60 गांवों की समितियों को दिया जा रहा आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण
- ग्रामीण अधिकार मंच द्वारा आयोजित किया आपदा प्रबंधन जागरूकता कार्यक्रम
मंडला महावीर न्यूज 29. गृह विभाग मध्य प्रदेश शासन और जिला आपदा प्राधिकरण मंडला के सहयोग से ग्रामीण अधिकार मंच संस्था द्वारा आपदा प्रबंधन जागरूकता कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इसके तहत मंडला, बिछिया और नैनपुर ब्लॉक के 20-20 चयनित गांवों में जागरूकता अभियान चलाकर ग्राम स्तर पर आपदा प्रबंधन समिति एवं दल का गठन किया गया है।
गठित समितियों को अब गांव-गांव जाकर प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण में ग्राम संगठन समिति की महिलाओं, पंचायत प्रतिनिधियों, रोजगार सहायकों, सरपंच-सचिवों सहित वरिष्ठ जनों को आपदा से बचाव और राहत कार्यों की जानकारी दी जा रही है। प्राकृतिक आपदाओं जैसे आकाशीय बिजली, भूकंप, बाढ़, सर्पदंश से बचाव और घरेलू गैस कनेक्शन से होने वाली दुर्घटनाओं की पूर्व तैयारी पर विस्तार से चर्चा की जा रही है।
संस्था प्रमुख अशोक जंघेला एवं उनके कार्यकर्ता अभिलाषा दुबे, संत कुमार भंवरे और महादेव जंघेला द्वारा प्रशिक्षण दिया जा रहा है। आपदा के समय सहायता के लिए आवश्यक टोल फ्री नंबरों का दीवाल लेखन कार्य भी जारी है। स्थानीयजनों को आपदा प्रबंधन द्वारा जारी आपात कालीन टोल फ्री नंबर पुलिस सहायता, अग्नि शमन, एम्बुलेंस, आपात कालीन, रेल्वे हेल्प लाइन, सीएम हेल्प लाइन, राज्य आपदा, जिला आपदा, भूकंप सुनामी, चाईल्ड लाइन, महिला हेल्प लाइन, गैस हेल्प लाइन, सर्प दंश के नंबरों की जानकारी दी जा रही है। इस कार्यक्रम में आपदा प्रबंधन संस्थान भोपाल एवं जिला आपदा प्राधिकरण मंडला का सहयोग मिल रहा है।









