मंडला में दक्ष प्रजापति आर्मी का शक्ति प्रदर्शन

Advertisements

मंडला में दक्ष प्रजापति आर्मी का शक्ति प्रदर्शन

ढोल-नगाड़ों के बीच निकली भव्य रैली, कलेक्ट्रेट में सौंपा ज्ञापन

  • टाउन हॉल में आयोजित हुआ भव्य सामाजिक सम्मेलन
  • प्रदेश अध्यक्ष आरएन प्रजापति और नीलिमा देवी प्रजापति का हुआ गर्मजोशी से स्वागत

मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला जिला मुख्यालय में दक्ष प्रजापति आर्मी एवं महिला उत्थान प्रकोष्ठ के संयुक्त तत्वावधान में भव्य सामाजिक सम्मेलन और रैली का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे दक्ष प्रजापति आर्मी के प्रदेश अध्यक्ष आरएन प्रजापति उगली और महिला उत्थान प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती नीलिमा देवी प्रजापति का कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों की गूंज के साथ गर्मजोशी से स्वागत किया। प्रदेश पदाधिकारियों के प्रथम नगर आगमन को लेकर समाजजनों में भारी उत्साह देखने को मिला।स्वागत समारोह के बाद बैगा, बैगिन चौक से कलेक्ट्रेट तक एक भव्य रैली निकाली गई। इस रैली में सैकड़ों की संख्या में समाजजन और कार्यकर्ता शामिल हुए। ढोल-नगाड़ों की थाप, पारंपरिक उल्लास और जोश से ओत-प्रोत माहौल के बीच निकली इस रैली ने सामाजिक एकता और संगठन की मजबूती का सशक्त संदेश दिया।

प्रमुख मांगों को लेकर प्रशासन को सौंपा ज्ञापन 

रैली के समापन पर समाज के प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिला प्रशासन को एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से प्रजापति समाज के पात्र परिवारों को नियमानुसार भूमि पट्टा उपलब्ध कराने, लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने और जरूरतमंद परिवारों को शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राथमिकता से दिलाने की मांग की गई।

टाउन हॉल में संपन्न हुआ सामाजिक सम्मेलन 

रैली और ज्ञापन सौंपने के बाद नगर पालिका टाउन हॉल में मुख्य सामाजिक सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने समाज के चहुंमुखी विकास, संगठन की मजबूती, महिला सशक्तिकरण और आपसी भाईचारे पर विशेष जोर दिया। इस आयोजन में महिला उत्थान प्रकोष्ठ की जिला अध्यक्ष श्रीमती रामकली प्रजापति, जिला अध्यक्ष धर्मेंद्र चक्रवर्ती, गया प्रसाद चक्रवर्ती, संतोष चक्रवर्ती, मंगलेश चक्रवर्ती, राजाराम मरावी, नंदकिशोर चक्रवर्ती, राजेश चक्रवर्ती एवं बब्बू चक्रवर्ती सहित जिलेभर से आए सैकड़ों समाजजन और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। भव्य स्वागत, विशाल रैली और विचार-विमर्श के साथ संपन्न हुए इस आयोजन ने समाज के उत्थान की दिशा में एक मजबूत पहल की है।


रिपोर्टर- दुर्गेश प्रजापति घुघरी ✍️


Leave a Comment