ग्राम रमतीला में दूषित पानी से महिला की मौत, चार बच्चे बीमार
- सेवा पखवाड़ा के दौरान स्वास्थ्य व्यवस्थाओं पर कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष ने उठाए गंभीर सवाल
- जिला अस्पताल की लापरवाही ने ली मां की जान, दूषित पानी पीने को मजबूर था पीडि़त परिवार
मंडला महावीर न्यूज 29. मुख्यमंत्री के सेवा पखवाड़ा के दावों के बीच मवई मुख्यालय के ग्राम रमतीला में दूषित पानी पीने से महिला श्यामा बाई पट्टा पत्नी मतते पट्टा की मौत हो गई। वहीं उनके चार बच्चे गंभीर रूप से बीमार हैं। इन बच्चों का उपचार सीएचसी मवई में चल रहा है। बताया गया कि पूरे प्रदेश में सेवा पखवाड़ा मनाया गया, इसी दौरान यह घटना मवई में हुई। वहीं सरकार जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार कर रही है। परिजनो ने बताया कि परिवार के सभी सदस्यों को उल्टी-दस्त की शिकायत हुई थी। बच्चों का इलाज मवई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है, जबकि श्यामा बाई को जिला अस्पताल रेफर किया गया था।
परिजनों का आरोप है कि जिला अस्पताल में उचित इलाज नहीं मिला, केवल वाटल लगाकर छोड़ दिया गया, जिससे उनकी मौत हो गई। बताया गया कि गांव में स्वच्छ जल स्रोत नहीं है। ग्रामीण कुएं के पानी का उपयोग करने को मजबूर हैं। इसी कुएं के पानी का उपयोग करने से इस परिवार की एक महिला बीमार हो गई और उसकी जान चले गई। वहीं चार बच्चें भी बीमार हो गए। अब इन बच्चों की हालत अभी भी चिंताजनक बनी हुई है।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष संतोष रानू हरदहा ने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर संवेदना जताई और इस घटना पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि विधायक नारायण सिंह पट्टा से आर्थिक मदद की अपील की। विधायक ने पांच हजार की तत्काल सहायता की। इसके साथ ही ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष ने कहा कि यह घटना प्रशासनिक लापरवाही और ग्रामीण क्षेत्रों की जर्जर स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है। ग्रामीणों ने मांग की है कि जल संकट और स्वास्थ्य सेवाओं की तत्काल जांच कर समस्या का समाधान किया जाए।









