मवई में स्थायी पुल का इंतजार
ग्रामीणों ने श्रमदान से बनाई बुडनेर नदी पर अस्थायी पुलिया, दूरी और समय घटने की उम्मीद
- बुडनेर नदी पर पक्के पुल की वर्षों पुरानी मांग अधूरी
- मवई से डिंडोरी का संपर्क सुगम होने की आस, ग्रामीणों के श्रमदान से बहाल हुआ रास्ता
मंडला महावीर न्यूज 29. मवई से डिंडोरी को जोडऩे वाले मार्ग पर कौडिय़ा और ढोलबीजा के बीच स्थित बुडनेर नदी पर स्थायी पुल न होने के कारण ग्रामीणों को हर साल आवागमन की समस्या से जूझना पड़ रहा है। लंबे समय से पक्के पुल के निर्माण की मांग के बावजूद ठोस पहल न होने पर ग्रामीणों ने सामूहिक श्रमदान कर नदी पर अस्थायी पुलिया तैयार की है, जिससे क्षेत्र में आवागमन शुरू हो सका है। क्षेत्र के लोगों का कहना है कि बुडनेर नदी पर पुल निर्माण की मांग वर्षों से की जा रही है, लेकिन अभी तक स्थायी निर्माण नहीं हो पाया है। इसके चलते ग्रामीणों को हर साल अपने श्रम और संसाधनों के माध्यम से अस्थायी रास्ता या पुलिया बनानी पड़ती है।
डिंडोरी से जुड़ेगा सीधा और सुगम संपर्क
स्थानीय लोगों ने बताया कि बुडनेर नदी पर पक्का पुल बन जाने से मवई वनांचल के आवागमन में बड़ा बदलाव आ सकता है। फिलहाल मवई से डिंडोरी जिला मुख्यालय पहुंचने के लिए 100 किलोमीटर से अधिक का सफर तय करना पड़ता है। पक्का पुल बनने से यह दूरी घट सकती है और सफर लगभग एक घंटे में पूरा हो सकेगा। इससे डिंडोरी जिले के अमरपुर और समनापुर क्षेत्र के साथ-साथ मवई तथा धनगांव सहित आसपास के गांवों के बीच सीधा संपर्क आसान होने की उम्मीद है।
राजनीतिक बयानबाजी भी तेज
इस मुद्दे को लेकर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी सामने आ रही हैं। ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष संतोष रानू हरदहा ने स्थायी पुल निर्माण में हो रही देरी को लेकर सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए और वनांचल क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं को प्राथमिकता देने की मांग की।










