मंडला में खुद वेंटिलेटर पर स्वास्थ्य केंद्र

Advertisements

फार्मासिस्ट व एएनएम के भरोसे चल रहा 10 हजार की आबादी का इलाज

मंडला में खुद वेंटिलेटर पर स्वास्थ्य केंद्र

  • आप के अस्पताल सुधारो अभियान में खुली बदहाल व्यवस्था की पोल
  • रामनगर, सिंगारपुर और चंदवारा में एक भी डॉक्टर नहीं

मंडला महावीर न्यूज 29. आम आदमी पार्टी मंडला द्वारा चलाए जा रहे अस्पताल सुधारो अभियान के तहत जिले के विभिन्न प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। इस भ्रमण के दौरान जिले की लचर स्वास्थ्य व्यवस्था की चौंकाने वाली तस्वीर सामने आई है। पार्टी पदाधिकारियों का कहना है कि मंडला जिले की स्वास्थ्य सेवाएं ही नहीं, बल्कि स्वयं अस्पताल भी वेंटिलेटर पर हैं।आप के जिला अध्यक्ष पंकज सोनी ने निरीक्षण के बाद जानकारी देते हुए बताया कि रामनगर, सिंगारपुर और चंदवारा के स्वास्थ्य केंद्रों में एक भी डॉक्टर उपलब्ध नहीं है। रामनगर और चंदवारा में मरीजों का इलाज केवल फार्मासिस्ट के भरोसे किया जा रहा है। वहीं सिंगारपुर की स्थिति और भी बदतर है, जहां मात्र दो एएनएम के सहारे दो अस्पताल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सिंगारपुर और उपस्वास्थ्य केंद्र सिंगारपुर संचालित किए जा रहे हैं।

सिर्फ सफाई के लिए खुलते हैं अस्पताल 

निरीक्षण के दौरान स्थानीय ग्रामीणों ने अपना दर्द बयां करते हुए बताया कि अस्पताल केवल आउटसोर्स कर्मचारियों द्वारा साफ-सफाई के लिए ही खोले जाते हैं और कार्यरत एएनएम भी समय पर उपलब्ध नहीं होतीं। ग्रामीणों का आरोप है कि वे इस गंभीर समस्या को लेकर कई बार जिला कलेक्टर, सांसद और विधायक से गुहार लगा चुके हैं, लेकिन आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। प्रशासनिक उदासीनता से निराश होकर अब ग्रामीणों ने आम आदमी पार्टी से उम्मीद लगाई है।

जनप्रतिनिधियों और प्रशासन की नाकामी पर उठाए सवाल 

पंकज सोनी ने कहा कि प्रत्येक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के आसपास लगभग 10 हजार की आबादी निवास करती है। इतनी बड़ी जनसंख्या के बीच एक भी मेडिकल ऑफिसर का न होना जिला प्रशासन के साथ-साथ क्षेत्र के सांसद और विधायकों की बड़ी नाकामी को दर्शाता है। इस निरीक्षण अभियान के दौरान जिला अध्यक्ष पंकज सोनी के साथ जिला संगठन मंत्री शिशु सिंधु भलावी, जिला कार्यालय प्रभारी राजेश महोबिया और सक्रिय कार्यकर्ता प्रियम गोस्वामी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।


Leave a Comment