स्टीयरिंग फेल होने से ट्रैक्टर कुएं में गिरा, चालक ने कूदकर बचाई जान
- कुंए का पानी खाली करने के बाद जेसीबी मशीन की मदद से निकाला बाहर
- भीखमपुर में कृषि कार्य के दौरान हुआ हादसा
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला जिले के निवास थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भीखमपुर में बुधवार को कृषि कार्य के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। खेत में काम करते समय एक ट्रैक्टर की स्टीयरिंग अचानक फेल हो गई, जिसके चलते ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पास ही बने एक गहरे कुएं में जा गिरा और पूरी तरह से कुंए में डूब गया। इस हादसे में गनीमत रही कि ट्रैक्टर चालक ने त्वरित सूझबूझ दिखाते हुए ट्रेक्टर से समय रहते छलांग लगा दी और अपनी जान बचा ली। चालक इस हादसे में पूरी तरह सुरक्षित है।
बताया गया कि ट्रैक्टर के कुएं के गहरे पानी में पूरी तरह डूब जाने के कारण उसे निकालना एक बड़ी चुनौती बन गया था। स्थानीय लोगों ने मिलकर पहले पंपों की मदद से कुएं का पानी पूरी तरह खाली किया। इसके बाद दो जेसीबी मशीनों को बुलाया गया। काफी मशक्कत के बाद दोनों जेसीबी मशीनों की सहायता से डूबे हुए ट्रैक्टर को कुएं से सुरक्षित बाहर निकाला जा सका। हालांकि इस घटना में ट्रैक्टर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुआ है, लेकिन चालक के सुरक्षित होने से एक बड़ा हादसा टल गया।
रिपोर्टर- रोहित प्रशांत चौकसे









