मंडला में 1.45 लाख से अधिक बच्चों को पिलाई जाएगी दो बूंद जिंदगी की

Advertisements

मंडला में 1.45 लाख से अधिक बच्चों को पिलाई जाएगी दो बूंद जिंदगी की

पोलियो रविवार को सुबह 8 से शाम 5 बजे तक बूथ पर मिलेगी दवा

  • जिले में 1284 टीमें, 77 ट्रांजिट बूथ और 16 मोबाइल टीमें तैनात
  • मंडला में 22 से 24 नवंबर तक चलेगा राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान

मंडला महावीर न्यूज 29. भारत शासन के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के निर्देशानुसार मंडला जिले में 22 से 24 नवंबर तक राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का अतिरिक्त चरण आयोजित किया जा रहा है। इस तीन दिवसीय अभियान के तहत जिले में 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी।सीएमएचओ डॉ. डीजे मोहंती ने बताया कि सभी के सामूहिक प्रयासों से प्रदेश पिछले 15 वर्षों से पोलियो मुक्त है। हालांकि वैश्विक स्तर पर हमारे आसपास के देशों में वाइल्ड पोलियो वायरस का संक्रमण अभी भी मौजूद है। वायरस के पुन: प्रवेश के खतरे को देखते हुए समुदाय में पोलियो के विरुद्ध प्रतिरोधक क्षमता बनाए रखने के उद्देश्य से यह अतिरिक्त चरण चलाया जा रहा है।

तीन दिवसीय अभियान की रूपरेखा 

अभियान के प्रथम दिन यानी पोलियो रविवार 22 नवंबर को जिले भर में बनाए गए बूथों पर प्रात: 8 बजे से सायं 5 बजे तक 0 से 5 वर्ष के बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई जाएगी। इसके बाद दूसरे और तीसरे दिन 23 और 24 नवंबर को स्वास्थ्य विभाग की टीमें कार्ययोजना के अनुसार घर-घर जाकर छूटे हुए बच्चों को दवा पिलाएंगी।

जिले में तैयारियां पूर्ण, 1284 टीमों का गठन 

जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. जीतेन्द्र कुमार परते ने बताया कि अभियान के सफल संचालन के लिए जिले में सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। राज्य स्तर से मंडला जिले के लिए कुल 1,45,592 बच्चों को दवा पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस लक्ष्य को पूरा करने के लिए कुल 1,284 टीमों का गठन किया गया है। इसके अतिरिक्त यात्रा कर रहे और दूरस्थ क्षेत्रों के बच्चों को कवर करने के लिए 77 ट्रांजिट बूथ और 16 मोबाइल टीमें भी बनाई गई हैं। स्वास्थ्य विभाग ने समस्त नागरिकों और अभिभावकों से अपील की है कि वे रविवार 22 नवंबर को अपने 0 से 5 वर्ष के बच्चों को नजदीकी पोलियो बूथ पर ले जाकर दो बूंद जिंदगी की अवश्य पिलाएं।


 

Leave a Comment