हरियाली का दिया संदेश
- शाम को हुआ सुंदरकांड का पाठ
मंडला महावीर न्यूज 29. नैनपुर में सक्रिय सामाजिक संगठन राम सेना समाज सेवी ने मंगलवार को अपनी छठवीं वर्षगांठ बड़े उत्साह और सामाजिक सरोकार के साथ मनाई। संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने इस अवसर पर दो कार्यक्रम आयोजित किए। बताया गया कि वर्षगांठ समारोह की शुरुआत सुबह वृक्षारोपण कार्यक्रम से हुई। राम सेना के सदस्यों ने नैनपुर रेलवे स्टेशन और उत्कृष्ट विद्यालय नैनपुर के परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस पहल में न केवल हरियाली को बढ़ावा देने का लक्ष्य था, बल्कि समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी को भी प्रदर्शित किया गया।
सुंदरकांड के साथ हुआ प्रसादी वितरण
शाम के समय संगठन के सदस्यों ने वार्ड नं 06 स्थित दक्षिण मुखी हनुमान मंदिर में सुंदरकांड का पाठ एवं आरती का आयोजन किया। इस आध्यात्मिक कार्यक्रम के समापन के बाद भक्तों और उपस्थित लोगों में प्रसादी का वितरण किया गया।
कार्यक्रम में ये रहे उपस्थित
आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में राम सेना समाज सेवी के अध्यक्ष मयंक श्रीवास्तव, उपाध्यक्ष प्रवीण ठाकुर, सचिव गगन दीप श्रीवात्री, सह सचिव रितेश डेहेरिया, मंत्री तनमीत सिंह रील, महा मंत्री हेमेंद्र नंदा, और सलाहकार अमित कुमार नंदा प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। इनके साथ सदस्य अंशु तुवारी, संस्कार सोनी, श्रेयांश पटेल, जित्तू साहू, सूर्यांश सिंह, पीयूष राजपूत, संतोष झारिया, अंकित दुबे ने सहयोग दिया। सुंदरकांड गायन में राजेश श्रीवास्तव, नारायण सिंह, बीपी जंघेला और मुल्लू पटेल ने अपनी प्रस्तुति दी।
ऑपरेशन मुस्कान के तहत 500 छात्राएं हुईं जागरूक
- एसपी मंडला के नेतृत्व में पीएमश्री अवंती बाई स्कूल में साइबर सुरक्षा पर संवाद
- डिजिटल युग में महिला सुरक्षा पर फोकस
- छात्राओं को गुड टच-बैड टच, 1090 और 1098 हेल्पलाइन की दी जानकारी
मंडला महावीर न्यूज 29. पुलिस अधीक्षक मंडला रजत सकलेचा के नेतृत्व में पीएम श्री रानी अवंती बाई स्कूल में ऑपरेशन मुस्कान के अंतर्गत एक व्यापक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्राओं और शिक्षकों को बदलते डिजिटल वातावरण में अपनी सुरक्षा के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम में स्कूल की लगभग 500 छात्राओं और शिक्षकों ने भाग लिया। पुलिस अधिकारियों ने छात्राओं को साइबर सुरक्षा, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, महिला हेल्पलाइन 1090 सेवाओं और अन्य संवेदनशील मुद्दों पर विस्तृत जानकारी प्रदान की।
बताया गया कि अधिकारियों ने छात्राओं से सीधे संवाद स्थापित किया और उन्हें गुड टच, बैड टच के अंतर, ऑनलाइन फ्रॉड से बचाव के तरीकों और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सहायता प्राप्त करने के लिए हेल्पलाइन नंबरों के उपयोग के बारे में बताया। पुलिस अधिकारियों ने जोर देते हुए कहा कि बच्चों एवं महिलाओं की सुरक्षा के लिए जागरूकता ही सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्हें किसी भी तरह की परेशानी या असुरक्षा महसूस होने पर तुरंत हेल्पलाइन सेवाओं का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।
इस कार्यक्रम में स्कूल की प्राचार्य जयालक्ष्मी सोनी, शिक्षक प्रवीण वर्मा और पुलिस विभाग से डीएसपी महिला सुरक्षा सतीश चतुर्वेदी, महिला थाना प्रभारी आरती धुर्वे, उपनिरीक्षक आकांक्षा, प्रधान आरक्षक नीतू मस्कोले, इंद्र कुमार यादव एवं प्रशांत चौबे सहित बड़ी संख्या में छात्राएं और ग्रामीण उपस्थित रहे।
नक्सल प्रभावित क्षेत्र में मंडला पुलिस की पहल
- ग्राम रहटा खेरो में कबड्डी मैच का सफल आयोजन
मंडला महावीर न्यूज 29. पुलिस अधीक्षक मंडला रजत सकलेचा के निर्देशन में जिला पुलिस बल मंडला द्वारा नक्सल प्रभावित थाना मवई अंतर्गत ग्राम रहटा खेरो में सामुदायिक पुलिसिंग के तहत कबड्डी मैच का आयोजन किया गया। इस आयोजन में रहटा खेरो, मवई, सठिया, अमवार, धनंगांव, रामतिला, सुनेंहरा, पखवार, अंजनी, मड़वा, अतरिया, मोहगांव, बिलगांव, सारसडोली एवं मडफ़ा सहित कुल 15 ग्रामों की टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता में पहला स्थान रहटा खेरो एवं दूसरा स्थान रामतिला की टीम ने प्राप्त किया। कार्यक्रम में सरपंच रहटा खेरो, खेल समन्वयक, सरपंच रमतिला, पूर्व सरपंच धनगांव, शिक्षक गण, थाना प्रभारी मवई एवं थाने के अन्य अधिकारी कर्मचारी समेत ग्रामीणजन व युवा उपस्थित रहे।
इस सामुदायिक पहल का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण युवाओं में खेलभावना को प्रोत्साहित करना, पुलिस-जन सहयोग को मजबूत बनाने के साथ युवाओं को समाज की मुख्यधारा से जोड़ते हुए नक्सल उन्मूलन अभियान में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है। पुलिस अधिकारियों द्वारा उपस्थित युवाओं को सुरक्षा व्यवस्था, पुलिस की कार्यप्रणाली एवं जागरूक नागरिक की भूमिका के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी भी प्रदान की गई।
महिला नसबंदी शिविर- दो शिफ्ट में हुए 56 सफल ऑपरेशन
- सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बीजाडांडी में विशाल नसबंदी शिविर आयोजित
- 58 महिलाओं का हुआ पंजीयन, दो पंजीयन रिजेक्ट
मंडला महावीर न्यूज 29. सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बीजाडांडी में सोमवार को खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. अभय कीर्ति गजभिये के निर्देशन में विशाल महिला नसबंदी शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में एलटीटी सर्जन डॉ. अंशुमन मिश्रा ने अपनी सेवाएं दीं और महिलाओं का सफल ऑपरेशन किया।
आयोजित महिला नसबंदी शिविर में 58 महिलाओं का पंजीयन किया गया। सभी पंजीकृत महिलाओं की चिकित्सीय जांच की गई, जिसमें से 2 महिलाएं ऑपरेशन के लिए चिकित्सीय रूप से अयोग्य पाई गईं। इन महिलाओं को उचित परामर्श देकर घर जाने की सलाह दी गई, जबकि शेष 56 महिलाओं का दो शिफ्टों में एलटीटी सर्जन द्वारा ऑपरेशन किया गया। 
इस शिविर के सफल क्रियान्वयन में चिकित्सा और पैरामेडिकल स्टाफ ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मेडिकल ऑफिसर डॉ. अक्षय हरदहा, डॉ. पलक जैन, डॉ. भूमिका शुक्ला और बीईई सुहागा झारिया ने व्यवस्थाएं संभालीं। इसके साथ ही महिला नसबंदी शिविर में एमपीडब्ल्यू राकेश विश्वकर्मा, दलपत पन्द्रो, सुपरवाइजर कमलेश मरावी, आरएन मार्को और रामप्रसाद बरकड़े, बीसीएम राहुल कुमार चंद्रोल, फार्मासिस्ट नितिन साहू और नर्सिंग ऑफिसर मीना तिवारी का विशेष सहयोग रहा। समस्त स्वास्थ्य कर्मचारियों और आशा कार्यकर्ताओं के सहयोग से शिविर संपन्न हुआ।
संदीपनी मॉडल स्कूल में हंगामा
- एआई तस्वीर विवाद पर छात्रों ने मुख्य मार्ग किया जाम, प्रभारी प्राचार्य को हटाने की मांग
- निवास में 4 घंटे प्रदर्शन, 100 छात्रों का चक्का जाम
- डीईओ समेत अधिकारियों ने लिखित शिकायत पर दिया जांच का आश्वासन
- संदीपनी स्कूल विवाद, छात्रों ने मुख्य मार्ग पर किया चक्का जाम
मंडला महावीर न्यूज 29. निवास-मंडला मुख्य मार्ग पर मंगलवार सुबह संदीपनी मॉडल विद्यालय के लगभग 100 छात्र-छात्राओं ने स्कूल प्रभारी प्राचार्य के विरोध में चक्काजाम कर प्रदर्शन किया। छात्रों ने हाथों में तख्तियां लेकर प्राचार्य को हटाने की मांग की और सड़क पर बैठकर नारेबाजी की, जिससे मार्ग पर लगभग आधे घंटे तक यातायात बाधित रहा। स्थानीय प्रशासन की समझाईश के बाद चक्का जाम खोला गया। इसके साथ ही आगामी आदेश तक प्रभारी प्राचार्य को विद्यालय से हटाया गया। वहीं शासकीय मॉडल स्कूल नारायणगंज के प्राचार्य को संदीपनी विद्यालय का प्रभार सौंपा गया।
जानकारी अनुसार छात्रों के इस उग्र प्रदर्शन का कारण प्रभारी प्राचार्य वेद प्रकाश अवधिया द्वारा की गई अनुशासनात्मक कार्रवाई थी। छात्रों का आरोप है कि कुछ दिन पहले विद्यालय के प्राचार्य की एआई से बनी एक आपत्तिजनक तस्वीर सोशल मीडिया पर पोस्ट की गई थी। इस मामले में प्राचार्य ने करीब चार छात्रों को निलंबित कर दिया और कुछ छात्रों को अर्धवार्षिक परीक्षा में भी बैठने नहीं दिया गया, जिससे उनमें भारी आक्रोश देखा गया। प्रदर्शनकारी विद्यार्थियों ने यह भी आरोप लगाया कि प्राचार्य उन्हें अनावश्यक रूप से प्रताडि़त करते हैं।
मुख्य मार्ग में किया चक्का जाम
बताया गया कि प्रदर्शन की जानकारी मिलते ही अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद इकाई के कार्यकर्ता तुरंत मौके पर पहुँचे और छात्र-छात्राओं के समर्थन में खड़े हो गए और छात्रों ने मुख्य मार्ग पर चक्का जाम कर दिया। चक्काजाम की सूचना मिलते ही निवास थाना प्रभारी वर्षा पटेल के नेतृत्व में पुलिस बल मौके पर पहुँचा और छात्रों को समझाकर मार्ग से हटाया। मार्ग खुलने के बाद छात्रों ने स्कूल के सामने करीब चार घंटे तक अपना प्रदर्शन जारी रखा।
आश्वासन के बाद समाप्त हुआ प्रदर्शन
मामले की गंभीरता को देखते हुए तहसीलदार संदीप नागोसे, जिला शिक्षा अधिकारी मुन्नी वरकड़े, सहायक संचालक माखन सिंह सेंद्राम और बीईओ सुनील दुबे समेत वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुँचे। अधिकारियों ने छात्र-छात्राओं और संबंधित स्टाफ कर्मियों से वन-टू-वन चर्चा की। छात्रों से लिखित शिकायत लेने और उचित कार्यवाही का आश्वासन मिलने के बाद ही छात्रों ने अपना प्रदर्शन समाप्त किया और कक्षाओं में वापस लौटे।
इनका कहना हैं
जानकारी मिली कि छात्र छात्राओं का प्रदर्शन चल रहा हैं मौके पर पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनी, उनका कहना हैं कि स्कूल के प्राचार्य को हटाया जाए जिसको लेकर जांच की जा रही हैं, निष्पक्ष कार्यवाही होगी।
मुन्नी बरकडे
जिला शिक्षा अधिकारी मंडला
कुछ स्कूली बच्चे स्कूल में अनुशासनहीनता कर रहे थे इतना ही नहीं मेरी तस्वीर एआई की मदद से आपत्तिजनक पोस्ट डाली थी और भी अन्य गतिविधियों में अनुशासनहीनता कर रहे थे जिसको लेकर मैंने उन्हें कुछ दिन स्कूल न आने की बात कही थी, जिसको लेकर बच्चे नाराज हैं और मुझ पर आरोप लगा रहे हैं, प्रदर्शन कर रहे हैं।
वेद प्रकाश अवधिया
प्राचार्य, संदीपनी मॉडल विद्यालय निवास
मंडला जिला अस्पताल की व्यवस्था वेंटिलेटर पर, जिम्मेदार की कार्यशैली पर उठे सवाल
- डॉक्टरों की अपनी घड़ी और गंदगी के बीच पिस रही जनता
- पार्किग-ब्लड बैंक में अवैध वसूली का आरोप
मंडला महावीर न्यूज 29. जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था अपनी बदहाली के कारण एक बार फिर सवालों के घेरे में है। धरती के भगवान कहे जाने वाले डॉक्टरों की मनमानी और अव्यवस्थाओं के चलते जिला अस्पताल अब इलाज का केंद्र नहीं, बल्कि मरीजों के लिए परेशानी का सबब बन गया है। सबसे गंभीर आरोप सिविल सर्जन की भूमिका पर लग रहे हैं, जिनकी निष्क्रियता के चलते पूरी व्यवस्था चरमरा गई है।
जानकारी अनुसार जिला अस्पताल में ओपीडी का समय सुबह 9.30 बजे निर्धारित है, लेकिन जमीनी हकीकत यह है कि यहां पदस्थ अधिकांश डॉक्टर 10.30 या 11 बजे के बाद ही अपनी कुर्सियों पर नजर आते हैं। वहीं दोपहर 2 बजते ही केबिन सख्ती से बंद कर दिए जाते हैं। दूर-दराज के गांवों से सुबह 7 बजे आकर कतार में लगे मरीजों को अक्सर बिना इलाज के बैरंग लौटना पड़ता है।
बुजुर्गों के लिए न लाइन, न सम्मान, स्वच्छता अभियान दिखा रहा ठेंगा
निजी अस्पतालों में जहाँ वरिष्ठ नागरिकों को प्राथमिकता मिलती है, वहीं जिला अस्पताल में बुजुर्ग और दिव्यांग घंटों लाइन में धक्के खाने को मजबूर हैं। चलने में असमर्थ मरीजों के लिए व्हीलचेयर तो हैं, लेकिन वे शो-पीस बनी हुई हैं। बताया गया कि वार्डों में गंदगी और शौचालयों की बदबू ने स्वच्छ भारत अभियान की पोल खोलकर रख दी है। मरीजों को स्वस्थ माहौल देने के बजाय गंदगी के बीच रहने को मजबूर किया जा रहा है।
पार्किंग और ब्लड बैंक में वसूली का खेल
अस्पताल परिसर में पार्किंग के नाम पर अवैध वसूली और अभद्रता की शिकायतें आम हो गई हैं। वहीं जीवन रक्षक माने जाने वाले ब्लड बैंक में भी नियमों के बजाय जान-पहचान और मनमर्जी हावी है। आरोप है कि बिना सिफारिश के खून उपलब्ध नहीं होता, जो मानवता को शर्मसार करने जैसा है। सामाजिक संगठनों और जागरूक नागरिकों ने अब आर-पार की लड़ाई का मन बना लिया है। लोगों का सवाल है कि वर्षों से एक ही पद पर जमे जिम्मेदार पर कार्रवाई क्यों नहीं होती? क्या राजनीतिक संरक्षण जनता की सेहत से बड़ा है?
