नैनपुर में दो वाहनों से 426.6 लीटर अंग्रेजी शराब जब्त, दो आरोपी गिरफ्तार
- बालाघाट-सिवनी तिराहे पर चेकिंग के दौरान पकड़े गए तस्कर
- टोयोटा कार व बिना नंबर की बोलेरो समेत 23.31 लाख से अधिक का मशरूका जब्त
मंडला महावीर न्यूज 29. जिले में अवैध शराब के विक्रय और परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत मंडला पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। नैनपुर पुलिस ने शुक्रवार को वाहन चेकिंग के दौरान दो लग्जरी व चारपहिया वाहनों से भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शराब और वाहनों समेत कुल 23 लाख 31 हजार 500 रुपये का मशरूका जब्त किया है।
जानकारी अनुसार पुलिस अधीक्षक राजेश रघुवंशी के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिव कुमार वर्मा के मार्गदर्शन में एसडीओपी नैनपुर मनीष राज के नेतृत्व में दो विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया था। 20 नवंबर को दोनों टीमें बालाघाट, सिवनी तिराहा पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थीं। इसी दौरान एक टोयोटा कार और एक बिना नंबर प्लेट की बोलेरो को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें से कुल 426.6 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई।
23.31 लाख का मशरूका जब्त, आबकारी एक्ट में मामला दर्ज
पुलिस ने मौके से नैनपुर निवासी निश्चिल पीपरे और एकता कॉलोनी, सिवनी निवासी राजेश कुमार बर्वे को गिरफ्तार किया है। जब्त की गई 426.6 लीटर अंग्रेजी शराब की अनुमानित कीमत 4 लाख 51 हजार 500 रुपये, टोयोटा कार की कीमत 16 लाख रुपये और बिना नंबर प्लेट की बोलेरो की कीमत 2 लाख 80 हजार रुपये आंकी गई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम में प्रकरण पंजीबद्ध कर उन्हें माननीय न्यायालय के समक्ष पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस पूरी कार्रवाई में एसडीओपी मनीष राज के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी नैनपुर ओपी रावत एवं निरीक्षक वेदराम हनोते के नेतृत्व में गठित दोनों पुलिस टीमों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।









