आस्था का अद्भुत सफर, ईश्वर की कृपा से हर बाधा आसान
- वृंदावन के दो संतों ने ट्राई साइकिल से शुरू की नर्मदा परिक्रमा
- हाथों से साइकिल चलाकर अमरकंटक से मंडला पहुंचे संत कुसुम दास और राम स्वरूप
मंडला महावीर न्यूज 29. मां नर्मदा के प्रति अटूट आस्था और दृढ़ संकल्प का एक अनूठा और प्रेरक उदाहरण देखने को मिला। उत्तर प्रदेश के वृंदावन से आए दो संत, कुसुम दास और राम स्वरूप अपनी-अपनी ट्राई साइकिल से नर्मदा परिक्रमा पर निकले हैं। शारीरिक चुनौतियों और कठिन रास्तों के बावजूद दोनों संत पूरी भक्ति और अदम्य साहस के साथ अपनी इस धार्मिक यात्रा को पूरा करने में जुटे हुए हैं।
गुरुवार को जब दोनों संत मंडला जिले के महाराजपुर पहुंचे, तो स्थानीय लोगों ने उनका आत्मीय स्वागत किया और उनकी इस कठिन साधना की जमकर सराहना की। संत कुसुम दास ने अपनी यात्रा के बारे में बताते हुए कहा कि वे और उनके साथी संत राम स्वरूप मूल रूप से वृंदावन उत्तर प्रदेश के निवासी हैं। उन्होंने अपनी यह यात्रा 29 सितंबर को वृंदावन से शुरू की थी। इसके बाद 5 नवंबर को पवित्र उद्गम नगरी अमरकंटक पहुंचकर उन्होंने मां नर्मदा की विधिवत परिक्रमा प्रारंभ की। तब से वे लगातार ट्राई साइकिल के जरिए परिक्रमा मार्ग पर आगे बढ़ रहे हैं।
श्रद्धा के आगे नहीं टिकतीं कठिनाइयां
अपनी ट्राई साइकिलों पर भगवा ध्वज लगाए और पारंपरिक वेशभूषा में निकले इन दोनों संतों का उत्साह देखते ही बनता है। यात्रा के दौरान आने वाली कठिनाइयों और खराब रास्तों के संबंध में पूछे जाने पर संत कुसुम दास ने बड़ी ही सरलता से जवाब दिया, दुनिया के हर कार्य में परेशानियां और बाधाएं आती हैं। लेकिन जब ईश्वर के प्रति सच्ची श्रद्धा और मन में मजबूत संकल्प हो, तो ये शारीरिक और भौगोलिक कठिनाइयां कोई मायने नहीं रखतीं। महाराजपुर में कुछ देर विश्राम करने के बाद दोनों संत अपने अगले पड़ाव सिलपुरा की ओर रवाना हो गए। इन दोनों संतों का लक्ष्य केवल अपने हाथों के सहारे ट्राई साइकिल चलाते हुए संपूर्ण नर्मदा परिक्रमा को पूरा करना और पुन: अमरकंटक पहुंचना है। उनकी यह यात्रा समाज के लिए श्रद्धा, धैर्य और अटूट संकल्प की एक बड़ी मिसाल बन रही है।