संगठन और नागरिकों की प्रमुख मांगें
सामाजिक संगठनों और जागरूक नागरिकों ने मांग की है कि सिविल सर्जन को तत्काल प्रभाव से हटाया जाए। बायोमेट्रिक हाजिरी से डॉक्टरों की उपस्थिति सुनिश्चित हो। अस्पताल की नियमित सफाई और बुजुर्गों के लिए अलग काउंटर की व्यवस्था हो।
लापरवाही का अंबार, ठंड में तड़पते रहे परिजन, 24 घंटे बाद धरने से जागा प्रशासन
- मवई सीएचसी की असंवेदनशीलता उजागर
- युवक की मौत के बाद 24 घंटे तक परिजन ठंड में तड़पते रहे, पोस्टमार्टम में देरी पर हंगामा
- प्रशासनिक उदासीनता पर उठे सवाल, धरना देने के एक घंटे बाद हुआ पोस्टमार्टम
- जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग
मंडला महावीर न्यूज 29. सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मवई में एक युवक की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग और प्रशासनिक तंत्र की घोर लापरवाही और असंवेदनशीलता उजागर हुई है। मृतक युवक के शोकाकुल परिवार को पोस्टमार्टम जैसी बुनियादी विधिक प्रक्रिया के लिए 24 घंटे से अधिक समय तक भीषण ठंड, भूख और तनाव के बीच अस्पताल परिसर में रात गुजारनी पड़ी। इस घटना ने ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था की अव्यवस्था और प्रशासनिक उदासीनता पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।
बताया गया कि जब गंभीर अवस्था में लाए गए युवक को डॉक्टरों के भरसक प्रयास के बावजूद बचाया नहीं जा सका और मृत्यु के बाद परिजनों ने उम्मीद की थी कि आवश्यक कानूनी प्रक्रिया जल्द पूरी होगी, लेकिन अस्पताल प्रशासन की अव्यवस्था के चलते पोस्टमार्टम उस दिन नहीं हो सका और रात भर पीएम के लिए परिजनों को इंतजार करना पड़ा। इस दौरान कोई भी जिम्मेदार अधिकारी या कर्मचारी परिजनों की सुध लेने या स्थिति को संभालने के लिए तैयार नहीं दिखा।
बताया गया कि युवक की मौत के बाद परिजनों को सीएचसी में रात गुजारनी पड़ी, इस दौरान परिजनों के पास न गर्म कपड़े थे और न ही खाने की व्यवस्था। एक परिवार को जिसने अपने घर के सदस्य को खोया हो, उसे कड़ाके की ठंड में पूरी रात खुले में बितानी पड़ी। यह सिर्फ प्रशासनिक विफलता नहीं, बल्कि मानवीय संवेदनहीनता का दुखद उदाहरण है।
धरने के एक घंटे बाद हुई कार्रवाई
बताया गया कि अगले दिन भी पीएम समय से नहीं हो सका, और स्थानीय प्रशासन चुप्पी साधे बैठा रहा। तब स्थानीय लोगों का धैर्य जवाब दे गया। मवई ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष संतोष रानू हार्दहा ने परिजनों और स्थानीय नागरिकों के साथ मिलकर दोपहर लगभग 3 बजे अस्पताल के सामने शांतिपूर्ण धरना शुरू किया। धरने में शामिल लोगों ने प्रशासन की कार्यप्रणाली की कड़ी आलोचना करते हुए जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की। लोगों का सब्र टूटते देख स्थानीय प्रशासन तुरंत हरकत में आया और जो काम 30 घंटे तक रुका था, वह धरना शुरू होने के एक घंटे के भीतर शाम करीब 4 बजे पूरा कर दिया गया। क्षेत्र की जनता अब मांग कर रही है कि इस गंभीर लापरवाही की उच्च स्तरीय जांच हो और लापरवाह अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाए।
सीएमएचओ डॉ. डी. जे. मोहंती को कलेक्टर ने प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित
- मंडला स्वास्थ्य विभाग का कीर्तिमान
- सीएमएचओ ने अक्टूबर में 195 सीएम हेल्पलाइन शिकायतों का कराया संतुष्टिपूर्वक निराकरण
- सीएम हेल्पलाइन कार्य में उत्कृष्टता के लिए सीएमएचओ सम्मानित
मंडला महावीर न्यूज 29. CMHO डॉ. डीजे मोहंती को मंडला कलेक्टर सोमेश मिश्रा द्वारा सीएम हेल्पलाइन के कार्यों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। डॉ. मोहंती को यह सम्मान हेल्पलाइन के प्रकरणों में व्यक्तिगत रुचि लेने और शिकायतों को संतुष्टिपूर्वक बंद कराने के कारण दिया गया। यह दर्शाता है कि स्वास्थ्य विभाग जनता की समस्याओं के प्रति कितना गंभीर है।
सीएमएचओ डॉ. डीजे मोहंती ने बताया कि अक्टूबर माह में विभाग से संबंधित 240 शिकायतें प्राप्त हुई थीं। इनमें से रिकॉर्ड 195 शिकायतों का सफलतापूर्वक और संतुष्टिपूर्वक निराकरण किया गया। इस शानदार प्रदर्शन के परिणामस्वरूप, विभाग का कुल वेटेज 75.8 दर्ज किया गया।
फीस वृद्धि कम करने अभाविप का उग्र प्रदर्शन, निवास-जबलपुर मार्ग किया जाम
- अन्य कॉलेजों से एक हजार तक अधिक फीस लेने का आरोप
- निवास महाविद्यालय में गेट पर ताला, प्रशासन की समझाइश के बाद माने विद्यार्थी
- जल्द सैनेट्री पैड मशीन लगाने का दिया आश्वासन
मंडला महावीर न्यूज 29. शासकीय महाविद्यालय निवास में सोमवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद इकाई के छात्र-छात्राओं ने फीस वृद्धि कम करने और अन्य मांगों को लेकर निवास-जबलपुर मुख्य मार्ग पर चक्का जाम कर दिया। कॉलेज परिसर के सामने लगभग आधा घंटा चले इस उग्र प्रदर्शन के कारण मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
अभाविप के जिला संयोजक प्रवीण ठाकुर और निवास भाग संयोजक मयंक बघेल ने बताया कि निवास महाविद्यालय अन्य जिलों के कॉलेजों से मनमानी तरीके से अधिक फीस वसूल रहा है। बीएससी तृतीय वर्ष की फीस निवास में 4 हजार 445 ली जा रही है, जबकि मंडला और नैनपुर महाविद्यालयों में यह मात्र 3 हजार 214 है। इसी तरह बीए द्वितीय वर्ष के लिए निवास में 3 हजार 795 लिए जा रहे हैं, जबकि मंडला में 2 हजार 764 और नैनपुर में 2 हजार 939 शुल्क है। छात्र नेताओं ने बताया कि इस संबंध में प्राचार्य को पूर्व में आवेदन दिया गया था, लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया गया।
गेट में तालाबंदी और किया चक्का जाम
फीस में अंतर और छात्राओं के लिए सैनेट्री पैड मशीन लगाने की मांग को लेकर छात्रों ने सुबह 11 बजे पहले कॉलेज परिसर के सामने शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया। प्राचार्य डॉ. सदन मरावी से संतोषजनक जवाब न मिलने पर छात्र भड़क गए और मुख्य गेट में तालाबंदी करते हुए निवास-जबलपुर मुख्य मार्ग पर प्रदर्शन करते हुए चक्का जाम कर दिया। मौके पर निवास तहसीलदार संदीप नागोसे, नायब तहसीलदार आलोक सोनी सहित पुलिस और पूरा प्रशासन पहुंचा। लगभग तीस मिनट के प्रदर्शन के बाद प्रशासन की समझाइश पर विद्यार्थी माने।
आश्वासन के बाद समाप्त हुआ प्रदर्शन
प्राचार्य डॉ. सदन मरावी ने अपनी सफाई में कहा कि फीस का प्रारूप बनाकर शासन को भेजा गया है, जिसकी मैपिंग होकर पोर्टल पर प्रदर्शित होने लगी है, इसलिए यह शासन स्तर का मामला है। हालांकि उन्होंने जल्द ही जनभागीदारी की बैठक आयोजित कर उचित निर्णय लेने और सैनेट्री पैड मशीन को भी जल्द लगाने का आश्वासन दिया। इस आश्वासन के बाद विद्यार्थियों ने प्रदर्शन समाप्त किया।
इनका कहना हैं
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने फीस वृद्धि व सेनेटरी पैड मशीन लगाने को लेकर प्रदर्शन कर चक्काजाम कर दिया था मौके पर पहुंचकर समझाइश देकर जाम हटाया गया हैं जो भी उनकी मांगे हैं शासन स्तर पर बात रखी जाएगी।
संदीप नागोसे, तहसीलदार
हमारे द्वारा पूर्व में भी अवगत कराया गया था कि अन्य महाविद्यालयों की अपेक्षा यहां ज्यादा फीस ली जा रही हैं इसके बाद भी हमारी बात को गंभीरता से नहीं लिया गया जिसके चलते हमें चक्काजाम कर प्रदर्शन करना पड़ा अगर जल्द समस्या का हल नहीं होता हैं तो पुन: उग्र प्रदर्शन किया जाएगा जिसकी जवाबदारी शासन प्रशाशन की रहेगी।
प्रवीण छोटे पटेल, विभाग संयोजक जिला मंडला
रिपोर्टर- रोहित प्रशांत चौकसे
अनमोल और एफपीएलआईएमएस एंट्री में लापरवाही बर्दाश्त नहीं
- समय पर जानकारी दर्ज न करने वाले कर्मचारियों पर होगी कार्रवाई
- मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य कार्यक्रम की गहन समीक्षा
- भुगतान में गलत एंट्री पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी
- 29 नवंबर को महिला नसबंदी शिविर, स्वास्थ्य कार्यक्रमों की साप्ताहिक समीक्षा
- स्वास्थ्य कर्मचारियों को सख्त कार्रवाई की चेतावनी
मंडला महावीर न्यूज 29. सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणगंज के अंतर्गत संचालित स्वास्थ्य कार्यक्रमों के सफल क्रियान्वयन और साप्ताहिक समीक्षा के लिए सीबीएमओ डॉ. अमृत लाल कोल के मार्गदर्शन में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में नारायणगंज सेक्टर की सीएचओ, एएनएम, एमपीडब्ल्यू और सुपरवाइजर मौजूद रहे। बैठक में अनमोल एप पर एएनसी पंजीयन करने, मातृ व शिशु स्वास्थ्य कार्यक्रम, टीकाकरण, परिवार कल्याण एवं किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम सहित अन्य संचालित योजनाओं की गहन समीक्षा की गई।
आयोजित समीक्षा बैठक में बीईई विजय मरावी ने उपस्थित कर्मचारियों से स्वास्थ्य सेवाओं के क्रियान्वयन पर चर्चा करते हुए कहा कि एएनसी एंट्री के दौरान विशेष सावधानी बरते और अनमोल एप पर हितग्राही की सभी जानकारी सही दर्ज करें। 12 सप्ताह के अंदर ही एएनसी पंजीयन करें। इसके साथ ही समीक्षा बैठक में परिवार कल्याण कार्यक्रम के अंतर्गत एफपीएलआईएमएस के तहत प्रत्येक माह की 1 से 5 तारीख तक एप के माध्यम से जानकारी दर्ज करना है। निर्देशित किया है कि जो भी कर्मचारी समय अवधि में जानकारी की एण्ट्री नहीं करेंगे उन पर कार्रवाई की जाएगी।
साप्ताहिक समीक्षा बैठक में 70 प्लस आयुष्मान कार्ड की जानकारी ली। इसके साथ ही एएनसी और आयरन और शुक्रोज की जानकारी ली। वहीं आरबीएसके मोबाईल टीम को नियमित विद्यालयों में जांच परीक्षण करने के निर्देश दिए। इसके साथ 29 नवंबर को लगने वाले एलटीटी शिविर की जानकारी दी। बैठक के दौरान सिकलसेल कार्ड का भी वितरण किया गया। इसके साथ ही मलेरिया कार्यक्रम के अंतर्गत कोई भी बुखार से पीडि़त मरीज का आरडीटी किट से जांच करने के निर्देश भी दिए। आंकाक्षी विकासखंड के अंतर्गत संचालित कार्यक्रम में लक्ष्य के अनुरूप कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। 29 नबंवर को एलटीटी शिविर लगाया जाएगा। सभी को निर्देश दिए है कि एलटीटी शिविर में पात्र हितग्राहियों को चिन्हित कर शिविर में लाए। इसके साथ ही शिविर में लाने से पहले अपने क्षेत्र की एएनएम से महिलाओं की जांच आवश्यक कराए। जिससे शिविर में महिलाओं को परेशानी का सामना ना करना पड़े।
बैठक में ये रहे मौजूद
साप्ताहिक समीक्षा बैठक में सीबीएमओ डा. अमृत लाल कोल, बीईई विजय मरावी, सुपरवाईजर मदनलाल परते, फार्मासिस्ट कमलेश सिंह, मलेरिया प्रभारी एससी जैन, सीएचओ डॉ. शाहिद हुसैन, रंजीता पटेल, पूजा यादव, रुक्मिणी मरावी, जयंती उरैती, कोशिका भूरा, एएनएम राजकुमारी मरावी, माधुरी सोनी, नीलम ठाकुर, श्यामा पाटिल, शिवकुमारी पटेल सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।
नारी शक्ति की नई उड़ान
- ऑयस्टर मशरूम उत्पादन से आत्मनिर्भर बन रहीं सीमांत महिला किसान
- कृषि वेस्ट से बेस्ट आय, सुरंगदेवरी और माली मोहगांव की महिलाओं ने थामी मशरूम खेती की कमान
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला विकासखंड के अंतर्गत आने वाले ग्राम सुरंगदेवरी और माली मोहगांव में महिला सशक्तिकरण की एक नई इबारत लिखी जा रही है। यहाँ की सीमांत महिला किसानों ने परंपरागत खेती से हटकर अब ऑयस्टर मशरूम उत्पादन के क्षेत्र में कदम रखा है। मध्यप्रदेश समाज सेवा संस्था और कारितास इंडिया की नव-परिवर्तनकारी पहल के तहत आयोजित एक विशेष प्रशिक्षण शिविर में 42 महिला किसानों ने भाग लिया और स्वरोजगार की दिशा में मजबूत कदम बढ़ाया।
बताया गया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य टिकाऊ कृषि प्रणाली को बढ़ावा देना है। अक्सर किसान कृषि कार्य से निकलने वाले वेस्ट मटेरियल अवशेषों को जला देते हैं या फेंक देते हैं, लेकिन इस प्रशिक्षण में महिलाओं को सिखाया गया कि कैसे उसी वेस्ट मटेरियल का उपयोग कर सस्ता और पोषण से भरपूर मशरूम उगाया जा सकता है। प्रशिक्षण के दौरान महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए मशरूम उत्पादन की वैज्ञानिक विधियों को समझा और अपने हाथों से 38 मशरूम बैग भी तैयार किए। यह अनुभव उनके लिए न केवल नया था, बल्कि आत्मविश्वास बढ़ाने वाला भी साबित हुआ।
आजीविका का नया और सशक्त माध्यम
यह कार्यक्रम केवल खेती तक सीमित नहीं है, बल्कि यह महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण का एक बड़ा जरिया बन रहा है। प्रशिक्षण में शामिल महिला किसानों ने बताया कि मशरूम उत्पादन उनके लिए अतिरिक्त आय का एक बेहतरीन साधन बनकर उभरा है। अब वे इसे घरेलू स्तर पर शुरू कर एक स्थायी स्वरोजगार के रूप में अपनाने की तैयारी कर रही हैं। वे अब अन्य सीमांत किसानों के लिए भी प्रेरणा स्रोत बन गई हैं।
घर में कर सकते है मशरूम उत्पादन
मध्यप्रदेश समाज सेवा संस्था द्वारा संचालित साफबिन परियोजना क्षेत्र में छोटे किसानों की खाद्य सुरक्षा और खाद्य विविधता सुनिश्चित करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। संस्था के समन्वयक प्रद्युमन धरवैया ने बताया कि ऑयस्टर मशरूम उत्पादन कम लागत में अधिक लाभ देने वाला व्यवसाय है। उन्होंने बताया कि महिलाएं इसे घर पर ही आसानी से शुरू कर सकती हैं और स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से जुड़कर सामूहिक विकास की दिशा में आगे बढ़ सकती हैं। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम को सफल बनाने और उत्पादन यूनिट स्थापित करने में सुशील प्रकाश, रमेश आंधवान, हजारी सैयाम, रेखा यादव, सरोज बाई, सीमा उईके और दुकलु कुसराम ने विशेष और सक्रिय भूमिका निभाई।
स्ट्रीट डॉग्स के हमले में गंभीर रूप से घायल बंदर की मौत, वन विभाग ने शुरू की जांच
- श्रीराम वार्ड की घटना, स्थानीय लोगों ने दी सूचना, उपचार के दौरान बंदर ने तोड़ा दम
मंडला महावीर न्यूज 29. जिला मुख्यालय के श्रीराम वार्ड में स्ट्रीट डॉग्स के हमले में गंभीर रूप से घायल एक बंदर की उपचार के दौरान मौत हो गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर वन विभाग और पशु चिकित्सकों की टीम ने मौके पर पहुंचकर घायल बंदर को बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। बताया गया कि यह घटना रविवार सुबह करीब 5.30 बजे की है, जब स्ट्रीट डॉग्स के एक झुंड ने बंदर पर हमला कर दिया। हमले में बंदर बुरी तरह लहूलुहान हो गया और घायल अवस्था में सुबह 8 बजे तक वहीं पड़ा रहा।
