श्री गुरुनानक जयंती पर 24 नवंबर को गुरबाणी से गूंजेगा नगर
- निकलेगी भव्य शोभायात्रा, प्रात: 5 बजे गुरुद्वारा साहिब से होगा शुभारंभ
- रात्रि में मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, भजन संध्या और आम लंगर का आयोजन
मंडला महावीर न्यूज 29. सिंधी समाज द्वारा श्री गुरुनानक देव जी का प्रकाश पर्व आगामी 24 नवंबर को पूरे हर्षोल्लास और श्रद्धाभाव के साथ मनाया जाएगा। इस पावन अवसर पर दिनभर विभिन्न धार्मिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिसे लेकर समाज में विशेष तैयारियां की जा रही हैं।
सुबह 5 बजे निकलेगी विशाल शोभायात्रा
आयोजन के तहत पर्व के दिन प्रात: 5 बजे अंबेडकर वार्ड स्थित श्री गुरुद्वारा साहिब से विशाल शोभायात्रा निकाली जाएगी। गुरबाणी के मधुर स्वर और गुरु महिमा के जयकारों के साथ यह शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों का भ्रमण करते हुए पुन: गुरुद्वारा साहिब पहुंचेगी। शोभायात्रा के समापन के बाद श्री गुरुग्रंथ साहिब के पाठ का भोग डाला जाएगा। इसके बाद आरती, अरदास और श्रद्धालुओं के लिए स्वल्पाहार की व्यवस्था रहेगी।
मेधावियों का सम्मान और संगीतमय भजन संध्या
रात्रि में जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में विशेष सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसमें समाज के मेधावी बालक-बालिकाओं और समाजहित में उत्कृष्ट कार्य करने वाले सदस्यों को सम्मानित किया जाएगा। इसी कड़ी में संगीतमय भजन संध्या का भी आयोजन होगा, जिसमें समाज के कलाकार अपनी भक्तिमय प्रस्तुतियां देंगे। कार्यक्रम में शामिल होने वाले सभी श्रद्धालुओं के लिए आम लंगर और गुरु प्रसादी की व्यवस्था की गई है।
बैठक में तैयार की गई विस्तृत रूपरेखा
प्रकाश पर्व को भव्य और सुव्यवस्थित स्वरूप देने के लिए पूज्य सिंधी पंचायत के तत्वावधान में एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में सामाजिक जनों के सुझावों के आधार पर पूरे कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा तैयार कर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।










