हाई रिस्क प्रेग्नेंसी, टीकाकरण और बूथ प्लानिंग पर दिया प्रशिक्षण
- नारायणगंज में स्वास्थ्य कर्मियों की सेक्टर बैठक आयोजित
- एएनसी जांच और पल्स पोलियो अभियान के सफल क्रियान्वयन पर चर्चा
मंडला महावीर न्यूज 29. स्वास्थ्य विभाग द्वारा नारायणगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में नारायणगंज सेक्टर की बैठक आयोजित की गई, जिसमें मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने और आगामी पल्स पोलियो अभियान की तैयारियों पर गहन चर्चा की गई। बैठक में मुख्य रूप से बीसीएम शैलेन्द्र सिंह, आशा कार्यकर्ता, एएनएम, आशा सुपरवाइजर समेत सेक्टर के अन्य स्वाथ्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
बैठक में विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य जांच पर ध्यान केंद्रित किया गया। इस दौरान 12 सप्ताह के भीतर गर्भवती महिलाओं की जांच व पंजीयन, चार अनिवार्य एएनसी चेकअप, हाई रिस्क प्रेग्नेंसी की पहचान एवं प्रबंधन पर विस्तार से चर्चा की गई। इसके साथ ही बाल मृत्यु दर और मातृ मृत्यु दर के कारणों की समीक्षा एवं रोकथाम के उपायों पर भी महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए।
बैठक का एक अहम एजेंडा रविवार 12 अक्टूबर से शुरू होने वाले पल्स पोलियो अभियान की तैयारियों को अंतिम रूप देना था। अभियान को सफल बनाने के लिए बूथ-वाइज कार्य योजना तैयार की गई और उपस्थित स्वास्थ्य कर्मियों को आवश्यक प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान सभी आशा और एएनएम को उनकी जिम्मेदारियों के बारे में स्पष्ट जानकारी दी गई।
आयोजित बैठक में बीसीएम शैलेन्द्र सिंह, सीएचओ डॉ. शाहिद हुसैन, रंजीता पटेल, पूजा, रुक्मणि मरावी, जयंती उरैती, राजकुमार मरावी, सुपरवाइजर एमएल परते, मलेरिया प्रभारी एससी जैन सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और टीकाकरण लक्ष्यों को प्राप्त करने का संकल्प लिया।