इसकी सूचना गौ सेवक रेणु कछवाहा को मिली, जिन्होंने तत्काल अपने साथियों को लेकर मौके पर पहुंचीं और वन विभाग को घटना से अवगत कराया। रेणु कछवाहा और उनकी टीम ने करीब 9.30 बजे बंदर को पशु चिकित्सालय पहुंचाया, जहाँ उसका इलाज शुरू किया गया। इलाज के दौरान ही बंदर ने दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद से स्थानीय लोगों में स्ट्रीट डॉग्स के बढ़ते आतंक और वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर चिंता व्यक्त की जा रही है। वन विभाग ने इस संबंध में जांच शुरू कर दी है।
एलपीएस तकनीक और फ्लोर गेम से रोचक बनेगी पढ़ाई
- शिक्षकों ने सीखे मल्टी-ग्रेड टीचिंग के गुर
- जन शिक्षा केंद्र में शैक्षिक संवाद संपन्न
- शिक्षक संदर्शिका और गणितीय कौशल विकास पर हुआ मंथन
मंडला महावीर न्यूज 29. जन शिक्षा केंद्र उदयपुर में शैक्षिक गुणवत्ता को बेहतर बनाने के उद्देश्य से जन शिक्षा केंद्र स्तरीय शैक्षिक संवाद का आयोजन किया गया। इस दौरान प्राथमिक और माध्यमिक स्तर के शिक्षकों ने कक्षा शिक्षण को अधिक प्रभावी और रोचक बनाने के लिए विभिन्न तकनीकों पर विस्तृत चर्चा की। प्राथमिक और माध्यमिक स्तर पर अलग-अलग सत्र संवाद कार्यक्रम में कक्षा 3 से 5 के शिक्षकों ने एफएलएन कक्षाओं में मल्टी-ग्रेड और मल्टी-लेवल शिक्षण के साथ संख्या ज्ञान कौशल के विकास पर ध्यान केंद्रित किया। वहीं कक्षा 6 से 8 के शिक्षकों ने विद्यार्थियों के लिए प्रभावी गृह कार्य की रणनीतियों पर विचार-विमर्श किया।
सत्र के दौरान सहजकर्ता हैदर अली सिद्दीकी ने शिक्षक संदर्शिका की उपयोगिता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि संदर्शिका आधारित शिक्षण अपनाकर बहु-कक्षा शिक्षण को बेहद आसान और प्रभावी बनाया जा सकता है। संवाद प्रभारी प्रदीप प्रकाश उपाध्याय ने गणित शिक्षण में एलपीएस तकनीक पर चर्चा की। उन्होंने बताया कि यह तकनीक विद्यार्थियों के लिए सीखने की प्रक्रिया को सहज और रोचक बनाती है।
नवाचार पर दिया जोर
जन शिक्षक सोहेल अहमद ने दीक्षा ऐप पर पीएलसी के अंतर्गत 9 चरणों में पूर्ण होने वाले कोर्स का प्रशिक्षण दिया। सहजकर्ता हैदर सिद्दीकी ने फ्लोर गेम के माध्यम से गणितीय संक्रियाएं जैसे जोडऩा-घटाना सिखाने का प्रदर्शन किया। माध्यमिक वर्ग में प्रभावी गृह कार्य के विषय पर सहजकर्ता सुप्रिया खरे ने सत्र का समेकन किया। संवाद के दौरान प्रतिभागी शिक्षकों ने जोड़ों में कार्य करते हुए डेमो पाठ योजना का प्रदर्शन भी किया। कार्यक्रम में पोस्ट वर्क, प्रतिभागियों की अपेक्षाएं, डिजाइन फॉर ब्लॉक और कक्षा प्रबंधन जैसे विषयों पर भी शिक्षकों ने अपने विचार रखे। अंत में सभी प्रतिभागियों ने अपनी डायरी में पोस्ट वर्क नोट कर फीडबैक दिया।
शतरंज टूर्नामेंट में मंडला के आशुतोष ने मारी बाजी, अंडर-11 श्रेणी में टॉप 5 में बनाई जगह
- प्रकाश ने दिव्यांग चुनौती श्रेणी में जीता प्रथम रैंक
- विजेता खिलाडिय़ों का बिंझिया चौराहा पर हुआ भव्य स्वागत
मंडला महावीर न्यूज 29. जबलपुर के जीएच रायसोनी मेमोरियल में आयोजित एक दिवसीय ओपन रैपिड शतरंज टूर्नामेंट में मंडला की ब्रेन मास्टर शतरंज अकादमी के खिलाडिय़ों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया है। इस टूर्नामेंट में अलग-अलग जिलों से लगभग 200 खिलाडिय़ों ने भाग लिया था।
अकादमी से खेलते हुए अंडर-11 श्रेणी में आशुतोष जायसवाल ने 7 पॉइंट में से 3 पॉइंट हासिल करते हुए टॉप 5 पर अपनी जगह बनाई और चौथी रैंक प्राप्त की। वहीं प्रकाश वंशकार ने ओपन श्रेणी पर छठी रैंक प्राप्त की और सबसे बड़ी उपलब्धि शारीरिक रूप से विकलांग चुनौती श्रेणी पर प्रथम रैंक प्राप्त करते हुए दर्ज की। टूर्नामेंट में इनके साथ अर्णव उपाध्याय और कोच भास्कर गैरयार ने भी सहभागिता की।
आशुतोष जायसवाल की विजय के बाद मंडला आगमन पर उनका भव्य स्वागत किया गया। बिंझिया चौराहा पर सामाजिक कार्यकर्ता नीरज अग्रवाल, किशोर रजक, रैनू कछवाहा, विजय अग्रवाल, संजुलता सिंगौर, राखी वंशकार, पलक झारिया सहित अन्य लोगों ने पुष्पमाला पहनाकर उनका स्वागत किया। इसके बाद बस स्टैंड स्थित माता खैरमाई मंदिर में पूजन-अर्चन भी किया गया। इस दौरान आशुतोष के पिता विकास जायसवाल, माता श्रीमति ज्योति अग्रवाल, दादा-दादी, और अन्य परिजन भी मौजूद रहे, जिन्होंने उन्हें बधाई दी।
संडे फॉर नर्मदा-अभाविप की अनूठी पहल, 5 वें रविवार भी महिष्मति घाट पर चला महा-सफाई अभियान
- युवाओं ने संभाला नर्मदा स्वच्छता का जिम्मा
- स्टूडेंट फॉर डेवलपमेंट के तहत हर रविवार हो रही घाट की सफाई
मंडला महावीर न्यूज 29. नर्मदा को स्वच्छ और अविरल बनाए रखने के संकल्प के साथ अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की स्टूडेंट फॉर डेवलपमेंट इकाई द्वारा शुरू किया गया संडे फॉर नर्मदा अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में रविवार को शहर के महिष्मति घाट पर कार्यकर्ताओं ने सघन सफाई अभियान चलाया। यह इस अभियान का लगातार पांचवां रविवार था।
जानकारी अनुसार रविवार सुबह कार्यकर्ता महिष्मति घाट पहुंचे और घाट किनारे फैले कचरे, प्लास्टिक, पन्नी और अन्य पूजन सामग्री को एकत्रित किया। एकत्रित कचरे को नगर परिषद के वाहन के माध्यम से निष्पादित किया गया। बताया गया कि इस अभियान की शुरुआत 26 अक्टूबर 2025 को की गई थी, जिसका उद्देश्य केवल सफाई करना नहीं, बल्कि जन-मानस में स्वच्छता के प्रति चेतना जगाना है।
नर्मदा घाट की स्वच्छता के लिए किया संवाद
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की स्टूडेंट फॉर डेवलपमेंट इकाई के छात्रों ने नर्मदा घाट में सफाई के साथ-साथ घाट पर आने वाले श्रद्धालुओं और आस-पास की बस्तियों के रहवासियों से संवाद भी किया। उन्होंने अपील की कि नर्मदा में गंदगी न डालें और नदी की पवित्रता बनाए रखें।
स्टूडेंट फॉर डेवलपमेंट कर रहा जागरूक
बताया गया कि स्टूडेंट फॉर डेवलपमेंट अभाविप का एक आयाम है, जिसकी स्थापना 1992 में हुई थी। इसका उद्देश्य छात्रों को सतत विकास, जल संरक्षण, प्लास्टिक रीसाइक्लिंग और पर्यावरण संरक्षण जैसे विषयों के प्रति जागरूक करना है। यह मंच पर्यावरण के साथ-साथ आर्थिक और सांस्कृतिक विकास के मुद्दों पर भी कार्य करता है।
मुहिम में जुडऩे का किया आव्हान
अभियान के बारे में बताते हुए स्टूडेंट फॉर डेवलपमेंट के जिला प्रमुख शिवा वरकड़े ने कहा कि हम सुधरेंगे, युग सुधरेगा। स्वच्छता ही सेवा एवं स्वच्छता ही संस्कार है। जब नर्मदा मैया का जल साफ रहेगा, तभी हम भी स्वस्थ रहेंगे। उन्होंने अधिक से अधिक युवाओं और नागरिकों को इस मुहिम से जुडऩे का आह्वान किया।
आकांक्षी ब्लॉक में संपूर्णता का जश्न
- स्वास्थ्य सेवाओं में उत्कृष्टता के लिए कर्मवीर सम्मानित
- संपूर्णता अभियान में 6 पैमानों पर खरे उतरे विभाग
- उत्कृष्ट कार्य के लिए किया सम्मानित
मंडला महावीर न्यूज 29. आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम के तहत नारायणगंज मुख्यालय में संपूर्णता अभियान सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में ब्लॉक को विकास की मुख्य धारा में लाने के लिए निर्धारित 6 महत्वपूर्ण मानकों को पूरा करने वाले विभागों और कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। इस सम्मान कार्यक्रम में मुख्य अतिथि मंडला सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते, निवास विधायक चैनसिंह बरकड़े, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम, सदस्य जिला पंचायत मंडला भूपेंद्र बरकड़े, अध्यक्ष जनपद पंचायत नारायणगंज आसाराम भारतीय, जनपद उपाध्यक्ष अविनाश शर्मा, सरपंच संघ अध्यक्ष अर्जुन सिंह, एसडीएम सीएल वर्मा, सीईओ जनपद पंचायत नारायणगंज दीप्ति यादव समेत स्थानीय जनप्रतिनिधि और नागरिकगण मौजूद रहे। कार्यक्रम में सम्मिलित विभिन्न विभागीय अधिकारियों द्वारा अपने संकेतकों के संबंध में कार्य योजना प्रस्तुत की। इसके साथ ही विभागीय प्रतिवेदन बीसी आकांक्षी कार्यक्रम हेमंत चंद्रोल द्वारा दिया गया।
आयोजित संपूर्णता अभियान सम्मान समारोह का मुख्य आकर्षण स्वास्थ्य विभाग रहा, जिसने जमीनी स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। संपूर्णता अभियान के तहत स्वास्थ्य सेवाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए स्वास्थ्य कर्मियों ने विशेष योगदान दिया। कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि सांसद फग्गन सिंह ने कहां कि स्वास्थ्य विभाग ने निर्धारित समय सीमा के भीतर गर्भवती महिलाओं के पंजीकरण और गैर-संचारी रोग मधुमेह और रक्तचाप की स्क्रीनिंग में बेहतरीन कार्य किया है। इस उपलब्धि के लिए एएनएम, आशा कार्यकर्ताओं और सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।

अंतिम पंक्ति तक योजनाओं का लाभ मिले
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम ने संबोधन में कहां कि आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम केवल आंकड़ों का खेल नहीं है, बल्कि यह स्वस्थ और सशक्त समाज के निर्माण का संकल्प है। हमारे स्वास्थ्य कर्मियों ने सीमित संसाधनों के बावजूद जो परिणाम दिए हैं, वह प्रशंसनीय हैं। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के अलावा कृषि, पोषण और अन्य संबंधित विभागों को भी उनके लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए सराहा गया। प्रशासन ने भविष्य में भी इसी तरह के समन्वय और समर्पण के साथ काम करने का संकल्प लिया। विधायक निवास माननीय चैन सिंह बरकडे ने कहां कि सभी विभागों से फील्ड स्तर पर अंतिम पंक्ति तक शासन की सभी योजनाओं को पहुंचने और इसका लाभ देने पर जोर देने की बात कही।
स्वास्थ्य क्षेत्र इन पैरामीटर में मिला सम्मान
बीसीएम शैलेन्द्र सिंह ने बताया कि आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम में संपूर्णता अभियान का मुख्य लक्ष्य 6 प्रमुख संकेतकों में 100 प्रतिशत संतृप्ति हासिल करना है। संपूर्णता अभियान के अंतर्गत जो 6 संकेतक चुने गए हैं, उनमें स्वास्थ्य विभाग की भूमिका सबसे अहम है। जिसमें मुख्य रूप से गर्भवती महिलाओं का पंजीकरण में पहली तिमाही के भीतर प्रसव पूर्व जांच के लिए पंजीकरण। यह जच्चा-बच्चा सुरक्षा के लिए पहला कदम है। मधुमेह की स्क्रीनिंग में लक्षित आबादी में उच्च रक्त शर्करा की जांच। उच्च रक्तचाप की स्क्रीनिंग में लक्षित आबादी में बीपी की जांच करना और पोषण के तहत गर्भवती महिलाओं और बच्चों के लिए पूरक पोषण की उपलब्धता कराने पर जोर दिया जाता है। इस सम्मान समारोह का उद्देश्य एएनएम, आशा कार्यकर्ता, सीएचओ को प्रोत्साहित करना है जिन्होंने इन लक्ष्यों को पूरा करने में दिन-रात मेहनत की है।
कार्यक्रम में ये रहे उपस्थित
आयोजित संपूर्णता अभियान सम्मान समारोह में जनपद सदस्य, सरपंच, रतन सिंह ठाकुर पूर्व जिलाध्यक्ष भाजपा, मंडल अध्यक्ष किशन तेकाम ,बबलिया मंडल अध्यक्ष संदेश जायसवाल, वीरेंद्र नामदेव, संतोष सोनी, दीपक पदम, राकेश अग्रवाल, गया चक्रवर्ती, भगवान मिश्रा, सुंदर सोनी, जिला योजना अधिकारी ओपी सरसे, बीपीओ रम्मू सिंह मरावी, एपीओ पंकज साहू, एई रमाकांत मसराम, जनपद पंचायत नारायणगंज से सभी कर्मचारी अधिकारी और सभी विभागों से अधिकारी कर्मचारी उपस्थित। मंच संचालन विकासखंड प्रबंधक श्रुतिसागर उपाध्याय द्वारा किया गया।
बकोरी में रसोई गैस का संकट गहराया
- कतारों में लगने के बाद भी खाली हाथ लौट रहे उपभोक्ता
- गैस की किल्लत से घरों में नहीं जल रहा चूल्हा
- भूखे पेट स्कूल जाने को मजबूर बच्चे
- एजेंसी ने बताया सप्लाई का अभाव
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला जिले के बकोरी स्थित मां एचपी गैस एजेंसी में पिछले एक सप्ताह से रसोई गैस की भारी किल्लत चल रही है। स्थिति यह है कि रविवार को सुबह 8 बजे से ही एजेंसी के बाहर उपभोक्ताओं की लंबी कतारें लग गईं, लेकिन घंटों इंतजार के बाद भी कई लोगों को खाली हाथ लौटना पड़ा।
गैस न मिलने का सीधा असर आम जनजीवन पर पड़ रहा है। उपभोक्ताओं ने बताया कि सिलेंडर न होने से घरों में खाना नहीं बन पा रहा है। इसका सबसे बुरा प्रभाव स्कूली बच्चों पर पड़ा है, जिन्हें बिना नाश्ते और टिफिन के ही स्कूल जाना पड़ रहा है। बकोरी के अलावा आस-पास के सैकड़ों गांवों के ग्रामीण भी इसी समस्या से जूझ रहे हैं और रोज एजेंसी के चक्कर काटने को मजबूर हैं।
इस संबंध में एचपी गैस एजेंसी के संचालक ने अपनी सफाई में कहा कि ऊपर से ही गैस की सप्लाई बाधित है। उन्होंने बताया कि हफ्ते-पंद्रह दिन में केवल एक बार गैस सप्लाई आ रही है। जिससे मांग पूरी करना मुश्किल हो रहा है। हालांकि उन्होंने आश्वासन दिया है कि जल्द ही स्थिति में सुधार होगा और वितरण व्यवस्था सामान्य हो जाएगी।
पुल नहीं तो पढ़ाई नहीं
- अंधकार में भविष्य-बैदरा नाले के कारण चार महीने स्कूल नहीं जा पाते सेमर टोला के बच्चे
- पुल न होने से थमा विकास, बैगा बाहुल्य सेमर टोला में इलाज के अभाव में हो जाती है मौत
मंडला महावीर न्यूज 29. नारायणगंज जनपद पंचायत के अंतर्गत ग्राम पंचायत अमदरा के वन ग्राम कुई स्थित सेमर टोला के निवासियों का जीवन आज भी खतरे के साये में है। बैदरा नाले पर पुल न होने के कारण लगभग 75 प्रतिशत बैगा आबादी वाला यह टोला बरसात के चार महीनों तक पूरी तरह से कट जाता है। पुल की कमी का सीधा और सबसे बुरा असर बच्चों की शिक्षा और लोगों के स्वास्थ्य पर पड़ता है।
