बड़ी खैरी में गहराया पेयजल संकट, आप ने कलेक्टर को सौंपा स्थाई समाधान के लिए पत्र
- जिले भर में गहराते जलसंकट का भी किया गया जिक्र
- टैक्स वसूली जारी पर पानी पर्याप्त नहीं
मंडला महावीर न्यूज 29. जिला मुख्यालय से सटी ग्राम पंचायत बड़ी खैरी में बार-बार उठ रही पेयजल समस्या का स्थायी समाधान जल्द कराने की मांग को लेकर आम आदमी पार्टी मंडला के एक शिष्टमंडल ने गुरुवार को कलेक्टर के नाम अपर कलेक्टर क्षमा सराफ को एक पत्र सौंपा। इस पत्र में केवल बड़ी खैरी ही नहीं, बल्कि जिले भर में गहराते जलसंकट का भी उल्लेख किया गया है।
आप के वरिष्ठ कार्यकर्ता पीडी खैरवार ने इस गंभीर समस्या पर प्रकाश डालते हुए बताया कि ग्राम पंचायत बड़ी खैरी के लगभग आधे हिस्से में पिछले तीन-चार दिनों से पेयजल की आपूर्ति ठप्प पड़ी हुई है। खैरवार ने स्पष्ट किया कि यह कोई पहली बार नहीं है, बल्कि आए दिन ऐसी स्थिति बनती रहती है, जिसके कारण क्षेत्र के रहवासियों को पीने के पानी जैसी बुनियादी आवश्यकताओं के लिए भारी जद्दोजहद करनी पड़ती है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन हर महीने पेयजल टैक्स तो वसूलता है, लेकिन इसके एवज में पर्याप्त पानी उपलब्ध नहीं करा पाता है।
कार्यकर्ता पीडी खैरवार ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए। उन्होंने बताया कि समस्या बताने पर जनप्रतिनिधि समाधान का आश्वासन तो देते हैं, लेकिन साथ ही पीएचई विभाग से पर्याप्त पानी नहीं मिलने, पर्याप्त क्षमता वाली टंकियों के अभाव और दशकों पुरानी पाइपलाइन होने का हवाला देकर अपनी मजबूरी बता देते हैं। प्रशासन द्वारा 13 नवंबर को कुछ क्षेत्रों में टैंकर से पानी उपलब्ध कराने की कोशिश की गई, लेकिन यह केवल अस्थाई प्रयास है। प्रशासन की ओर से स्थायी समाधान के लिए आश्वासन मिलते रहे हैं, पर समाधान अब तक नहीं हुआ है।
समस्या का जल्द हो स्थायी समाधान
बताया गया कि बड़ी खैरी सहित पूरे जिले में पेयजल की समस्या दिन-प्रतिदिन गहराती जा रही है। इसकी वजह से लोग अपना काम-धाम छोड़कर पीने के पानी जैसी बुनियादी जरूरत के लिए भी भारी चिंता में डूबे रहते हैं। आम आदमी पार्टी ने प्रशासन से जल्द से जल्द पानी की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है, जिससे आमजनों को पानी के लिए मारा-मारी न करनी पड़े। पत्र सौंपने के दौरान डीएस वरकड़े, चंद्रगुप्त नामदेव, सहजान परस्ते, पीडी खैरवार, डीडी कुमरे और एडवोकेट एसके परते शामिल रहे।









