माहिष्मती घाट पर धूमधाम से मनाया माहिष्मती महोत्सव
पंचचौकी महाआरती के दो वर्ष पूर्ण होने पर गूंजे नर्मदे हर के जयघोष
- भव्य महाआरती के बाद सजी संगीतमय भजन संध्या
- कलेक्टर, एसपी समेत विशिष्ट अतिथियों का हुआ आत्मीय स्वागत
मंडला महावीर न्यूज 29. नमामि नर्मदा महाआरती ट्रस्ट के तत्वावधान में माँ नर्मदा की पंचचौकी महाआरती के दो वर्ष सफलतापूर्वक पूर्ण होने के उपलक्ष्य में माहिष्मती घाट पर भव्य माहिष्मती महोत्सव का आयोजन किया गया। सायं 6.30 बजे से प्रारंभ हुए इस आध्यात्मिक और सांस्कृतिक आयोजन में बड़ी संख्या में नगरवासी, धर्मप्रेमी बंधु और श्रद्धालु शामिल हुए।
कार्यक्रम का शुभारंभ माँ नर्मदा की भव्य पंचचौकी महाआरती के साथ हुआ। दीपों की जगमगाती रोशनी, शंखनाद, घंटियों की गूंज और नर्मदे हर के जयघोष से पूरा माहिष्मती घाट भक्तिमय हो उठा। महाआरती के बाद महोत्सव के अंतर्गत भव्य भजन संध्या और भजन जैमिंग का आयोजन किया गया। इसमें भजन गायकों ने एक से बढ़कर एक भक्तिमय और रंगारंग प्रस्तुतियां देकर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। भजनों की मधुर धुन पर उपस्थित श्रद्धालु भक्तिभाव में झूमते नजर आए।

नर्मदा की स्वच्छता और अविरलता का दिया संदेश
एसडीएम एवं नमामि नर्मदा महाआरती ट्रस्ट अध्यक्ष शैलेंद्र चौधरी ने बताया कि इस भव्य आयोजन का मुख्य उद्देश्य माँ नर्मदा की अविरलता, स्वच्छता और हमारी आध्यात्मिक परंपरा के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना है।
विशिष्ट अतिथियों और कलाकारों का हुआ आत्मीय स्वागत
महोत्सव में आए सभी विशिष्ट अतिथियों का ट्रस्ट के पदाधिकारियों द्वारा तिलक, पुष्पमाला और अंगवस्त्र भेंट कर आत्मीय स्वागत किया गया। इस अवसर पर कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, जिला पंचायत सीईओ, वन मंडल अधिकारी, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), जिला पंचायत अध्यक्ष, भाजपा जिला अध्यक्ष सहित अन्य जनप्रतिनिधियों और समिति के सदस्यों का सत्कार किया गया। इसके साथ ही भजन संध्या में प्रस्तुति देने वाले सभी कलाकारों को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के समापन पर महाप्रसादी का वितरण किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने शामिल होकर माँ नर्मदा का आशीर्वाद प्राप्त किया।