ग्रामीणों ने बताया कि बरसात के दिनों में नदी में पानी होने के कारण पढऩे वाले बच्चे चार महीने तक स्कूल नहीं जा पाते हैं, जिससे उनका भविष्य अंधकारमय हो गया है। योगेंद्र झरिया ने अपनी व्यथा बताते हुए कहा कि उनके तीन बच्चे प्राथमिक शाला कुई में पढ़ते हैं, लेकिन पुल न होने के कारण डर के मारे उन्हें स्कूल नहीं भेज पाते। इसके साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच न होने के कारण यहां आपातकालीन स्थिति में भी लोगों की जान चली जाती है। भागवत झरिया ने एक दुखद उदाहरण देते हुए बताया कि उनके चाचा की तबीयत अचानक खराब हो गई थी, उनके चाचा की तबीयत अचानक खराब हो गई थी, लेकिन नदी में पानी होने के कारण और कोई साधन न होने के कारण उनकी मौत हो गई। आज भी बीमार लोगों को इलाज के लिए कंधे पर उठाकर नदी पार कराया जाता है, जिससे उनकी जान को और जोखिम होता है।
बैगा आबादी की सरकार कर रही अनदेखी
सेमर टोला के लोग कई सालों से विधायक, सांसद और जिला कलेक्टर तक आवेदन देकर पुल निर्माण की मांग कर चुके हैं, लेकिन अभी तक इस समस्या पर कोई ध्यान नहीं दिया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि अन्य क्षेत्रों में जहाँ एक-दो घर बैगा परिवार के होते हैं, वहाँ सरकार सारी सुविधाएं दे रही है, लेकिन इतनी बड़ी बैगा आबादी वाले टोला की निरंतर अनदेखी की जा रही है।
मार्ग बना विकास में रोड़ा
जंगल के किनारे होने के कारण यह रास्ता और भी खतरनाक हो जाता है, और पुल न होने की वजह से खेती-किसानी और बाजार तक पहुंचना भी दूभर हो जाता है। ग्रामीणों का कहना है कि यह एकमात्र रास्ता है, और इसके अलावा कोई अन्य विकल्प भी मौजूद नहीं है। पंचायत द्वारा बार-बार जनप्रतिनिधियों और शासन, प्रशासन को अवगत कराए जाने के बावजूद पुल का निर्माण न होना कई सवाल खड़े कर रहा है। ग्रामीणों ने मंडला जिला कलेक्टर से बच्चों के भविष्य और इन परिवारों की सुरक्षा को देखते हुए बैदरा नाले पर शीघ्र अतिशीघ्र पुल निर्माण कराने की मांग की है।
पोषण वाटिका से स्वास्थ्य क्रांति की ओर कदम
- मंजरी फाउंडेशन द्वारा उन्नत बीज वितरण
- मवई विकास खण्ड के मुडिय़ा रचिका और औरई ग्रामों में स्वयं सहायता समूह की दीदियों के लिए नई पहल, जैविक खेती पर जोर
मंडला महावीर न्यूज 29. मंजरी फाउंडेशन, घुटास द्वारा विकास खण्ड मवई में चल रहे स्वयं सहायता समूहों (स्॥त्रह्य) की दीदियों को सशक्त बनाने और उनके स्वास्थ्य को बेहतर करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। पल्लवी मसकरे जी के मार्गदर्शन में, मंजरी फाउंडेशन की भारती धुर्वे ने आज ग्राम मुडिय़ा रचिका और औरई में दीदियों के बीच उन्नत किस्म की सब्जी बीज की किट तैयार करके वितरित की।
बताया गया कि इस पहल के तहत दीदियों को केवल बीज वितरित नहीं किए गए, बल्कि उन्हें पोषण वाटिका स्थापित करने और जैविक खेती के लाभों के बारे में भी विस्तार से समझाया गया। भारती धुर्वे ने दीदियों को बताया कि वे अपनी पोषण वाटिका में कैसे एक साथ अलग-अलग प्रकार की सब्जियाँ लगा सकती हैं और उन्हें अपने दैनिक घरेलू उपयोग में ला सकती हैं।
बाजार पर निर्भरता कम करने पर दिया जोर
बताया गया कि फाउंडेशन का उद्देश्य दीदियों को यह समझाना है कि बाजार में उपलब्ध सब्जियों में अक्सर अधिक मात्रा में रसायन युक्त पदार्थ मिले होते हैं, जो धीरे-धीरे हमारे शरीर को कमजोर कर रहे हैं और हमें कई बीमारियों की ओर धकेल रहे हैं। इसलिए यह आवश्यक है कि दीदियां अपनी छोटी-छोटी जरूरतों के लिए बाजार पर निर्भर न रहें और अपने घर पर ही ताजी और पौष्टिक सब्जियां उगाएं।
दीदियों के चेहरे पर आई मुस्कान
बताया गया कि इस नए कार्य को अपनाने के लिए दीदियों के चेहरे पर एक अलग ही मुस्कान देखने को मिली। दीदियां इस पहल से बहुत उत्साहित हैं और जैविक खेती एवं पोषण वाटिका जैसे नए कार्य को करने के लिए एक कदम आगे आई हैं। दीदीयों की नई पहल के साथ एक मुस्कान ही मंजरी फाउंडेशन घुटास का लक्ष्य है।
एक पखवाड़े में 10 डिग्री कम हुआ पारा, 12 डिग्री में पहुंचा न्यूनतम तापमान
- मौसम ने बदली करवट, कोहरे और धुंध के बीच लुत्फ उठा रहे शहरवासी
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला जिले में मौसम ने करवट ली है और ठंड ने अपने तीखे तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। पिछले एक पखवाड़े के भीतर जिले के न्यूनतम तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। जहाँ नवंबर की शुरुआत में न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस के आसपास था, वहीं अब यह करीब 10 डिग्री नीचे लुढ़ककर 11 डिग्री सेल्सियस के आसपास स्थिर हो गया है। इस कड़ाके की ठंड के आगाज ने जिलेवासियों को गर्म कपड़े निकालने पर मजबूर कर दिया है।
जानकारी अनुसार दीपावली के बाद बदला मौसम का मिजाज आमतौर पर दीपावली के त्योहार के साथ ही ठंड की शुरुआत हो जाती है, लेकिन इस वर्ष दीपावली का पर्व थोड़ा पहले मनाया गया था। त्योहार बीतने के लगभग एक सप्ताह बाद तक मौसम सामान्य बना रहा, लेकिन नवंबर के पहले सप्ताह के बाद ठंड ने रफ्तार पकड़ ली। 09 नवंबर को अचानक मौसम में बड़ा बदलाव देखा गया जब न्यूनतम तापमान गिरकर 10.6 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। इसके बाद से पारे में गिरावट का दौर लगातार जारी रहा। वहीं 16 नबंवर को न्यूनतम तापमान 8.8 डिग्री पर पहुंच गया था। जिसके बाद ठंड अपने पूरे शबाव पर आ गई थी। विगत पांच दिनों से पड़ रही कड़ाके की ठंड पर शुक्रवार को थोड़ी राहत मिली, जब न्यूनतम तापमान 11.4 डिग्री हुआ। इसके बाद शनिवार को भी न्यूनतम तापमान 0.6 डिग्री उछाल मारा और 12 डिग्री हो गया।
सुबह के समय कोहरे और धुंध
तापमान में आई इस गिरावट का असर सुबह और शाम के वक्त सबसे ज्यादा देखने को मिल रहा है। सुबह के समय पूरा शहर और आसपास के ग्रामीण अंचल कोहरे और धुंध की चादर में लिपटे नजर आते हैं। हालांकि ठंड के इस मौसम का आनंद लेने के लिए मॉर्निंग वॉक करने वालों की संख्या में भी इजाफा हुआ है। लोग सुबह की ताजी हवा और गुलाबी ठंड का लुत्फ उठाते नजर आ रहे हैं।
खेती-किसानी के लिए वरदान
मौसम में आए इस बदलाव को कृषि के नजरिए से बेहद सकारात्मक माना जा रहा है। जानकारों का कहना है कि यह ठंड रबी की फसलों के लिए अनुकूल साबित होगी। किसानों के चेहरे पर भी इस ठंडक ने चमक ला दी है, क्योंकि तापमान में गिरावट फसलों की बुवाई और बढ़त के लिए आवश्यक नमी और वातावरण तैयार कर रही है।
जिला अस्पताल मंडला में एंटीबायोटिक अवेयरनेस वीक का आगाज
- नीली रोशनी से दिया जागरूकता का संदेश, प्रिस्क्रिप्शन ऑडिट और सुधार की बनाई कार्ययोजना
- सर्दी-जुकाम में न करें एंटीबायोटिक का उपयोग
- जिला चिकित्सालय में विशेषज्ञों ने बताई दवाओं के सीमित उपयोग की अहमियत
मंडला महावीर न्यूज 29. जिला चिकित्सालय मंडला में एंटीबायोटिक अवेयरनेस वीक का शुभारंभ उल्लास और जागरूकता के संकल्प के साथ किया गया। इस वर्ष की थीम ब्लू फॉर अवेयरनेस रखी गई है। इसके तहत चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ, पैरामेडिकल और उपस्थित अधिकारियों ने नीले रंग की ड्रेस पहनकर और नीली लाइट जलाकर आमजन को जागरूकता का संदेश दिया।
सप्ताह की शुरुआत संस्था द्वारा निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार की गई। इस दौरान अस्पताल की नवजात शिशु गहन चिकित्सा इकाई शिशु रोग वार्ड और मैटरनिटी विंग में प्रिस्क्रिप्शन ऑडिट किया गया। ऑडिट के आधार पर दवाओं के उपयोग में आवश्यक सुधार हेतु तत्काल एक्शन प्लान भी तैयार किया गया।
विशेषज्ञों की सलाह, वायरल में बेअसर हैं एंटीबायोटिक
कार्यक्रम में सिविल सर्जन डॉ. विजय सिंह धुर्वे ने सभी चिकित्सकों से एंटीबायोटिक दवाओं के सीमित और तर्कसंगत उपयोग का आग्रह किया। वहीं आरएमओ डॉ. प्रवीण उईके ने महत्वपूर्ण जानकारी देते हुए बताया कि सर्दी, खांसी और जुकाम जैसे वायरल संक्रमणों में एंटीबायोटिक का उपयोग नहीं करना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि अनावश्यक उपयोग से भविष्य में इन दवाओं का प्रभाव शरीर पर कम हो जाता है। डॉ. मोहसिन मंसूरी और डॉ. दिव्येश पटेल ने भी नागरिकों से अपील की है कि बिना चिकित्सकीय परामर्श के एंटीबायोटिक लेने से बचें।
नर्सिंग और पैरामेडिकल स्टाफ को दिया प्रशिक्षण
जागरूकता सप्ताह के अंतर्गत जिला क्वालिटी टीम की ओर से डॉ. शिवम पटेल, सहायक प्रबंधक अजय सिंह सैयाम और क्वालिटी मॉनिटर शरद मेश्राम ने क्लिनिकल, नर्सिंग और पैरामेडिकल स्टाफ को विशेष प्रशिक्षण दिया। इस अवसर पर विभिन्न वक्ताओं ने एंटीबायोटिक जीवन रक्षक हैं, इनका सही उपयोग हम सबकी जिम्मेदारी है, विषय पर अपने विचार रखे और स्वास्थ्य सुरक्षा का संकल्प लिया।
कड़ाके की ठंड में रोटरी क्लब बना सहारा, विद्यार्थियों को बांटे स्वेटर
- पीएम श्री स्कूल सेमरखापा में खिल उठीं मुस्कान
- रोटरी क्लब मंडला मेकल ने पेश की समाजसेवा की मिसाल
मंडला महावीर न्यूज 29. पीएम श्री शासकीय हाईस्कूल सेमरखापा में शनिवार को मानवता और समाजसेवा का एक अनूठा उदाहरण देखने को मिला। रोटरी क्लब मंडला मेकल द्वारा आयोजित कार्यक्रम में विद्यालय के जरूरतमंद विद्यार्थियों को स्वेटर वितरित किए गए। कड़ाके की ठंड की आहट के बीच जैसे ही बच्चों को नए स्वेटर मिले, उनके चेहरों पर मुस्कान और आंखों में चमक तैर गई।
इस कार्य की नींव विद्यालय के प्राचार्य कृष्ण कुमार हरदहा की संवेदनशीलता से पड़ी। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों की आर्थिक स्थिति को देखते हुए शिक्षक सनातन प्रकाश सैनी को रोटरी क्लब से संपर्क करने का दायित्व सौंपा। श्री सैनी ने क्लब के सदस्य श्री संजय तिवारी को स्थिति से अवगत कराया, जिस पर क्लब ने तत्काल संज्ञान लेते हुए स्वेटर उपलब्ध कराने का निर्णय लिया।
इनकी रही उपस्थिति
स्वेटर वितरण समारोह रोटरी क्लब के अध्यक्ष प्रसन्न सराफ, सचिव सुरेश चौधरी, कोषाध्यक्ष मुकेश जैन, वरिष्ठ सदस्य संजय तिवारी, अजय खोत, अभिनाश गोयल, राकेश अग्रवाल व मीडिया प्रतिनिधि कपिल वर्मा के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ। विद्यालय परिवार की ओर से अनुसूईया मार्को, प्रभात मिश्रा, एहतेशाम नूर, कमलेश हरदहा, प्रतिभा झरिया, पवन नामदेव और कविन्द्र सुरेश्वर ने कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
संवेदनशीलता की मिसाल
कार्यक्रम के समापन पर प्राचार्य कृष्ण कुमार हरदहा ने रोटरी क्लब का आभार व्यक्त करते हुए कहा यह केवल ऊनी वस्त्रों का वितरण नहीं है, बल्कि यह बच्चों के प्रति स्नेह और सामाजिक उत्तरदायित्व की एक उत्कृष्ट मिसाल है। ऐसे प्रयास समाज में नई ऊर्जा का संचार करते हैं।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने आयोजित की सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता
- जिले के 2433 विद्यार्थी हुए सम्मिलित
- अभाविप की सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता, जिले भर से 2433 विद्यार्थी हुए शामिल
- युवाओं में राष्ट्रीय चेतना जगाने की पहल: अभाविप ने आयोजित की प्रतियोगिता, विजेताओं को मिलेगा स्मार्टफोन और साइकिल
मंडला महावीर न्यूज 29. भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के अवसर पर शनिवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद मंडला के द्वारा सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में बिरसा मुंडा, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) और ऐतिहासिक विषयों से संबंधित प्रश्न पूछे गए। इस प्रतियोगिता का आयोजन जिले के विभिन्न कैंपस में किया गया। मंडला नगर में उत्कृष्ट विद्यालय में सामूहिक रूप से प्रतियोगिता संपन्न हुई। इस परीक्षा में संपूर्ण जिले में विभिन्न विद्यालयों और छात्रावासों से 2433 छात्र, छात्राओं ने हिस्सा लिया। यह आयोजन छात्रों में ज्ञान और जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से किया गया था।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के प्रांत कार्यसमिति सदस्य वागीश पटेल ने बताया कि प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में जागरूकता बढ़ाना, अध्ययन के प्रति रुचि विकसित करना और राष्ट्र व समाज से जुड़े विषयों की समझ को मजबूत करना वा प्रतियोगी परीक्षा के लिए विद्यार्थियों को प्रेरित करना है। ऐसे आयोजन युवाओं में प्रतिस्पर्धात्मक भावना के साथ राष्ट्रीय चेतना भी सुदृढ़ करते हैं। प्रतियोगिता में चयनित तीन विद्यार्थियों को अभाविप की ओर से पुरस्कृत किया जाएगा। प्रथम पुरस्कार के रूप में एंड्रॉइड मोबाइल फोन, द्वितीय पुरस्कार के रूप में साइकिल और तृतीय पुरस्कार के रूप में स्मार्ट वाच प्रदान किया जाएगा।
इस प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम, श्रमजीवी पत्रकार परिषद जिला अध्यक्ष नीरज अग्रवाल, मंडला विभाग संगठन मंत्री रामधार सिंह बैंस जी उपस्थित रहे। प्रतियोगिता के सफल आयोजन में प्रांत कार्यसमिति सदस्य वागीश पटेल, प्रांत कार्यकारणी सदस्य प्रिंस सिंह, नगर उपाध्यक्ष प्रबल चौरसिया, भाग संयोजक नयन यादव, राज पटेल, शांतनु राजपूत, संदीप परस्ते, आशुतोष तिवारी, मोहित नंदा, तन्मय पटेल, खुशी पटेल, तनुश्री, काजल नागिया, गोमती, मोनिका आदि कार्यकर्ता की भूमिका रही।
मंडला में शीतलहर की आहट, जारी हुई एडवाइजरी
- बचाव के लिए बरतें सावधानियां
- गिरते तापमान के बीच स्वास्थ्य विभाग ने किया अलर्ट
- बुजुर्गों और बच्चों का रखें खास ख्याल
मंडला महावीर न्यूज 29. जिले में ठंड की दस्तक के साथ ही स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों को शीतलहर से बचने के लिए सतर्क रहने की सलाह दी है। सीएमएचओ डॉ. डीजे मोहंती ने बताया कि नवंबर से फरवरी के बीच शीतलहर की संभावना रहती है, जिससे स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं बढ़ सकती हैं ।
सीएमएचओ डॉ. डीजे मोहंती ने बताया कि मौसम विज्ञान के अनुसार जब न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से लेकर सामान्य से 4-5 डिग्री नीचे चला जाता है और ठंडी हवाएं तेज चलती हैं, तो इसे शीतलहर कहा जाता है । इस शीत लहर से बचने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने अलर्ट जारी करते हुए एडवाइजरी जारी की है। जिसमें ठंड से बचने के लिए सावधानी बरतने कहां है।
बचाव के लिए क्या करें
