नेत्र शिविर में 118 मरीजों की जांच में 13 मोतियाबिंद के मरीज हुए चिन्हित

नेत्र शिविर में 118 मरीजों की जांच में 13 मोतियाबिंद के मरीज हुए चिन्हित

  • परिवार एजुकेशन सोसाइटी और सदगुरु नेत्रालय के सहयोग से आयोजित हुए नारायणगंज में नि:शुल्क नेत्र शिविर

मंडला महावीर न्यूज 29. विकासखंड नारायणगंज के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र नारायणगंज में नि:शुल्क नेत्र जांच शिविर सीबीएमओ डॉ. अमृत कोल के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। सीएचसी नारायणगंज में आयोजित शिविर में 118 मरीजों का पंजीयन किया गया। नि:शुल्क नेत्र शिविर परिवार एजुकेशन सोसाइटी और सदगुरु नेत्र चिकित्सालय चित्रकूट के सहयोग से आयोजित किया गया। नेत्र शिविर में 118 मरीजों में से 13 मरीज मोतियाबिंद के चिन्हित किये गए। चिन्हित मोतियाबिंद के मरीजों का सदगुरु नेत्र चिकित्सालय में नि:शुल्क सर्जरी की जाएगी।

जानकारी अनुसार नि:शुल्क नेत्र शिविर में सर्जरी के चिन्हित मरीजो के अलावा अन्य मरीजों का जांच परीक्षण किया गया। जांच में 23 मरीजों को चश्में और 23 मरीजों को दवाईयां नि:शुल्क दी गई। वहीं 59 मरीज सामान्य रोग के आए। आयोजित नि:शुल्क नेत्र शिविर में सीएचसी नारायणगंज में सद्गुरू नेत्र चिकित्सालय के नेत्र चिकित्सक डॉ. रवि तिवारी ने अपनी सेवाए दी। इसके साथ ही जिन मरीजों का ऑपरेशन पहले चित्रकूट में हुआ था, उनका फालोअप लिया गया। आंखो की जांच के बाद उन सभी मरीजों को भी आवश्यकता अनुसार चश्मा दिया गया। नि:शुल्क नेत्र शिविर में परिवार एजुकेशन सोसाईटी के सभी कर्मचारियों ने अपनी सेवाएं दी। शिविर में मरीजों के आंखों में मोतियाबिंद, काला मोतिया, रेटिना की जांच, चश्में की जांच और आंखों से संबंधित अन्य समस्याओं का जांच परीक्षण किया गया।

सद्गुरू नेत्र चिकित्सालय के डॉ. रवि तिवारी और नेत्र चिकित्सा सहायक जयकरण चौधरी ने बताया कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में लोगों की आंखो में विभिन्न प्रकार की समस्या रहती है। आंखो से पानी आना, आंखो में कीचड़ बनना, मोतियाबिंद की समस्या, आंख में लालपन होने जैसी समस्या से ग्रसित होते है। ऐसी समस्या से पीडि़त व्यक्तियों का सद्गुरू नेत्र चिकित्सालय में नि:शुल्क उपचार और जांच की जाती है। जहां मरीजों को रहना, खाना सब नि:शुल्क रहता है। इसके साथ ही उपचार के बाद मरीज को वापस जाने की सुविधा प्रदान की जाती है। आयोजित शिविर में परिवार एजुकेशन सोसाईटी के श्रीराम यादव, अमित सिंगरौरे, नितिश कुमार सिंगरौरे, हिमांशु का सहयोग रहा।

परिवार एजुकेशन सोसाईटी का रहता है सहयोग 

परिवार एजुकेशन सोसाईटी समाज सेवा के क्षेत्र में सराहनीय कार्य कर रही है। जिससे जरूरतमंदों को लाभ मिल रहा है। परिवार एजुकेशन सोसाइटी द्वारा मंडला जिले के पांच ब्लाक नारायणगंज, निवास, मोहगांव, बिछिया और मवई की सीएचसी में परिवार श्री रामकृष्ण श्री विवेकानंद सेवा कुटीर एम्बुलेंस सुविधा दी जा रही है। यह 24 घंटे नि:शुल्क सेवाएं देती है। वहीं मंडला जिले के नारायणगंज सीएचसी में आयोजित होने वाले नि:शुल्क नेत्र शिविर में भी परिवार एजुकेशन सोसाईटी का महत्वपूर्ण योगदान रहता है। मोतियाबिंद से पीडि़त मरीजों के नि:शुल्क उपचार में परिवार एजुकेशन सोसाईटी द्वारा संबंधित अस्पताल को मरीजों के लेंस लगाना की राशि भी दी जाती है। इसके साथ ही ऑपरेशन के बाद मरीजों को वापस लाने की जिम्मेदारी भी उठाई जाती है।



 

Leave a Comment