क्रमोन्नति आदेश में छूटे शिक्षकों को न्याय की मांग
सहायक आयुक्त को सौंपा 5 सूत्रीय ज्ञापन, दी धरने की चेतावनी
- फाइल पूरी होने के बाद भी सूची से नाम गायब होने पर शिक्षकों में रोष
- पूरक आदेश और नियमितीकरण की उठाई मांग
मंडला महावीर न्यूज 29. जिले के शिक्षकों ने गुरुवार को जनजातीय कार्य विभाग के सहायक आयुक्त कार्यालय पहुंचकर अपनी लंबित समस्याओं के शीघ्र निराकरण के लिए 5 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। शिक्षकों ने 18 नवंबर को जारी प्राथमिक शिक्षकों के क्रमोन्नति आदेश पर खुशी जताते हुए आभार व्यक्त किया, लेकिन आदेश में हुई त्रुटियों और कई पात्र शिक्षकों के नाम छूटने पर गहरी निराशा भी प्रकट की।
ज्ञापन के माध्यम से शिक्षकों ने बताया कि क्रमोन्नति आदेश की सूची में गुरुजी संवर्ग और कुछ अन्य प्राथमिक शिक्षकों की फाइलें पूरी होने के बावजूद उनके नाम शामिल नहीं किए गए हैं, जो अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। शिक्षकों का कहना है कि जब सेवा और दस्तावेज पूर्ण हैं, तो नाम क्यों छूटा? उन्होंने इस त्रुटि को तत्काल सुधारकर छूटे हुए शिक्षकों के लिए पूरक क्रमोन्नति आदेश जारी करने की मांग की।
ज्ञापन में रखी गईं 5 प्रमुख मांगें
ज्ञापन के माध्यम से कहा गया कि 12 और 24 वर्ष की सेवा पूर्ण कर चुके वंचित गुरुजियों एवं प्राथमिक शिक्षकों का शीघ्र क्रमोन्नति आदेश जारी किया जाए। परिवीक्षा अवधि पूर्ण कर फाइल जमा कर चुके सभी नवनियुक्त प्राथमिक शिक्षकों के नियमितीकरण का आदेश तुरंत जारी हो। 12 व 24 वर्ष पूर्ण कर चुके माध्यमिक शिक्षकों की जमा क्रमोन्नति फाइलों को अग्रिम कार्यवाही के लिए डीसी कार्यालय जबलपुर भेजा जाए। शिक्षा विभाग से प्रतिनियुक्ति पर आए प्राथमिक एवं माध्यमिक शिक्षकों की क्रमोन्नति फाइल भी डीसी कार्यालय जबलपुर भेजी जाए। परिवीक्षा अवधि पूर्ण कर चुके माध्यमिक शिक्षकों की फाइलों को भी शीघ्र जबलपुर भेजकर निराकरण कराया जाए।
समाधान न होने पर धरना प्रदर्शन की चेतावनी
शिक्षकों ने सहायक आयुक्त अरुण शुक्ला से निवेदन किया कि यदि शिक्षक फाइलों के चक्कर में उलझा रहेगा, तो कक्षा में पढ़ाई प्रभावित होगी। हालांकि उपस्थित शिक्षकों ने विश्वास जताया कि सहायक आयुक्त के सकारात्मक प्रयास से सभी पात्र शिक्षकों को जल्द न्याय मिलेगा। साथ ही उन्होंने स्पष्ट चेतावनी भी दी कि यदि शीघ्र ही इन मांगों का निराकरण नहीं हुआ, तो वे कार्यालय की कार्यप्रणाली के खिलाफ धरना प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होंगे। ज्ञापन सौंपने वालों में ट्वेटा प्रदेश अध्यक्ष डीके सिंगौर, अपाक्स जिला अध्यक्ष संजीव सोनी, ट्वेटा जिला अध्यक्ष दिलीप मरावी, आदर्श गुरुजी संघ जिला अध्यक्ष श्याम बैरागी, नंदकिशोर कटारे, इंद्रेश तिवारी, राकेश राठौर, सनातन सैनी, आशीष तिवारी, भजन गवले, प्रकाश सिंगौर, लोकसिंह पदम्, बद्री पटेल, संजीव पटेल, शुभम् नगपुरे, पुष्पा मार्को, सुमन पटेल, हिरनवती उइके, गोमती सिंगौर और सुषमा मसराम सहित दर्जनों शिक्षक उपस्थित रहे।