स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों को सलाह दी है कि वे स्थानीय मौसम के पूर्वानुमान पर नजर रखें। शरीर को गर्म रखने के लिए पर्याप्त ऊनी कपड़े पहनें। बाहर निकलते समय दस्ताने, टोपी, मफलर और जूते जरूर पहनें। डॉ. मोहंती ने सुझाव दिया है कि चुस्त कपड़े पहनने के बजाय ढीले-ढाले सूती कपड़े अंदर और ऊनी कपड़े बाहर की तरफ पहनें, जिससे रक्त संचार सही बना रहे । इसके साथ ही शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के लिए विटामिन सी युक्त फल, सब्जियां और गर्म पेय पदार्थों का सेवन करें।
बुजुर्गों और बच्चों का रखें विशेष ध्यान
शीत ऋतु में नवजात शिशुओं, बच्चों और बुजुर्गों को बीमार होने का खतरा अधिक होता है, इसलिए उन्हें टोपी, मफलर और स्वेटर पहनाकर रखें और जितना संभव हो घर के अंदर ही रहें ।
हीटर के उपयोग में रखे सावधानी
कमरे को गर्म करने के लिए हीटर या अंगीठी का प्रयोग करते समय वेंटिलेशन का ध्यान जरूर रखें। यदि ठंड के कारण शरीर का कोई हिस्सा सुन्न पड़ जाए, तो उस पर मालिश न करें, इससे नुकसान हो सकता है ।
चिकित्सक से कब संपर्क करें
यदि किसी व्यक्ति में शरीर का तापमान सामान्य से कम होना, न रुकने वाली कंपकंपी, याददाश्त जाना, बेहोशी या जुबान लडख़ड़ाने जैसे लक्षण दिखें, तो तुरंत चिकित्सक से संपर्क करें। फ्लू, सर्दी-खांसी जैसे लक्षण दिखने पर भी नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में इलाज कराएं।
बाईक सवार अनियंत्रित होकर गिरे, दो गंभीर घायल
- नारायणगंज के मझगांव और अमदरा के बीच हुआ हादसा
मंडला महावीर न्यूज 29. नारायणगंज के ग्राम अमदरा निवासी दो व्यक्ति हादसे का शिकार हो गए। इस हादसे में दोनों व्यक्तियों को सिर में गंभीर चोट आई है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल 108 एम्बुलेंस को सूचना दी, सूचना मिलते ही 108 एम्बुलेंस पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र नारायणगंज पहुंचाया गया। हादसे की जानकारी घायल व्यक्तियों के परिजनों को दी गई। जिसके बाद परिजन भी सीएचसी नारायणगंज पहुंचे। हादसे की जानकारी टिकरिया पुलिस को भी दे दी गई है।
जानकारी अनुसार नारायणगंज के ग्राम अमदरा निवासी दो व्यक्ति अनिल कुर्राम पिता मानिक कुर्राम 28 वर्ष निवासी अमदरा और शिवचरण उर्वेती पिता प्यारे लाल उर्वेती 38 वर्ष निवासी अमदरा अपने खेत के लिए खाद लेने मोटरसाईकिल से नारायणगंज मुख्यालय गए हुए थे। यहां से अपनी बाईक में खाद लेकर वापस अपने ग्राम अमदरा जा रहे थे। वापस लौटते समय नारायणगंज और अमदरा के बीच ग्राम मझगांव पुलिया के पास उनकी बाईक एक पत्थर से टकरा गई और बाईक अनियंत्रित हो गई।
बताया गया कि अमदरा निवासी व्यक्तियों की बाईक अनियंत्रित हुई और दोनो बाईक सवार नीचे गिर गए और गंभीर घायल हो गए। हादसे में दोनों व्यक्तियों को सिर में गंभीर चोटे आई है, वहीं शरीर के अन्य स्थानों में भी चोटे आई। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने दोनों घायलों को 108 एम्बुलेंस की मदद से सीएचसी नारायणगंज पहुंचाया गया। जहां चिकित्सक ने दोनों गंभीर घायलों का उपचार शुरू किया। हादसे की जानकारी टिकरिया पुलिस को दी गई। मामला दर्ज कर टिकरिया पुलिस हादसे की जांच कर रही है।
मवई विकासखंड में सड़क हादसा
- दो मोटरसाइकिलों की टक्कर में तीन की दर्दनाक मौत
- हादसे के घंटों बाद भी नहीं पहुँची 108 एम्बुलेंस
- स्वास्थ्य सेवाओं की खुली पोल
- ग्रामीणों ने खुद उठाया शवों का जिम्मा, एक गंभीर घायल
मंडला महावीर न्यूज 29. मवई विकासखंड के धनगांव और खड़ादेवरी के बीच खड़देवरी पुलिया पर शुक्रवार शाम एक भीषण सड़क हादसे में दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने की टक्कर हो गई, जिसमें तीन लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसे ग्रामीणों और पुलिस की मदद से इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र मवई भेजा गया है
जानकारी अनुसार दो बाईक की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल राहत कार्य संभाला। हालांकि इस दौरान क्षेत्र की आपातकालीन सेवाओं की बड़ी लापरवाही सामने आई। बार-बार कॉल करने के बावजूद आपातकालीन स्थितियों में त्वरित सेवा देने वाली 108 एम्बुलेंस और स्थानीय अस्पताल की एम्बुलेंस दोनों ही मौके पर नहीं पहुँचीं।
ग्रामीणों और 112 डायल ने संभाला मोर्चा
बताया गया कि काफी देर तक एम्बुलेंस नहीं आने से ग्रामीणों में प्रशासन के प्रति गहरा रोष देखने को मिला। ग्रामीणों ने स्वयं मृतकों की पहचान करने का प्रयास किया, लेकिन शवों की गंभीर स्थिति के कारण इसमें दिक्कतें आईं। एम्बुलेंस सेवा पूरी तरह नदारद रहने के बाद ग्रामीणों और 112 पुलिस सेवा ने स्थिति को संभाला। ग्रामीणों और पुलिस ने मिलकर शवों को अपने स्तर पर अस्पताल भेजने में सहयोग किया। गंभीर रूप से घायल युवक को भी तत्काल इलाज के लिए सीएचसी मवई भेजा गया।
तीन युवक की मौत और एक युवक गंभीर घायल
बताया गया कि धनगांव और खड़ादेवरी के बीच खड़देवरी पुलिया पर दो बाईक की भीषण टक्कर से तीन युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में हर्षवर्धन निवासी ग्राम अतरिया, सुजीत मरकाम निवासी देवरी डिंडौरी और निर्मल मरावी निवासी सिझौरा की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। वहीं हादसे में राजेन्द्र मरावी गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे सीएचसी मवई में उपचार के लिए लाया गया।
एम्बुलेंस ना आने पर खड़े हुए सवाल
इस गंभीर हादसे ने क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं और एम्बुलेंस व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों ने आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि अगर एम्बुलेंस समय पर आती, तो शायद घायल की स्थिति और बेहतर हो सकती थी। स्थानीय प्रशासन को इस मामले में जवाब देना होगा कि आपातकालीन स्थिति में त्वरित सेवा क्यों नदारद रही।
रफ्तार का कहर
- दो बाइकों की सीधी भिड़ंत में एक की मौत, तीन घायल
- कुशमी के पास दो बाइकों की टक्कर
- साप्ताहिक बाजार से लौट रहे परिवार पर टूटा कहर
- थानमगांव निवासी एक व्यक्ति की मौके पर मौत
मंडला महावीर न्यूज 29. निवास थाना क्षेत्र अंतर्गत शुक्रवार की शाम निवास से कालपी मार्ग के बीच ग्राम कुशमी के पास एक हृदय विदारक सड़क दुर्घटना हो गई। दो बाइकों की आमने-सामने की भीषण टक्कर में एक व्यक्ति की घटना स्थल पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
जानकारी अनुसार सुखदेव ओयाम 29 वर्ष, उनकी पत्नी सुलोचना ओयाम 24 वर्ष और छोटा भाई जितेंद्र कुमार ओयाम 17 वर्ष अपनी बाइक से निवास मुख्यालय में साप्ताहिक बाजार गए हुए थे और अपने ग्राम थानमगांव वापस लौट रहे थे। इसी दौरान कुशमी ग्राम के पास सामने से आ रहे झिंझरा निवासी अनूप सिंह 38 वर्ष की बाइक से उनकी सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अनूप सिंह ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। दूसरी बाइक पर सवार तीनों व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
दुर्घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निवास में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। घटना की सूचना निवास पुलिस को भी दे दी गई है। रात्रि होने के कारण मृतक अनूप सिंह का पोस्टमार्टम आज शनिवार को किया जाएगा। निवास पुलिस ने इस संबंध में मर्ग कायम कर दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
रिपोर्टर- रोहित प्रशांत चौकसे
मंडला में अवैध शराब पर बड़ी कार्रवाई
- नर्मदा किनारे 13 क्विंटल महुआ लाहन जब्त कर नष्ट, 6 प्रकरण दर्ज
- 1.45 लाख की अवैध मदिरा जब्त, कलेक्टर के निर्देश पर ऑपरेशन जारी
मंडला महावीर न्यूज 29. कलेक्टर सोमेश मिश्रा के निर्देशन और जिला आबकारी अधिकारी रामजी पांडेय के मार्गदर्शन में मंडला जिले में अवैध शराब के संग्रहण, परिवहन और विक्रय के विरुद्ध आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। कार्रवाई में शुक्रवार को कारीकोन, महाराजपुर और मानादेही क्षेत्रों में सघन दबिश दी गई।
बताया गया कि ग्राम कार्रवाई के दौरान आबकारी टीम ने मानादेही में नर्मदा नदी के किनारे चल रहे अवैध मदिरा निर्माण और विक्रय के तीन अड्डों पर छापा मारा। मौके से 130 डिब्बों में भरा लगभग 1300 किलोग्राम महुआ लाहन बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 1 लाख 30 हजार रुपये बताई गई है। जनहित को ध्यान में रखते हुए जब्त किए गए पूरे लाहन को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। इसके साथ ही इन अड्डों से 75 लीटर हाथ भट्टी कच्ची मदिरा भी जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 11 हजार 250 रुपये है। बताया गया कि मानादेही के अलावा कारीकोन क्षेत्र में भी अवैध मदिरा विक्रय करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध तीन अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए गए। यहां से 20 लीटर कच्ची मदिरा और 18 बोतल प्लेन मदिरा जब्त की गई।
आबकारी विभाग की इस संयुक्त कार्रवाई में जब्त की गई मदिरा और लाहन की कुल अनुमानित कीमत लगभग 1 लाख 45 हजार 750 रूपए बताई गई है। इसके साथ ही ज्ञात और अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किए गए हैं।
दबिश में ये अधिकारी रहे शामिल
इस कार्यवाही के दौरान आबकारी उपनिरीक्षक सर्वेश नागवंशी और शैली सैयाम के साथ प्रधान आरक्षक भानु पुसाम, दुर्जन कुलेश, शकुंतला सैयाम, प्रिया नायडू, विजय कमलेश, सत्यपाल मरावी, रघुनाथ उइके, कन्हैया और महेश पटेल उपस्थित रहे।
इतिहास का वह अनूठा क्षण, जब गुरु ने शिष्य के चरणों में नमन कर सौंपी आचार्य पद की जिम्मेदारी
- आचार्य पदारोहण दिवस-53 वर्ष पूर्व नसीराबाद में लिखी गई थी गुरु-शिष्य वात्सल्य की स्वर्णिम गाथा
मंडला महावीर न्यूज 29. आज 22 नवंबर का दिन जैन समाज और भारतीय अध्यात्म के इतिहास में एक स्वर्णिम अध्याय के रूप में दर्ज है। आज से ठीक 53 वर्ष पूर्व इसी तारीख को गुरु और शिष्य के बीच वात्सल्य और त्याग का एक ऐसा दृश्य उपस्थित हुआ था, जिसकी मिसाल मिलनी मुश्किल है। यह वह दिन था जब संत शिरोमणि आचार्य ज्ञानसागर महाराज ने अपने ही शिष्य मुनिश्री विद्यासागर को अपना आचार्य पद सौंपकर स्वयं को उनका शिष्य स्वीकार किया था।
जानकारी अनुसार 22 नवंबर 1972 को राजस्थान के अजमेर जिले के नसीराबाद स्थित श्री दिगंबर जैन नसियाजी मंदिर में प्रात: 9 बजे एक ऐतिहासिक धर्मसभा जुड़ी थी। आचार्य श्री ज्ञानसागर ने वृद्धावस्था और शारीरिक शिथिलता को देखते हुए समाधिमरण की भावना से अपना पद त्यागने का निर्णय लिया था। हालांकि निरीह वृत्ति के धारी मुनिश्री विद्यासागर इस पद को स्वीकार करने के लिए तैयार नहीं थे, लेकिन गुरु की आज्ञा और समाज के आग्रह के समक्ष उन्हें नतमस्तक होना पड़ा।
जब गुरु ने शिष्य की प्रदक्षिणा की
प्रत्यक्षदर्शियों और शास्त्रों के अनुसार आचार्य ज्ञानसागर जी ने मुनि विद्यासागर को अपने हाथों से आचार्य आसन पर बिठाया और स्वयं नीचे मुनि आसन पर बैठ गए। नवोदित आचार्य श्री विद्यासागर के आचार्य संस्कार करने के बाद वृद्ध गुरु ने उन्हें नमोस्तु किया और तीन प्रदक्षिणा लगाकर निवेदन किया, हे आचार्यश्री मैं आपके निर्देशन में सल्लेखना (समाधि) लेना चाहता हूं। आप मुझे अपना क्षपक (शिष्य) स्वीकार करें। यह दृश्य देखकर वहां मौजूद हर व्यक्ति की आंखें नम हो गई थीं।
51 वर्षों का स्वर्णिम कालखंड
आचार्य श्री विद्यासागर जी ने गुरु आज्ञा को शिरोधार्य कर न केवल 51 वर्षों तक आचार्य पद को सुशोभित किया, बल्कि हथकरघा, प्रतिभा स्थली, गौ-सेवा और पाषाण जिनालयों के निर्माण जैसे कार्यों से जन-जन का कल्याण किया। मुनि श्री प्रणम्यसागर की पंक्तियां इस त्याग को बखूबी बयां करती हैं, स्वयं शिष्य के चरणों में आ, बैठ अहं को गला दिया। आज इस ऐतिहासिक दिवस पर पूरा समाज उस महान गुरु-शिष्य परंपरा को नमन कर रहा है।
विश्व मत्स्य दिवस
- प्रदेश की राजकीय मछली महाशीर नर्मदा नदी के लिए वरदान
- प्रदेश में 215 प्रजाति की मछली, 17 विलुप्ति की कगार पर
- नर्मदा की महाशीर मछली के अस्तित्व पर संकट
मंडला महावीर न्यूज 29. मछली जलीय पर्यावरण पर आश्रित जलीय जीव है और जलचर पर्यावरण को संतुलित रखने में इसकी बहुत महत्वपूर्ण भूमिका होती है। जिस पानी में मछली नहीं है तो उस पानी की जल जैविक स्थिति सामान्य नहीं है। वैज्ञानिकों द्वारा मछली को जीवन सूचक (बायोइंडीकेटर) माना गया है। विभिन्न जल स्रोतों में चाहे तीव्र व मंद गति से प्रवाहित होने वाली नदियां हो, चाहे प्राकृतिक झीलें, तालाब और मानव-निर्मित बड़े या मध्यम आकार के जलाशय हो सभी के पर्यावरण का यदि सूक्ष्म अध्ययन किया जाय तो निष्कर्ष निकलता है कि पानी और मछली दोनों एक दूसरे से काफी जुड़े हुए हैं। पर्यावरण को संतुलित रखने में मछली की विशेष उपयोगिता है।
जानकारी अनुसार नदियों के अलग- अलग क्षेत्र अलग-अलग प्रकार की मत्स्य प्रजातियों के लिए आवास प्रदान करता है। ट्राउट प्रजाति की मछली नदी के ऊंचे इलाकों में पनपती है, जबकि कैटफिश प्रजाति (पाढीन) धीमी गति से बहने वाले पानी के तल के साथ दुबकी रहती है। सैल्मन जैसी प्रवासी मछलियां प्रजनन के लिए ठंडे, पथरीली तल पर तैरती है। पारिस्थितिकी तंत्र में छोटी मछली भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। बांध, पुलिया या अन्य अवरोध प्रवासी मछलियों को उनके ऐतिहासिक प्रजनन स्थलों पर लौटने से रोकते हैं। जब मछलियां अपने निवास स्थान तक नहीं पहुंच पाती हैं तो वे प्रजनन नहीं कर पाती हैं और अपनी आबादी बढ़ा नहीं पाती है। बांध के नीचे की ओर बहनें वाले पानी और तलछट की मात्रा भी बदल जाता है, जिससे बांध के उपर और नीचे मछलियों के रहने की स्थिति बदल जाती है।
मप्र की राजकीय मछली महाशीर
बताया गया कि अमरकंटक से निकलकर खंभात की खाङी में गिरने वाली नर्मदा नदी पर गत दशकों में अलग- अलग बांध बनने के बाद इसके पानी के प्राकृतिक बहाव में रुकावट आई है, जिससे मध्यप्रदेश की राजकीय मछली महाशीर के अस्तित्व पर संकट आ गया है। इस महाशीर मछली को टाईगर ऑफ नर्मदा भी कहा जाता है। महाशीर मछली प्रवाहित स्वच्छ जल धाराओं में प्रजनन करती है। नर्मदा में लगातार होने वाला रेत खनन, नदियों में मछली की अवैध शिकार, मछलियों को पकडऩे के लिए विस्फोटकों का प्रयोग और बनने वाले बांध भी महाशीर की संख्या घटने की एक प्रमुख वजह है।
