आज से मंडला के नर्मदा तट पर 108 कुंडीय राष्ट्र शौर्य समृद्धि महायज्ञ
- सोमवार से चार दिवसीय महायज्ञ का आगाज
- शांतिकुंज हरिद्वार की टोली कराएगी यज्ञ, मानव में देवत्व उदय का संकल्प
मंडला महावीर न्यूज 29. युग ऋषि वेद मूर्ति तपोनिष्ठ परम पूज्य गुरुदेव पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से मंडला में चार दिवसीय विराट 108 कुंडीय राष्ट्र शौर्य समृद्धि गायत्री महायज्ञ का आयोजन आज सोमवार 17 से 20 नवंबर तक किया जाएगा। यह महायज्ञ कुंभ स्थल नर्मदा तट मंडला पर आयोजित किया जाएगा, जिसे संपन्न कराने के लिए अखिल विश्व गायत्री परिवार शांतिकुंज हरिद्वार की टोली मंडला पहुंची है।
बताया गया कि यह आयोजन युग निर्माण योजना के अंतर्गत अखिल विश्व गायत्री परिवार की संस्थापिका परम वंदनीय माता भगवती देवी शर्मा एवं अखंड दीप के जन्म शताब्दी वर्ष 2026 के उपलक्ष्य में एक वैश्विक उत्सव के रूप में होने जा रहा है। इसका उद्देश्य क्षेत्र के जनमानस को आद्यशक्ति वेदमाता गायत्री के महामंत्र को साधनात्मक पुरुषार्थ, राष्ट्र शौर्य और समृद्धि हेतु प्रेरित करना है। आयोजक अखिल विश्व गायत्री परिवार मंडला की समस्त टोली ने जिलेवासियों से इस आयोजन में सपरिवार पहुंचने की अपील की है, क्योंकि ऐसी मान्यता है कि यज्ञ से सारे विश्व का कल्याण होता है और भगवान जल्दी प्रसन्न होते हैं।
कार्यक्रम की बनी रूपरेखा
चार दिवसीय इस आयोजन की शुरुआत आज सोमवार को दोपहर 12 बजे से होगी, जब भव्य मंगल कलश यात्रा गायत्री शक्तिपीठ से नगर भ्रमण करते हुए कुंभ स्थल पर जाकर समाप्त होगी। मंगलवार 18 नवंबर को सुबह 8 बजे से मुख्य यज्ञ प्रारंभ होगा। प्रत्येक दिन दोपहर 3 बजे से संगीत एवं प्रवचन का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। महायज्ञ के दौरान विभिन्न प्रकार के संस्कार निशुल्क संपन्न कराए जाएंगे। यह महायज्ञ न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र बनेगा, बल्कि सामाजिक और आत्मिक उत्थान का संदेश भी देगा।











