मंडला में दो बूंद जिंदगी की राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ
- कलेक्टर की अपील, 0 से 5 साल तक का कोई बच्चा खुराक पीने से न छूटे
- मंडला में तीन दिवसीय पल्स पोलियो अभियान शुरू, कलेक्टर-नगर अध्यक्ष ने किया शुभारंभ
मंडला महावीर न्यूज 29. जिले में शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की बीमारी से बचाने के लिए राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शनिवार को शुभारंभ किया गया। यह अभियान 12 से 14 अक्टूबर तक चलेगा। बताया गया कि नगरपालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा और कलेक्टर सोमेश मिश्रा के द्वारा बच्चों को पोलियो वैक्सीन की ओरल खुराक दो बूंद जिंदगी की पिलाकर कार्यक्रम की शुरुआत की गई। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग से सीएमएचओ डॉ. डीजे मोहंती, सिविल सर्जन डॉ. विजय मरावी, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. वायके झारिया, जिला स्वास्थ्य अधिकारी-2 डॉ. डीके मरकाम, जिला क्षय अधिकारी/शहरी नोडल अधिकारी डॉ. सुमित सिंगौर सहित संबंधित अधिकारी, कर्मचारी मौजूद रहे।
कलेक्टर ने की बच्चों को दवा पिलाने की अपील
कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने आमजन से अपील की है कि 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को नजदीकी पोलियो बूथ पर ले जाकर पोलियो की दो बूंद की खुराक अवश्य पिलवाएं। उन्होंने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि अगर किसी कारणवश 12 अक्टूबर रविवार को बच्चा दवा पीने से वंचित रह जाता है, तो स्वास्थ्य विभाग की टीमें 13 और 14 अक्टूबर को घर-घर जाकर यह दवा अवश्य पिलाना सुनिश्चित करें।