जैव विविधता के लिए महाशीर का नर्मदा में होना जरूरी
नर्मदा में महाशीर पहले अन्य मछलियों की तुलना में 30 फीसदी थी जो अब घटकर 2 फीसदी रह गई है। विशेषज्ञ बताते हैं कि जैव विविधता के लिहाज से नर्मदा में महाशीर का होना बेहद जरूरी है। 26 सितम्बर 2011 में महाशीर को राज्य में संरक्षण प्रदान किया गया है। वर्ष 2012 में अंतर्राष्ट्रीय प्रकृति संरक्षण संघ (आईयूसीएन) द्वारा महाशीर को विलुप्त घोषित किया गया है। इन मछलियों की खासियत यह है कि ये पत्थरों में लगने वाली काई और पानी की गंदगी खाकर नदी को साफ रखने में अहम भूमिका निभाती है। मध्यप्रदेश प्रदुषण नियंत्रण बोर्ड हर छह माह में नर्मदा के प्रदुषण का आंकलन करता है। आंकलन में नर्मदा जल को कई स्थानों पर ए ग्रेड और बिना किसी उपचार के पीने योग्य बताया गया है। लेकिन उक्त जल में भी महाशीर का अस्तित्व नहीं बच पाया है। यदि जल वाकई साफ होता तो महाशीर के अंडे पानी में जरूर नजर आते। प्रदेश में मछलियों की 215 प्रजातियां हैं। इनमें से 17 पर विलुप्ति का खतरा है।
प्रदूषित जल से मछलियों की होती है मौत
सीवेज से प्रदूषित जल निकायों में मछलियों की मौत का कारण आक्सीजन की कमी होती है। मिडिया रिपोर्ट के अनुसार महाराष्ट्र के पंच गंगा एवं कृष्णा नदी, मुम्बई के ऐतिहासिक बाण गंगा तालाब, तामिलनाडु के कावेरी एवं अडयार नदी, कर्नाटक की उदयावरा एवं फाल्गुनी नदी, केरल की पेरियार नदी, दिल्ली- हरियाणा सीमा के नजफगढ़ नाले, यमुना नदी के बागपत एवं आगरा क्षेत्र, गंगा नदी के हल्द्वानी वाराणसी कानपूर, जम्मू कश्मीर के बसंतर नदी, मध्यप्रदेश के बेतबा और मुरैना की कुवांरी नदी में हजारों की संख्या में मछलियां मृत पाई गई। ये कुछ उदाहरण मात्र हैं। इसलिए प्रत्येक नदियों के जल प्रवाह को अविरल और निर्मल रखने और गर्मी के मौसम में भी सुखने नहीं देना है यह सुनिश्चित करना होगा।
सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट जरूरी
नदी के उदगम स्थल से समुद्र तक पहुंचने वाली नदी को हर प्रकार के प्रदुषण से मुक्त रखा जाए। इसके लिए नदी घाटी के हर क्षेत्र के लिए सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट जल्द से जल्द तैयार करना होगा। इसके साथ ही शहरी, ग्रामीण और औधोगिक क्षेत्र का अपशिष्ट और खेती में उपयोग किया जाने रसायनिक खाद, कीटनाशक दवाई आदि को नियंत्रित करना भी बेहद जरूरी होगा। नदी जल, भूजल, जलीय जीव आदि पर असर लाने वाला अवैध रेत खनन पर संपूर्ण प्रतिबंध लगाना होगा। नदी और नदी घाटी के किसी भी संसाधनों को प्रभावित करने वाली कोई भी विकास परियोजनाओं का सर्वांगीण अध्ययन और निष्पक्ष मूल्यांकन किया जाना आवश्यक है। नदियों को संरक्षित करने के लिए जन आंदोलनों का राष्ट्रीय समन्वय (एनएपीएम) का नदी घाटी मंच द्वारा नदी संरक्षण, सुरक्षा और पुनर्जीवन अधिनियम ड्राफ्ट प्राईवेट बिल आगामी संसद के शीतकालीन सत्र में प्रस्तुत करने की तैयारी चल रही है।
बुजबुजिया प्राइमरी स्कूल, शिक्षा का संकट
- मंडला के वन ग्राम में 5 वर्षों से पन्नी की झोपड़ी में पढ़ रहे सैकड़ों आदिवासी बच्चे
- जर्जर भवन से लेकर फ्लोराइड युक्त पानी तक, जिम्मेदारों की उदासीनता
- पन्नी से बनाई झोपड़ी में बुजबुजिया प्राइमरी स्कूल में पढ़ाई की जद्दोजहद
मंडला महावीर न्यूज 29. विकासखंड मंडला के अंतर्गत वनग्राम घोड़ाडीह बुजबुजिया में प्राइमरी स्कूल के सैकड़ों आदिवासी बच्चों का भविष्य पांच वर्षों से बर्बादी की ओर है। लगभग बीस साल पहले बना प्राइमरी शाला भवन जर्जर होकर गिर रहा है, जिसके कारण ये बच्चे प्लास्टिक की पन्नी और हरे नेट से बनाई गई एक असुरक्षित झोपड़ी में बैठकर पढऩे को मजबूर हैं।
विभाग के अधिकारियों ने जर्जर हालत को देखते हुए यहां कक्षाएं लगाने पर रोक तो लगा दी थी, लेकिन कक्षाओं के लिए कोई वैकल्पिक सुरक्षित स्थान नहीं बताया। इसके बाद ग्रामीणों, पालकों और शिक्षकों ने आपस में चंदा करके यह अस्थायी झोपड़ी तैयार कराई। यहां न बैठने के लिए समतल जगह है और न ही कहानी आदि की किताबें रखने के लिए कोई सुरक्षित पुस्तकालय।
स्वास्थ्य पर खतरा और सुविधाओं का अभाव
बच्चों की शिक्षा के अलावा उनका स्वास्थ्य भी गंभीर खतरे में है। स्कूल परिसर में खुदे हैंडपंप से फ्लोराइड युक्त पानी आता है, जिसके उपयोग से बच्चों के दांत खराब हो रहे हैं और उनका स्वास्थ्य बिगड़ रहा है। इसके साथ ही स्कूल में शौचालय टूट चुका है और अनुपयोगी हो गया है, बच्चे-बच्चियां खुले में शौच करने को मजबूर हैं। रसोई शेड खराब होने के कारण मध्यान्ह भोजन आंगनबाड़ी के छोटे कमरे में पकाया जाता है।
पांच वर्षों से थके हुए पालक
पालकों और ग्रामीणों का कहना है कि वे इस समस्या के समाधान के लिए पिछले पांच वर्षों से लगातार कलेक्टर सहित अन्य जिम्मेदारों को आवेदन दे रहे हैं। एक-दो बार अधिकारी दौरे पर आए ज़रूर, पर समस्या का समाधान अब तक नहीं हुआ है, जिससे वे थका हुआ और ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं। इस गंभीर समस्या की ओर ध्यानाकर्षण कराते हुए आम आदमी पार्टी मंडला ने क्षेत्र भ्रमण के बाद तत्काल कलेक्टर मंडला, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत और जिला शिक्षा केन्द्र समन्वयक को पत्र लिखा है। पार्टी ने शिक्षा अधिकार अधिनियम के तहत इन अबोध आदिवासी बच्चों के हित में शीघ्र ही उचित और सुरक्षित व्यवस्था बनाए जाने का आग्रह किया है।
108 कुण्डीय गायत्री महायज्ञ की पूर्ण आहूति पर धर्मप्रेमियों ने किया यज्ञ
- नर्मदा तट पर विराट 108 कुण्डीय गायत्री महायज्ञ संपन्न
- धर्मप्रेमियों ने ली सनातन की सुरक्षा की शपथ
- राष्ट्र शौर्य समृद्धि महायज्ञ का समापन, सीएम के अपर सचिव और कैबिनेट मंत्री भी हुए शामिल
मंडला महावीर न्यूज 29. जिला मुख्यालय के कुम्भ स्थल नर्मदा तट पर आयोजित चार दिवसीय विराट 108 कुण्डीय राष्ट्र शौर्य समृद्धि गायत्री महायज्ञ का गुरुवार को समापन हुआ। मध्यप्रदेश सहित अन्य राज्यों से हजारों की संख्या में धर्मप्रेमी परिजन इस आयोजन में पहुंचे और पूर्ण आहुति देते हुए धर्म, समाज और सनातन की सुरक्षा के लिए संकल्प लिया। यह महायज्ञ युग निर्माण योजना के अंतर्गत राष्ट्र को समर्थ और समृद्ध बनाने के उद्देश्य से आयोजित किया गया था, जिसकी शुरुआत 17 नवंबर को मंगल कलश यात्रा के साथ हुई।
चार दिवसीय इस आयोजन में 18 व 19 नवंबर को सामूहिक जप-ध्यान, प्रज्ञा योग, व्यायाम, देव पूजन और गायत्री महायज्ञ के साथ सप्त आंदोलन पर कार्यक्रम आयोजित हुए। 19 नवंबर को अखण्ड दीप एवं वंदनीय माता जी जन्म शताब्दी संकल्प दीप महायज्ञ का भी आयोजन किया गया, जिसमें हजारों दीप प्रज्वलित किए गए। इस आयोजन में मुख्यमंत्री कार्यालय भोपाल से अपर सचिव लक्ष्मण राज सिंह मरकाम ने विशेष रूप से उपस्थित होकर धर्मप्रेमियों में नई ऊर्जा का संचार किया और कहा कि गायत्री महायज्ञ में शामिल होने से दुख दर्द का नाश होता है। बताया गया कि हरिद्वार से आए टोली नायक आचार्य राजकुमार भृगु ने बताया कि यह महायज्ञ युगऋषि पं. श्रीराम शर्मा आचार्य के संकल्प मानव में देवत्व का उदय और धरती पर स्वर्ग का अवतरण को साकार करने और संस्थापिका माता भगवती देवी शर्मा के जन्म शताब्दी वर्ष 2026 के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया था।
समापन अवसर पर कैबिनेट मंत्री सम्पतिया उईके, नपा अध्यक्ष विनोद कछवाहा, राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ विभाग प्रचारक पंकज पांडे और जिला पंचायत सदस्य शैलेष मिश्रा, सामाजिक कार्यकर्ता नीरज अग्रवाल, किशोर रजक, रोहित बघेल, रंजीत कछवाहा, विश्व हिन्दू परिषद से सोनल बर्मन मुख्य रूप से शामिल हुए। कार्यक्रम के संयोजक अधिवक्ता संदीप साहू का भी सम्मान किया गया। अखिल विश्व गायत्री परिवार मंडला ने सभी सहयोगियों, पुलिस, नगर पालिका, विद्युत विभाग और मीडिया के प्रति आभार व्यक्त किया।
स्वास्थ्य तंत्र पर संकट
- वेतन, प्रोत्साहन राशि नहीं मिलने पर मंडला में 250 सीएचओ का महाआक्रोश
- 3 माह से वेतन बंद, 9 माह से प्रोत्साहन राशि अटकी
- सीएचओ ने सीएमएचओ और कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर सौंपा ज्ञापन
- मंडला में सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों का महा-आक्रोश
मंडला महावीर न्यूज 29. जिले के स्वास्थ्य तंत्र में इन दिनों भारी उथल-पुथल मची हुई है। गुरूवार को जिले के 9 ब्लॉकों से लगभग 250 सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी अपनी लंबित मांगों को लेकर भारी संख्या में जिला मुख्यालय पहुँचे। संयुक्त सामुदायिक अधिकारी संगठन की अगुवाई में सभी सीएचओ ने सीएमएचओ और कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। अधिकारियों का महा-आक्रोश लगातार तीन माह से वेतन का भुगतान न होने और नौ माह से कार्य आधारित प्रोत्साहन राशि अटके रहने के कारण बढ़ा है।
सीएचओ ने बताया कि विभाग की लापरवाही के कारण उनका लगातार 3 माह का वेतन, 9 माह की प्रोत्साहन राशि और 2 वर्ष से अनाबद्ध राशि लंबित है। इस गंभीर आर्थिक संकट ने कई अधिकारियों को कर्ज, पारिवारिक दबाव और मानसिक तनाव की स्थिति में पहुँचा दिया है। जिलाध्यक्ष डॉ. महेंद्र बुंदेला ने कहा कि सार्थक पोर्टल में तकनीकी समस्याओं के कारण भी कई अधिकारियों की सैलरी बिना किसी गलती के रोक दी गई है। वे जनता के स्वास्थ्य के लिए दिन-रात फील्ड में रहते हैं, लेकिन उन्हें उनका बेसिक वेतन भी समय पर नहीं मिल रहा।
ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं पर सीधा असर
बताया गया कि सीएचओ ग्रामीण इलाकों में टीकाकरण, मातृ-शिशु स्वास्थ्य, रोग नियंत्रण और जन-जागरूकता अभियानों की रीढ़ माने जाते हैं। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि लंबित राशियों का भुगतान तुरंत नहीं हुआ, तो इन ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की गति बुरी तरह प्रभावित हो सकती है। संगठन ने प्रशासन से मांग की है कि सभी रुकी हुई सैलरी और 9 माह की प्रोत्साहन राशि का अविलंब भुगतान किया जाए और सार्थक पोर्टल की तकनीकी समस्या का स्थायी समाधान किया जाए।
लूट-आभूषण से भरे बैग ले गए कार सवार लूटेरे
- मंडला के कटरा में आयुषी ज्वेलर्स पर सनसनीखेज वारदात
- सराफा व्यापारी को गोली मारकर आभूषण से भरे बैग लूटे
- सुस्त पुलिसिंग का फायदा उठाकर लुटेरे फरार
- पैर में गोली लगने से घायल व्यापारी अस्पताल में भर्ती
मंडला महावीर न्यूज 29. सुस्त पुलिसिंग का फायदा उठाते हुए अज्ञात कार सवार लुटेरों ने सराफा व्यापारी को गोली मार दी और आभूषणों से भरे दो बैग छीनकर फरार हो गए। जबलपुर मार्ग कटरा स्थित आयुषी ज्वेलर्स में शाम करीब 7.30 बजे दुकान बंद करने के दौरान हुई इस सनसनीखेज वारदात से पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई। बताया गया कि गोली व्यापारी के पैर में लगी है, जिसे उपचार के लिए तत्काल जिला अस्पताल मंडला में भर्ती कराया गया। वारदात की सूचना पाकर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई है।
जानकारी अनुसार आयुषी ज्वेलर्स के संचालक आयुष सोनी दुकान बंद कर रहे थे और उन्होंने आभूषणों से भरे दो बैग कार चालक को रखने के लिए दिए। इसी बीच एक कार रुकी और लुटेरों ने पहले चालक पर फायर कर दिया। गोली की आवाज सुनकर चालक दुकान की ओर भागा। कार से उतरे लुटेरों ने तत्काल आयुष सोनी की कार से आभूषणों से भरे बैग उठा लिए। आयुष सोनी को रोकने की कोशिश करने पर लुटेरों ने उन पर भी फायरिंग कर दी, जिससे उनके पैर में गोली लगी और एक लुटेरे ने उनके चेहरे पर पंच भी मारा।
गोलियां चलने की आवाज सुनकर मुख्य मार्ग के रहवासी और व्यवसायी प्रतिष्ठानों में सनसनी फैल गई। घायल आयुष सोनी को अस्पताल पहुंचाया गया। कोतवाली पुलिस बल और पुलिस अफसरों की टीम घटना की जानकारी लेकर कार्रवाई में जुट गई है। लुटेरों को पकडऩे के लिए जबलपुर-रायपुर हाइवे पर अलर्ट जारी कर दिया गया है। पांच लुटेरों द्वारा की गई यह वारदात पुलिस के लिए एक बड़ी चुनौती बन गई है।
ज्वेलरी शॉप पर लूट से पहले देखा रास्ता
लुटेरे कार से आए थे। वह सीधे ज्वेलरी शॉप पर जाने से पहले कुछ सेकेंड के लिए दुकान से पहले रुके। यहां करीब 10 सेकेंड तक इंतजार करने के बाद दुकान के सामने पहुंचे। जैसे ही आयुष सोनी जेवर से भरे बैग लेकर निकले, वैसे ही लुटेरों ने हथियार निकाला और बैग छीन लिया।
सिर्फ 35 सेकेंड में लूट को दिया अंजाम
कार में सवार होकर आए चार लुटेरों ने कुल 35 सेकेंड में लूट को अंजाम दिया। इस दौरान तीन लुटेरे कार से बाहर निकले। वहीं चौथा ड्राइविंग सीट पर बैठकर इंतजार करता रहा। जैसे ही बाकी बदमाश लूटकर लौटे वह कार लेकर भाग निकला।
निजी स्कूल संचालक के सूने मकान को अज्ञात चोरों ने बनाया निशाना
- 8 लाख के नगद-जेवर चोरी, रिश्तेदारी में गया था परिवार
- एलआईसी प्रीमियम और स्कूल फीस भी ले उड़े चोर
- ग्राम सिंगपुर में सूने मकान से 8 लाख की चोरी
मंडला महावीर न्यूज 29. निवास थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सिंगपुर स्थित हनुमान मंदिर के सामने निजी स्कूल संचालक व एलआईसी अभिकर्ता राम किशोर कछवाहा के सूने मकान को अज्ञात चोरों ने निशाना बनाया। मकान मालिक परिवार के साथ रिश्तेदारी में गए हुए थे, इसी दौरान अज्ञात चोरों ने घर के सामने का ताला तोड़कर प्रवेश किया। चोरों ने अलमारी में रखे बच्चों की स्कूल फीस, एलआईसी प्रीमियम की राशि और कीमती सोने-चांदी के जेवर सहित लगभग 2.5 लाख नगद लेकर फरार हो गए। मकान मालिक ने बताया कि चोरी हुए सामानों का कुल अनुमानित मूल्य 7 से 8 लाख के बीच है।
मकान मालिक राम किशोर कछवाहा ने बताया कि चोर सोने की पांचाली पत्ती (डेढ़ तोला), गुरिया, नाक की लौंग, अंगूठी (एक तोला) और एक जोड़ी झुमकी सहित चांदी के करधन (आधा किलो), पायल और अन्य जेवर चुरा ले गए। नगदी में बच्चों की स्कूल फीस के 70 हजार और एलआईसी की किस्त के 1 लाख 60 हजार सहित गुल्लक के 15 हजार नगद शामिल थे।
