दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी निकला करोड़पति

दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी निकला करोड़पति

  • ईओडब्ल्यू जबलपुर की कार्रवाई में 3 करोड़ 5 लाख की संपत्ति जप्त
  • नगर परिषद बिछिया में गबन के आरोप में जमानत पर है आरोपी

मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला जिला मुख्यालय में ईओडब्ल्यू जबलपुर ने बड़ी कार्यवाही करते हुए एक पूर्व दैनिक वेतन भोगी कर्मचारी और चिटफंड कंपनी के संचालक के घर पर छापामार कार्रवाई की गई। बिछिया नगर परिषद में कार्यरत पूर्व कर्मचारी शिव झारिया लाखों के गबन मामले में जमानत पर हैं। शिव झारिया द्वारा शिवंसी इंडिया निधि लिमिटेड बैंक का संचालन भी किया जा रहा है। ईओडब्ल्यू जबलपुर द्वारा दस्तावेजो की जांच करते हुए कार्रवाई की। कार्रवाई में वेतनभोगी कर्मचारी के घर कुबेर का खजाना मिला।

जानकारी अनुसार नगर परिषद बिछिया में पूर्व दैनिक वेतन भोगी कर्मचारी शिवकुमार झारिया के घर में आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ इकाई जबलपुर की 17 सदस्यी टीम सुबह 6 पहुंची। जहां जांच करते हुए पूर्व वेतन भोगी कर्मचारी के घर से 3 करोड़ 5 लाख की चल अचल संपत्ति मिली है। शनिवार को सुबह से शाम तक की ईओडब्ल्यू टीम की जांच चली। आरोपी के निवास एवं व्यवसायिक स्थानों पर सर्चिंग के दौरान मकान, वाहन, बैंक खाते, कम्पनियों के संबंध में जानकारी ली। मिली जानकारी एवं दस्तावेजों के विश्लेषण के बाद करीब 3 करोड़ 5 लाख की संपत्ति के होने का अनुमान है।

1200 प्रतिशत अधिक संपत्ति मिली

बताया गया कि शिव कुमार झारिया दैनिक वेतन भोगी नगर पालिका बिछिया में पदस्थ रहा है। जहां पर करीब 30 लाख के गबन का आरोप लगा जिसका मामला न्यायालय में लंबित है। वर्तमान में जमानत में जेल से बाहर है। इसके पूर्व शिव कुमार कैशियर मनरेगा मोगांव जनपद के पद पर रहते हुए आर्थिक अनियमितताएं भी की थी। शिकायत है कि यहां कार्य के दौरान आय से अधिक सम्पत्ति अर्जित की गई। डीएससपी एवी सिंह ने बताया कि आरोपी शिवकुमार की जांच के दौरान वैधानिक आय से 1200 प्रतिशत अधिक सम्पत्ति पाये जाने पर आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ ने अपराध पंजीबद्ध किया है। आरोपी के निवास स्थान एवं व्यवसायिक स्थलों पर सर्च किया गया। आरोपी और उसके परिजनों के नाम से चल-अचल सम्पत्तियों की जानकारी प्राप्त हुई। जिसमें 1 भवन तथा 4 रहवासी प्लॉट कुल कीमत लगभग 50 लाख 57 हजार 858 रुपए के साथ 29 लाख 72 हजार रुपएकी बीमा पॉलसी, पांच लाख की एफडीआर की जानकारी मिली है।

करोड़ो का असामी है आरोपी 

बताया गया कि आरोपी शिवांगी ट्रेवल्स का डायरेक्टर है, जिसकी कम्पनी दिल्ली में 4 ईनोवा किस्टा वाहनों का संचालन कर रही है। वाहनों की कुल कीमत एक रोड़ 5 लाख रुपए है। आरोपी के नाम से एमजी हेक्टर ग्लोस्टर वाहन कीमत 45 लाख 23 हजार 768 रुपए है। आरोपी के विभिन्न कम्पनी की भी जांच की जा रही है। आरोपी शिवांशी ग्रीन सॉल्यूशन और शिवांशी इंडिया निधी प्रायवेट लिमिटेड में डायरेक्टर है। शिवांशी ग्रीन सॉल्यूशन सोलर पेनल लगाने का कार्य करती है। शिवांशी इंडिया निधी प्रायवेट लिमिटेड बैंकिग व्यवसाय का कार्य करती है। जिनके संबंध में जांच की जा रही है। इसके अलावा 32 लाख 85 हजार की नगद और ज्वेलरी मिली है। सर्च कार्रवाई में आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ इकाई जबलपुर से डीएसपी मंजीत सिंह, डीएसपी एवी सिंह, डीएसपी एस एस धामी, डीएसपी लक्ष्मी यादव के नेतृत्व में इंस्पेक्टर प्रेरणा पाण्डेय, इंस्पेक्टर मोमेन्द्र मर्सकोले, इंस्पेक्टर छविकांति आर्को, इंस्पेक्टर किर्ति शुक्ला, सब इंस्पेक्टर विशाखा तिवारी एवं अन्य कर्मचारियों का सहयोग रहा।

सह आरोपी हैं शिवकुमार

शिवकुमार झरिया पूर्व में मंडला जिले के मोहगांव जनपद (मनरेगा) में कैशियर थे। वहां आर्थिक अनियमितताओं के आरोपों के बीच उन्हें नौकरी छोड़नी पड़ी। इसके बाद वे बिछिया नगर परिषद में दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी के तौर पर काम कर रहे थे। यहां पर शिकायत के बाद जिला स्तरीय जांच टीम ने परिषद के दो वित्तीय वर्षो के लेखा जोखा की जाँच की थी। इस जांच में करीब 37 लाख रुपयों का गबन सामने आया जिसकी बिछिया थाने में एफआईआर दर्ज की गई। इस मामले में शिवकुमार झरिया सह आरोपी हैं और वर्तमान में जमानत पर हैं।



 

Leave a Comment