माताओं को बताए कंगारू मदर केयर व स्तनपान के फायदे

Advertisements

माताओं को बताए कंगारू मदर केयर व स्तनपान के फायदे

  • शिशु मृत्यु दर कम करने और नियमित फॉलोअप पर दिया जोर
  • एसएनसीयू वार्ड में राष्ट्रीय नवजात शिशु सप्ताह एवं सांस कार्यक्रम आयोजित

मंडला महावीर न्यूज 29. जिला चिकित्सालय मंडला की गहन शिशु चिकित्सा इकाई में राष्ट्रीय नवजात शिशु सप्ताह एवं सांस कार्यक्रम का आयोजन सीएमएचओ डॉ. डीजे मोहंती के मार्गदर्शन में किया गया। जिले में राष्ट्रीय नवजात शिशु सप्ताह 15 से 21 नवंबर तक तथा सांस कार्यक्रम 12 नबंवर से 28 फरवरी 2027 तक संचालित किया जा रहा है। इस विशेष अभियान का मुख्य उद्देश्य शिशु एवं बाल मृत्यु दर को कम करना है।

कार्यक्रम के दौरान एसएनसीयू वार्ड में भर्ती नवजात शिशुओं की माताओं को बच्चों की सही देखभाल और खतरे के लक्षणों की पहचान के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। चिकित्सकों ने कंगारू मदर केयर के महत्व को समझाते हुए बताया कि मां और शिशु के बीच त्वचा से त्वचा का संपर्क बनाए रखने से नवजात को पर्याप्त गर्माहट मिलती है। इसके साथ ही माताओं को दिन में कम से कम 8 से 10 बार स्तनपान कराने की सलाह दी गई। विशेषज्ञों ने बताया कि मां का दूध बच्चे को संक्रमण से बचाता है और उसकी रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत करता है।

नियमित फॉलोअप और आंख-कान की जांच पर दिया जोर 

सप्ताह के मुख्य उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए बताया गया कि अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद भी नवजात का नियमित फॉलोअप सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है। इस दौरान आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को उच्च जोखिम वाले बच्चों को समय-समय पर फॉलोअप के लिए अस्पताल भेजने के निर्देश दिए गए। साथ ही, बच्चों की आंख और कान की नियमित जांच पर भी विशेष जोर दिया गया।

ये रहे उपस्थित 

इस जागरूकता कार्यक्रम में सीएमएचओ डॉ. डीजे मोहंती, सिविल सर्जन डॉ. विजय धुर्वे, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. जितेन्द्र परते, शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. अंकित चौरसिया, जिला कम्युनिटी मोबिलाइजर हिमांशु सिंगोर, आरबीएसके जिला समन्वयक अर्जुन सिंह सहित एसएनसीयू वार्ड का समस्त स्टाफ और नवजात शिशुओं की माताएं उपस्थित रहीं।


 

Leave a Comment