बताया गया कि चोरी की सूचना मिलते ही निवास थाना प्रभारी वर्षा पटेल सहित पूरा स्टाफ मौके पर पहुंचा। पुलिस ने घटना स्थल का मुआयना किया और फिंगर प्रिंट विशेषज्ञों को भी सूचित किया गया। निवास पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात चोरों की तलाश शुरू कर दी है और घटना की गहराई से जांच की जा रही है।
रिपोर्टर- रोहित प्रशांत चौकसे
अहमदपुर चौराहा में ट्रकों की आमने-सामने भिड़ंत, चालक घायल
- नियंत्रण खोने से हुआ हादसा, चालक की सूझबूझ से बड़ा हादसा टला
- घाट उतरते 16 चक्का ट्रक ने सामने से आ रहे डंपर को मारी टक्कर, चालक घायल
मंडला महावीर न्यूज 29. अंजनिया चौकी अंतर्गत एनएच-30 के अहमदपुर चौराहा के पास गुरुवार की सुबह करीब 8 बजे एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। बताया गया कि बिछिया की ओर से जबलपुर जा रहा एक 16 चक्का ट्रक घाट उतरते समय अचानक अनियंत्रित हो गया और सामने से आ रहे मिट्टी लोड डंपर से जा टकराया। इस भीषण टक्कर में रायपुर से मिट्टी लोड कर जबलपुर जा रहे डंपर का सामने का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। हादसे में डंपर चालक को हल्की चोटें आईं हैं, जिसे तुरंत स्थानीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहाँ उसका इलाज जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बिछिया की ओर से घाट उतर रहा 16 चक्का ट्रक तेज गति के कारण अनियंत्रित हो गया था। ट्रक चालक ने जब यह महसूस किया कि सामने से आ रहे डंपर से टक्कर हो सकती है, तो उसने तुरंत ड्राइवर सीट से उठकर कंडक्टर सीट की तरफ छलांग लगा दी। स्थानीय लोगों ने बताया कि चालक की इसी सूझबूझ के कारण जान का कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ और एक बड़ा हादसा टल गया।
बताया गया कि टक्कर के कारण नेशनल हाईवे 30 मार्ग पर यातायात बाधित हो गया था। दुर्घटना की सूचना मिलते ही अंजनिया चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और तुरंत दुर्घटनाग्रस्त दोनों ट्रकों को हाईवे से हटवाकर यातायात को सामान्य किया गया। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर प्रारंभिक जांच शुरू कर दी है।
रिपोर्टर- गर्जेन्द्र पटेल, अंजनिया, मंडला ✍️
पर्यटकों के लिए खुशखबरी
- पीएमश्री हेली पर्यटन सुविधा से जुड़ेगा कान्हा नेशनल पार्क
- जबलपुर से शुरू होगी सेवा, 35 मिनट में पहुंचेंगे पर्यटक
- बांधवगढ़ और कान्हा के लिए हेली जॉय राईड शुरू
मंडला महावीर न्यूज 29. मध्यप्रदेश पर्यटन को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान देने के लिए शुरू की गई पीएमश्री हेली पर्यटन सुविधा से अब विश्व प्रसिद्ध कान्हा नेशनल पार्क और बांधवगढ़ नेशनल पार्क सीधे जुड़ गए हैं। यह सेवा पर्यटकों को कम समय में इन स्थानों तक पहुंचने में सहायक होगी, जिससे वन्यजीव प्रेमियों के लिए यात्रा का अनुभव और भी सुगम और विलासितापूर्ण हो जाएगा।
जानकारी अनुसार मप्र में शुरू की गई पीएमश्री हेली पर्यटन सुविधा से बांधवगढ़ और कान्हा नेशनल पार्क को जोड़ा गया है। यह सेवा पर्यटकों को कम समय में इन स्थानों तक पहुंचने में सहायक होगी। सेवा की शुरूआत जबलपुर से की जायेगी। हेलीकॉप्टर प्रात: 10 बजे जबलपुर एयरपोर्ट से भेड़ाघाट हेलीपेड के लिए उड़ान भरकर 10:20 मिनिट पर भेड़ाघाट पहुंचेगा। भेड़ाघाट से 10:30 मिनिट पर रवाना होकर 11:15 पर बांधवगढ़ के गुरूवाही हेलीपेड पर लैंड करेगा। यहां 20 मिनिट की बांधवगढ़ जॉय राईड कर 11:45 पर वापस गुरूवाही हेलीपेड पहुंचेगा।
गुरूवाही हेलीपेड से हेलीकॉप्टर पुन: कान्हा नेशनल पार्क के लिए 12:05 मिनिट पर उड़ान भरेगा तथा 12:35 बजे मंडला एयरस्ट्रिप पर लैंड करेगा। यहां 20 मिनिट की कान्हा जॉय राईड के बाद अपरान्ह 1:05 बजे वापस मंडला एयरस्ट्रिप पर पहुंचेगा। वापस कान्हा से 1:15 बजे गुरूवाही हेलीपेड के लिए रवाना होगा। यहां 1:45 बजे पहुंचकर पुन: 1:55 बजे जबलपुर के लिए प्रस्थान करेगा।
कान्हा में चार दिवसीय चौथे तितली सर्वेक्षण संपन्न
- 9 राज्यों के 58 वॉलिंटियर्स ने खोजीं रंग, बिरंगी प्रजातियां
- प्रकृति के रंगों की खोज, कान्हा में तितली सर्वेक्षण संपन्न, पिछली बार मिली थीं 143 प्रजातियां
मंडला महावीर न्यूज 29. विश्व प्रसिद्ध कान्हा टाइगर रिजर्व में तितलियों की प्रजातियों की पहचान और वन्यजीव संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से लगातार चौथे वर्ष तितली सर्वेक्षण का आयोजन किया गया। 15 से 18 नवंबर तक चले इस चार दिवसीय सर्वेक्षण अभियान में देश भर के प्रकृति प्रेमियों ने हिस्सा लिया। इस सर्वेक्षण का मुख्य उद्देश्य तितलियों की प्रजातियों की गणना, अध्ययन और उनकी विविधता की जानकारी एकत्र करना था।
कान्हा में इस सर्वेक्षण की खास बात यह रही कि इसमें महाराष्ट्र, हरियाणा, गुजरात, राजस्थान, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और कर्नाटक समेत नौ राज्यों के 58 वॉलिंटियर्स ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कान्हा प्रबंधन और वॉलिंटियर्स के आपसी सहयोग से इन प्रतिभागियों ने कान्हा टाइगर रिजर्व की सभी 13 रेंजों को कवर किया और वहां मौजूद तितलियों की प्रजातियों का गहन अध्ययन किया। वन विभाग के कर्मचारियों ने भी इस कार्य में सक्रिय भूमिका निभाई।
कान्हा टाइगर रिजर्व के फील्ड डायरेक्टर रविंद्र मणि त्रिपाठी ने जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष का डेटा संकलन अभी प्रक्रिया में है, लेकिन वॉलिंटियर्स का उत्साह सराहनीय रहा। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष के सर्वेक्षण में कान्हा टायगर रिजर्व के अंदर तितलियों की लगभग 143 प्रजातियां खोजी गई थी, जो यहां की समृद्ध जैव विविधता का प्रमाण है।
तैयार होगी विस्तृत रिपोर्ट
सर्वेक्षण के दौरान प्रतिभागियों द्वारा देखी गई तितलियों की जानकारी और उनकी तस्वीरें संकलित की जा रही हैं। इन आंकड़ों और तस्वीरों के विश्लेषण के बाद जल्द ही एक विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जाएगी, जो भविष्य में संरक्षण प्रयासों में मदद करेगी।
रिश्वत, रंजिश और लाचारी
- पटवारी और दबंगों के गठजोड़ का शिकार हुआ किसान
- फर्जी सीमांकन और मारपीट के बाद न्याय के लिए दर-दर भटकने को मजबूर
- पुश्तैनी जमीन बचाने के लिए सिस्टम से लड़ रहा सुकरत दास
- सबूत होने के बावजूद कार्रवाई के नाम पर सन्नाटा
मंडला महावीर न्यूज 29. प्रदेश सरकार भले ही सुशासन और किसानों के हितैषी होने का दावा करती हो, लेकिन जमीनी हकीकत अक्सर इन दावों की पोल खोल देती है। मंडला जिले से प्रशासनिक लापरवाही, भ्रष्टाचार और दबंगई का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने व्यवस्था की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मामला जनपद पंचायत मोहगांव के अंतर्गत ग्राम पंचायत झुरगी पौड़ी का है, जहां एक गरीब आदिवासी किसान अपनी ही पुश्तैनी जमीन को बचाने के लिए सिस्टम और समाज के प्रभावशाली लोगों से अकेले लोहा ले रहा है।
जानकारी अनुसार पीडि़त किसान सुकरत दास सोनवानी ने जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक के पास शिकायत दर्ज कराते हुए न्याय की गुहार लगाई है। शिकायत में बताया कि हल्का पटवारी लाल सिंह उईके ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए गांव के कुछ प्रभावशाली लोगों के साथ सांठगांठ की और किसान के खेत का फर्जी सीमांकन कर दिया। आरोप है कि पटवारी ने जानबूझकर खेत के नक्शे में हेरफेर किया। किसान के खेत में जो सरकारी नाला स्थित है, उसे दस्तावेजों में खेत के बीचो-बीच दर्शा दिया गया। इस कागजी हेराफेरी का मुख्य उद्देश्य यह था कि गांव के रसूखदार लोग इस आड़ में किसान की पुश्तैनी जमीन पर अवैध कब्जा कर सकें। यह मामला केवल एक प्रशासनिक चूक नहीं, बल्कि एक सुनियोजित षड्यंत्र प्रतीत होता है।
रिश्वतखोरी के डिजिटल सबूत, फिर भी कार्रवाई नहीं
बताया गया कि इस पूरे प्रकरण का सबसे चौंकाने वाला पहलू पटवारी द्वारा की गई अवैध वसूली है। किसान का आरोप है कि सीमांकन को सही करने के नाम पर पटवारी ने उससे पांच हजार रुपये की मांग की। मजबूर किसान ने 3,500 रुपये नकद दिए और बाकी 1500 रुपये फोन पे के माध्यम से डिजिटल रूप से ट्रांसफर किए। किसान के पास इस डिजिटल लेनदेन का पक्का सबूत मौजूद है, जो भ्रष्टाचार के आरोपों की पुष्टि करता है। बावजूद इसके जब पटवारी से इस बारे में पूछा गया, तो उन्होंने बेहद गैर-जिम्मेदाराना बयान दिया कि खाते में पैसे आते रहते हैं, मुझे नहीं पता क्यों डाले गए।
खेत में घुसकर किया तांडव और परिवार को दी धमकी
पटवारी की शह पर गांव के कुछ दबंगों ने कानून को अपने हाथ में ले लिया है। पीडि़त किसान सुकरत दास ने बताया कि गांव के कलिका प्रसाद, प्रेम भवेदी, दुर्गेश भवेदी, कंसु मरकाम, बिरसिंह मरकाम, फागू मरकाम, मिथलेश मरकाम, शिवकुमार मरकाम और दयाराम भवेदी ने उसकी गैरमौजूदगी में खेत में घुसकर फेंसिंग तोड़ दी और मेढ़ बंधान को उखाड़ फेंका। बरसात के समय से ही यह सिलसिला जारी है। जब भी किसान विरोध करता है, उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी जाती है। इतना ही नहीं उसे डराने के लिए यह भी कहा जा रहा है कि यदि उसने जमीन नहीं छोड़ी, तो उसे एससी-एसटी एक्ट के झूठे मामले में फंसा दिया जाएगा।
डर के साये में जीने को मजबूर परिवार
सुकरत दास का पूरा परिवार दहशत में है। जिस जमीन से उनके परिवार का भरण-पोषण होता है, आज उसी जमीन पर जाने से उन्हें रोका जा रहा है। चौकी चाबी और तहसील कार्यालय मोहगांव में कई बार शिकायतें देने के बाद भी स्थानीय स्तर पर कोई सुनवाई नहीं हुई। वीडियो फुटेज, टूटी हुई फेंसिंग की तस्वीरें और रिश्वत के डिजिटल सबूत होने के बाद भी पुलिस और प्रशासन की चुप्पी कई सवाल खड़े कर रही है।
इनका कहना है
शिकायत के आधार पर जांच की जाएगी, चौकी चाबी को शिकायत फॉरवर्ड किया गया है, और चौकी प्रभारी को निर्देशित किया गया है कि उचित जांच करे।
रजत सकलेचा, पुलिस अधीक्षक मंडला
मैने किसी प्रकार की पैसे की मांग नहीं की है, मेरे खाते में अनेक तरह के पैसे आते रहते है, मुझे नहीं पता उन्होंने मेरे खाते में क्यों पैसे डाले है मैने कोई पैसे की मांग नहीं की है, ओर मैं फिर से सुकरात का सीमांकन करवा दूंगा। और गांव के लोगों को मैने नहीं बोला था तोडफ़ोड करने के लिए, उन्होंने खुद ही तोडफ़ोड़ किया है।
लाल सिंह उईके, पटवारी
पति को बचाने दौड़ी पत्नी, नदी में करंट की चपेट में आने से दोनों की मौत
- थावर नदी में मोटर निकालते समय फैला करंट
- दंपती की दर्दनाक मौत, गांव में पसरा मातम
मंडला महावीर न्यूज 29. जिले की नैनपुर तहसील के ग्राम अतरिया में बुधवार सुबह एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ। यहां थावर नदी में मोटर निकालते समय करंट फैलने से पति-पत्नी की दर्दनाक मौत हो गई। पति को करंट की चपेट में देख पत्नी उसे बचाने दौड़ी थी, लेकिन वह भी हादसे का शिकार हो गई। इस घटना के बाद से पूरे गांव में शोक का माहौल है।
पिंडरई पुलिस चौकी प्रभारी राजकुमार हिरकने ने बताया कि मृतक राधे कुलस्ते 36 वर्ष और उनकी पत्नी सीमा कुलस्ते 30 वर्ष ग्राम अतरिया के निवासी थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बुधवार सुबह राधे नदी में लगी मोटर और मशीन को हटाने के लिए पानी में उतरे थे। इसी दौरान मशीनरी में तकनीकी खराबी आने से पानी में अचानक करंट फैल गया। राधे को तड़पता देख किनारे पर मौजूद उनकी पत्नी सीमा उन्हें बचाने के लिए पानी में कूदीं, लेकिन वे भी तेज करंट की चपेट में आ गईं। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पिंडरई पुलिस मौके पर पहुंचा। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शवों को बाहर निकाला और पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए नैनपुर अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि विद्युत प्रवाह में लीकेज कैसे और कहां से हुआ।
मंडला: आपसी रंजिश में दो गुटों में खूनी संघर्ष, दो लोग गंभीर घायल
- आक्रोशित ग्रामीणों ने NH-30 पर किया चक्काजाम
- नारायणगंज क्षेत्र में हिंसक विवाद
- धारदार हथियारों का हुआ इस्तेमाल
- पुलिस-प्रशासन की समझाइश से बहाल हुआ यातायात
मंडला महावीर न्यूज 29. जिले के नारायणगंज क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बम्हनी में बुधवार सुबह आपसी रंजिश के चलते दो गुटों के बीच विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दोनों पक्षों के बीच डंडों और धारदार हथियारों का जमकर इस्तेमाल हुआ, जिसमें एक गुट के दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायल व्यक्तियों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणगंज पहुंचाया गया, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें इलाज के लिए जबलपुर रेफर कर दिया गया।
राष्ट्रीय राजमार्ग पर चक्काजाम इस हिंसक घटना के बाद, आक्रोशित ग्रामीणों ने राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-30) पर उतरकर चक्काजाम कर दिया, जिससे मार्ग पर लंबा जाम लग गया और यातायात पूरी तरह से बाधित हो गया।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए टिकरिया पुलिस, नारायणगंज तहसीलदार, एसडीओपी निवास और वीजा दंडी थाना प्रभारी सहित प्रशासनिक अधिकारियों का दल तुरंत मौके पर पहुंचा। अधिकारियों ने आक्रोशित लोगों को समझाइश दी और स्थिति को नियंत्रित किया, जिसके बाद बाधित यातायात को सुचारु रूप से बहाल कराया जा सका। पुलिस ने इस मामले में जांच शुरू कर दी है और विवाद के कारणों की पड़ताल की जा रही है।
जादू-टोना के शक में महिला की हत्या, कुसमी गांव में खूनी वारदात
- हत्यारा पड़ोसी 24 घंटे में गिरफ्तार
- पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजा
