दिए तले अंधेरा-दीपावली बाद भी शिक्षकों को नहीं मिला डीए और क्रमोन्नति एरियर

दिए तले अंधेरा, दीपावली बाद भी शिक्षकों को नहीं मिला डीए और क्रमोन्नति एरियर

  • कलेक्टर ने सख्त रुख अपनाते हुए 21 नवंबर तक भुगतान का दिया निर्देश, शिक्षकों ने जताया आभार

मंडला महावीर न्यूज 29. जिले के बीईओ कार्यालय मंडला में दिए तले अंधेरा वाली कहावत सच साबित हो रही है। सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग कार्यालय के ठीक बगल में स्थित होने के बावजूद बीईओ कार्यालय द्वारा दीपावली जैसे बड़े पर्व के बीत जाने के बाद भी शिक्षकों को अब तक डीए एरियर और एक साल से लंबित क्रमोन्नति एरियर का भुगतान नहीं किया जा सका है। बताया गया कि कार्यालय द्वारा शिक्षकों की अधिक संख्या का हवाला देकर समस्याओं को टाला जा रहा था, जबकि भुगतान प्रक्रिया में बाबुओं के साथ कम्प्यूटर ऑपरेटर और समय-समय पर शिक्षकों का भी सहयोग लिया जाता है। इस देरी और कथित भेदभाव को लेकर शिक्षकों में गहरा असंतोष व्याप्त था।

बताया गया कि एरियर भुगतान में हो रही देरी को लेकर अपाक्स जिलाध्यक्ष संजीव सोनी और महासचिव अमरसिंह चंदेला के नेतृत्व में विभिन्न शिक्षक संगठनों ने मोर्चा खोला। अपाक्स ब्लॉक अध्यक्ष भजन गवले, एनएमओपीएस जिलाध्यक्ष सनातन सैनी, ट्रायबल वेलफेयर टीचर्स एसोसिएशन के पदाधिकारी प्रकाश सिंगौर, संजीव दुबे, राजेश सिरसाम सहित दर्जनों शिक्षकों ने बीईओ रंजीत गुप्ता की अनुपस्थिति में मंडल संयोजक विवेक शुक्ला को ज्ञापन सौंपकर एरियर का शीघ्र भुगतान कराने का अनुरोध किया।

कलेक्टर ने तय की अंतिम तिथि 

शिक्षकों ने इस संबंध में जिला कलेक्टर सोमेश मिश्रा से शिकायत की। मामले की गंभीरता को देखते हुए मंडला कलेक्टर ने तुरंत बीईओ रंजीत गुप्ता और सहायक आयुक्त वंदना गुप्ता को कलेक्ट्रेट तलब किया। उन्होंने शिक्षकों के सामने ही दोनों अधिकारियों को पूरे जिले के शिक्षकों को 21 नवंबर तक सभी प्रकार के एरियर का भुगतान सुनिश्चित करने का सख्त निर्देश दिया। कलेक्टर द्वारा समय-सीमा में भुगतान कराने के निर्देश का शिक्षकों ने स्वागत किया और लंबित क्रमोन्नति एरियर सहित सभी भुगतान सुनिश्चित होने की उम्मीद पर कलेक्टर मंडला का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।


 

Leave a Comment