तकनीकी गड़बड़ी के चलते दो साल से अटका शिक्षकों का टेबलेट भुगतान

तकनीकी गड़बड़ी के चलते दो साल से अटका शिक्षकों का टेबलेट भुगतान, डीपीसी को सौंपा ज्ञापन

  • भुगतान न होने पर आदेशों का पालन न करने की चेतावनी
  • डीपीसी ने भोपाल जाकर समस्या सुलझाने का दिया आश्वासन

मंडला महावीर न्यूज 29. जिले में प्राथमिक और माध्यमिक विद्यालय के शिक्षकों को टेबलेट क्रय करने के लिए राशि का भुगतान दो साल बाद भी न होने पर शिक्षक संगठनों ने कड़ा रुख अपनाया है। अपाक्स और ट्रायबल वेलफेयर टीचर्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने जिला परियोजना समन्वयक कुलदीप कटहल को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र भुगतान की मांग की। बताया गया कि राज्य शिक्षा केंद्र द्वारा 2023 में प्राथमिक और 2024 में माध्यमिक शिक्षकों के लिए टेबलेट खरीदना अनिवार्य किया गया था। जिला शिक्षा केंद्र (डीपीसी) के दबाव पर शिक्षकों ने टेबलेट क्रय तो कर लिए, लेकिन आज दिनांक तक 50 से अधिक शिक्षकों को राशि का भुगतान नहीं किया गया है। जिला शिक्षा केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार यह भुगतान राज्य शिक्षा केंद्र के पोर्टल में तकनीकी गड़बड़ी के कारण रुका हुआ है।

अपाक्स जिलाध्यक्ष संजीव सोनी और महासचिव अमरसिंह चंदेला ने डीपीसी को सौंपे ज्ञापन में कहां है कि कार्यालय द्वारा टेबलेट खरीदने के लिए बाध्य किया गया था, इसलिए भुगतान कराने की संपूर्ण जिम्मेदारी कार्यालय प्रमुख की है। शिक्षक संगठनों ने चेतावनी दी कि यदि भुगतान शीघ्र नहीं किया गया, तो सभी शिक्षक भविष्य में इन कार्यालयों द्वारा जारी किए गए आदेशों का पालन करने या न करने पर विचार करेंगे।

ज्ञापन सौंपने के बाद डीपीसी कुलदीप कटहल और एपीसी शेषमणि गौतम ने तत्परता दिखाते हुए जिला प्रोग्रामर को बुलाया और समस्या समझी। डीपीसी ने शिक्षकों को आश्वस्त किया कि वे शीघ्र ही राज्य शिक्षा केंद्र से पत्राचार करेंगे और आवश्यकता पडऩे पर स्वयं भोपाल जाकर इस तकनीकी गड़बड़ी को दूर कराकर शेष शिक्षकों को टेबलेट की राशि का भुगतान सुनिश्चित करवाएंगे। ज्ञापन सौंपने के दौरान अपाक्स मंडला ब्लाक अध्यक्ष भजन गवले, प्रकाश सिंगौर, सुरेश श्रीवास्तव, आशीष तिवारी, भुवनेश्वर धूमकेतु, उपाध्यक्ष राजेश सिरसाम, गौतम सूर, शशिबाला राय, विष्णु भूमिया, मनोज चौरसिया, सुरेश कुंजाम, पतिराम डिबरिया, लाल सिंह भलावी, संतोष पुरी गोस्वामी सहित दर्जनों शिक्षक उपस्थित रहे।


 

Leave a Comment

Recent Post

Live Cricket Update

Advertisements

Read More Articles