नैनपुर बाजार में नकली नोटों का जाल

Advertisements

नैनपुर बाजार में नकली नोटों का जाल

एक ही सीरियल नंबर के 100-100 के नोट थमाकर सब्जी विक्रेताओं से ठगी

  • नैनपुर में फिर सक्रिय हुआ नकली नोट गिरोह
  • छोटे दुकानदारों की मेहनत की कमाई पर लग रही सेंध

मंडला महावीर न्यूज 29.  नैनपुर नगर के बाजार में 100 रुपये के नकली नोट खपाने वाला गिरोह एक बार फिर सक्रिय हो गया है। इस गिरोह के निशाने पर मुख्य रूप से सब्जी मंडी के छोटे और फुटकर विक्रेता हैं। दिनभर की कड़ी मेहनत के बाद ग्राहकों की भीड़ के बीच नोटों की बारीकी से जांच न कर पाने की मजबूरी का फायदा उठाकर ठग इन दुकानदारों को नकली नोट थमा रहे हैं।

जानकारी अनुसार सब्जी मंडी में नकली नोटों के चलन की पुष्टि तब हुई, जब बीते दिनों अज्ञात लोग फुटकर सब्जी विक्रेताओं को 100 रुपये के छह नकली नोट थमाकर रवाना हो गए। इनमें से पांच नोटों पर एक ही सीरियल नंबर 7 एएच 277738 और एक नोट पर ओएफएम 340325 अंकित था। शाम को जब दुकानदार दिनभर की कमाई का हिसाब करने थोक विक्रेता के पास पहुंचे, तो जांच में इन छहों नोटों के नकली होने का पता चला। थोक विक्रेता द्वारा नोट वापस किए जाने पर छोटे दुकानदारों को अपनी मेहनत की कमाई डूबने का अहसास हुआ।

पिछली कार्रवाई के बाद भी नहीं थमा गोरखधंधा 

बताया गया कि विगत वर्ष जून 2025 में मंडला और जबलपुर पुलिस ने नकली नोट छापने वाले गिरोह का भंडाफोड़ कर आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। उस दौरान मंडला पुलिस के अधिकारियों ने आधी रात को नैनपुर पहुंचकर कुछ ऐसे रसूखदार व्यापारियों से भी पूछताछ की थी, जिन्होंने कम समय में अकूत संपत्ति अर्जित की थी। हालांकि स्थानीय स्तर पर ठोस कार्रवाई के अभाव में यह अवैध कारोबार फिर से पैर पसारने लगा है।

आय से अधिक संपत्ति की जांच की मांग 

नगर के आम नागरिकों और छोटे व्यापारियों में इस ठगी को लेकर आक्रोश है। लोगों का कहना है कि पुलिस को नगर में रातों-रात करोड़पति बने संदिग्ध लोगों को चिन्हित कर उनकी आय के स्रोतों की जांच करनी चाहिए। सख्त कार्रवाई न होने के कारण नकली नोटों के सौदागर बेखौफ होकर गरीब दुकानदारों और आम उपभोक्ताओं को शिकार बना रहे हैं।


Leave a Comment