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला जिले के निवास कुसमी गांव में अंधविश्वास और जादू-टोने के संदेह के चलते एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। निवास थाना क्षेत्र के कुसमी गांव के टिकरा टोला में शनिवार रात पड़ोसी राजेंद्र उर्फ गुड्डू मरावी ने 45 वर्षीय महिला रामबती धुर्वे के सिर पर लाठी मारकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया।
मंडला पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा ने बताया कि मृतका रामबती धुर्वे का पति लकवाग्रस्त था। अंधविश्वास के चलते रामबती लगातार अपने पड़ोसी राजेंद्र उर्फ गुड्डू मरावी 32 वर्ष पर यह आरोप लगाती थी कि वही जादू-टोना करके उनके पति को बीमार कर रहा है। बताया गया कि जांच में सामने आया कि विगत शनिवार रात रामबती और आरोपी राजेंद्र के बीच तीखा विवाद हुआ। विवाद इतना बढ़ गया कि राजेंद्र उर्फ गुड्डू मरावी ने आवेश में आकर बांस के डंडे से रामबती के सिर पर जोरदार वार कर दिया। इस घातक हमले से रामबती की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी राजेंद्र मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल घेराबंदी की और त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी राजेंद्र उर्फ गुड्डू मरावी को सोमवार को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
तीन माह से लापता पति की तलाश में मां-बच्चे चार जिलों में भटके
- पुलिस ने झाड़ा पल्ला, प्रशासनिक लापरवाही से जूझकर कलेक्ट्रेट पहुंची मजबूर पत्नी
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला की एक महिला सुशीला रजक पिछले तीन महीनों से अपने दो छोटे बच्चों 13 वर्षीय प्रांजल और 3 वर्षीय अनुराग के साथ अपने लापता पति रामकुमार रजक की तलाश में दर-दर भटक रही है। मजदूरी करके पेट पाल रहे इस परिवार को प्रशासनिक मदद न मिलने और पुलिस की क्षेत्राधिकार की उलझन में फंसकर लगातार निराशा का सामना करना पड़ रहा है। थक-हारकर सुशीला मंगलवार को अपने पिता के साथ कलेक्ट्रेट पहुंची और न्याय की गुहार लगाई।
जानकारी अनुसार स्वामी सीताराम वार्ड निवासी सुशीला का विवाह सिवनी जिले के धनोरा निवासी रामकुमार से हुआ था, जो मजदूरी करते थे। सुशीला ने बताया कि उनके पति आखिरी बार रक्षाबंधन पर घर आए थे। इसके बाद वह जबलपुर चले गए और 25 अगस्त को किसी अन्य नंबर से उन्होंने आखिरी बार बात की थी, जिसके बाद से उनका कोई अता-पता नहीं चला है।
पति की तलाश में सुशीला बच्चों को साथ लेकर जबलपुर के मदन महल और आसपास के इलाकों में भटकती रहीं। इसी दौरान राजेन्द्र धुर्वे नामक एक व्यक्ति ने उन्हें झूठी सूचना दी कि रामकुमार की करेली नरसिंहपुर में एक दुर्घटना में मौत हो गई है। जब सुशीला उस व्यक्ति के साथ करेली पहुंची, तो वह उन्हें चकमा देकर रास्ते में ही भाग गया। इसके बाद में करेली पुलिस की जांच में यह स्पष्ट हुआ कि मृतक रामकुमार कछवाहा था, न कि सुशीला का पति और यह नाम व पते की समानता के कारण भ्रम हुआ था।
सीएम हेल्पलाईन में की शिकायत
बताया गया कि मदद के लिए सुशीला को पुलिस की उदासीनता का भी सामना करना पड़ा। मंडला कोतवाली ने उन्हें जबलपुर भेज दिया, जबकि जबलपुर के मदन महल थाने ने वापस मंडला भेज दिया। कई चक्कर काटने के बाद उन्होंने सीएम हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद आवेदन तो लिया गया, लेकिन आज तक एफआईआर दर्ज नहीं की गई। सुशीला का कहना है कि वह मजदूरी करके किसी तरह बच्चों का पेट पाल रही है, और इस मुश्किल स्थिति में उसका भटकना बेहद दर्दनाक है। उन्होंने जनसुनवाई में पुन: आवेदन देकर पति की तलाश में तत्काल मदद की मांग की है।
राष्ट्रीय गुणवत्ता प्रमाणन के लिए आयुष्मान आरोग्य मंदिर की तैयारी तेज
- एनक्यूएएस पास करने के लिए स्टाफ को किया गया ब्रीफ
- एएनएम, सीएचओ और आशा कार्यकर्ताओं को सौंपे गए दायित्व
मंडला महावीर न्यूज 29. नारायणगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के अंतर्गत संचालित सात आयुष्मान आरोग्य मंदिरों को राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक प्रमाण पत्र दिलाने की दिशा में तेजी से काम चल रहा है। इसी क्रम में इन सभी मंदिरों के स्टाफ के लिए सीबीएमओ डॉ. अमृत लाल कोल के मार्गदर्शन में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसका मुख्य उद्देश्य एनक्यूएएस में सफलता प्राप्त करने के लिए की जा रही तैयारियों की समीक्षा करना और कर्मचारियों को उनके विशिष्ट दायित्वों के बारे में विस्तार से बताना था।
आयोजित बैठक में नारायणगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र से जुड़े सात आयुष्मान आरोग्य मंदिरों लालीपुर, छपरा, चौकी, डालाखापा, टिकरिया, जुझारी और साजपानी का समस्त स्टाफ मौजूद रहा। एनक्यूएएस नोडल अधिकारी मोनिका सिंगरौरे ने एएनएम, सीएचओ और आशा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए एनक्यूएएस मूल्यांकन के दौरान अपेक्षित मानकों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा, स्वच्छता, रोगी सुरक्षा, रिकॉर्ड का उचित रखरखाव और प्रभावी टीम वर्क ही इस राष्ट्रीय प्रमाण पत्र को हासिल करने की कुंजी हैं।
नोडल अधिकारी मोनिका सिंगरौरे ने बताया कि एनक्यूएएस प्रमाण पत्र इस बात का प्रमाण होता है कि केंद्र राष्ट्रीय स्तर के मापदंडों पर उच्च गुणवत्ता वाली स्वास्थ्य सेवाएँ प्रदान कर रहा है। यह प्रमाणन न केवल इन केंद्रों की विश्वसनीयता बढ़ाएगा, बल्कि स्थानीय समुदाय को बेहतर और भरोसेमंद स्वास्थ्य सेवाएँ सुनिश्चित करने में भी सहायक होगा। सभी स्टाफ को उनके व्यक्तिगत और सामूहिक दायित्वों की रूपरेखा समझाई गई जिससे मूल्यांकन के दौरान कोई कमी न रहे। सभी कार्यकर्ताओं ने निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी मानकों को पूरा करने और प्रमाण पत्र हासिल करने के लिए प्रतिबद्धता जताई।
आयोजित बैठक में नोडल अधिकारी मोनिका सिंगरौरे ने सीएचओ, एएनएम को बताया कि मलेरिया रजिस्टर पूर्ण रखे, एएनसी, फेमली प्लानिंग, एएफआई, आईडीएसपी, आयरन सारप के विषय में विस्तार से बताया। इसके साथ ही आशा कार्यकर्ताओं से कहां कि आयोडीन रजिस्टर, बिलिचिंग पाउडर, 108 एम्बुलेंस रजिस्टर तैयार रखे और यह रजिस्टर पूर्ण होने चाहिए। इसके साथ ही डेली डायरी में आपके द्वारा किये जाने वाले कार्य को भी इंगित कर पूर्ण करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर की सख्ती, स्वास्थ्य विभाग के खराब प्रदर्शन पर बम्हनी और मवई बीएमओ को कारण बताओ नोटिस जारी
- मातृ-शिशु स्वास्थ्य पर दिया विशेष फोकस, जिला स्वास्थ्य समिति बैठक संपन्न
- समन्वय कार्ययोजना बनाकर आरोग्यम जन स्वास्थ्य शिविर 2.0 शुरू करने का दिए निर्देश
मंडला महावीर न्यूज 29. जिला योजना भवन मंडला के सभाकक्ष में कलेक्टर सह अध्यक्ष जिला स्वास्थ्य समिति की अध्यक्षता में स्वास्थ्य एवं महिला बाल विकास विभाग की संयुक्त समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। सीएमएचओ डॉ. डीजे मोहन्ती द्वारा राष्ट्रीय क्षय नियंत्रण कार्यक्रम, मातृ स्वास्थ्य कार्यक्रम, शिशु स्वास्थ्य तथा राष्ट्रीय सिकल सेल एनीमिया उन्मूलन मिशन की जानकारी दी गई। कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने समीक्षा बैठक में निर्देशित किया कि लक्ष्य पूर्ण किये जाने के लिए जिले के सभी विकासखण्ड को फोकस करें।
बताया गया कि जिले में बम्हनी शहरी क्षेत्र मवई में 78 प्रतिशत एवं 75 प्रतिशत सबसे कम उपलब्धि है, खण्ड चिकित्सा अधिकारी बम्हनी एवं मवई को कारण बताओ नोटिस जारी करने का निर्देश दिया। टीबी भुगतान लंबित है। इसमें खण्ड चिकित्सा अधिकारी बम्हनी एवं एसटीएस को नोटिस जारी करने के निर्देश बैठक में दिए। निक्षय मित्र फूड बास्केट मरीजो को जनप्रतिनिधि मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद एवं तहसीलदार के साथ समन्वय करके वितरण किया जाये।
कलेक्टर ने निर्देशित किया कि हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं का सुरक्षित प्रसव सुनिश्चित करने के लिए स्वास्थ्य विभाग और महिला बाल विकास विभाग समन्वित कार्ययोजना तैयार करें। सभी एएनसी का समग्र में नाम जुड़वाने और गर्भवती महिलाओं का प्रथम तिमाही में शत प्रतिशत पंजीयन करने के निर्देश दिए गए। कार्य में प्रगति न करने वाले बीएमओ का वेतन काटने की कार्यवाही की चेतावनी भी दी गई।
वृहद् शल्य चिकित्सा शिविर का करें आयोजन
मंडला कलेक्टर ने जिले में सिकल सेल उन्मूलन के लिए जन अभियान चलाने और दिसंबर माह से आरोग्यम जन स्वास्थ्य शिविर 2.0 प्रारंभ करने का निर्देश दिया गया। राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत कटे फटे होंट एवं क्लव फुट से पीडित बच्चों की स्क्रीनिंग करके वृहद् शल्य चिकित्सा शिविर का आयोजन करने के लिए निर्देशित किया। सीएम हेल्पलाईन मध्यप्रदेश में जिला तीसरी रेंक में है, कलेक्टर द्वारा प्रशंसा की गई। समस्त खण्ड चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया गया कि 108 की ऑडिट 01 सप्ताह के अंदर करके रिर्पोट जिले को भेजें जिससे आगे की कार्यवाही की जा सकेगी।
बैठक में मंडला कलेक्टर सोमेश मिश्रा, जिला पंचायत सीईओ शाश्वत सिंह मीना, सीएमएचओ डॉ. डीजे मोहंती, जिला महिला बाल विकास अधिकारी शालिनी तिवारी, सिविल सर्जन, जिला टीकाकरण अधिकारी, डीएचओ, समस्त खण्ड चिकित्सा अधिकारी, समस्त सीडीपीओ, डीपीएम, डीसीएम, एमएण्डई, बीईई, बीपीएम, बीसीएम उपस्थ्ति रहे।
आईजी बालाघाट जोन ने किया मंडला पुलिस का तीन दिवसीय सघन निरीक्षण
- नक्सल उन्मूलन 2026 की दिशा में दिए गए निर्देश
- उत्कृष्ट कार्य पर स्टाफ हुए पुरस्कृत, पुलिस कर्मियों की सुनी समस्याएं
मंडला महावीर न्यूज 29. पुलिस महानिरीक्षक बालाघाट जोन संजय कुमार द्वारा 16 से 18 नवंबर तक जिला मंडला पुलिस का तीन दिवसीय निरीक्षण किया गया। इस निरीक्षण का उद्देश्य पुलिस व्यवस्था, अनुशासन, कार्यप्रणाली एवं जनसेवा से जुड़े विभिन्न पहलुओं का मूल्यांकन करना रहा। आईजी संजय कुमार ने थाना बीजाडांडी का निरीक्षण किया। इस दौरान थाने की कार्यप्रणाली, अभिलेख, मालखाना, सुरक्षा व्यवस्था आदि का अवलोकन किया गया और बलवा ड्रिल प्रैक्टिस कराते हुए स्टाफ को अनुशासन और तत्परता के निर्देश दिए।
बताया गया कि द्वितीय दिवस पर आईजी ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय मंडला की सभी शाखाओं का निरीक्षण किया। इसके बाद थाना कोतवाली मंडला एवं एसडीओपी मंडला कार्यालय का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा निर्देश प्रदान किया गया। निरीक्षण के अंतिम दिवस प्रात: रक्षित केन्द्र मंडला में परेड का आयोजन किया गया, जिसमें परेड कमांडर रक्षित निरीक्षक सुनील नागवंशी के नेतृत्व में पुलिस बल द्वारा आईजी संजय कुमार को सलामी दी गई। उत्कृष्ट वर्दी, अनुशासन एवं श्रेष्ठ प्रदर्शन पर चयनित अधिकारियों-कर्मचारियों को पुरस्कृत किया गया। इसके बाद परेड आयोजित हुई।
आईजी के सामने रखी समस्याएं
परेड के बाद सैनिक सम्मेलन का आयोजन किया गया, जिसमें पुलिस अधीक्षक मंडला रजत सकलेचा द्वारा आईजी संजय कुमार का स्वागत किया गया। पुलिस कर्मचारियों एवं परिजनों द्वारा विभिन्न समस्याएं रखी गईं, जिनका आईजी द्वारा नियमानुसार निराकरण किया गया। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों को नक्सल उन्मूलन 2026 के लक्ष्य की दिशा में सतत प्रयास करने, दैनिक व्यायाम, स्वास्थ्य जागरूकता और हेल्दी डाइट अपनाने के निर्देश दिए।
ये रहे मौजूद
कार्यक्रम के अंत में पुलिस अधीक्षक द्वारा आईजी को स्मृतिचिह्न प्रदान किया गया। समापन अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मंडला शिव कुमार वर्मा द्वारा धन्यवाद प्रस्ताव दिया गया। कार्यक्रम में एसडीओपी मंडला पीयूष मिश्रा, प्रीतम वालरे, मनीष राज, सौरभ तिवारी, डीएसपी अजाक अर्चना अहीर, डीएसपी महिला सुरक्षा सतीश चतुर्वेदी, सभी थाना-चौकी प्रभारी एवं अन्य पुलिस के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
आंगनबाड़ी सहायिका भर्ती में अनियमितता, सूची में टॉपर को दरकिनार कर गैर-आवेदक को किया नियुक्ति
- मोहगांव कार्यालय के बाबू ने मांगी 70 हजार की रिश्वत
- न्याय के लिए जनसुनवाई पहुंची द्रोपती बाई
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला जिले के मोहगांव विकासखंड में महिला एवं बाल विकास विभाग की चयन प्रक्रिया में गंभीर अनियमितता और भ्रष्टाचार का मामला सामने आया है। उमरडीह आंगनबाड़ी केंद्र में सहायिका पद के लिए जारी अंतिम सूची में पहले नंबर पर होने के बावजूद द्रोपती बाई उलाड़ी को नियुक्ति नहीं मिली। मंगलवार को न्याय की आस में द्रोपती ने कलेक्टर की जनसुनवाई में अपनी समस्या दर्ज कराई।
बताया गया कि मोहगांव विकासखंड के अंतर्गत ग्राम पंचायत बड़झर के पोषक ग्राम उमरडीह की निवासी द्रोपती बाई ने दो साल पहले सहायिका पद के लिए आवेदन किया था। महिला एवं बाल विकास परियोजना कार्यालय मोहगांव द्वारा 01 जनवरी 2024 को जारी सूची में द्रोपती बाई को सर्वाधिक 70 प्रतिशत अंक दिए गए थे और उनका नाम पहले नंबर पर था। बावजूद इसके द्रोपती बाई के नाम पर नियुक्ति आदेश जारी न करके कुमारी हल्की बाई को सहायिका पद पर नियुक्त कर दिया गया। द्रोपती का आरोप है कि हल्की बाई का नाम जारी सूची में दर्ज ही नहीं है और उन्होंने ऑनलाइन आवेदन भी नहीं किया था।
नियुक्ति के बदले रिश्वत की मांग
बताया गया कि शुरुआत में मोहगांव कार्यालय के एक बाबू ने आपत्ति दर्ज कराने से यह कहकर रोक दिया था कि द्रोपती को बिना आपत्ति के ही नियुक्ति दिलवाई जाएगी। लेकिन लगभग एक साल भटकने के बाद उसी बाबू ने नियुक्ति के बदले द्रोपती से सत्तर हजार रुपए की मांग करना शुरू कर दिया। रुपए की व्यवस्था न कर पाने के कारण द्रोपती रिश्वत नहीं दे सकीं और उनकी वैध नियुक्ति रोक दी गई। परियोजना कार्यालय के दर्जनों चक्कर काटने और केवल आश्वासन मिलने से निराश होकर द्रोपती बाई ने मंगलवार को कलेक्टर और जिला कार्यक्रम अधिकारी के नाम आवेदन दिया है। उन्होंने मोहगांव परियोजना कार्यालय की मनमानी पर उचित कार्यवाही कर उन्हें जल्द से जल्द न्याय दिलाने की मांग की है।











































































