माँ नर्मदा का पावन त्रिवेणी संगम बना शराबियों का अड्डा

Advertisements

माँ नर्मदा का पावन त्रिवेणी संगम बना शराबियों का अड्डा

निर्माणाधीन पुल के नीचे बिखरी सैकड़ों खाली बोतलें

  • आस्था के केंद्र में खुलेआम नशाखोरी से श्रद्धालुओं में आक्रोश
  • पुलिस की गश्त और आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल

मंडला महावीर न्यूज 29. माँ नर्मदा के जिस पावन त्रिवेणी संगम में आस्था की डुबकी लगाने के लिए दूर-दूर से श्रद्धालु महाराजपुर पहुंचते हैं, आज वही पवित्र तीर्थ स्थल असामाजिक तत्वों और शराबियों के लिए सुरक्षित मधुशाला बनता जा रहा है। संगम तट पर निर्माणाधीन पुल के ठीक नीचे और आसपास सैकड़ों की संख्या में बिखरी देशी-विदेशी शराब की खाली बोतलें, डिस्पोजल गिलास और नमकीन के पैकेट प्रशासनिक व्यवस्था और सुरक्षा दावों की पोल खोल रहे हैं।जानकारी अनुसार संगम तट और निर्माणाधीन पुल के पिलर के आसपास कचरे के ढेर की तरह शराब की बोतले और प्लास्टिक गिलास बिखरे पड़े हैं। हैरानी की बात यह है कि यह एक प्रमुख धार्मिक और सार्वजनिक स्थल है, जहां सुबह-शाम बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, महिलाओं और बुजुर्गों का आना-जाना लगा रहता है। इसके बावजूद न तो यहाँ शराब पीने वालों में कानून का कोई खौफ नजर आता है और न ही अवैध रूप से शराब परोसने वालों में जरा भी संकोच बचा है।

पुलिस की गश्त और प्रशासनिक दावों पर उठे सवाल 

तीर्थ क्षेत्र की पवित्रता को सरेआम तार-तार किए जाने से स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं में भारी आक्रोश है। नागरिकों का कहना है कि शाम ढलते ही निर्माणाधीन पुल के अंधेरे और सुनसान हिस्से का फायदा उठाकर असामाजिक तत्व यहाँ डेरा डाल लेते हैं, लेकिन जिम्मेदार महकमे आंखें मूंदे बैठे हैं। स्थानीय जनों ने सवाल उठाते हुए पूछा है कि क्या शाम के समय त्रिवेणी संगम क्षेत्र में पुलिस की गश्त पूरी तरह नदारद रहती है? और क्या धार्मिक स्थलों के आसपास नशाखोरी रोकने के प्रशासनिक दावे केवल कागजों तक ही सीमित हैं?

नियमित गश्त और सख्त कार्रवाई की मांग 

आक्रोशित श्रद्धालुओं और क्षेत्रवासियों ने जिला प्रशासन व पुलिस विभाग से मांग की है कि तत्काल त्रिवेणी संगम क्षेत्र की साफ-सफाई कराई जाए। साथ ही शाम के समय यहाँ नियमित पुलिस गश्त बढ़ाई जाए और माँ नर्मदा के पावन तट को नशे का अड्डा बनाने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाए।


 

Leave a Comment