डिंडौरी की सीमा से मवई क्षेत्र में घुसा जंगली हाथी
- हाथी के हमले में एक ग्रामीण के घायल होने की चर्चा
- वन विभाग ने जीरादोनी, मुर्ता और मसना सहित सरहदी गांवों में जारी किया अलर्ट
मंडला महावीर न्यूज 29. डिंडौरी जिले के बजाग के जंगलों से होते हुए एक वयस्क जंगली हाथी ने अब मंडला जिले के मवई वन क्षेत्र में दस्तक दे दी है। हाथी फिलहाल रंजरा-बंजरा के जंगल और उसके आसपास के गांवों के करीब बताया जा रहा है, जिससे पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। सूत्रों के अनुसार हाथी के हमले में एक ग्रामीण के घायल होने की भी जानकारी सामने आ रही है, हालांकि वन विभाग के अधिकारियों ने अभी तक किसी के घायल होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
वन विभाग के अनुसार इस वयस्क हाथी को सबसे पहले डिंडौरी जिले की सीमा में देखा गया था, जो अब मंडला जिले की तरफ बढ़ रहा है। वन अमले की टीमें हाथी की गतिविधियों और लोकेशन पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। हाथी के मंडला जिले की सीमा से लगे ग्रामीण इलाकों में पहुंचने की आशंका को देखते हुए वन विभाग ने जीरादोनी, मुर्ता, मसना सहित अन्य सभी सरहदी गांवों में हाई अलर्ट जारी कर दिया है।
मुनादी कराकर ग्रामीणों को किया जा रहा सतर्क
हाथी की मौजूदगी और संभावित खतरे को देखते हुए आसपास के गांवों में कोटवारों के माध्यम से मुनादी कराई जा रही है। वन विभाग ने सभी ग्रामीणों से अपील की है कि वे फिलहाल जंगल की ओर जाने से पूरी तरह बचें। यदि हाथी गांव या खेत के आसपास दिखाई भी दे, तो उसके करीब जाने या उसे छेडऩे व परेशान करने का प्रयास बिल्कुल न करें। वन अधिकारियों ने ग्रामीणों को निर्देश दिए हैं कि हाथी दिखाई देने पर शोर-शराबा करने के बजाय सुरक्षित स्थान पर चले जाएं और तत्काल इसकी सूचना वन विभाग के मैदानी अमले को दें। वन विभाग की टीमें पूरी तरह से मुस्तैद हैं और आसपास के गांवों में कड़ी सतर्कता बरती जा रही है।










